द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 1 / 21

English
☰

अध्याय 1

अवश्य पढ़ें

" रावतपुरा सरकार" कहा जाता है, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की सीमा पर भिण्ड जिले की लहार तहसील से 20 कि.मी. दूर छोटे से गाँव रावतपुरा में स्थित उत्तरमुखी एवं प्रणाम मुद्रा में खड़े हनुमान जी को । वर्ष 1991 के प्रारंभ तक "रावतपुरा सरकार" का यह मंदिर अन्य गाँवों में स्थित साधारण मंदिरों की तरह ही था जहाँ माह दो माह में कभी कभार कोई कथा आदि हो जाती थी। चारों ओर घनी झाड़ियाँ थीं । एक कुँआ मंदिर के नाम पर बना हुआ, एक कमरा जिस पर कभी टीन शेड पड़ा हुआ था, जिसे लगभग 50 वर्ष पूर्व गाँव वालों के सहयोग से पक्की छत में तब्दील करवा दिया गया था । आस पास के सात-आठ गांव के अलावा कोई इस मंदिर के विषय में जानकारी नहीं रखता था और जानकारी रखने के पीछे कोई वजह भी नहीं थी, न धार्मिक, न आध्यात्मिक, न सामाजिक और न ही अलौकिक । चंबल की सहायक नदी पहूज और सिंध की भी सहायक नदी सोनमृगा के किनारे स्थित यह गांव रावतपुरा राजस्व विभाग में बेचिराग अर्थात जन शून्य ही दर्ज है। ग्राम रावतपुरा, टोला एवं बिजौरा इन तीन गाँवों को मिलाकर एक पंचायत है। इसमें से रावतपुरा को आधा टोला मौजे में एवं आधा बिजौरा मौजे में दर्शाया गया है । वास्तविक रावतपुरा विशुद्ध समतल भूमि है, जिसका रेखांकन बैलगाड़ी वाली रेखा करती है ।

रावतपुरा में स्थित इस प्राचीन मंदिर की मूर्ति अयोध्या शरण नामक संत के द्वारा गढ़ी गई थी एवं उन्हीं के द्वारा प्राण प्रतिष्ठा करवाई गई थी। बाद में संत आदि के रुकने हेतु एवं धार्मिक क्रियाकलापों हेतु यहाँ कुँआ एवं एक कमरे का निर्माण करवा दिया गया था। फिर भी इस मंदिर का महत्व सिर्फ आस पास के गाँव वालों हेतु 'मंदिर' होने की वजह मात्र से था ।

वर्ष 1991 के प्रारंभ में यहाँ एक तरुण अवस्था के संत ने आकर अपना डेरा डाला और एक यज्ञ आयोजित करवाने के पश्चात् यहीं निवास भी बना लिया । तरूण अवस्था के इस संत के व्यक्तित्व में कुछ अद्भुत व विलक्षण क्षमताएं शामिल थीं। जिनके चलते वह न सिर्फ लोगों की समस्याएं सुलझाते, बल्कि लोगों को लगातार धर्म, सत्य, त्याग और प्रेम के मार्ग पर चलने हेतु प्रेरित करते । संत की अजब-गजब विलक्षण क्षमताओं और सरल स्वभाव के चलते धीरे-धीरे ख्याति फैलने लगी और दूर-दूर से लोग इनके पास आने लगे और देखते ही देखते वहाँ तरह-तरह के निर्माण-कार्य भक्तों और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रारंभ हो गए थे।

वर्ष 1991 तक जीर्ण-शीर्ण हालत में पड़ा और खण्डहर में तब्दील होता यह मंदिर, अप्रैल 1996 में एकाएक हिन्दुस्तान में आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उस समय विख्यात हो गया, जबकि यहाँ एक भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया जिसका नाम था “श्रीराम महायज्ञ" ! रेडियो बी. बी. सी. लंदन के अनुसार "यह यज्ञ हिन्दुस्तान में अब तक हुए सभी धार्मिक अनुष्ठानों से भारी था जिसमें एक बार में एक लाख व्यक्तियों के भोजन की सुचारु व लगातार व्यवस्था की गई थी एवं यह अनुमान लगा पाना कठिन हो रहा था कि इसमें कितने व्यक्ति शामिल हो रहे हैं ? चारों ओर धूल के बादल नजर आ रहे थे एवं लाखों व्यक्ति लगातार आ जा रहे थे ।"

दोपहर बारह बजे से प्रारंभ होकर रात्रि दो बजे तक अनवरत चलने वाले शुद्ध देशी घी के इस भण्डारे में अनुमानतः तीन करोड़ रूपये का खर्चा हुआ था.

