प्रकाशक की ओर से
इंजीनियर मंजुल कुण्डेश्वर की इस पुस्तक के प्रथम संस्करण की सभी पांच हजार प्रतियाँ करीब एक वर्ष की अवधि में ही क्रय हो जाने के बाद जिज्ञासुओं व श्रद्धालुओं द्वारा पुस्तक की अत्यधिक मांग की जाने लगी थी । महाराज श्री के जन्म दिवस 6 जुलाई 2001 के अवसर पर रावतपुरा में विचार निश्चित हुआ कि द्वितीय संस्करण छपवाया जाये । श्री मंजुल कुण्डेश्वर ने सहर्ष अपने लेखकीय सर्वाधिकार "श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट" को सौंप दिये । यह आवश्यक नहीं है कि लेखक के अपने सभी निजी विचारों से हम सब सहमत ही हों लेकिन उन्होंने महाराज श्री के जीवन के एक अंश पर शोधकीय कार्य को प्रकाश में लाने का अत्यंत महत्वपूर्ण व प्रशंसनीय कार्य किया है । यह पुस्तक भी बार - बार पढ़ने पर अपनी परतें धीरे-धीरे खोलती है वैसे ही जैसे महाराज श्री का परिचय होने पर प्रत्येक भेंट एवं दर्शन अपनी अलग अनुभूति प्रदान करती है । द्वितीय संस्करण की प्रतियाँ अधिक संख्या में इसलिए नहीं छपवाई जा रही है कि लेखक से हम शीघ्र अनुरोध करना चाहेंगे कि सन 1999 के बाद इन तीन चार वर्षों की अवधि को भी अगले संस्करण में समाहित करें ।
श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट की ओर से अर्चना प्रेस, नई दिल्ली के प्रबंधकों का आभार है कि वे सदैव उच्च गुणवत्ता की छपाई कर हमारे प्रकाशनों की शोभा को बढाते हैं ।
जिनके आशीर्वाद व प्रताप से यह सब भली प्रकार संपन्न होता है, उन्हीं के चरणों में इसे समर्पित करता हूँ ।
7 नवम्बर, 2001
प्रबंधन्यासी एवं सचिव
कंचना घाट, ओरछाधाम (म. प्र. )
श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट