अध्याय 7
अबोध या 350 +
सन् 1968 दिनांक 5 जुलाई दिन गुरुवार को अल्प प्रातः काल जिसे ब्रह्ममुहूर्त कहा जाता है समय 4 बजकर 25 मिनिट पर कृपाराम जी एवं रामसखी देवी को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई । हिन्दू त्यौहारों के अनुसार इस दिन 'भरणी नवम्' थी । इसके दो दिन पश्चात् 'हरि - शयन एकादशी' आती है, जो कि भगवान विष्णु के सोने का समय माना जाता है और इसके पश्चात् कोई भी शुभ कार्य विवाह आदि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवम्बर के प्रथम सप्ताह में पडने वाली 'देव - उतिष्ठ एकादशी' तक वर्जित बताये गए हैं ।
कुल मिलाकर यह एक पीड़ा रहित प्रसव था, और जो एक असामान्य बात थी वह यह कि पैदा होने के समय बच्चे का शरीर इस तरह साफ था, जैसे नहला-धुला कर उसे भेजा गया हो, लेकिन यह बात चर्चा का विषय नहीं बन पाई, क्योंकि रामसखी जी की मां ने जब अपने पति से कहा कि बच्चे को एक भी दाग खून आदि नहीं लगा है, बिल्कुल साफ पैदा हुआ है तो उस वक्त कृपाराम जी भी वहां मौजूद थे मगर इस भाव को 'एक नानी का प्रशंसा करने वाले भाव' के रूप में लिया गया, जबकि उनके अंदर इस बात को 'असामान्यता बताने वाला भाव' मौजूद था ।
बहुत दिनों बाद घर में लड़का पैदा हुआ था, नवासे के पैदा होने की ठाकुरदास जी को अत्यधिक प्रसन्नता थी। गाँव में यह बात फैलते देर नहीं लगी, महिलाओं व नटखट छोकरों ने दाम तय किए बगैर ही डाकिये का काम कर दिया । और के दस बजते-बजते सुबह ठाकुर दास जी के घर बधाइयों का अंबार लगना शुरु हो गया। गाँव के ठाकुर मंगल सिंह ने आकर खुशी-खुशी में बंदूक से पच्चीसों कारतूस खाली कर दिए। नाना खुशी से फूले नहीं समा रहे थे और गांव वाले जो उनके दुखों से वाकिफ थे, उनकी खुशी देखकर ईश्वर को धन्यवाद दे रहे थे। कहते हैं कि “एक व्यक्ति जिसके दुखों के चलते आप उससे सहानुभूति रखते हैं, उसके दुखों का अंत देखकर आपको ज्यादा खुशी की अनुभूति होती है, बजाए उसी दुख का अंत अगर आपके साथ उसी तरह से हो। उस अदृश्य सत्ता को भी एक लंबे समय बाद किसी व्यक्ति के दुखों का अंत और खुशियों के तेज प्रवाह को देखकर अपने काल चक्र की मजबूरी में बंधे रहने पर क्षोभ होता होगा, अन्यथा शायद यह खुशी वह पहले ही सौंप देती।”
गांव के पंडित श्री बालकदास जी त्रिपाठी के पास जन्म का समय भेज दिया गया था, वह भी तुरंत कुण्डली बनाकर बधाई देने दौड़े चले आए मगर उनके आने के पूर्व ही नाना द्वारा बच्चे का नाम घोषित कर दिया गया "रवि" । तमाम रिश्तेदारियों से पिता और नाना को बधाईयां आने लगीं, लोगों के अंदर ठाकुरदास जी के प्रति जो सहानुभूति थी, उसका ही असर था कि हर व्यक्ति इस खुशी में उन्हें बधाई देना चाहता था, जिस घर में अंधेरा होने का अंदेशा था, उसमें ईश्वर ने एक चिराग भेज दिया ।
“रवि नाम छोटा लगता था" कृपाराम जी बताते हैं "इसलिए मैंने सोचा कि सिर्फ रवि नहीं रविशंकर नाम उचित होगा" ।
और जन्म के पाँचवे दिन बालक रवि से रविशंकर हो गया । लगभग पांच या छः दिन की इसी आयु से शुरू हुईं वो तमाम चौंका देने वाली आश्चर्यजनक बातें जिनके ऊपर अगर गंभीरता से विचार किया जाता तो लोग तभी समझ जाते कि यह कोई असाधारण बालक है जिसका मस्तिष्क पूर्ण रूप से परिपक्व है और निश्चित ही पूर्ण होशो हवास में है ।
बच्चे को जन्म लेने के पश्चात् लगभग पन्द्रह दिन तक माँ का दूध नहीं पिलाया जाता और बतौर रीति-रिवाज यह दिन विभिन्न महिलाओं के हाथ से रुई के फुहारे से गाय-बकरी आदि का दूध पिलवाकर निकाले जाते हैं।
शुरू के 5-6 दिन तो यह कार्य नानी श्रीमती केसरबाई करती रहीं फिर जब यह कार्य अन्य महिलाओं के हाथ में दिया गया तो यह मुँह ही नहीं खोलते थे, और अगर जबरन पिला भी दिया जाए तो उल्टी कर देते थे। इस बात पर गौर तो तुरंत कर लिया गया परंतु चूंकि नानी के हाथ से तुरंत दूध पी लेते थे अतः इस बात को यह कह कर टाल दिया गया कि 'नवासा नानी के हाथ लग गया है' |
दूसरी चौंका देने वाली बात जो रविश्री के जन्म के लगभग पंद्रह दिन बाद गौर करने पर सामने आई वह यह थी कि ये मल-मूत्र त्यागने में कपड़े गंदे नहीं करते थे। मां रामसखी कहती है कि शुरु के पंद्रह-बीस दिन पश्चात् ही इनके अंदर यह बात देखने में आई कि जैसे ही, इनका मलमूत्र त्यागने का समय आता ये रोने लगते थे और मैं इन्हें उठाकर बाहर आंगन में ले जाती । जब मैंने इन्हें यह बात बताई, (रविश्री के पिता की ओर इंगित करती हुई माँ जी बताती हैं) तो यह कहते कि तुम तो पागल हो गई हो बेटे के प्यार में, और अन्य महिलाओं से इस बात का जिक्र भी फिर यही सोच कर नहीं किया कि सब यही कहेंगी कि 'नया-नया लड़का हुआ है, इसलिए बौरा गई है । कृपाराम जी कहते हैं कि "मुझे बताया तो जरूर बाबा जी की माँ ने, पर ज्यादा गौर यह सोच कर नहीं किया कि चलो, यह तो अच्छी बात है" । रविश्री की तमाम बचपन की इन बातों का चर्चा का विषय न बन पाने की एक अहम् वजह रही 'इनके पिता कृपाराम जी की अंतर्मुखी शैली एवं बुजुर्गों का लिहाज ।'
गाँवों एवं शहरों में भी कई जगह बुजुर्गों की इज्जत के अंतर्गत, जिसे 'लिहाज' कहते हैं बेटा अपने पिता के सामने अपने बच्चे को गोद में नहीं लेते, और न ही उसकी कोई चर्चा करेगा, अपने बड़े-बुजुर्गों के आगे अगर आप अपने पुत्र को गोद में लिए हुए हैं, तो यह उनको दी जाने वाली इज्जत के खिलाफ होगा, अब यह सही है अथवा गलत, यह नजरिये की बात है लेकिन यह सच है कि इन बातों की वजह से अगर कृपाराम जी को कोई अस्वाभाविक बात अपनी पत्नि से पता भी चलती तो वह उसकी चर्चा तक किसी से करना उचित न समझते, कोई अचंभे वाली बात होती भी तो वह महिलाओं के बीच में घूमते-घूमते ही दम तोड़ देती।
रविश्री की उम्र के छः महीने पूरे होते-होते एक फिर हैरान करने वाली बात सामने आई, माँ ने गौर किया कि अगर रविश्री को बगैर धुली कटोरी या गिलास का पानी जब चम्मच से पिलाते तो वह मुँह बंद कर लेते थे, अगर जबरन पिला दो तो वह उल्टी कर देते थे और जिस समय यह बगैर धुली कटोरी से या बगैर धूली चम्मच से पीने से इंकार कर रहे होते, उसी समय अगर दूसरी कटोरी साफ कर उसमें दूध या पानी लाया जाए, तो यह टुकर- टुकर उस तरफ देखने लगते। इस बात का जिक्र भी कृपाराम जी से किया गया मगर वह टाल गए, लेकिन जब ठाकुर दास जी को यह पता चला तो उन्होंने परीक्षा भी ली और जब देखा कि यह वाकयी में बगैर धुले बर्तन से कुछ खाते पीते नहीं हैं तो उन्होंने यह कह कर कि 'पूर्व जन्म का कोई संस्कारी बालक है, बात खत्म कर दी ।
रविश्री के नाना-नानी इस बात से बहुत डरते थे कि उनके नवासे को किसी की नजर न लग जाए, आखिर अपने भरे-पूरे परिवार को उन्होंने एक-एक कर काल के मुँह में जाते देखा था । "एक नाती का उन्हें कितना इंतजार था यह हम बाबा जी के जन्म के बाद ही समझ सके थे" कृपाराम जी बताते हैं, जो अब रविश्री को बाबा जी कह कर संबोधित करते हैं, अपने नाती की जरूरत से ज्यादा चर्चा न करना, हर शाम उसकी नजर उतारना, महिलाओं से स्पष्ट कह देना कि ज्यादा तारीफ न किया करो यह सब नानी के स्वभाव में आ गया था ।
रविश्री के स्वभाव में एक बहुत अच्छी बात यह थी कि वह रोते बहुत कम थे, और अगर रोते तो कोई खास वजह होती जैसे 'भूख-प्यास या टट्टी - पेशाब ' । इसके अलावा शांत लेटे रहते । पड़ोस की महिलाएँ रामसखी जी से कहतीं कि तुम्हें बहुत आराम है, बहुत शांत बेटा है तुम्हारा, और कम रोने की आदत के चलते कोई भी महिला अपनी गोद में ले जाने से न हिचकती और फिर जैसे ही नानी को पता चलता, वो जाकर वापिस ले आती । रविश्री की उम्र जैसे-जैसे बढ़ रही थी, उनकी बाल लीलाएँ भी बढ़ती जा रहीं थीं । और इन बाललीलाओं के चलते नाना-नानी की उम्र जैसे थम गई थी। मां रोज मंदिर जातीं, रात-दिन रविश्री की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करती रहतीं । भाई बहनों की मृत्यु ने काल की शक्ति का अहसास उन्हें बचपन में ही करवा दिया था अतः वह मन में हमेशा एक भय पाले रहतीं और इसी भय के चलते रविश्री के जन्म के बाद अत्याधिक पूजा-पाठ करने लगी थीं । इन्हीं सब बातों में रविश्री की उम्र एक वर्ष हो गई थी। इस अवस्था तक आते-आते इनके अंदर एक शौक पैदा हो गया "नहाने का”।
आँगन में कोई भी नहा रहा हो ये साथ में नहाने की जिद करते । उम्र के दूसरे वर्ष में कदम रखते-रखते नहाने का शौक यहाँ तक आ गया कि बिना नहाए कुछ भी खाने पीने से इंकार कर देते। माँ व नानी ने इस बात को यूं लिया कि 'नहाने का शौक है, इसलिए यह नियम बाल - बुद्धि ने अपनाया है' ।
यहाँ यह बात गौर तलब है कि ठाकुरदास जी ने इन सब बातों को देखते हुए भी अपने के आशीर्वाद का जिक्र किसी से नहीं किया, वह यह तो कहते गुरु कि पूर्वजन्म का संस्कारी बालक है या कभी कहते कि संत बालक है तो कभी कहते कि ब्राह्मण बालक के स्वाभाविक गुण हैं पर आशीर्वाद की चर्चा इस समय तक उन्होंने नहीं की। एक मजेदार बात यह भी थी कि उनके गुरु ने यह तो आशीर्वाद दिया था कि संत पुरुष जन्म लेगा, पर वह संत प्रकृति का होगा या स्वयं सिद्ध संत होगा इस बात की चीर-फाड़ नहीं की गई ।
आइये, अब 1970-71 में कदम रखते हैं जब रविश्री दो-ढाई वर्ष के हो गए थे। इस अवस्था के आते-आते यह चलने लगे थे और सिर्फ परिवार के ही नहीं बल्कि अडोस-पड़ोस के सभी लोगों को प्रिय हो गए थे। किशोरावस्था की बालिकाएँ इन्हें अपने साथ अपने घर ले जातीं और जब नानी को फिक्र सताती, तब वह घर-घर में पूछती फिरतीं और जहाँ मिलते इनको पकड़ कर वापिस ले आतीं ।
1971 की उल्लेखनीय घटनाएँ दो हैं, पहली तो इनकी नानी की मृत्यु इसी वर्ष हुई दूसरी नानी की तेरहवीं के दिन रविश्री के छोटे भाई हरिशंकर का जन्म, यह दोनों घटनाएँ अक्टूबर माह में घटित हुईं।
रविश्री आजानभुज हैं, हिन्दू धर्म में इस बात को बहुत ज्यादा महत्व दिया गया है वजह है, 'श्रीराम का आजानभुज होना' अर्थात् बाँहों के नीचे लटकाने पर अंगुलियां घुटनों के नीचे तक जाएं इसे मर्यादा पुरुषोत्तम का प्रतीक मानते हैं । दो-तीन साल की उम्र के स्वभाव को लेकर माँ का कहना है कि मिश्रित सा स्वभाव था। कभी नमकीन या बिस्कुट के लिए हाय - तोबा मचा देना, तो कभी खाने में भूल वश देर हो जाने पर या किसी कारणवश न दे पाए तो चुपचाप रह जाना । इसी समय की बातों को लेकर माँ बताती हैं कि "एक अजीब बात यह देखी थी, कि नमकीन बिस्कुट के लिए ये रोते उसी दिन थे, जिस दिन इनके पिता बिस्कुट लेकर ही आते। किसी दिन पिता वापिस नहीं आए या भूलवश बिस्कुट नहीं ला पाए तो ये स्वतः ही उस दिन इस बाबत् मचलते नहीं थे जबकि पिताजी को एकाएक याद आने पर डर लगता कि ये मचल न पड़ें कि 'बिस्कुट कहाँ हैं' ? माँ कहती हैं कि “ये बातें इस तरह की थी कि अगर मैं किसी को बताती भी तो क्या बताती, और कौन भरोसा करता" । यह सच भी था, एक माँ ही होती है जो अपने बेटे के स्वभाव में होने वाले सूक्ष्म परिवर्तनों को भी तुरंत भाँप लेती है, किस बात पर बेटे का क्या सोचना होगा, और क्या जवाब होगा, हर माँ अच्छी तरह जानती है ।
रविश्री की माँ से उस समय की बातें सुनने पर लगता है कि सच में ही ये उस वक्त बड़ी अजीबो-गरीब पशोपेश में रहती होंगी क्योंकि कई बातों पर जो कि उन्हें अजीब लगती थीं, दिव्य लगती थीं, उनके पति को सिर्फ अंधविश्वास लगतीं या पागलपन ।
वो कहती हैं कि “सर्दियों में सोचते कि आज ठंड है इन्हें नहलाऐं नहीं पर ये थे कि खाने पीने से ही इंकार कर देते, फिर गर्म पानी किया जाता, इन्हें नहलाया जाता तब जाकर ये कुछ खाते पीते । फिर तो सर्दियों का यह नियम ही बन गया कि इनके लिए गर्म पानी करो नहलाओ तब ये कुछ खाएँ पीयें। तीन साल के होते-होते तो यह खुद ही जाकर अपने ऊपर पानी डाल लेते। पानी के बर्तन पहुँच दूर रखना पड़ते थे क्योंकि ये नहा चुके हैं इसलिए फिर से नहीं नहाएंगे, ऐसा कुछ तय नहीं था।
आप यहाँ कई बातों को संयोग कह कर टाल सकते हैं पर संयोग मानव जीवन में हमेशा से अपना विशिष्ट स्थान रखते आए हैं, और दैनिक जीवन में ये अपना महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं जिन्हें नकारा नहीं जा सकता। वैज्ञानिकों को इन चमत्कारी संयोगों को चमत्कार कहने में अपना पिछड़ापन लगता है पर इन संयोगों के मूल में क्या है इस बारे में वो खामोश हो जाते हैं ।
रविश्री की मां से बात करने में उनके चेहरे पर एक दिव्य ओज आ जाता है, उन्हें बहुत अच्छा लगता है अपने बेटे के बारे में बताना । अगर आप किसी फौजी की माँ से मिले हों और बात करते समय अगर आपने यह कह कर कि "हिन्दुस्तान की फौज में आपका बेटा तो भारत माँ के सपूत की तरह है," उस माँ के चेहरे का अध्ययन किया हो, इसी तरह इनका चेहरा हो जाता है। चौड़ा माथा, चमकता हुआ तेज लिए सौम्यता और ममता की जीती जागती मूर्ति हैं। वो झल्लाती हैं इस बात पर कि उन्हें ज्यादा बातें याद नहीं हैं, वो चाहती तो हैं कि उन्हें हर बात याद आ जाए पर 54-55 वर्ष की अवस्था फिर 25-30 वर्ष पुरानी बातें, वो झल्लाकर कहती हैं कि अब क्या मालूम था कि उन्हें इतना आगे पहुँच जाना है, नहीं तो लिखते जाते, वो अब अपने पति से भी कहती हैं कि "इन्हें छोटे में कोई बात बतलाओ तो कहते थे, तुम बेटे के प्यार में बावली हो गई हो, इसलिए तुम्हें हर वक्त हर बात में भगवान की लीला दिखाई देती है।”
संत रविश्री का चेहरा काफी हद तक अपनी माँ से ही मिलता है । 'नारी सुलभ माधुर्य' जो रविश्री के चेहरे पर अभी भी देखने को मिलता है एवं सौम्यता, वह माँ की ही स्पष्ट छाया प्रतीत होती है । संत रविश्री से अगर आप इस समय रावतपुरा में मिले हों और उनसे अच्छी तरह वाकिफ हो चुके हों, तो आपको वहां किस बात की कमी देखने को मिलती है ? आप यह प्रश्न पूछने वाले को सनकी कहेंगे कि जो व्यक्ति राई से पर्वत तक पल भर में मंगाने की क्षमता रखता हो, उसे क्या कमी हो सकती है ? पर कभी अगर आप रावतपुरा से जाकर रविश्री की माँ से मिलें, तो उनके प्रश्न इतने सरल और भावनात्मक होते हैं कि उनका भोलापन, सरलता और ममता देखकर बरबस ही आंसू झलक आते हैं। वो पूछती हैं- व्रत तो नहीं चल रहे हैं उनके, व्रत में कुछ खाते हैं, या नहीं, रात में सोते हैं या नहीं, व्रत दूध पिया था ? तुम्हारे सामने पिया था ? सवालों की एक लंबी झड़ी, ये जानते हुए भी कि वहाँ सब कुछ है । 'ममता' सच में एक अद्भुत भावना है ! 54-55 की उम्र होने के बावजूद घर के चौका - बर्तन से झाडू-पोंछा तक हर कार्य वह खुद ही करती हैं। आधे से ज्यादा बाल पक चुके हैं, चेहरे पर ढलती उम्र की मामूली थकान, पर कार्य करने में बेहद तेजी, हर काम का एक निश्चित समय, सामान्यतः कम बात करना, क्षणिक गुस्सा आता है, जो शीघ्र ही शांत हो जाता है, अत्यंत भावुक प्रवृत्ति की इस सौम्य महिला की आँखों में बात-बात पर आंसू झलक जाते हैं, फिर उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए बात आगे बढ़ाती हैं, उनकी बातों एवं आँखों से हमेशा अपने बेटे का इंतजार स्पष्ट झलकता है जो जमाने के लिए संत है, और पति के लिए 'बाबा जी' |
सन् 1972 में चार वर्ष की अवस्था में "अछरू माता" के प्रसिद्ध मंदिर में जाकर रविश्री का 'मुण्डन संस्कार' हुआ था । मुण्डन संस्कार के समय का जिक्र करते हुए पिता कृपाराम जी बतलाते हैं कि मुण्डन के पहले या बाद में बच्चे रोते जरूर हैं, पर इनका खुशी-खुशी मुण्डन करवा लेना और फिर खुशी से हंसते हुए अपने बालों पर हाथ फेरना, बाल गायब होने पर बच्चे जो हैरानगी प्रकट करते हैं, वह भाव कतई न होना और मुण्डन के बाद नाई से यह कहना कि 'एक बार और कर दो' अर्थात् दुबारा उस्तरा फेर दो, इन बातों ने मुझे अचरज में डाल दिया था, मैंने किसी से कुछ भी नहीं कहा था पर मैं अंदर सोचने पर मजबूर हो गया था कि कुछ न कुछ हटकर है ।
'मैंने यह तो जान लिया था कि यह कोई संत पुरुष का अवतार है' माँ रामसखी देवी बतलाती हैं 'स्वप्न की बातों पर भी मैंने इनके लक्षण देखकर गौर पुनः किया था, पर इन सब बातों को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं थे मेरे पास । ये मिट्टी में खेलते, मिट्टी के शिवलिंग बनाते, फिर बच्चों से कहते फूल चढ़ाओ इनके ऊपर। कहीं भी प्रवचन या सत्संग में अगर इनको साथ ले जाएं तो और बच्चों की तरह रोते नहीं थे बल्कि टुकुर-टुकुर शांति से देखते रहते, जैसे सुन रहे हों, समझ रहे हों । हमारे यहाँ जो कहा जाता है कि 'लालना के पाँव पालना में नजर आ जाते हैं' यह कहावत यहाँ चरितार्थ हो रही थी ! इस छोटे से बालक में जो असीम विस्तार और अनंत गंभीरता छिपी थी उसी भोली मां समझती भी तो किस हद तक समझ पाती, न उसने ही कभी कल्पना की होगी न अन्य किसी और ने .....!
सन् 1973 - 1981
प्रमाणित किया जाता है कि श्री रविशंकर शर्मा, पुत्र श्री कृपाराम शर्मा की शाला अभिलेख के अनुसार तिथि 04-01-69 है। इन्होंने 5वीं कक्षा वर्ष 1981 में उत्तीर्ण की इनका दाखिला क्रमांक 422 दिनांक 25-7-73 है ।
शा. पू. मा. वि. छिपरी
जिला - टीकमगढ़ (म.प्र.)
उपरोक्त प्रमाण पत्र हमें छिपरी के स्कूल से दिया गया जो कि 1973 में प्राइमरी तक ही था ।
माँ बताती है कि ये जब चार - साढ़े चार साल के थे और इनको स्कूल भेजने की चर्चा शुरु हो गई थी, तब ये मना करते थे कि मुझे स्कूल मत भेजना, मुझे नहीं पढ़ना, मैं नहीं पढूँगा । कृपाराम जी स्वभाववश, शुरू से ही घर में अपना दबदबा बनाये हुये थे, कभी रविश्री को जरूरत से ज्यादा लाड़ नहीं किया, गोद में ज्यादा लिया नहीं, स्वाभाविक था कम खुलना और बच्चे के अंदर एक डर बैठ जाना। इसके अतिरिक्त छोटी-छोटी बातों पर गंभीरता से डांटना, जरूरत से ज्यादा गुस्सा करना, कृपाराम जी के स्वभाव में शुरू से ही था। जिसका मनोवैज्ञानिक प्रभाव रविश्री के ऊपर ऐसा पड़ा कि रावतपुरा पहुँचने तक पिता से हमेशा एक दूरी पर रहे, ‘एक तनाव इनके रिश्ते में हमेशा महसूस किया गया' ।
स्कूल में एडमीशन करवाने पिता जी स्वयं गए थे । जन्म की तारीख में वह एक वर्ष कम लिखवा कर इस सोच के तहत आए थे कि आगे जाकर नौकरी वगैरह जब करेगा तो ये एक वर्ष काम आएगा। पहला पुत्र था जिसे लेकर पिता के अंदर महत्वाकांक्षाओं का एक विशाल भण्डार था । कृपाराम जी कहते हैं कि "मैंने पहले इनके एडमीशन के लिए कई बार अपने भाई से कहा पर शाम को जब मैं आफिस से घर आता और इस बाबत पूछता तो पता चलता कि आज तबियत खराब हो गई थी, आज रविश्री की माँ ने रोक दिया, आज पेट में दर्द हो गया था, कभी कुछ तो कभी कुछ, बात मेरी समझ में आ गई थी कि इनके चाचा तो एडमीशन करवा नहीं सकते, अंततः मुझे ही एक दिन अपने आफिस से छुट्टी लेनी पड़ी तब कहीं जाकर इनका एडमीशन हो पाया " ।
1973 में रविश्री का घर से स्कूल जाना शुरू हुआ और लगभग इसी समय से छिपरी के सामाजिक परिवेश में अन्तर आना शुरू हुआ। इस बदलाव की वजह थी ‘जतारा विधानसभा क्षेत्र जिसके अंतर्गत छिपरी गांव आता है' से कांग्रेस ने टिकट दिया 1957 में टीकमगढ़ से विधायक रहे श्री रामकृष्ण मिश्रा को जो न सिर्फ अपनी ईमानदारी के लिए प्रसिद्ध थे, बल्कि राजनीति के चाणक्य कहे जाते थे । 1972 का चुनाव जीतते ही मिश्रा जी गांवों में हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ मसीहा बनकर उभरे। उनकी ईमानदार छवि, सत्ता पर तेज पकड़ और लोकतंत्र की धज्जियाँ उड़ाने वालों के खिलाफ क्रुद्धदृष्टि ने न सिर्फ छिपरी बल्कि समूचे क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव ला दिया और 1972-73 से आपराधिक तत्वों का ग्राफ तेजी से गिरना शुरु हो गया ।
रविश्री के पांच वर्ष की आयु पूर्ण करते-करते दंत - पंक्ति ऊपर नीचे की पूरी तरह आ चुकी थी मगर इनके यह दांत कब गिरे इस बारे में इनके पिता का कहना है कि "यह एक हैरानी व चिन्ता का विषय था कि इनका एक भी दांत नहीं गिरा था और जब 13-14 वर्ष की आयु में मैंने डॉक्टर से सलाह लेने इनका परीक्षण करवाया तो वह हैरत में पड़ गए कि 'इनकी वह दंत पंक्ति जिसे दाढें कहते हैं, का वजूद ही नहीं था' पर चूंकि डॉक्टर ने परीक्षण के बाद कहा कि 'कोई चिन्ता का विषय नहीं है', अतः हम फिर आश्वस्त हो गए" ।
इस बारे में टीकमगढ़ में पदस्थ दन्त विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र पटैरिया एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ अशोक नायक से पूछने पर वह बताते हैं, कि 'दूध के दाँतों का न गिरना' न तो आश्चर्य जनक है, और न ही असम्भव । कई बार 'वारिस दाँत' स्वयं के दाँत ही बने रहते हैं, पर ये एक लाख में एक व्यक्ति के साथ होता है । दाढ़ों दूध के न होने को डॉक्टर द्वय जरूर आश्चर्य जनक बताते हैं वह कहते हैं कि "ऐसा कभी हमने न तो देखा और न ही सुना पर यह असम्भव नहीं है" ।
मथुरा प्रसाद त्रिपाठी उस प्राथमिक स्कूल के हैडमास्टर थे, जिसमें रविश्री का एडमीशन हुआ था । त्रिपाठी जी अब रिटायर्ड हो चुके हैं और वह अब छिपरी में ही निवास करते हैं । त्रिपाठी जी को देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे रिटायर्ड फौजी हों, लंबा कद, चौड़े कंधे, बड़ी-बड़ी मूँछे और बुलंद आवाज | बालों का रंग अब पक चुका है पर अपने दिनों में अत्यंत प्रभावशाली एवं रौबदार व्यक्तित्व रहा होगा। आप बताते हैं कि एक बार की बात मुझे भुलाए नहीं भूलती और अब लगता है कि कितनी गूढ़ बात थी वह । कक्षा चौथी की बात है, रविश्री दीवार की तरफ मुंह करके कक्षा में बैठे थे, जबकि सभी बच्चों का ध्यान मेरी तरफ था, एकाएक मेरा ध्यान इनकी ओर गया तो मुझे गुस्सा आ गया मैंने इन्हें अपने पास बुलाकर डाँटा कि 'तुम्हें दीवार पढ़ायेगी क्या ?' तो ये गुस्से में कहने लगे कि 'आप हमें क्या पढाओगे, हमें तो परमात्मा पढ़ायेगा ।'
रविश्री ने पहली कक्षा में एडमीशन ले तो जरूर लिया था पर ये स्कूल शुरु-शुरु में घर से ही नहीं आते थे, और अंततः 1974 में इनके पिताश्री ने त्रिपाठी जी से पुनः इन्हें एक में ही रखने के लिए कहा ताकि नींव मजबूत हो सके पर इसी वर्ष ये अपने पुश्तैनी गाँव आरी आ गए, जहाँ पिपरउआ - कला (भांडेर जिला दतिया) से रविश्री की बुआ आई थीं । आप आरी से ही पिपरउआ चले गए और वहाँ जाकर वहाँ के स्कूल में यूँ ही बैठने चले जाते । वापिस आते-आते साल समाप्त हो चुका था और नतीजतन जुलाई 1975 से पुनः कक्षा एक में छिपरी में ही बैठना शुरु कर दिया । "रविश्री पढ़ने में इतने तेज नहीं थे और न ही कोई विशेष बात इस दौरान मुझे समझ आई", त्रिपाठी जी बताते हैं कि इनकी ओर विशेष ध्यान मेरा मात्र इसलिए जाता था कि ये गांव के ही एक ब्राह्मण परिवार के बालक हैं, इसके अतिरिक्त इनके माता-पिता कहते रहते कि 'इनका ख्याल रखियेगा' । 1975 में पुनः यह जब कक्षा एक में आए तब ये नियमित भी हो गए थे और घर में भी इनके साथ पढ़ाई के मामले को लेकर सख्ती होने लगी थी । कक्षा दो में आते-आते इनकी नियमितता बरकरार रही और कभी गायब होना शुरु करते तो मैं घर पर शिकायत कर देता और पिताजी मेरी शिकायत को गम्भीरता से लेते और इसी तरह तीसरी कक्षा तक ‘डर–कर' ये नियमित बने रहे और मैं इन्हें हर वर्ष पास करता रहा। 1979 की बात है, कक्षा चार में रविश्री पढ़ते थे तब मैंने देखा कि बच्चों ने इन्हें घेरना शुरु कर दिया !! अगर ये क्लास में हैं तो बच्चे क्लास में और अगर ये गायब हैं तो सारे बच्चे नदारद । इसी वर्ष से इन्होंने अपनी अनियमितता शुरु कर दी। मैंने इन्हें बुलाकर कई बार डांटा पर कोई असर नहीं, इनकी एक आदत जरूर थी कि बहुत गम्भीर रहा करते थे। अगर मैं कभी डाँटता तो चुपचाप सुन लेते थे, और कहते कि अब रोज आया करूँगा पर नतीजा वही 'ढाक के तीन पात' ।
त्रिपाठी जी आगे बताते हैं कि "पर जो बात मुझे समझ नहीं आ रही थी वह थी बच्चों का इनको घेरे रहना । अंततः जब मुझे फिर सारे बच्चे नदारद मिले तो उनमें से चार-पांच को पकड़ कर अपने पास बैठाया और डांटा कि उनके साथ तुम लोग भी गायब हो जाते हो, आखिर क्या करते रहते हो ? तो सहमकर उनमें से एक ने बताया कि 'वह रवि हम लोगों को पेड़े खिलाता है', तो मैंने कहा कि इसमें क्या खास बात है ? घर से लाता होगा। तो बच्चे कहने लगे 'नहीं, वो जादू से पेडे बनाकर खिलाता है' !