इस आयोजन की भव्यता का अनुमान निम्न तथ्यों से आप स्वयं लगाइये.

  1. इस यज्ञ के दौरान लगातार नौ दिन तक चौबीस घंटे बिना रुके प्रसाद का वितरण होता रहा जो बूंदी, हलुआ, खीर, मालपुआ व जलेबी के रूप में था । उक्त बालभोग अर्थात् नाश्ता एवं प्रसाद ट्रैक्टर ट्रालियों के जरिए बांटा जाता और कई व्यक्ति तो मात्र इससे ही अपना पेट भर रहे थे ।

2. यहाँ हो रहे भण्डारे के लिए जिला मुरैना की जौरा तहसील में स्थित रामदास परमहंस के स्थान से, गंगा, जमुना नामक दो कढ़ाही मँगवाई गई थीं। इन कडाहियों का आकार इतना बड़ा है कि इनमें एक बार में एक कढ़ाही में पचास बोरे आलू की सब्जी सुविधापूर्वक बनाई जा सकती है अतः इन्हें कढ़ाव कहना उचित होगा ।

3. मात्र भण्डारा बनाने के लिए ही एक हजार व्यक्तियों की टीम मुरैना जिले से आई थी इसके बावजूद स्थानीय कार्यकर्ताओं को उनका सहयोग करना पड़ा था ।

4. मंदिर के भण्डारे के अतिरिक्त यहाँ के बाजार में सत्रह भोजनालय ऐसे थे, जहाँ पैसा देकर स्वरुचि भोजन प्राप्त किया जा सकता था ।

5. सात ट्यूबवेल्स एवं आस पास के सभी कुँओं पर पंप लगाकर पूरे परिसर में तीन इंच मोटी पाइप लाइन बिछाकर जगह-जगह पानी की व्यवस्था की गई थी ।

6. इस मंदिर से दोनों ओर पांच कि.मी. दूर ही गाड़ियों को रुकवा दिया जाता था जहाँ से सिर्फ पैदल आने की अनुमति थी ।

7. यहाँ लगने वाली अन्य दुकानों में हर तरह की मिठाई, फल, सब्जी से लेकर कपड़े, साड़ियों, जूतों तक की सात सौ दुकानें लगाई गईं थीं। इसके अतिरिक्त बीस पान की एवं पैंतालीस चाय की दुकानें चौबीसों घंटे सेवा में हाजिर थी ।

8. इस यज्ञ में हजारों की संख्या में तो सिर्फ साधु संत एवं नागा बाबा ही शामिल थे ।

9. टोला रावतपुरा, बिजौरा गाँव के लगभग एक हजार व्यक्तियों का कार्य सिर्फ पत्तलें बिछाना, उठाना और फेंकना था ।

10. इस यज्ञ में सिर्फ कार्यकर्ताओं की संख्या ही दस हजार से ऊपर थी ।

11. केवल भण्डार गृह के लिए चार एकड़ के एक खेत में टीन शेड डालकर व्यवस्था की गई थी। जिसमें दो आटा चक्की लगाई गई थीं, जो लगातार गेहूँ पीस रहीं थीं एवं एक आरा मशीन लगाई गई थी जो जलाऊ लकड़ी तैयार कर रही थी ।

इस विशाल और भव्य आयोजन के लिए विपुल धन राशि कहाँ से आई ? इस बारे में पाण्डे जी जो कि मुख्य कार्यकर्ताओं में से एक थे, बताते हैं कि 'न सिर्फ भक्तों और श्रद्धालुओं में यहाँ आने के प्रति वरन् दान देने के प्रति भी एक उन्मादी जागरूकता देखने में आई थी । शक्कर, गेहूँ, दाल, चावल आदि सामग्रियों से भरे हुए ट्रकों के ड्राइवर बस इतना बता पाते थे कि "भेजने वाले ने कहा था कि रावतपुरा जाकर खाली करवा देना' । इसी यज्ञ के दौरान एक बार नागपुर से चार ट्रक संतरे से भरे हुये आये जिन्हें मंदिर परिसर में खाली करवाया गया तो संतरों का पहाड़ खड़ा हो गया । 'जिसको - जितना चाहिये की तर्ज पर जब इन संतरों को भक्तों में बाँटा गया तो बारह घंटे के अंदर चार ट्रक संतरे खत्म हो गए ।

ग्राम मुखर्रा, जिला छतरपुर के एक कारीगर भगवान दास अहिरवार का कहना है कि इस यज्ञ के प्रारंभ होने के लगभग एक माह पहले से एक सौ पचास मजदूर एवं चालीस कारीगर दिन रात एक करके विभिन्न निर्माण कार्यों में लगे रहे थे ।