इस बात पर मैंने जरा भी तवज्जो नहीं दी क्योंकि वाकयी में छोटी सी उम्र में यह सब कर पाते होगें यह तो मैं सोच भी नहीं सकता था । फिर धीरे-धीरे मैंने देखा कि न सिर्फ इनकी क्लास के बल्कि अन्य क्लासों के लड़के भी इनकी ओर आकर्षित होने लगे, इसके अलावा दादा टाइप के लड़के इन्हें परेशान भी करते थे और स्कूल के वक्त अपने साथ ले जाते थे पता करने पर फिर वही बात सामने आई कि 'रवि' पेड़े खिलाता है ! और बच्चे इन्हें इसलिए ही परेशान करते हैं और घेरे रहते हैं।
त्रिपाठी जी आगे बताते हैं कि " न तो रविश्री ने कभी मुझसे किसी बच्चे की शिकायत की न कभी किसी के साथ मारपीट | अगर उन्हें कभी कोई बच्चा मार भी देता और मैं उनसे पूछता तो भी शिकायत नहीं करते थे बस टुकुर-टुकुर शांत भाव से मेरी ओर देखते रहते । स्कूल से ये जब अक्सर ही गायब रहने लगे तो मैं दिन समाप्त होने पर इनकी हाजिरी भर देता था । उस दौरान कई बार मैंने अन्य बच्चों से पूछा कि ये जाते कहाँ हैं ? तो वो बताते कि वो सिद्धों की गुफा पर जाते हैं और वहां पहुंचकर गायब हो जाते हैं। मैंने गायब होने के किस्से को सौ नहीं बल्कि दो सौ प्रतिशत गलत और मनगढ़ंत समझा। इसी समय एक बार मेरी शिकायत पर इनके पिता ने इनको बांध कर मारा, 'दीवार की तरफ मुंह करने वाली घटना पर ́ तबसे मैंने इनके घर शिकायत करना बंद कर दिया फिर मुझे भी इनके ऊपर दया आने लगी थी" ।
त्रिपाठी जी कहते हैं कि " एक बार घर पर मेरी पत्नि सावित्री देवी ने मुझसे इसी दौरान कहा कि 'रवि को सिद्धी आ गई है वह पेड़ा मंगा लेता है', मैं चौंका ! क्योंकि मेरी पत्नि एक समझदार औरत है, और तभी मैंने यह भी गौर किया कि बच्चे जो कल तक उन्हें 'रवि' कहकर बुलाते थे अब 'रवि महाराज' कहकर बुलाने लगे थे। मैंने अपनी पत्नि को कुरेदा कि 'उसने तुम्हें मूर्ख बनाया होगा, छिपाकर लाया होगा, पर 'नहीं, वह कहने लगी कि "मैंने हर तरह से उसकी परीक्षा ले ली और कई बार ले ली, रवि ने तो आपको बताने से भी मना किया था कि अगर मास्टर साहब को पता लग गया तो वो पिताजी से शिकायत करेंगे और मेरे को मार पडेगी ।"
“मैंने रवि से तो कुछ नहीं कहा " त्रिपाठी जी बताते हैं "पर यह बात मुझे हजम नहीं हो पा रही थी कि 10-11 साल का बालक यह सब कर सकता है, इस तरह की विद्याओं के बारे में सुना तो बहुत था पर देखा कभी नहीं था और जो सुना था वह पहुंचे हुए तांत्रिकों के बारे में, इसलिए पत्नि की बात को भी दिमाग स्वीकृति नहीं दे पा रहा था, रवि से मैंने यह सब दिखाने के लिए कहना उचित न समझा क्योंकि एक छात्र और एक शिक्षक के मध्य दूरी का बना रहना ही उचित था मगर एक घटना ने मेरी इच्छा पूरी कर दी । बच्चों के बीच का एक झगड़ा मेरे पास आया । स्कूल में बच्चों ने रवि को मार दिया था, मैंने जब पूछा तो वही बात कुछ सामने आयी, मैंने सब बच्चों को भगाकर रवि से कहा कि मैं ये सब बहुत दिनों से सुन रहा हूं आखिर सच्चाई क्या है ? तो पहले तो इंकार करते रहे फिर अभयदान देने पर बोले कि 'अच्छा लीजिये ' और सच में ही हवा से पेड़ा आ गया ! मैंने पूछा कि 'रवि यह सब कैसे कर लेते हो तो कहने लगे 'हम सिद्धों की गुफा जाते हैं वहीं से सिद्धी मिल गई ।'
त्रिपाठी जी कहते हैं इसके बाद मैंने चेतावनी देकर छोड़ दिया कि आइन्दा यह हरकत स्कूल में की तो पिताजी से शिकायत कर दूँगा, यह इनकी उम्र को देखते हुए, एक आश्चर्य जनक चमत्कार था इसके बाद उन्होंने स्कूल में यह सब करना छोड़ा तो नहीं था पर बहुत कम कर दिया, पर अनियमितता बरकरार रही। यह घर से तो स्कूल के लिए निकल आते थे पर बीच में ही गायब हो जाते, बच्चे बताते कि 'रवि महाराज तो सिद्धों की गुफा पर गए हैं उस दौरान लगातार दो दिन स्कूल आ गए हों ऐसा कभी न होता। पढ़ाई के प्रति अत्यन्त लापरवाह थे, उन्हें बस स्कूल से रहने दो फिर चाहे जहां चलो।"
त्रिपाठी जी कहते हैं " उस दौरान कोई ऐसा बच्चा न होगा जिसके यहाँ ये जाकर खाना न खा आए हो, फकीराना और बिंदास तबियत उनकी बचपन से ही थी” ।
मथुरा प्रसाद जी त्रिपाठी की धर्मपत्नी सावित्री देवी कहती हैं कि "स्कूल से भागकर वह अक्सर मेरे पास आ जाते ओर कहते कि मास्टर साहब यहां तो मुझे ढूँढ ही नहीं सकते, फिर कहते कि 'खाना खिला दो तो, ओरछा का प्रसाद खिलाऊँगा तो कभी अयोध्या का प्रसाद खिलाऊँगा, तत्पश्चात् खिलाते भी थे। वह कहती हैं कि “एक बार मैंने पूछा कि रवि कैसे कर लेते हो ? तो कहने लगे कि सिद्धों की गुफा के पास बाबा जी मिले थे उन्हीं ने आशीर्वाद दिया है ।"
यह था साल 1979 जबसे रविश्री के प्रसाद आदि मंगाने संबंधित चमत्कार स्कूल में शुरू हुए, इस पिटारे की पहली घटना कौन सी है यह तो कह पाना मुश्किल है। बहरहाल 78-79 से इन्होंने अपनी चमत्कारी पुड़िया का खोलना शुरु कर दिया था। इसी दौरान की चर्चा करते हुए मां बतलाते हैं कि "पहले छोटे थे, तब यह हमारे साथ मंदिर जाते थे पर फिर मंदिर छोडकर शारदा मां की उस रहस्यमयी गुफा की ओर और सिद्ध बाबा के चबूतरे पर जाने लगे थे, घर पर पिता 'स्कूल न जाने पर, पढ़ाई पर ध्यान न देने पर, अक्सर ही नाराज होते थे इसलिए पिता के सामने आना तो इन्होंने बंद ही कर दिया था जब भी इनका पता करो खबर मिलती कि सिद्ध बाबा के चबूतरे पर गए हैं या उस गुफा के पास बैठे हैं।
उस रहस्यमयी गुफा के बारे में आप पहले भी पढ़ चुके हैं इस गुफा के अन्दर क्या है ? यह तो ईश्वर ही जाने ! परंतु रविश्री इस समय से इस गुफा के अंदर जाने लगे थे यह बात निर्विवाद रूप से सत्य है। मगर इस गुफा के अंदर जाते कैसे होंगे यह एक रहस्य है क्योंकि इस गुफा के अंदर जाते वाला मार्ग बहुत ही छोटा है जिससे मात्र एक बिल्ली ही अंदर जा सकती है। उस समय के इनके अनेकोंनेक बाल मित्रों का कहना है कि ये उस गुफा के पास पहुंचकर गायब हो जाते थे। सभी साथियों सहित वहाँ जाते और बाकी बच्चों से दूर बैठने की कहते खुद गुफा के मुहाने के पास तक जाते, बच्चे अपनी बातों में व्यस्त होते और यह गायब हो जाते, साथियों का कहना है कि हम इन्हें सभी जगह पर तलाश करते पर ये कहीं नहीं मिलते थे, क्योंकि शुरू में उन बाल - सखाओं को भी इस बात पर विश्वास न होता कि यह गुफा में गए होंगे, पर गुफा के आसपास ऐसी कोई छिपने की भी जगह नहीं है कि ये वहाँ छिप जाते हों और साथी तलाश न कर पाते हों. !
इसी समय से इनके अंदर उस गुफा के पास जाने का ऐसा जुनून सवार हो गया कि इन्होंने रात्रि में भी वहां जाना शुरु कर दिया | माँ रामसखी जी कहती हैं कि "ये रात को अक्सर ही गायब हो जाते थे, छिपरी में उस वक्त चोरियाँ बहुत होती थीं जिस वजह से रात में सभी दरवाजों को खिड़कियों को अच्छी तरह से बंद करके सोते थे और जब इनका गायब होना शुरु हुआ तो दरवाजों पर ताला लगाना शुरु कर दिया लेकिन फिर भी ये कहां चले जाते इसका पता ही न लगता! ओर सुबह होने से पहले लौट भी आते थे कि पिता को खबर न लग जाये ।" पिता को खबर न लगे इस बात से माँ भी डरती थीं अतः वो समझातीं कि “देखो रवि, तुम रात को कहीं मत जाया करो पर वह इस बात से स्पष्ट इंकार कर देते कि रात में कहीं जाते भी हैं" माँ कहती हैं कि "मैं ठीक उन्हें उस समय तो कभी नहीं पकड़ पाई, जबकि वो रात में घर से निकलते थे पर कई बार ऐसा सर्दियों में होता कि ये मेरे साथ लेटते और जब मेरी यकायक आंख खुलती तो उनके पांवों के ठंडेपन की वजह से, ऐसा लगता कि ये कहीं घूमकर वापिस आ गए हैं। मैं पूँछती 'कहाँ गए थे ? पाँव क्यों ठण्डे हैं ?" या रात में इन्हें गायब देखती और सबेरे फिर बिस्तर पर तो पूछने पर गोलमोल बातें बनाने लगते थे।
इन्हीं सब बातों में वक्त अपनी पूरी रफ्तार से भागता जा रहा था । 1978–79–80 तत्पश्चात् 1981 में रविश्री ने पाँचवी कक्षा उत्तीर्ण की। इसके पूर्व 1980 में पाँचवीं की परीक्षा के सभी पर्चों में ये बैठे ही नहीं, और फलस्वरूप सप्लीमेन्ट्री आ गई। गाँवों में गुजरे तमाम वाकयात् जिनका अब मैं जिक्र करने जा रहा हूँ उनके बारे में सही-सही बताना तो मुश्किल है, कि यह किस महीने और किस साल की बात है, परंतु यह तय है कि यह 1978 से 1981 के मध्य की बातें है, अर्थात् दस वर्ष की अवस्था से तेरह वर्ष की अवस्था तक । यहाँ यह निष्कर्ष उनकी उम्र के दौरान साफ-साफ उभर कर सामने आता है कि यह एक वृहद संत का व्यक्तित्व एक छोटे से बालक की देह में समाया हुआ था । यह बालक अपने पूर्व - जन्म के संस्कारों को, अनुभवों को अपने साथ लिए हुए था । दुनिया इनको एक बच्चे की निगाह से देख रही थी और ये इसी बात का फायदा उठा रहे थे।
यह प्रौढ विचारों के एक बालक का जीवन था । यह अपने आप में एक बेहद रोमांचक और दिलचस्प कल्पना है कि अगर उम्र के उस दौर में जिसे 'बचपन' कहते हैं, हमारा मस्तिष्क पूरी तरह जागरूक हो, 'उस बचपन' को हम पकड़-पकड़ कर जियेंगे पर उसके लिए यह बहुत जरूरी होगा कि लोगों पर यह जाहिर न हो पाए कि दर हकीकत आप एक तर्जुबेकार इंसान से ताल्लुक रखता दिमाग रखते हैं, आपकी हर बात से यह लगना चाहिये कि आप एक बच्चे हैं, आप इस कल्पना के उड़न-खटोले पर सवारी तो कीजिये उतरने की इच्छा ही नहीं होगी ।
छिपरी के राधे यादव कहते हैं कि "गुफा का मुँह यकीनन बहुत छोटा है पर ये मुझे साथ ले गए और मुहाने पर मुझे इस तरह बिठाया कि उस छिद्र की ओर मेरी पीठ हो गई फिर बोले कि 'क्या खाओगे ?' मैंने कहा कि 'गुलाब जामुन' तो बोले कि ...... 'इन्तजार करना...... मैं लेकर आता हूं.... पहले आँखें बंद करो, मैंने आँखें बंद की और मुश्किल से दो सेकेण्ड बाद ये गायब हो गए, फिर बहुत देर तक नहीं आये, मैं ऊपर जाकर शारदा माँ के पास बैठ गया फिर जब यह आये तो इनके बाल इस तरह भीगे हुए थे जैसे नहाकर आ रहे हों और हाथों में मिठाई लिए हुए थे !"
उस गुफा के अंदर 10-12 साल के बच्चे का जाना असंभव है फिर भी चश्मदीद गवाहों को नकारा नहीं जा सकता और चश्मदीद भी एक नहीं कई है । राधे कहते हैं कि सभी बच्चों को ये सख्त हिदायत रहती थी कि किसी को कुछ बताना नहीं जिसने भी बताया उसके साथ उट्ठी (कट्टी) हो जायेगी, न ही उसे कभी पेड़ा खिलाया जायेगा। बच्चों से रविश्री पूछते थे कि "चलो, चलना है गुफा के अंदर ?" पर बाल - बुद्धि यह नहीं सोचती थी कि अंदर जायेंगे कैसे? सभी बच्चे मना इसलिए कर देते थे कि डरते थे। इनके जाने के बाद सभी बच्चे उस पहाड़ी पर खेल में व्यस्त हो जाते और इनका इंतजार करते ।
रविश्री के रावतपुरा पहुँचने तक के सभी वाकयों में यह बात भी देखने में आती है कि सामने वाले व्यक्ति ने अपनी बुद्धि से जवाब सदैव रविश्री के अनुकूल ही दिया। उन्हें प्रतिकूल जवाबों का सामना कभी नहीं करना पड़ा । तात्पर्य यह है कि अगर बच्चे कह देते, अथवा कोई भी एक बच्चा कह देता, कि चलो हमें ले चलो अन्दर, तो शायद वह एक प्रतिकूल स्थिति हो जाती मगर कभी ऐसा हुआ नहीं । सच या झूठ ईश्वर जानता है, मगर यह गांव के कई लोगों ने बताया कि सालों पहले जब यहाँ सिद्ध आत्मा किसी व्यक्ति पर आती और उससे पूछा जाता था कि गुफा के अंदर क्या है ? तो वो जवाब देती थी कि अंदर कई महात्मा तपस्या में लीन हैं। रविश्री की मां कहती हैं कि जब यह बात फैलने लगी कि ये गुफा के अंदर जाते हैं तो मैंने पूछा कि रवि गुफा के अंदर क्या है ? तुम क्यों जाते हो ? तो रविश्री का जवाब था कि अंदर एक सफेद जटाधारी महात्मा हैं, तुम डर जाओगी उन्हें देखकर, फिर मां को प्रसाद देते कि महात्मा ने तुम्हारे लिये दिया है। इसके अलावा बताते कि अन्दर जलाशय है, बगीचा है, जिसमें फल-फूल लगे हैं, माँ ने कहा कि मुझे अंदर कैसे ले जाओगे ?
(इस गुफा का अंत कहाँ है ? यह एक रहस्य है और बहुत लोग इस रहस्य को जानने के लिए बेताब हैं क्योंकि यह तो अहसास होता है कि गुफा अंदर बहुत गहरी गयी, पर कहां तक गयी यह कोई नहीं जानता । द्वार सँकरा होने की वजह से कोई जा तो सकता नहीं है बहरहाल माँ से रविश्री ने इस रहस्य की चर्चा की थी। वर्षों पुराने इस रहस्य को रविश्री ने बचपन में ही जान लिया था। कई सालों बाद इस पुस्तक के माध्यम से ही यह रहस्योद्घाटन हो रहा है रविश्री ने बचपन में अपनी मां को जो बताया उसके अनुसार)
रविश्री ने मां से कहा कि "यह गुफा लिधोरा के किले तक गई है अंदर बहुत बड़ा खजाना रखा है! किले से मैं आपको अंदर ले चलूँगा । पर माँ ने इंकार कर दिया कि "मुझे नहीं जाना सोचकर ही डर लगता है ।" रविश्री ने माँ के अलावा कभी किसी को नहीं बताया कि गुफा का अंत कहाँ है।
बचपन की एक घटना जबकि रविश्री की उम्र 7-8 वर्ष थी, का माँ जिक्र करती हुई बताती हैं कि "मैं शाम को मंदिर जा रही थी और ये मेरे पीछे-पीछे आ रहे थे कि अचानक पीछे से एक बैलगाड़ी आ गई, आवाज सुनकर मैं तो एक तरफ हो गई पर ये अपनी मस्ती में चले आ रहे थे। पास आते एक बैल ने सीगों से पीछे की तरफ से इन्हें धक्का दिया और ये पहिये के नीचे जा गिरे। मैंने यह दृश्य देखा तो आँखे मुँद गईं और पूजा की थाली गिर पड़ी पर जैसे ही आँखें खोलीं यह सही सलामत खडे थे” । माँ जी कहती हैं कि 'इनका बचना मुझे उस समय इत्तफाक लगा था........ पर अब....... लगता है वह चमत्कार था' |
1980-81 में रविश्री ने अपने चमत्कारों का क्षेत्र विस्तृत किया और ये लोगों को कुँआ खोदने के लिए उपयुक्त स्थान बताने लगे। इनके बतलाए स्थान पर कुँआ खोदो तो, न तो वहाँ खोदने में खास दिक्कतें आतीं और ना ही असफलता, यह जितनी गहरायी पर पानी मिलना तय बता देते आश्चर्य-जनक तरीके से उसी गहराई पर पानी मिलता था, ग्रामीण जनता की छोटी-छोटी समस्यायें जो वस्तुओं के खोने से, जानवरों के खोने तक की होतीं उसे सुलझाने में मदद करने लगे। किसी का भी कुछ गुम हो जाता था या चोरी हो जाती तो ये चोर का नाम तो नहीं खोलते, पर चोर ने कहाँ वह सामान रखा है यह बता देते थे । गाय, भैंस खोने पर बता देते थे कि अमुक स्थान पर चले जाओ, मिल जायेगी और सभी बातें सच निकलतीं । नतीजा यह हुआ कि रविश्री की अन्य गाँवों में चर्चा फैलने लगी मगर इन चर्चाओं के बावजूद पिताजी को इन बातों का पता नहीं चलता क्योंकि यह इनकी सख्त हिदायत होती थी कि हम बता तो रहे हैं पर इस बात का पता किसी को न चले।
इस दौरान रविश्री की इन चमत्कारिक बातों के फैलाव में अहम् किरदार इनके घर व खेतों में मजदूरी करने वाली छिपरी के ही निवासी कड़ोरे काछी ने अदा किया। कड़ोरे काछी की उम्र इस समय 60-65 वर्ष है, बात करने का ढंग इतना प्रभावशाली जरूर है कि अगर वह साबित करने पर उतर आयें कि वह कुछ सिद्धियाँ जानते हैं तो बातों ही बातों से साबित कर लेंगे ।
'कड़ोरे' गाँव में अपनी छवि एक गुनियाँ (तांत्रिक) की बनाए हुए थे जो झाड़फूँक कर लेते हैं, धन खुदवा देते हैं। गाँवों में ऐसा अक्सर देखा जाता है कि कोई व्यक्ति अपनी छवि को हटकर दिखाने के लिए तांत्रिक होने का दिखावा करने लगते हैं और भोले-भाले लोगों को ठगने का काम शुरु हो जाता है ।
कड़ोरे भी इसी तरह के चतुर व्यक्तियों में से थे, उन्हें जैसे ही खबर हुई कि रविश्री यह सब कर लेते हैं उन्होंने तुरंत रविश्री से मित्रता बढ़ाना शुरु कर दिया और दूसरी ओर लोगों से यह कहना शुरु कर दिया कि अब मैं यह सब काम इस लड़के से करवाता हूँ। अगर किसी को कोई समस्या हो, कुछ पूछना हो तो पहले कड़ोरे से सम्पर्क साधना पड़ता । पास ही एक गाँव 'वरमा' में एक घोषी का लड़का गुम हो गया । रविश्री की चर्चा सुनकर वो जब आया तो मिलना पड़ा उसे कड़ोरे से, कड़ोरे ने कहा कि 'हाँ, मेरा ही सिखाया लड़का है, बता तो देगा पर सात सौ रूपये लगेंगे'। घोषी जी तैयार हो गए। खेत पर ही रविश्री को बुलाया गया और समस्या सामने रखी गयी, उस वक्त रविश्री ने कह दिया कि बाद में बतायेंगे और बात टाल दी । घोषी ने 80 रुपये बतौर एडवांस देने चाहे तो कड़ोरे ने आगे बढ़कर ले लिये। घोषी चला गया, इधर रविश्री कड़ोरे से गुस्सा हो गए कि उसके लड़के को वापिस आना नहीं और फिर तुमने रुपये क्यों ले लिये ?