इस यज्ञ से कुछ दिन पूर्व ही 27 फरवरी 1996 को 'राम दरबार' की स्थापना के सम्मान में यह यज्ञ आयोजित किया गया था। इस यज्ञ हेतु मंदिर परिसर में ही एक भव्य स्थाई यज्ञ शाला का निर्माण करवाया गया। इस अनूठी यज्ञ शाला में नौ हवन कुण्ड बनवाए गए, ये नौ कुण्ड नवग्रहों के अनुसार रूपाकार लिए हुए थे ।

मंदिर परिसर के बाहर लगभग 10 फुट की ऊँचाई देकर घास फूस की बेहद आकर्षक कुटिया बनाई गई थी एवं उसी ऊँचाई पर एक आसन बनाया गया जिस पर देवराहा बाबा का चित्र रखा हुआ था । लोग यहाँ आते और माथा टेककर आगे बढ़ जाते थे ।

इस यज्ञ में लगभग पन्द्रह लाख व्यक्ति देश के कोने-कोने से आकर शामिल हुए थे और अनुमानतः तीन करोड़ की राशि व्यय हुई थी जो विभिन्न सूरतों में लोगों ने दान स्वरूप या कार सेवा रूप में दी थी ।

मगर अब एक प्रश्न उठता है कि आखिर इस यज्ञ में सभी व्यवस्थाऐं संभाल कौन रहा था ? वह कौन सी वजह थी, जिसने लोगों को इतनी विपुल राशि दान में देने हेतु प्रेरित किया ?

यज्ञ तो आम तौर पर कई स्थानों पर होते आए हैं और इस यज्ञ का तो कोई खास प्रचार भी नहीं किया गया था । फिर लोगों पर धार्मिकता का ऐसा जुनून कैसे सवार हो गया कि, सभी तरह के मनुष्यों के तीर्थ यात्रियों के दल, हिन्दू, मुसलमान, दरवेश, फकीर, साधू-संन्यासी, स्त्री, पुरुष, बच्चे पागलों की तरह इस यज्ञ में जैसे मिट्टी के गुब्बारों से बरस- बरस कर लाखों की तादाद में इकट्ठे हो रहे थे ?

बेचिराग गांव के इस वीरान मंदिर में एकाएक इस हद तक आकर्षण कैसे बढ़ गया कि लाखों का हुजूम उमड़ पड़ा ?

इन सभी बातों का एक ही जवाब मिलता है कि 1991 में आए तरुण संत की विलक्षण क्षमता ओर सहज सरल व्यवहारिकता ही इस महायज्ञ के मूल में 'कारण' बनकर छिपी हुई थी। चौंकाने और अचरज वाली बात यह थी कि मात्रा पच्चीस वर्ष की अवस्था में कोई पुरुष इतना क्षमतावान कैसे हो सकता है कि उसकी एक आवाज पर लाखों लोग उमड़ आएँ और करोड़ों की विपुल राशि हँसते हँसते दान कर दें । और फिर इतनी अद्भुत और गजब की करिश्माई संचालन क्षमता साधारण मनुष्य के बूते के बाहर की बात है । तो क्या यह कोई देव मानव है ? इतने बड़े आयोजन में कहीं कोई कमी नहीं, कोई दुर्घटना नहीं, कहीं कोई फसाद नहीं । सब कुछ सहज में ही सम्पन्न हो गया ।

आइये इस यज्ञ में शामिल कुछ लोगों की बातें सुनते हैं :-

यज्ञ के एक कार्यकर्ता डीहा, जालौन के निवासी मिश्रा जी बताते हैं कि इस पूरे यज्ञ के दौरान वह युवा संत मंदिर परिसर के बाहर कुटिया बनाकर रहते थे और वहीं पर लोगों को दर्शन देते थे। मगर यह भी कई बार होता था कि वह बाहर अपनी कुटिया के अतिरिक्त यज्ञशाला में भी होते और भीड़ में लोगों के साथ भी होते ।