कुछ दिन बाद उक्त व्यक्ति पुनः आया तो कड़ोरे ने उसे घुमाना चाहा पर वह कड़ोरे की चालाकी समझ गया और पैसे लेकर वापिस चला गया । कड़ोरे के संपर्क में आने के बाद रविश्री ने गड़ा बांधना शुरु कर दिया। गड़ा अर्थात् ताबीज बांधना, अगर किसी के यहाँ बच्चे न होते हों तो उसे ताबीज बांध देते हैं गाँवों में यह कार्य करने वाले बहुत होते हैं ।
कड़ोरे तो यह कार्य बहुत पहले से करते आ रहे थे पर सफल न हुए एक बार उन्होंने सोचा कि इस लड़के पर सिद्ध की कृपा है इसके हाथ से ताबीज बंधवाया जाये और सच में ही उसे रविश्री के हाथ से ताबीज बंधवाने में सफलता भी मिली और रविश्री के कार्यों में एक कार्य और जुड़ गया ।
कड़ोरे बताते हैं कि "एक बार सिंचाई विभाग के एक अफसर जिनका नाम तो याद नहीं है, वो मेरे पास आये कि मुझे रविश्री से मिलवा दो, उनके यहाँ संतान नहीं होती थी। रविश्री ने उनको एक ताबीज दिया और कहा कि इसे अपनी पत्नि को पहना देना । 9-10 माह बाद वह फिर आए और रविश्री को पैसे वगैरह देने लगे, आश्चर्य-जनक तरीके से वर्षों बाद उन्हें पुत्र प्राप्त हुआ था। रविश्री ने पैसा लेने से इंकार कर दिया और कहा कि 'भागवत् करवा देना' कड़ोरे कहते हैं 'मैंने तो बहुत कहा था कि पैसे ले लो पर वह माने ही नहीं' ।
कड़ोरे को रविश्री 'दादे कहकर बुलाते थे और दोनों के बीच घनिष्टता भी बहुत थी। कड़ोरे कहते हैं कि वो फक्कड़ बाबा थे, कहीं भी खा लेना, कहीं भी सो जाना, कोई मोह नहीं, कोई माया नहीं | एक बार कड़ोरे के पूछने पर रविश्री ने बताया कि शारदा की गुफा के पास सफेद घोड़े पर एक महात्मा जी बैठे थे उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या खाओगे ? मैंने कहा प्रसाद खिला दो तो वो मुझे जंगल में एक गुफा में अपने घोड़े पर बिठाकर ले गए, वहाँ प्रसाद खिलाया पानी पिलाया और कहा कि आज के बाद तुम जो चीज माँगोगे वह मिल जायेगी, जहाँ बता दोगे वहीं पानी निकल आयेगा । कड़ोरे यह सुनकर बोला कि चलो वो गुफा ढूँढ़ते हैं, फिर जंगल में दोनों गुफा ढूँढ़ते रहे पर निराशा ही हाथ लगी ।
कड़ोरे कहते हैं कि "उनके चमत्कार देखकर मैं दंग रह जाता था और उनकी बातों से मुझे यकीन हो गया था कि सिद्ध बाबा की कृपा से ही सब करते हैं फिर एक बार खेत में स्थित महुए के पेड़ पर गुली तोड़ने चढ़ गये और लगभग 30–35 फुट ऊपर से डगाल टूट गयी और वह चकरी के मानिंद घूमते हुए नीचे आए और इस तरह खड़े हो गए जैसे मात्र दो फुट से कूदे हों और बोले कि 'बच गए', तब से न सिर्फ मैं बल्कि कई लोग यह मानने लगे थे कि इस लड़के पर सिद्ध की कृपा है इसलिए ही बच गया । "
וי
बहरहाल इन चमत्कारों के चलते रविश्री से मिलने वालों की तादाद बढ़ने लगी और जिस बात से यह और इनकी माँ डरते थे वही बात हो गई, रविश्री के पिता जी को इनके यह सब चमत्कारों के किये जाने बाबत् पता चल गया। कृपाराम जी कहते हैं कि “पहले तो मैं देखता था कि सिर्फ बच्चे ही इन्हें घेरे रहते थे फिर देखा कि बड़ी-बड़ी उम्र के लोग भी बाहर खड़े हैं, अगर उनसे पूछो..... क्या बात है..... तो रवि महाराज से मिलना है । इस समय तक पिताजी को एवं गाँव के उनके साथ उठने-बैठने वालों तक को यह पता नहीं चला था कि ये भोगप्रसाद देते हैं जबकि 3 वर्ष का अरसा यह सब उन्हें करते हो गया था ।
पिता को पहली बार यह सब जानकारी 1982 के अगस्त माह कृपाराम में हुई जबकि 15 अगस्त को वह ऑफिस से जल्दी घर आ गए और एक व्यक्ति ने उनसे ही पूछा कि..... 'रवि महाराज के पिताजी तो नहीं हैं अन्दर ?'.....क्यों, क्या बात है ? रविश्री के पिताजी ने पूछा । 'अरे, रवि महाराज को साथ में ले जाना है, हमारी बहू को बच्चा नहीं होता, गन्डा बंधवाना है ।' कृपाराम जी का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया, फिर भी उन्होंने गुस्सा दबाकर पूछा 'तो फिर पिताजी को क्यों पूछ रहे हो ?' उस व्यक्ति का जवाब था कि 'रवि महाराज ने कहा था कि पहले पता कर लेना कि घर पर पिताजी न हों, और अगर वह घर पर हों तो मुझे गाँव के बाहर बुलवा लेना' । कृपाराम जी को सारी बातें समझ में आ गईं और उस आने वाले की शामत तो आयी ही, शाम को रविश्री की भी कायदे से खबर ली गयी, और रविश्री के ऊपर कड़ी पाबंदियाँ लगा दी गईं और मिलने वालों को भी आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया गया ।
कृपाराम जी कहते हैं कि "यह सब सुनकर मैं मानसिक रूप से विचलित हो गया था, क्योंकि कुँए गुनना, बच्चे के लिए ताबीज बांधना ये सब हरकतें बाबाओं के हाथ से ही अच्छी लगती हैं, एक भले घर का लड़का यह सब करे, अशोभनीय तो था ही, घर की इज्जत और मर्यादा के भी खिलाफ था, मुझे लगता था कि लोग क्या सोचते और बोलते होंगे कि ग्राम सेवक का लड़का झाड़ फूँक करता फिर रहा है" । कृपाराम जी को इन सब बातों से गहरा सदमा पहुँचा था, उन्हें यह सब कतई बर्दाश्त नहीं था ।
पिताश्री को मालूम हो जाने के बाद घर में बच्चों और इनसे मिलने वाली की संख्या बहुत कम हो गई पर यह संख्या गांव के बाहर बढ़ने लगी । मिलने वाले बड़ी सतर्कता बरत कर इनसे मिलते और अपनी समस्याओं का समाधान करवाते मगर जो काबिले तारीफ बात थी वह यह कि सभी बच्चों और दूसरे गाँवों के लोगों को यह सब खबर होने के बावजूद इस समय तक छिपरी में यह चर्चित नहीं हुए थे। जिसको भी पता चलता वो या तो हजम कर जाता जैसे मास्टर मथुराप्रसाद जी, या फिर विश्वास ही नहीं करता जैसे सोबरन सिंह व अन्य बुजुर्ग, जो कहते हैं कि हमने सुना तो जरूर था कि पेड़ा बना लेते हैं, कुँए गुन लेते हैं पर शुरू में 1981-82 तक किसी ने इस बात को गम्भीरता से लिया ही नहीं, बल्कि यह समझते रहे कि देखने सुनने वालों से भूल हुई होगी, ये बावला सा लड़का क्या करेगा ?
इसी दौरान कांजी हाउस में बंद एक गाय की नीलामी हुई, कृपाराम जी के साथ रविश्री भी उस नीलामी में गए, छिपरी की ही बात है । वह श्याम वर्ण की गाय थी छोटे-छोटे सींगों वाली, रविश्री ने जैसे ही उसे देखा, पिता जी से जिद पकड़ गये कि यह गाय तो मुझे हर हालत में चाहिये । पिताजी कहते हैं कि इनकी जिद इतनी ज्यादा थी कि अंततः 60 रूपए में वह गाय मुझे खरीदनी ही पड़ी । गाय घर आई, तुरंत बाजार से उसके लिए रस्सा मँगवाया गया, उसे नहलाया गया, आरती उतारी गयी और उसका नाम रखा गया “श्यामा” |
श्यामा गाय की सम्पूर्ण जिम्मेदारी रविश्री ने अपने ऊपर ले ली। उसे चराने ले जाना, सानी बनाना, नहलाना, और दुहना सब अपने हाथों से करते थे।
रविश्री की माँ कहती हैं कि उस गाय से उन्हें अत्यन्त लगाव था। एक बार वह गाय को जंगल में छोड़कर घर आ गए। रस्सी गाय के गले में ही बंधी थी शाम को गाय घर आई तो रस्सी नदारद । रविश्री को बुलाकर डाँट लगाई गई । समीप के गांव में रहने वाली एक महिला जिसका नाम काशी बाई था मगर “माँई” के नाम से जानी जाती थी अपने भाई व सखाओं सहित उसके घर रविश्री दन दनाते घुस गए और कहने लगे 'वो रस्सी दो जो गाय के गले से छोड़ी थी।” “कौन सी रस्सी ? कैसी रस्सी ? मुझे क्या पता ?" माँई साफ मुकर गई। रविश्री ने कहा वही रस्सी जो तुमने कुठिया में रख दी है (कुठिया गांव में अनाज को रखने के लिए मिट्टी के बनाये बंद गोदाम को कहते हैं ।) माँई यह सुनते ही दंग रह गई जिस बात का सिर्फ उसे पता था 12-13 साल के लड़के ने कैसे जान ली इसे कैसे पता लग गया ? हक्की-बक्की हालत में उसने पांव छू कर माफी माँगी और रस्सी वापिस कर दी । रविश्री ने वापिस आकर कहा 'लो श्यामा अपनी रस्सी, अब किसी को खोलने मत देना' ।
वह गाय भी इतनी ज्यादा रविश्री से हिलमिल गई थी कि अगर रविश्री दो दिन भी न दिखे तो आँसू डालने लगती और चारा छोड़ देती । श्री कृष्ण के गाय चराने के गीत बड़ी - मधुरता से गाते हुए अन्य चरवाहों के साथ रविश्री जंगल-जंगल डोलते रहते, हमेशा ही होठों पर मधुर मुस्कान, मधुर स्वर और हवा के समान स्वतन्त्रता प्रिय रविश्री के बाल्य अवस्था में ही विशाल एवं स्वच्छंद मनोभाव थे । वे अपने हम उम्र बालकों का नेतृत्व करते और सभी के साथ पंछी के समान इधर से उधर घूमते रहते।
माँ कहती हैं कि "इनके पिता मानसिक रूप से अत्यंत परेशान रहने लगे थे और उनकी परेशानी देख घर भर परेशान रहने लगा । मैं मंदिर जा कर मनौती मांगती कथा बोलती घर में कथायें करवाती कि रवि की बुद्धि ठीक हो जाये ।" उसी समय एक साधु गाँव में भिक्षा माँगने आया, जो एक दिन में एक ही घर में भिक्षा माँगने जाता था। वो रविश्री के घर आया तो माँ ने उससे अपनी समस्या कही कि 'रवि के बारे में कुछ बताओ' । साधु ने जवाब दिया कि 'या तो तेरा लड़का पागल हो जायेगा या भगवान की तरह पूजा जायेगा, अगर चाहती हो कि सब कुछ ठीक हो जाये तो कन्याओं को भोजन करवाओ और लड़के से पीपल पर जल चढ़वाओ, नहीं तो तुम्हारा लड़का बांस की तरह फट जायेगा । माँ कहती हैं कि मैंने कन्याओं को तो भोजन करवा दिया पर हजार बार जिद करके भी इनसे पीपल पर जल नहीं चढ़वा पाई ।
रविश्री बोलने में 'माचिस' का उच्चारण शुद्ध न कर पाते थे, खाने में मीठा बहुत कम खाते थे, शुरू से ही खाने पीने में अत्यन्त लापरवाह, बालों में कभी कंघी न करना, तेल साबुन से दूर रहना, गुड़ कभी नहीं खाते थे मगर चाय बहुत पीते थे ।
खाने में इनको पालक की भाजी, अरबी, उड़द की दाल बेहद पसंद थी । बचपन से ही जो एक बात इस तरफ इशारा करती है कि इन्हें पता था कि आगे चलकर हमें संत बनना है वह यह है कि ये चौके में बैठकर खाना खाते थे और माँ से कहते थे कि रोटी मुझे फेंककर दिया करो, थाली में रखने मत आया करो माँ को यह नागवार गुजरता तो कहते कि साधुओं को भी तो इसी प्रकार देती हो, उसी तरह मुझे दिया करो | यह बात कई बार माँ-बेटे के बीच तकरार की वजह तक बन जाती। माँ कहती हैं कि 'इनकी तमाम बातें तो मेरी समझ में तब आई जब ये रावतपुरा पहुँच गए, इनकी प्रकृति आचार विचार संस्कार सब एक संत की तरह ही थे, कभी किसी से झगड़ा नहीं, कभी किसी से शिकायत नहीं, न कभी किसी को जवाब, बेहद शांत व्यक्तित्व ।
आगे बढ़ने के पूर्व कुछ अन्य बातें जो रविश्री के साथ बाल्यावस्था में ही गुजरीं, उनमें से प्रमुख थी पुलिस द्वारा गांव के कुछ बदमाशों की बेरहमी से मारपीट | विधायक श्री रामकृष्ण मिश्रा ने जब डकैती, राहजनी की बढ़ती वारदातों को लेकर पुलिस को आड़े हाथों लिया तो पुलिस बल सक्रिय हो गया और छिपरी में ही बीस व्यक्तियों की एक गैंग को पकड़ा जो उक्त वारदातों में शामिल थी । अन्य लोगों को सबक सिखाने एवं अपराधियों के मन में भय बैठाने के मद्देनजर पूरी गैंग की गांव वालों के सामने बेरहमी से पिटाई की गई। इस घटना ने रविश्री के मनोमस्तिष्क पर ऐसी छाप डाली कि वो पुलिस को दुष्ट व राक्षस कह कर बुलाने लगे एवं अपने मित्रों को उनसे दूर रहने की सलाह देने लगे। बहुत से लोगों का यह मानना है कि इसी घटना के मनोवैज्ञानिक असर की वजह से वह पुलिस वालों को देखते ही भयभीत हो जाते थे।
सन् 1978 के जनवरी माह में रविश्री के जन्म को लेकर घर में ही हो रही एक चर्चा के दौरान जब जन्म के पूर्व आने वाले स्वप्नों का एवं रविश्री की कुछ विशेष आदतों की जैसे धुली हुई कटोरी से ही दूध पीना, बिना नहाये कुछ खाना पीना नहीं, बचपन से ही गंभीरता ओढ़े रहना शिवलिंग की पूजा करना आदि का जिक्र आया, तब ठाकुर दास जी ने कृपाराम को अपने गुरु 'लाल जी सरकार द्वारा दिए गये आशीर्वाद के बारे में बताते हुए कहा कि "मेरे गुरु ने कहा था कि तुम्हारी बेटी से जो पुत्र होगा वह संत प्रकृति का होगा और एक दिन यह संसार उसके आगे झुकेगा” । किन्तु कृपाराम जी बताते हैं कि "जिस प्रकार ठाकुरदास जी ने इस आशीर्वाद को कभी गंभीरता पूर्वक नहीं लिया था, उसी प्रकार उनके बताने के बावजूद जब तक बाबा जी (रविश्री को उनके पिताजी बाबाजी कहकर संबोधित करते हैं।) रावतपुरा नहीं पहुँच गए और वहां लगने वाली भीड़ का मुझे पता नहीं चला मैंने भी इस आशीर्वाद की बात को कतई काबिले- गौर नहीं समझा और न ही इनके कार्यकलापों की ओर, जो निश्चित रूप से एक विलक्षण संत के थे, मेरा कभी ध्यान गया कि ऐसे किसी आशीर्वाद के फलस्वरूप एक कुदरत के नियम में बंधकर यह मेरे घर पैदा हुए हैं, अंत - अंत तक मेरी यही कोशिश रही कि यह सामान्य बालकों की तरह जिंदगी व्यतीत करें । कृपाराम जी कहते हैं कि "अगर ठाकुर दास जी ही बाबाजी की किशोर अवस्था आने तक जीवित रहते तो शायद वह पुनः अपने गुरु के आशीर्वाद पर जोर देते तो हम लोग मान लेते कि यह तो संत ही हैं मगर होनी तो होकर रहती है, बाबाजी के नाना जी सिर्फ एक बार साधारण बातचीत के दौरान ही जिक्र करने के कुछ समय बाद गुजर गए ।
1978 में ठाकुरदास जी की मृत्यु के बाद कृपाराम शर्मा ही घर के मुखिया हो गए। छिपरी में चोरी-डकैती का माहौल तो रहता ही था, आए दिन पुलिस किसी न किसी को पकड़कर ले जाती उनमें से अधिकांश लोग तो शक के आधार पर निर्दोष ही पकड़े जाते । कृपाराम जी के अंदर सदैव भय रहता कि कोई उनके परिवार के किसी सदस्य पर कभी अंगुली न उठा दे, ठाकुरदास जी की मृत्यु के बाद से तो वह अत्यंत गंभीर हो गए थे, यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि इस समय तक कृपाराम जी अपने आप को छिपरी के माहौल में पूरी तरह खपा नहीं पाये थे । वह सदैव यह कोशिश करते कि कभी कोई ऐसी बात न हो कि उनके परिवार का कोई सदस्य किसी भी बात से प्रकाश में आये, चारों तरफ फैले डर व भय के माहौल में जी की मृत्यु ठाकुरदास ने उनका पिता तुल्य सहारा छीन लिया था । उनके अंदर एक ही बात रहती कि जब तक ठाकुरदास जी थे, तो सब थे अब अगर कोई मुसीबत आ गई तो..... किससे कहेंगे....... और कौन सहारा देगा ?
कृपाराम जी के छोटे भाई लक्ष्मीनारायण जी बताते हैं कि इसी दौरान हम लोगों ने खेती हेतु जमीन खरीदी थी, तो आस-पास के प्रभावशाली लोग भी हमको बढ़ता देखकर जलन व ईर्ष्या का भाव रखने लगे थे। मेरे भाई को डर रहता कि रंजिशन किसी झूठे केस में ये लोग नाम न लिखा दें और इसी समय रविश्री की ये हरकतें बढ़ने लगीं तो हम लोग बजाए उनका नाम उछालने के उनके चमत्कारों को दबाते और झुठलाते थे कि नहीं, ये कुछ नहीं कर पाते सब गलत है । आप बताते हैं कि "हम लोग इस समय तक गाँव वालों से भी पूरी तरह घुल-मिल नहीं पाए थे, रविश्री अधिकांशतः बाहर ही घूमते थे और गांव में कब कहाँ कौन सी चोरी हो जाये इसका ठिकाना नहीं रहता था । अतः यह डर रहता कि अगर इनका नाम किसी ने चोरी आदि में लिखवा दिया तो हम इनकी यह गवाही कहाँ से लायेंगे कि 'ये कहाँ थे चोरी के वक्त ?' इसलिए यह जैसे ही घर से गायब होते तुरंत इनकी खोजबीन चालू हो जाती और यही वजह थी कि इनके पिता इन पर अत्याधिक अंकुश लगाकर रखते थे" ।
रविश्री के इन करिश्मों को घरवालों ने कभी नहीं देखा और न ही वह घर वालों के आगे यह स्वीकार करते कि हम कुछ कर पाते हैं। 1981-82 तक घरवाले विशेषकर पुरुष सदस्य असमंजस में रहते थे कि जब ये कुछ कर नहीं पाते तो लोग क्यों इनके पीछे पड़े रहते हैं ? केवल माँ को यह आभास था कि इनके अंदर कोई दैवीय शक्ति है एवं जो लोग इनके चमत्कारों की चर्चा करते हैं वह गलत नहीं है । माँ के अलावा छोटे भाई तो कई बार खुद ही प्रसाद आदि खा चुके थे, मगर छोटे भाइयों को रविश्री की सख्त हिदायत थी कि कभी किसी को कुछ नहीं बताया जाये। चमत्कारिक ढंग से मंगाये जाने वाले प्रसाद के बारे में यह तय नहीं होता था कि क्या आयेगा ? अगर बच्चों ने इच्छा व्यक्त कर दी कि हम फल खायेंगे तो फल आ जाते थे, किसमिस मंगाई जाये तो वह आ जाती थीं ।
जब रविश्री गाय को चराने ले जाते थे तो साथ में रहने वाले चरवाहे भूख लगने पर रविश्री की तरफ ताकने लगते । रविश्री पहले सबसे कसम करवाते कि किसी से कहोगे नहीं, किसी को बताओगे नहीं और फिर सबसे आँखे बंद करने को कहते और पूछते क्या- क्या खाओगे ? राधे यादव बताता है कि 'हम जिस-जिस सब्जी की बात करते वह सब्जी और पूड़ी व खीर से सजी हुई थाली आ जाती थी ।'
छोटे भाई, विजय शंकर जो घर में बेबी कहलाते हैं को रविश्री सबसे ज्यादा चाहते थे, जंगल में घूमते-घूमते देर हो जाये तो कंधों पर बेबी का बैठा कर घर तक ले आते। इस बीच अगर बेबी को भूख लगती तो तुरंत खीर हाजिर कर देते । 'बर्तनों को खाना खाने के बाद धोना पड़ता था' राधे बताते हैं कि 'बर्तन आदि चांदी के होते थे चमचमाती हुई नयी थालियाँ, धोकर हम रविश्री को देते और वह पुनः आँखे बंद करने को कहते और थालियाँ गायब हो जातीं' .........!
आपने रविश्री के जो वृतांत अब तक पढ़े यह उनकी देह की 13-14 वर्ष की उम्र तक के हैं। ये उस बालक के वृतांत हैं जिसे न तो किसी ने पूजा करते देखा न तंत्र-मंत्र करते देखा, न ध्यान लगाते देखा, न ही इस उम्र तक इन्होंने किसी से दीक्षा ली और न ही किसी साधु-संत के सानिध्य में देखने में आए। कई घटनाएं जो मात्र 3-4 दिन की उम्र में ही देखने को आई जिसके लिये माँ का कहना है कि कटोरी धुली हो तभी दूध पीते थे, किसी का जूठा दूध नहीं पीते थे, एक ओर धुली कटोरी हो एक ओर बगैर धुली कटोरी हो तो धुली कटोरी की तरफ देखना, ये सब घटनाएँ अनेकों बार हुईं। इन घटनाओं का चिंतन करने पर यही अहसास होता है कि यह एक पैदाइशी संत थे और निश्चित ही हर वक्त पूर्ण होशो-हवास में थे। इस समय तक की हर घटना अपने अंदर विचित्रता छिपाये हुए है जो कि असंभव प्रतीत होती है पर यह सब प्रकृति और उस अदृश्य सत्ता की लीलाएं है जो उसने अपनी क्षमताऐं दिखाने के लिए एक बालक के द्वारा करवा दीं।
गाँव में गुजरे और भी तमाम अचरज भरे कारनामों से मैं आपको बीच-बीच में वाकिफ करवाता चलूँगा फिलहाल रविश्री की छिपरी से रावतपुरा तक की इस रोमांचक यात्रा में आप मेरे साथ लिधौरा चलिये जहाँ रविश्री ने 1981 जुलाई में कक्षा 6वीं में एडमीशन लिया । छिपरी का स्कूल पाँचवी तक ही था, 1981 में पाँचवीं उत्तीर्ण कर जुलाई में लिधौरा आने पर रविश्री के पंखों ने अंगड़ाई ली, जिस तरह किसी पक्षी को लंबे समय तक पिंजड़े में कैद करके बाहर निकाला जाता है । 13 वर्ष की उम्र तक आप माँ, पिताजी, चाचाजी के कड़े अनुशासन के चलते घर से गायब नहीं रह पाए क्योंकि तुरंत इनकी खोजबीन शुरु कर दी जाती थी । घर और स्कूल में अगर आप नहीं मिले तो पिताजी द्वारा दंडित करना तय रहता था और कोई बताने के लिए उपयुक्त बहाना भी आपके पास नहीं रहता । यहाँ स्कूल भी घर के बिल्कुल नजदीक ही था नहीं तो यही एक बहाना रहता कि स्कूल के रास्ते में थे । लिधौरा आने पर ये तमाम सुविधाऐं रविश्री को मिल गई थीं, छिपरी से लिधौरा लगभग पांच कि.मी. की दूरी पर है, लिधौरा में नए स्कूल में पहुँचते ही रविश्री को नए दोस्तों से मुलाकात में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। उनके छिपरी के हम-उम्र साथियों ने उनको तुरंत ही विख्यात कर दिया कि ये प्रसाद खिलाते हैं और शीघ्र ही ये अपनी कक्षा के बालकों के केन्द्र - बिन्दु बन गए और बच्चों का इन्हें घेरना शुरू हो गया। शुरू-शुरू में तो यह सब ठीक रहा पर माह दो माह बीतते ही इन्हें उन बच्चों से परेशानी होने लगी और फिर दूसरी कक्षाओं के बच्चे भी प्रसाद खिलाने के लिए तंग करने लगे, पर ऐसे में रविश्री की दोस्ती सुदीप पस्तोर से हुई जो कि लिधौरा क्षेत्र के 1982 में विधायक रहे स्वामी प्रसाद पस्तोर के बेटे हैं। सुदीप भी इन्हीं की कक्षा में थे, इसके अलावा क्लास के लड़कों में दबदबा भी बनाए हुए थे । रविश्री और सुदीप की मित्रता बढ़ते ही अन्य बालकों ने इन्हें परेशान करना कम कर दिया और रविश्री का प्रसाद बाँटने का झंझट सिमट कर सुदीप तक सीमित रह गया ।
उस समय के अनेक सहपाठियों के पास अब इनकी कोई विशेष यादें मौजूद नहीं हैं सिवाय इसके कि चमत्कारिक ढंग से प्रसाद मँगाते थे परंतु सुदीप कुछ और भी बताते हैं। वह कहते हैं कि शुरू की दोस्ती के दिनों में रविश्री के हाथों में खुजली हो गई थी तो मैंने एक ट्यूब बाजार से लाकर इन्हें दी जिससे वह खुजली ठीक हो गई । ट्यूब देने की वजह सुदीप बताते हैं कि "यह सच था कि मैं उन्हें अन्य लड़कों से बचाता था पर इसके अतिरिक्त भी मैं उनकी गाढी मित्रता पाने का उत्सुक था। ट्यूब देने के बाद फिर वे अक्सर ही मेरे साथ मेरे घर आ जाते, यहीं खाना खाते और देर हो जाने पर यहीं रुक भी जाते" । सुदीप की मां श्रीमति भागेश्वरी पस्तोर कहती हैं कि " स्कूल के सभी बच्चे पानी पीने घर के पास स्थित हैंड पंप पर आते थे, एक बार मैंने देखा कि बेवक्त ही बच्चे भीड़ लगाए हैंड पम्प पर खड़े हैं, मैंने डाँटते हुए सबको भगाया तो एक बच्चा खड़ा रहा उसने बताया कि रवि महाराज ने सबको प्रसाद बांटा था तो पानी पीने आए थे । किस बात का प्रसाद ? ये पूछने पर पता चला कि वह लड़का जादू से पेड़े मंगा देता है । श्रीमति पस्तोर ने पता किया कि कौन सा लड़का है ? और सुदीप के जरिये उसे बुलवाया।
श्रीमति पस्तोर के अनुसार उस वक्त रविश्री का हुलिया इस प्रकार था "उलझे हुए बाल, न तेल न कंघी, पुराना सा कुर्ता, बड़ी सी नेकर, हाथों में खुजली, अत्यंत भोलापन व मासूमियत लिए चेहरा, गहरी दृष्टि से देखने की आदत ! सुदीप की माँ के पूछने पर रविश्री साफ मुकर गए, कहने लगे हम नहीं बनाते प्रसाद, लड़के झूठ बोलते हैं, संभवतः यह सुदीप के घर आने का रविश्री का पहला दिन था पर इस दिन के बाद वह उनका स्थायी अड्डा बन गया जहां वो कई बार दस-दस दिन तक रुके रहते थे । सुदीप की मां रविश्री के घरवालों से परिचित थीं और उधर कृपाराम जी को यह संतोष रहता कि उनका लड़का एक सुरक्षित स्थान पर है अतः कोई दिक्कत न आती । रविश्री जुलाई 1981 से मार्च 1983 तक पढ़ने के लिए लिधौरा आए, इन दो वर्षों में इनकी कोई निश्चित दिनचर्या नहीं रहती थी। सुदीप के घर रुकते, खाने में जो मिल जाता खा लेते, वैसे रोटी के साथ टमाटर की चटनी एवं खिचड़ी उन्हें विशेष पसंद थी वह भी एक टाइम, शाम को । हैण्ड पंप पर ही नहाया, कपड़े धोए और सुखाकर पुनः पहन लिए । धन खोदने की एक घटना का जिक्र करते हुए सुदीप बताते हैं कि एक बार ये मुझसे बोले कि चलो तुम्हारे लिए धन निकाल लायें और रात में कुदाल लेकर दोनों चौदह वर्ष के बालक मंदिर की ओर जाने लगे, तभी एक सिपाही नजर आया और रविश्री ने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया कि 'फिर कभी ओर पुनः वह 'फिर कभी कभी भी न आया ।
सुदीप की मां कहती हैं कि एक बार मुझसे रविश्री ने कहा कि "अम्मा तुम्हें धन खुदवा दें, मंदिर के पास गड़ा है," तो मैं उनके ऊपर बरस पड़ी, कि "मुझे भी बच्चों की तरह मूर्ख समझते हो" वह कहती हैं कि "वह अर्द्ध विक्षिप्त से नजर आते थे जैसे कुछ खो गया हो, फिर छोटी सी उम्र कोई सोच भी नहीं सकता था कि इस बालक को बालक समझना भूल है”
6वीं कक्षा के संस्कृत पढ़ाने वाले श्री एन. डी. अहिरवार जो कि एक गंभीर व्यक्तित्व के स्वामी हैं, बताते हैं कि "इनका स्वभाव आम बच्चों से हटकर था, अत्यंत गंभीर, बेहद कम बात करना, डांटने पर चुपचाप खड़े रहना । आप बताते हैं कि “यह 6वीं क्लास में नियमित आते रहे, बीच में अनियमितता बरती तो मैंने समझाया कि तुम एक ब्राह्मण बालक हो संस्कृत तुम्हारे आगे काम आयेगी बात इनकी समझ में आ गई और वह नियमित हो गये । चमत्कारों के बारे में मुझे पता चला था पर मैंने कभी उनसे पूछा नहीं कि ये बातें सही हैं या गलत, पर मेरा मानना था कि ये सब बातें गलत ही होंगी क्योंकि इनकी उम्र बहुत कम थी |