इतना बड़ा जमावड़ा हो और असामाजिक तत्व न आएँ, यह कैसे हो सकता था ? आखिर वह भी भारतीय हैं। टीकमगढ़ की श्रीमती त्रिपाठी बतलाती हैं कि यज्ञ के दौरान एक महिला की किसी ने सोने की जंजीर खींच ली। उक्त महिला ने पहले शिकायत पुलिस से की पर इतनी भीड़ में उस जंजीर को तलाशना तो समुंदर में गोता लगाने के बराबर था । अंततः वह हताश महिला रोते हुए युवा संत के पास गई। संत ने उस महिला को ढांढस बंधाते हुए एक पुलिस कर्मी को बुलाकर एक महिला का हुलिया बताया और एक टेंट की तरफ इशारा किया कि वहाँ से उस चोर महिला को ले आओ। संत के बताये अनुसार पुलिस कर्मी जैसे ही टेंट से चोर महिला को लाए उस महिला ने युवा संत को और रोती हुई महिला को देखते ही माजरा भाँपते हुए, तुरंत जंजीर निकालकर दे दी और क्षमा याचना करने लगी। युवा संत ने तत्काल उसे साथियों सहित उस स्थान से भाग जाने को कहा। पुलिस कर्मियों ने उसे गिरफ्तार करना चाहा परंतु युवा संत ने साफ इंकार करते हुए कहा कि 'अगर आप उसे पकड़ते तो बेशक गिरफ्तार कर लेते, पर उसे मैंने पकड़ा है अतः उसे जाने दो' |

महायज्ञ–96 में श्रद्धालुओं की भीड़ में एक बहुत बड़ा हिस्सा तो ऐसे जिज्ञासुओं का था जिन्हें इस यज्ञ में सब कुछ सलीके से सिलसिलेवार निपटते देखने में ही रोमाँच का अनुभव हो रहा था, और सबसे बड़ी बात यह लग रही थी कि इस यज्ञ के सर्वेसर्वा यह युवा संत तनिक भी न तो परेशान दिख रहे थे, न ही बैचेन, और आराम से परिसर से बाहर स्थित मचान पर सबको यूं आशीर्वाद दे रहे थे, जैसे अंदर हो रहे कार्यक्रमों से उन्हें कुछ लेना देना ही न हो ।

इस महायज्ञ-96 को सही मायनों में ख्याति तो यज्ञ सम्पन्न होने के बाद मिली। जब लोगों ने संत की युवावस्था और यज्ञ के अतिविराट स्वरूप के बारे में सुना व विभिन्न पत्रिकाओं में पढ़ा तो विस्मित होकर रह गए। यह सनसनीखेज घटना सरासर नामुमकिन प्रतीत होती थी ।

पर लोग जब तक ताज्जुब की कैद के दायरे से अपने दिलो दिमाग को बाहर ला पाते अप्रैल 1997 को युवा संत ने पुनः अपनी दिव्य क्षमताओं, अद्भुत् कार्यशैली और गजब की संचालन क्षमता का एक और नमूना पेश करते हुए “आलौकिक नव दुर्गा एवं रामजन्म महोत्सव' का पुनः इसी स्थान पर आयोजन किया । यह आयोजन युवा संत के गुरु देवराहा बाबा की स्मृति में आयोजित था एवं नौ दिवसीय इस समारोह में लोगों से कोई चंदा नहीं माँगा गया था वरन् इसको ऐच्छिक कर दिया गया था। इसके अलावा रोज होने वाले भण्डारे की व्यवस्था को समाप्त कर सिर्फ महोत्सव के अंतिम दिन भण्डारे का आयोजन किया गया था। इसके बाबजूद रोज कम से कम पंद्रह हजार व्यक्तियों हेतु तो भण्डारा बनता ही था जो कि कार्यकर्ताओं, पुलिस एवं विभिन्न कर्मचारियों हेतु बनाया जाता था ।

गरीब श्रद्धालुओं की भोजन व्यवस्था हेतु तमाम दुकानों में से तीन भोजनालयों को सख्त हिदायत दे दी गई थी कि 'आप दस रूपये में भरपेट खाना दीजिये' इसके अलावा अन्य दुकानों पर स्वरुचि भोज भी प्राप्त किया जा सकता था। इस आलौकिक महोत्सव की भव्यता का अनुमान लगाने के लिए निम्न व्यवस्थाओं पर जरा गौर कीजिये :-

1. 480 कि.वाट प्रतिदिन विद्युत खर्च के लिए यहाँ सात ट्रांसफार्मर लगाए गए थे जिसमें से एक ट्रांसफार्मर 200 कि. वाट शक्ति एवं अन्य छः 100 कि. वाट शक्ति के थे ।

2. मुख्य मंदिर पर आकर्षक विद्युत सजावट के अलावा कई स्थानों पर झाड़, फानूस, रंग बिरंगी झालरें थीं, हैलोजन बल्बस, आदि लगाकर पूरे मंदिर परिसर को सतरंगी चमक-दमक से सजाया गया था ।

3. यहाँ बनाए गए एक लाख बीस हजार वर्ग फुट के विशाल पंडाल में एक साथ बीस पच्चीस हजार व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था थी एवं इसी पंडाल में तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये थे ।