एक अन्य शिक्षक कमल अहिरवार कहते हैं कि " मैंने जब सुना कि ये चमत्कार कर लेते हैं तब मैंने इनसे पूछताछ की थी, तो इन्होंने बताया कि 'छिपरी' में सिद्ध बाबा हैं उन्हीं की कृपा है, एवं उस समय जो छिपरी से बालक आते थे उनका कहना था कि ये उस गुफा के समीप जाकर लुप्त हो जाते हैं, तब मैंने इनको अपने घर ले जाकर इनकी शक्तियाँ परखना चाहा तो इन्होंने मेरी ऐसी अंदरूनी बातें जो सिर्फ मुझको ही पता थीं वह बताकर आश्चर्यचकित कर दिया और मैं हैरानी से इनको ताकता रह गया, मैं समझ गया कि इनके अंदर कोई दैवीय शक्ति है। श्री कमल अहिरवार का कहना है कि "यह कहने में मुझे कोई संकोच नहीं है और मैं स्वीकार करता हूं कि मुझे इनसे डर लगता था, एक संकोच कि "यह दैवीय शक्ति सम्पन्न बालक है" - मुझे सदैव रहा" ।
1982 में कक्षा 6वीं रविश्री ने पास कर ली और 7वीं से इन्होंने अनियमितता का रुख अख्तियार कर लिया । एन. डी. अहिरवार कहते हैं कि "मेरे लाख समझाने पर भी फिर वह नियमित नहीं हुए, कभी सात दिन के लिए तो कभी दस दिन के लिए गायब हो जाते” ।
एक अन्य सहपाठी राजीव दरोगा कहते हैं कि इनका व्यक्तित्व प्रभावशाली था और विशेष रूप से इनका क्षमाशील हृदय । कोई लाख परेशान करे पर इनका गुस्सा न होना और सहज भाव में लेना सामने वाले को झेंपा देता था। 7वीं में पढ़ाई तो की नहीं थी और तय हुआ कि कमल मास्टर साहब से कहा जाए कि पास कर देना, पर उनके घर से कुछ दूर जाकर लौट आए कि अब छोड़ो परीक्षा हो ही गई है, जो होगा देखा जायेगा । अंततः 7वीं में रविश्री फेल हो जाते हैं और जब अंकसूची लेने आते हैं और देखते हैं कि फेल हो गये तो फाड़ कर तालाब में डालकर आगे बढ़ जाते हैं।
'अंतपुरा'
1982 जुलाई से इन्होंने कक्षा में अनियमितता बरतना शुरु कर दिया था पर छिपरी से ये हमेशा नियमित आते रहे। दरअसल 1982 ही वह साल है जबकि पंछी ने न सिर्फ पंखों को साफ कर लिया था बल्कि उडने के लिए तैयारियाँ भी शुरु कर दी थी । लिधौरा से लगा हुआ गाँव है अंतपुरा, लिधौरा से लगभग 4-5 कि.मी. की दूरी पर । यहाँ के कई सहपाठी रविश्री के मित्र भी थे, जो अपने गांव चलने की उनसे अक्सर जिद करते रहते, 1982 जुलाई में अपने मित्रों की जिद पर रविश्री अंतपुरा पहुँच गये और शीघ्र ही वहाँ के जालिम सिंह यादव जो कि इस समय लगभग सत्तर साल के होंगे उनके मित्र बन गये । जालिम सिंह से रविश्री को अत्याधिक प्रेम रहा और 1982 से 1987 तक वह इनसे लगातार जुड़े रहे । जालिम यादव अत्यंत भावुक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं । मैंने (लेखक) जैसे ही उनसे कहा कि रविश्री के बारे में पूछने आए हैं तो वह वृद्ध किसान रोने लगे और कहने लगे कि "वह हमें धोखा देकर चले गये" । फिर संभलकर कहते हैं कि "वे हमसे कह गए थे कि अपने साथ रखेंगे अब कहते हैं कि रावतपुरा चलो पर हम अपना गाँव व खेत छोड़कर कहाँ जायें ?"
जालिम सिंह यादव और प्रभाकर पाठक आपस में पड़ोसी हैं । रविश्री से जब जालिम सिंह की मित्रता हुई तो पाठक जी से भी मुलाकात हो गई । लगभग 60 वर्षीय प्रभाकर पाठक कहते हैं कि उस समय उनके अंदर जो सबसे बड़ी क्षमता मैंने देखी थी वह यह थी कि यहां बैठकर वह मेरे रिश्तेदारों के घर का आँखों देखा हाल सुना देते थे, मैंने कई बार इस बात की तसदीक भी की थी, वह सब कुछ सही-सही बताते थे, मसलन घर में कौन - कौन है ? चूल्हा कहाँ है, घड़ा कहाँ है, एक–एक बात एकदम सही और सटीक, पाठक जी कहते हैं कि इस तरह की बातें मैंने उनसे कई बार पूछीं, और वह हर बार सही-सही आँखों देखा हाल बता कर आश्चर्य चकित कर देते थे और कई बार यह भी कहते कि आज हमारे सिद्ध ने काम करने से मना कर दिया है । जालिम जी कहते हैं कि "रविश्री ने हमारे साथ खाना खाया, हमारे रँहट चलाये, हमारे खेतों में पानी दिया, खेतों में सोये हैं, पर उनके अंदर ये सब, चमत्कारिक क्षमताऐं देखने के बावजूद हम लोग उन्हें सिरफिरा कहते थे, और सिरफिरा ही समझते थे अन्यथा वही क्षमताऐं हमें अन्य किसी साधू में दिख जातीं तो शायद हम जाने नहीं देते पर क्या करें, उनके शरीर से धोखा खा गये ! किसी भी व्यक्ति की गूढ़ से गूढ़ बात बता देना उनके लिये हंसी खेल था ! अंतपुरा में रविश्री खाना अधिकतर जालिम सिंह के यहाँ ही खाते थे और दो तीन मुलाकातों में इतने ज्यादा घुल मिल गये थे कि उन्हें अंदर जाकर खाना उठाकर खाने में कोई संकोच नहीं होता था, न उन्हें जात-पात का भेद भाव था न ऊँच-नीच का। रात में जालिम यादव, पाठक जी और रविश्री, नीचे दरी बिछाकर लेट जाते और सो जाते । यादव जी कहते हैं कि वह थोड़ी देर हम लोगों के सोने का इंतजार करते फिर उठकर कहीं चले जाते और 3-4 घंटे बाद लौटते और कोशिश करते कि हमारी नींद न खुले । जब वो लौटते तो उनके बिल्कुल ठण्डे पांव रहते, मैं गुस्सा होकर पूछता तो वह कहते कि 'यही तक गए थे सुनरई वाले बब्बा जू तक । सुनरई वही स्थान है जो लाल जी सरकार की तपस्थली मानी जाती है एवं यहां हनुमान जी का जंगल में स्थित सिद्ध मंदिर है ।
इसके बाद जालिम सिंह ने एक और अजीब घटना सुनाई जिसकी न सिर्फ यहाँ अंतपुरा में, बल्कि एक और गाँव जिटकोरा जो कि यहां से लगभग 50 कि.मी. दूर जतारा के पास है वहाँ भी लोगों के द्वारा तसदीक हुई | आपके अनुसार "रविश्री अक्सर ही कागज की छोटी सी कड़ाही बनाते, उसमें घी डालते और आग पर रख देते, आश्चर्यजनक रूप से जब घी खौलने लगता तो उसमें से छोटी-छोटी पूड़ी जिन्हें अठवाई कहते हैं सेंकते और निकालकर सभी को खाने को देते" । इस अनोखी व विचित्र घटना के तमाम लोग चश्मदीद गवाह हैं ।
छिपरी की गुफा के बारे में भी जालिम यादव से अक्सर कहते थे कि "चलो तुम्हें उसके अंदर घुमाने ले चलें' पर यादव जी हमेशा मना कर देते और कहते कि तुम्हें तो घूमने के अलावा कोई काम नहीं हैं, लेकिन हमें खेती करना है और भी पचास काम हैं ।
एक बार जालिम सिंह की बहू को भूत-प्रेत का चक्कर हो गया। वो अक्सर ही उल्टा-सीधा बड़बड़ाने लगती और घर की वस्तुऐं उठाकर बाहर फेंकने लगती, रविश्री पर किसी को इतने चमत्कार देखने के बावजूद भरोसा न था अतः एक शास्त्री जी ने आकर झाड़ फूंक में दो तीन हजार का चूना यादव परिवार को लगाया पर बहू ठीक न हुई । रविश्री के लाख समझाने के बावजूद यादव परिवार शास्त्री जी की बातों में लगा रहा। अंततः जब शास्त्री जी पर से भरोसा हटा तब रविश्री की बातों पर अमल करना शुरू किया पूर्ण अविश्वास के साथ, मात्र एक कथा करवाई गई। कथा के सामान आदि में मात्र पच्चीस रूपये के खर्च के बाद बहू अच्छी हो गई पर अपनी बच्चे वाली छवि रविश्री तब भी समाप्त नहीं कर पाये या करना नहीं चाहते थे ।
प्रभाकर पाठक कहते हैं कि "जहां एक ओर हम उनके विचित्र चमत्कार देखते, वहीं दूसरी ओर बच्चों के साथ गिल्ली-डंडा और कंचे खेलते देखते । पुलिस से रविश्री इतना डरते कि कोई झूठ ही बोल देता कि तुम्हें पुलिस वाले तलाश रहे थे, तो वह अंदर छिप जाते और कहते कि 'कह देना कि यहाँ नहीं आये थे' | उन्हें लगता कि गाँव में कोई चोरी आदि की घटना में उनका नाम न लिखवा दे, इन सब बातों को देखकर मन में कभी यह छवि बन ही नहीं पाई कि यह स्वयं कोई सिद्ध पुरुष है, हाँ, यह जरूर मानते रहे कि कभी - कभी इन पर सिद्ध आत्मा आती है, जो अपना कार्य कर जब चली जाती है, तो यह एक साधारण बालक रह जाते हैं”।
1982 जुलाई से 1988 फरवरी तक यानि लगभग 6 वर्ष जो कि किशोर अवस्था थी, रविश्री की सर्वथा घूमते हुए ही गुजरी। आपके पिता कहते हैं कि "वह जहां भी जाते हमारे पास खबर आ जाती, और उस गाँव के मुखिया से मिलकर उससे इतना कह देता कि 'ख्याल रखना', इसके अलावा इनका छिपरी से दूर रहना मुझे इस नजरिए से उचित लगता कि कम से कम यहाँ के चोरी डकैती एवं पुलिस के माहौल से तो दूर हैं ।"
अंतपुरा में रविश्री एक दो दिन रुकते और फिर वापिस आ जाते। उनके ऊपर रोक-टोक कम हो गई थी, क्योंकि पहली बात तो 6वीं क्लास पास हो गए थे और दूसरी बात घर से निकलने का बहाना तो स्कूल ही होता था, अगर घर से आप दो तीन दिन के लिए गायब हुए, तो सभी यह सोचते कि लिधौरा में होंगे फिर अंतपुरा के जालिम सिंह, प्रभाकर पाठक के यहाँ रुकने की खबर जब घर पर आई तब भी पिताजी को खास दिक्कत नहीं थी क्योंकि दोनों ही परिवारों से वह परिचित थे ।
सुनरई - अंतपुरा और लिधौरा में रविश्री ने सुनरई के मंदिर का जिक्र सुना । यह स्थान लिधौरा से लगभग 6 किलोमीटर दूर है। लिधौरा कटेरा मार्ग पर मुख्य सड़क से लगभग एक कि.मी. अंदर जंगल में पड़ने वाले इस स्थल का सुरम्य वातावरण, पक्षियों की कलरव, घने वृक्षों की छाया, दिव्य शांति, यहाँ ठहरने को मजबूर कर देती है । यहाँ का मंदिर झारखण्ड सिद्धेश्वर, सुनरई के हनुमान जी के नाम से प्रसिद्ध है, यह प्राचीन तो कहा ही जाता है इसके अलावा मान्यता है कि यहाँ कई सिद्ध आत्माओं का साया है, जो मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं, लोग कहते हैं कि यहां जमीन के गर्भ में अथाह धन दबा हुआ है जो 'आल्हा ऊदल' के समय का है, इस मंदिर पर रहने वाले 65 वर्षीय हनुमान दास जी एवं 75 वर्षीय अवधूत जी यहाँ की पूजा अर्चना करते हैं । आसपास के गाँव वाले इस स्थल से बहुत श्रद्धा और विश्वास के साथ एक लंबे समय से जुड़े हुए हैं। श्री अवधूत जी बताते हैं कि 'जब रविश्री पहली बार यहाँ आये थे तब उनके साथ आसपास के गाँवों के कई बालक भी थे, पहली बार आने पर तो वह तुरंत चले गए थे, मगर शीघ्र ही उनका आना बढ़ गया और फिर यहाँ रुकने भी लगे । एक बार जब रविश्री लगातार दस दिन के लिए यहाँ रुक गए सम्भवतः 1984 दीपावली की बात है तब आपके पिताजी को पता चला कि सुनरई में मंदिर पर रुके हुए हैं, तो पिताजी ने अवधूत जी से बुलाकर कहा कि आप उसे अपने जैसा क्यों बना देना चाहते हैं ? उसे वहाँ पर न तो आने दिया करें और ना ही रुकने दिया करें ।