4 इस पूरे पंडाल को रोशनी से जगमगा दिया गया था। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रत्येक 200 वर्ग फुट में एक सीलिंग पंखे का इंतजाम था ।

5. भोजन व्यवस्था हेतु चार खेतों में अन्नपूर्णा नगर बनाया गया था जिसमें दो आटा चक्की एवं एक आरा मशीन लगाई गई थी एवं एक बार में पांच से छः हजार व्यक्तियों के खाना खाने की व्यवस्था थी ।

6. चिकित्सा व्यवस्था हेतु एक बीस पलंग के अस्पताल की व्यवस्था की गई थी जिसमें चौबीस घंटे डॉक्टर्स एवं आपातकालीन व्यवस्थाएँ उपलब्ध थीं|

7. इस महोत्सव में दूर संचार विभाग की ओर से अस्थायी टावर लगाकर एस.टी.डी. फैक्स और टेलीफोन की सुविधा मुहैया करवाई गई थी। दूरसंचार का यह टावर लहार से जोड़ा गया था ।

8. ठहरने की व्यवस्था हेतु महायज्ञ 96 की तरह ही राउटियों, साधारण शमियाना हाउस के अलावा विशिष्ट अतिथियों हेतु एक बगीचे को 'कलरव कुंज' का नाम दिया गया व उसमें सर्व सुविधा युक्त कॉटेज लगाए गए थे। इनमें अटैच्ड लैट बाथ से लेकर कूलर, पंखे एवं 'वेटर' तक की सुविधाऐं उपलब्ध थीं ।

9. इस महोत्सव में 21 दुकानें कोल्ड ड्रिंक्स व आइसक्रीम की, 76 दुकानें प्रसाद की, 26 दुकानें चाट की 42 भोजनालय, 23 दुकानें सिर्फ चाय नाश्ते की एवं 24 दुकानें मात्र पान सिगरेट की थी ।

10. रेडीमेड कपड़ों, बेग, सूटकेस, जूते, ज्वेलरी के अलावा विभिन्न बनारसी, राजस्थानी, मैसूर, कोटा आदि की साड़ियों की दुकानें भी लगाई गई थीं एवं दुकानों के अलावा लगभग दो सौ हाथ ठेलेवाले चलते फिरते अपना सामान बेच रहे थे ।

11. कार्यक्रम स्थल पर बीस क्लोज्ड सर्किट टेलीविजन सेट लगाए गए थे। बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था हेतु जनरेटर्स की व्यवस्था की गई थी ।

महायज्ञ 96 एवं महोत्सव 97 में मूलतः तीन अंतर थे। प्रथम तो यह कि यह एक महोत्सव था, न कि यज्ञ । इस वजह से इसमें साधूसंत जहाँ कम आए थे, वहीं शहरी व ग्रामीण वर्ग के लोगों की संख्या आश्चर्य जनक तरीके से बढ़ गई थी ।

दूसरा अंतर था कि, इस महोत्सव में भण्डारा मात्र अंतिम दिन आयोजित था इस वजह से यहाँ आकर लगातार नौ दिन तक रुकने वालों की संख्या कम हो गई थी ।

तीसरा मुख्य अंतर जिसने शहरी वर्ग को अपनी ओर आकर्षित किया था, वह थे लगातार नौ दिन तक देश के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा आयोजित आराधना स्वरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम ।

आइये - 8 अप्रैल 1997 से 16 अप्रैल 1997 तक आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पर एक नजर डालें-

प्रतिदिन प्रातः 6.00 बजे से 8.00 बजे तक यज्ञ शाला में सहस्त्र चंडीयज्ञ एवं महामृत्युंजय का जाप ।

8.30 बजे से 10.30 बजे तक - स्वामी रामस्वरूप जी, वृंदावन की रामलीला का आयोजन ।

11.30 बजे से 3.30 बजे दोपहर तक मां कनकेश्वरी देवी के रामचरितमानस पर संगीतमय प्रवचन |

इसके अलावा प्रतिदिन सायं 6.30 बजे से 9.30 बजे तक देश के ख्यातिमान कलाकारों के निम्नानुसार कार्यक्रम-

8 अप्रैल- पद्म विभूषण बिरजू महाराज एवं मण्डली द्वारा नृत्य नाटिका - "होरी धूम मचो री"

9 अप्रैल- श्री अनूप जलोटा द्वारा भजन प्रस्तुति ।

10 अप्रैल- कत्थक नृत्यांगना सुश्री रानी खानम् द्वारा नृत्य एवं सुश्री शुभा मुद्गल द्वारा गायन ।

11 अप्रैल- विख्यात गायिका सुश्री अनुराधा पौडवाल द्वारा भजन प्रस्तुति एवं देश विदेश में ओडिसी नृत्य के लिए विख्यात कविता द्विवेदी की मंडली द्वारा नृत्य नाटिका |

12 अप्रैल - ओडिसी नृत्य कला में देश विदेश में विख्यात सुश्री किरण सहगल की टीम द्वारा रामायण पर आधारित नृत्य नाट्य ।

13 अप्रैल- श्रीमति शोभा गुर्टू मुंबई का गायन ।

14 अप्रैल- भारतीय शास्त्रीय संगीत के मँजे हुये कलाकार पं. छन्नूलाल मिश्र का गायन ।

15 अप्रैल - प्रख्यात गायिका सुश्री वाणी जयराम द्वारा भजन प्रस्तुति ।

16 अप्रैल- रामजन्म के समय दोपहर 12 बजे पर श्री शैलेष भागवत् मुंबई का शहनाई वादन एवं भरत नाट्यम की श्रेष्ठ नृत्यांगना पद्मभूषण श्रीमती सोनल मानसिंह द्वारा ओडिसी नृत्य ।

प्रचार के मामले में इस आयोजन ने महायज्ञ 96 को बहुत पीछे छोड़ दिया था। ग्वालियर, झांसी, भिण्ड, दतिया, टीकमगढ़, ललितपुर, जालौन के सभी मुख्य मार्गों पर चलने वाली बसों, टैक्सियों, ट्रकों, मेटाडोरों और निजी वाहनों पर सफेद रंग से इस आशय की सूचना लिखी गई थी। जगह-जगह दीवारों पर बैनर, पोस्टर के जरिये इस महोत्सव में शामिल होने हेतु अपील की गई थी । और अंततः लगभग तीन लाख व्यक्ति प्रतिदिन की दर से महोत्सव में शामिल हुए, पुनः यह एक बेहद सफल आयोजन साबित हुआ । इस आयोजन में प्रतिदिन सुबह 9.00 बजे बाल भोग दिया जाता था । इस महोत्सव की आलौकिकताओं के बारे में भाण्डेर निवासी पत्रकार राजेन्द्र सिंह राजपूत बताते है कि भण्डारे में किसी भी चीज की कमी पड़ती और अगले ही पल बिना कोई सूचना के उक्त वस्तु का ट्रक आकर खड़ा हो जाता । । चाहे वह शक्कर, घी की बात हो, चाहे गेहूँ दाल या चावल की। सब कुछ बेहद आश्चर्यजनक अलौकिक और विलक्षण था । साफ समझ में आ रहा था कि कोई अदृश्य शक्ति इस महोत्सव में सहयोग दे रही थी ।

महोत्सव के एक कार्यकर्ता लहार के श्री चौहान का कहना है कि हम लोग बारह तेरह दिन लगातार इस आयोजन को सफल बनाने हेतु जुटे रहे। किसी भी कार्यकर्ता की आँखों में न थकान, न आलस्य और न ही कमजोरी नजर आई । हम सभी के अंदर यह भावना कि 'यह हमारा आयोजन है' स्वयं हम लोगों के लिए ही आश्चर्य का कारण बनी हुई थी ।

उरई के पं. दुबे (अकोड़ी) कहते हैं कि महोत्सव के दौरान ग्यारह अप्रैल की रात्रि को एकाएक जलाऊ लकड़ी खत्म होने लगी और अगले दिन सुबह के बालभोग हेतु जलाऊ लकड़ी कहीं उपलब्ध नहीं थी । अंततः रात्रि बारह बजे के लगभग युवा संत को सूचना दी गई कि सुबह के बाल भोग बनाने हेतु जलाऊ लकडी कहीं भी उपलब्ध नहीं है ।

युवा संत ने मुस्कराते हुए दो घंटे इंतजार करने को कहा, लगभग दो बजे रात्रि में चार ट्रक जलाऊ लकड़ी से भरे हुए भण्डारे के सामने खड़े थे। ड्रायवरों का कहना था कि लकड़ी तो हम औरैया से लाए हैं परंतु जिसने भेजी, हम उसे नहीं जानते वह तो सिर्फ यह बोला कि ' रावतपुरा जाकर खाली कर आओ' ।

इस तरह की तमाम छोटी बड़ी अलौकिक घटनाओं से ओतप्रोत इस महोत्सव के नौ दिन आध्यात्मिक इतिहास के बेहद महत्वपूर्ण दिन बन कर गुजरे।

इस महोत्सव के बारे में बताते हुए उरई जालौन शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रेहान सिद्धीकी कहते हैं कि "इस महोत्सव ने यह साबित कर दिया था कि सच्चे इंसान की गैब ( अदृश्य शक्ति) से मदद होती है यह इतना बड़ा आयोजन इतनी आसानी से अपने अंजाम तक पहुंच गया था कि विश्वास ही नहीं होता था। जहाँ हिन्दुस्तान की एक से एक नामी गिरामी हस्तियाँ, गायक, बड़े-बड़े नेता, मुख्यमंत्री, राज्यपाल व धन्ना सेठों की युवा संत के प्रति अटूट, श्रद्धा देखने को मिली वहीं इस बात का भी अंदाज लग गया कि युवा संत को रूहानी सरपरस्ती हासिल है वर्ना बगैर इसके यह आयोजन इतने सफल तरीके से करवा ले जाना आम इंसान के बूते की बात तो कतई नहीं थी ।"

दतिया निवासी कहानीकार राजनारायण बोहरे बताते हैं कि- बीहड़ व जनशून्य आबादी से दूर मौजूद इस क्षेत्र में ऐसा वशीकरण सा लग रहा था कि यहाँ से लौटने की इच्छा ही नहीं होती थी । यहाँ आने के बाद अनजान आदमी भी एक दूसरे की सहायता करने लगते थे ।

उरई निवासी मंसूर सिद्धीकी कहते हैं कि "पूरे यज्ञ में कोई ऐसा आदमी नहीं दिख रहा था जो सारे कार्यक्रम की कमान संभाले हो पर अलग-अलग दिख रहे सभी कार्यक्रम बड़े अच्छे ढंग से चल रहे थे, युवा संत ने सच में ही जंगल में चमन बरसा दिया था । "

कुल मिलाकर महायज्ञ - 96 व अलौकिक महोत्सव 97 दोनों ही अत्याधिक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए । आज के इस दौर में जहाँ व्यक्ति धार्मिक आयोजनों को नकार कर चल रहे हैं, वहाँ इस कदर जमावड़ा इकट्ठा होने को आध्यात्मिक क्रांति की दिशा में एक शुभ संकेत कहा जा सकता है । जिसमें भारतीय संस्कृति की आस्था निहित है । और दोनों आयोजनों की इस आलीशान सफलता के पीछे मात्र एक कारण स्पष्टतः दिखाई दे रहा था 'युवा संत और उसकी दिव्य विलक्षण क्षमताऐं' । लोगों का कहना है 1991 तक इस गाँव के दोनों ओर पड़ने वाली नदियों पर पुल तक नहीं थे जिसमें से पहूज नदी जो उ.प्र. और म.प्र. की सीमा पर है, दो राज्यों के झगड़े में इस पुल का निर्माण वर्षों से खटाई में पड़ा था। इसके अलावा मात्र एक छोटा सा हनुमान जी का मंदिर ही यहाँ बना हुआ था । इस मंदिर से दस कि.मी. के दायरे में गिट्टी रोड भी उपलब्ध नहीं थी पर आज न सिर्फ पक्की सड़क, दोनों नदियों पर उच्च स्तरीय पुल, मंदिर परिसर में रेस्ट हाउस बन गया है, बल्कि लाखों की लागत से राम मंदिर, देवी मंदिर एवं ब्रह्मकुण्ड का निर्माण कार्य हो चुका है, शिवमंदिर का निर्माणकार्य जारी है, टेलीफोन की निःशुल्क व्यवस्था, पानी की व्यवस्था, मंदिर में ही रुकने व खाने की व्यवस्था सब कुछ चमत्कारिक लगता है मात्र सात साल के अंदर अर्थात् एक दशक भी पूरा नहीं हुआ । मात्र एक व्यक्ति जो हमारी तुम्हारी तरह ही साधारण दिखता है सिर्फ और सिर्फ उसकी व्यक्तिगत क्षमताएं ही इस अभूतपूर्व बदलाव के पीछे छिपी हुई है, अविश्वनीय लगता है । पर यह सत्य है, आँखों देखा हुआ सत्य, वर्तमान में गुजरता हुआ सत्य, संदेह की गुंजाइश से परे सत्य । मगर यह युवा संत है कौन ? मात्र पच्चीस छब्बीस वर्ष की छोटी सी अवस्था में इसके अंदर यह दिव्य क्षमताऐं कहाँ से आ गई, जो बामुश्किल किसी आला दर्जे के संत के भीतर भी वृद्धावस्था आते-आते देखने को मिलती हैं ।

यहाँ रावतपुरा मंदिर पर यह संत कैसे आ गए ? क्या यहां आने पर इन्हें सभी सिद्धियां प्राप्त हुईं अथवा इसके पूर्व से ही यह एक सिद्ध संत थे? इन तमाम सवालों के जवाब में रावतपुरा के स्थानीय निवासियों से सुनने को मिलता है कि 1967 के पूर्व एक परमहंस संत जो गुइयाँ बाबा के नाम से विख्यात थे अक्सर इस क्षेत्र में आते जाते रहते थे एवं पास ही के एक गाँव के रहने वाले थे, यह युवा संत अपने आप को न सिर्फ उन गुइयाँ बाबा का पुनर्जन्म बताते हैं, वरन् इस बात के कई प्रत्यक्ष प्रमाण भी दिए हैं जिससे यह साबित हो जाता है कि यह निश्चित ही गुइयाँ बाबा का पुर्नजन्म है ।

तो क्या यह एक परमहंस का पुर्नजन्म है ? किन्तु परमहंस तो योगी की सर्वोच्च अवस्था होती है फिर इन्हें पुर्नजन्म की आवश्यकता क्या पड़ गई ? रावतपुरा मंदिर में तो यह युवा संत 1991 में आए इसके पूर्व यह कहाँ थे ? इन्हें अपना पूर्वजन्म अगर याद था तो यह पहले क्यों नहीं आ गए ?

एक परमहंस का पुर्नजन्म लेना तो आध्यात्मिक एवं परामनोविज्ञान के जगत में एक नई क्रांति ला सकता है ?

इस संत का बचपन कैसा बीता होगा ? और क्या सोचते होंगे इसके माता पिता और साथी ? इनके अंदर यह विलक्षण क्षमताऐं कब कैसे और कहाँ से वापिस आ गईं या जन्म लेते ही यह एक चमत्कारिक व्यक्तित्व बनकर उभरे। युवा संत की सभी क्षमताएं परमहंस होने की तरफ साफ-साफ इशारा कर रही है । आखिर युवा संत का मूल उद्देश्य क्या है ? इन धार्मिक आयोजनों को संपन्न करवा कर वह क्या करना चाहते हैं ? यह सच है कि युवा संत की अलौकिकताओं के मद्दे नजर ही यह भीड़ इस बेचिराग गाँव में इकट्ठा हो गई और बेशक आध्यात्मिक चेतना की जाग्रति स्पष्टतः दृष्टिगोचर हो रही है ।

कही रविशंकर परमहंस नामक यह युवा संत वह आध्यात्मिक और आलौकिक देव पुरुष तो नहीं जिसके लिए नास्त्रेदमस नाम के असाधारण भविष्य दृष्टा ने चार सौ साल पहले भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि 'तीन सागरों की श्रृंखला वाले देश में एक ऐसा चमत्कारिक पुरुष जन्म लेगा जो बृहस्पतिवार को पवित्र दिन मानकर उसकी उपासना करेगा । वह प्राणी इतना महान और शक्तिशाली होगा कि वह तूफान की भांति पूरे विश्व पर छा जायेगा ।

"आत्मा के क्रियाकलाप एवं रहस्य अत्यंत गूढ़ एवं चौंका देने वाले होते हैं और कई बार तो सारी दुनियाँ को हैरान करके रख देते हैं, हमें धैर्य पूर्वक अंत की प्रतीक्षा करनी चाहिए ।”

ऐसे पहुँचा जा सकता है " रावतपुरा "

"प्रौढ़ विचारों के इस युवा परमहंस संत के क्रीडास्थल " अर्थात् चंबल के घोर बीहड़ों में पहूज व सोनमृगा नदियों के बीच स्थित भिण्ड जिले की लहार तहसील के गाँव रावतपुरा तक पहुँचने के कई रास्ते हैं। इस स्थल की ग्वालियर से दूरी लगभग सौ किलोमीटर है, यह मार्ग ग्वालियर से मुरार, बेहट, मौ, सेंवढ़ा और ग्राम चौरई होता हुआ रावतपुरा पहुँचता है ।

झांसी से चिरगाँव, भाण्डेर, दबोह होकर रावतपुरा एवं झांसी से एट, कोंच, नदीगाँव होकर भी इस स्थान तक जाया जा सकता है। झांसी से ही तीसरा मार्ग वाया, दतिया, इंदरगढ़ थरेट, सेंवढ़ा, चौरई होकर भी है और झांसी से अलग-अलग इन तीनों मार्गों से यहाँ तक की दूरी सौ से एक सौ पच्चीस किलोमीटर के बीच में ही पड़ती है ।

उत्तरप्रदेश के लोगों के लिए उरई जालौन से कोच, नदीगाँव होकर भी इस स्थान तक पहुँचा जा सकता है । उरई जालौन से यह स्थल लगभग साठ कि. मी. की दूरी पर स्थित है ।