अवधूत जी कहते हैं कि उसके बाद मैंने सोचा कि रविश्री को कैसे रोका जाये तो मेरे मन में एक युक्ति आई और रविश्री के आने पर उनसे मैंने कहा कि अगर यहाँ रहना है तो भिक्षा मांगने जाना पडेगा ; मेरा सोचना यह था कि वह मना कर देंगे पर वह तो तुरंत तैयार हो गये और छोटी बाल्टी लेकर पास के गाँव में भिक्षा माँगने चले गए। शाम को बहुत उत्साह के साथ आकर बोले कि लो ले आए भिक्षा। मुझे लगा कि मेरी युक्ति पर पानी फिर गया मगर दूसरे दिन जब वह 'बारी' नामक गाँव में भिक्षा माँगने गए तो एक महिला ने डाँट दिया कि हट्टे-कट्टे हो, नयी उम्र है, शर्म नहीं आती, माँग कर खाते हो, चलो भागो यहाँ से । उस महिला का डाँटना रविश्री को खल गया । अवधूत जी बताते हैं कि जब ये लौटकर आए तो अत्यंत उदास होकर कहने लगे "मैं कल से भिक्षा माँगने नहीं जाऊँगा," और महिला की बात सुनायी ।
अवधूत जी कहते हैं कि फिर मैंने उनसे कहा कि "पढ़ना तुम्हें है नहीं, घर जाना नहीं, घर का कोई काम करना नहीं, साधू बनने का शौक है, मगर भिक्षा माँगना नहीं, तो फिर अब एक ही उपाय है, परमात्मा से भिक्षा माँगो' । हनुमान दास जी कहते हैं कि "यहाँ उन्हें शांति मिलती थी हमारे सामने उन्होंने कोई चमत्कार नहीं किया उनकी चर्चा सुनकर हमें मालूम सब चल जाता था, उन पर छिपरी की शारदा माँ एवं सिद्धबाबा की कृपा है, यही वह बताते थे, यहाँ सुनरई में आकर ध्यान-मग्न तो हमने उन्हें देखा है, मगर पाठ - पूजा - आरती करते हुए कभी नहीं देखा, रात में जब सोते तो अक्सर तीन-चार घण्टे के लिए कहीं चले जाते थे व पूछने पर यही बताते कि 'छिपरी, सिद्धों की गुफा पर गए थे । भिक्षा माँगने की उक्त घटना के बाद भी यहाँ आना उनका बंद नहीं हुआ था, वह 1987-88 तक इस स्थान से लगातार जुड़े रहे " ।
रविश्री के इस काल को समय में बांध कर बताना अत्यंत मुश्किल है, क्योंकि 1982 से 1988 तक के इस काल में आप कई जगह गए और जिन स्थानों पर गये उनसे लगातार जुड़े रहे जैसे अंतपुरा, सुनरई एवं अन्य स्थानों के सभी लोगों का कहना है कि वह एक बार आने के पश्चात् 1988 तक लगातार आते रहे परंतु आप कहीं भी एक स्थान पर बंधकर नहीं रहे, दस पंद्रह दिन होते ही घर के लोग खोजबीन शुरु कर देते अतः छिपरी भी छोड़ना मुश्किल था, हम उनके इस दौर के जीवन-काल को स्थानों में विभाजित कर आगे बढ़ते हैं ।
लिधौरा पढ़ने छिपरी से रविश्री अपने मित्रों के साथ पैदल कभी जंगल से गुजरकर तो कभी पहाड़ियों से होकर तो कभी पक्की सड़क से होते हुए आते- जाते थे, और रास्ते भर अपने साथियों का मनोरंजन करते जाते । बालसखा महेन्द्र सिंह छिपरी के निवासी बताते हैं कि पहले पहल तों हम लोगों ने परीक्षा ली कि वाकयी ये मिठाई चमत्कारिक तरीके से आती है अथवा ये हाथ की सफाई करते हैं मगर वह ये बात भी ताड़ जाते थे कि हमारी परीक्षा ली जा रही है । सभी प्रसाद, मिठाई खाने वाले एक और बात बताते हैं कि चमत्कारिक ढंग से मँगाई हुई वस्तुऐं रविश्री खुद कभी नहीं खाते थे, चाहे वह खीर, भोजन, मिठाई हो, या लोंग, इलायची, छुहारे ।
महेन्द्र सिंह कहते हैं कि उनको खाने में संतरे की गोलियाँ बेहद पसंद थीं, वह बाजार से खरीद कर खुद भी खाते और दोस्तों को भी खिलाते । संतरे की गोलियों का शौक इतना अधिक था कि अगर पैसा न हो तो अपनी किताबें और कई बार तो अपना बस्ता तक किराने की दुकान पर रख छोड़ते और बदले में संतरे की गोलियाँ ले आते बाद में उनके चाचा जाकर पैसे चुकाते और बस्ता वापिस लेकर आते ।
रविश्री के घर के सामने ही केशव यादव जो कि रविश्री के अनन्य मित्र रहे बताते हैं कि “हम लोग अत्यंत गरीब थे और कई बार घर में रोटी भी खाने को नहीं होती, तब रविश्री अपने घर से छिपाकर मेरे लिए रोटियाँ ले आते थे" । एक बार की घटना का जिक्र करते हुए केशव यादव बताते हैं कि तकरीबन 12-13 वर्ष हम लोगों की उम्र थी । ये हम से बोले कि चलो तुम्हारे लिए धन निकाल दें तुम्हारे घर में धन गड़ा हुआ है मामला तय हो गया पर दिक्कत थी केशव के पिता की, उनकी उपस्थिति में यह कार्य करना उचित नहीं था, अतः जब वह एक बार बाहर गए, दोनों बालकों के द्वारा सब इंतजाम कर लिया गया, और रात के वक्त इकट्ठे हो गए तो अचानक केशव के पिता वापिस आ गए, और मामला ऐसा टला कि फिर कभी मौका ही नहीं आया । केशव कहता है कि "हम लोग साथ में घूमें, गायें चराई, नदी में तैरे और तैरते में एक दूसरे के ऊपर पानी उछाला, साथ में मजदूरी करने गए ।”
बाल सखा महेन्द्र सिंह बताते हैं कि "उन्हें गृहकार्य देने वाले शिक्षक कभी पसंद नहीं आए, जिस शिक्षक ने गृह कार्य दिया उसकी कक्षा में जाना बंद कर देते थे पर सातवीं कक्षा में आने के बाद मास्टर भी उनसे चमत्कारों की जिद करने लगे जिनसे उन्हें तकलीफ होने लगी थी, और तब धीरे-धीरे स्कूल जाना भी बंद कर दिया ।
पुलिस से रविश्री के डरने की वजह एक तो पुलिस वालों द्वारा अपराधियों की बेरहम पिटाई का मनोवैज्ञानिक असर था, दूसरी वजह 1981 में छिपरी गांव में ही रामदुल्ला काछी के यहां और वह भी दोपहर के वक्त चोरी की घटना थी ।
संयोगवश उस वक्त गांव में जमीन का बंटन था और रविश्री सारे दिन बंटन स्थल पर कड़ोरे काछी आदि के साथ मौजूद थे। चोरी की पुलिस द्वारा खोजबीन के दौरान संबंधित व्यक्तियों के नाम पूंछे गए तो एक नाम रविश्री का इसलिए लिखवा दिया कि ये सारे दिन गाँव में घूमते रहते थे और कोई काम नहीं करते थे, इसके अलावा जिसकी चोरी हुई थी उसके व कड़ोरे के मध्य मन-मुटाव था जिसके चलते रविश्री के कंधे पर रखकर बंदूक चलाई जा रही थी, जब सभी सम्भावित व्यक्तियों को थाने बुलवाया गया तब रविश्री अपना नाम भी उस संभावित चोरों की फेहरिस्त में सुनकर घबड़ा गए । कड़ोरे काछी बताते हैं 'फिर हमने जाकर गवाही दी कि ये तो दिन भर हमारे साथ बंटन स्थल पर थे, तब दरोगा जी ने छोड़ दिया' वैसे गांव के अन्य लोग कहते हैं कि दरोगा जी ने इनक हीं चाहते थे, छिपरी में आए दिन ये घटनाएं, जाऐं तो जाऐं कहाँ ?
ग्राम यारा
इसी उलझन में फंसे रविश्री एक बार स्कूल गए तो लिधौरा के बस स्टेण्ड पर उनकी मुलाकात ध्रुव राम यादव से हुई और पहली ही मुलाकात में रविश्री ने उनके घर का पूरा खाका ही नहीं खींच दिया बल्कि पूरे परिवार का नाम मय वल्दियत के बताकर हैरत में डाल दिया ।
लगभग सत्तर वर्षीय ध्रुवराम जी, यारा के रहने वाले हैं और सामान आदि खरीदने लिधौरा आए हुए थे । यारा गांव, जिला झांसी की मऊरानीपुर तहसील में पड़ता है। लिधौरा से यहां की दूरी लगभग बीस किलोमीटर पड़ती है, ध्रुवराम पहली ही मुलाकात में रविश्री से इस कदर प्रभावित हो गए कि उनसे यारा चलने की जिद करने लगे। रविश्री ने कहा कि "आप चलो हम भी पहुंच जायेंगे" लगभग दोपहर के बारह बजे का समय था, इनसे मिलकर ध्रुवराम ने तुरंत ही बस द्वारा यारा के लिए प्रस्थान किया और थके हारे जब घर पहुंचे तो पता चला कि घर के अंदर कोई बैठा है जो उनका इंतजार कर रहा है, अंदर जाकर ध्रुवराम देखते हैं कि रविश्री तख्त पर बैठे हैं ! आश्चर्य ...... स्तब्धता की सीमा को पार कर गया ! ध्रुव राम सीधे दण्डवत लेट गए उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि यह सब सच है पर आँखों देखे सच पर तो यकीन करना मजबूरी थी ।
यह घटना नवम्बर 1982 की है और घटना के पश्चात रविश्री ने इसी समय एक ऐसे बालक को 'जिसके बचने की कोई आशा नहीं थी एवं जो अत्याधिक कमजोर हो गया था व डॉक्टर भी जवाब दे चुके थे बचाने की जिम्मेदारी ले ली।' 'आशा पर आसमान - सभी गांव वाले, मां-बाप अविश्वास करते-करते उन पर विश्वास कर बैठे, रविश्री ने जल मंगाया और तुलसी पत्र डालकर बच्चे को पीने को दिया, आश्चर्य जनक तरीके से बालक की हालत में उसी दिन से सुधार आना शुरु हो गया ! मनोज नाम का वह बालक ठीक क्या हुआ गांव वालों ने रविश्री को सर आंखों पर बैठा लिया और अपनी पहली मुलाकात प्रथम आगमन पर ही रविश्री लगातार एक माह तक यारा में रुके रहे। उन्हें कोई फिक्र नहीं थी कि घर के लोग क्या सोच रहे होंगे या घर में क्या हो रहा होगा ? रविश्री की किशोर अवस्था का अधिकतर समय यारा में ही गुजरा। यारा में उन्हें वह सब मिला जिसकी उन्हें तलाश थी, शुद्ध पवन से लहलहाते खेत, पक्षियों का मधुर कलरव, न स्कूल की कोई झंझट, न ही पुलिस की कोई समस्या, आसानी से खाना मिल जाता और बच्चों की एक लंबी सेना, चारों तरफ प्यार ही प्यार, एक पक्षी की मनोवृत्ती वाले बालक को और क्या चाहिए ।
यारा के लोग उनकी मधुरता सरलता, आनंद व स्वतंत्र वृत्ति के शीघ्र ही प्रशंसक हो गए । यारा में पहले माह के गुजरते - गुजरते यह स्थिति हो गई कि हर घर-परिवार उन्हें अपने घर का सदस्य मानने लगा। 1983 एवं 84 तक वह यहाँ महीने में एक या दो बार आते और चले जाते पर 1984 के बाद उनका जैसे निवास स्थान यारा ही हो गया । अगस्त 1982 में उनके आने के पूर्व यारा में एक डकैती पड़ी गांव वालों ने इस बाबत पूछा कि कौन थे वह लोग ? किसने ये डकैती डलवाई ? रविश्री ने कहा नाम जानकर क्या करोगे तीन माह में सब सामने आ जायेगा । तीन माह बीतते-बीतते डकैती के सभी मुजरिम गिरफ्तार हो गए जिससे रविश्री का सम्मान और बढ़ गया, मगर इन सब बातों के बावजूद उनकी 'बाल मनोवृत्ति' लोगों को उन्हें एक वृहद संत का दर्जा देने से सदैव रोकती रही। लोग उनकी क्षमताओं को कम नहीं आंकते थे पर उन क्षमताओं पर जो लड़कपन का लेप चढ़ा था उसके चलते उन्हें सदैव बालक ही समझते रहे ।
गाँव के सभी बड़े बूढ़े दिन भर अपने कार्यों में व्यस्त रहते शाम को चौपाल पर बैठकर उनकी चर्चा शुरु हो जाती और उनके चमत्कारों की परीक्षा व चीरफाड़ शुरु हो जाती । रविश्री ने यहाँ भी यही बताया कि छिपरी के सिद्ध बाबा की कृपा से सब होता है और कई बार रविश्री असफल होने का दिखावा भी करते और कहते कि आज सिद्ध बाबा आ नहीं रहे, लगता है कि कहीं गये हैं। गाँव वालों ने कभी भी उनको विशिष्ट संत का दर्जा नहीं दिया और शायद रविश्री यह चाहते भी थे कि लोग उनसे प्रभावित तो रहें पर सम्मान न देकर सिर्फ प्यार करें, एक बालक को दिया जाने वाला प्यार ।
/
यारा गांव के हम - उम्र साथी मुन्ना लाल से रविश्री कुश्ती लड़ते थे, और लड़ते-लड़ते हार जाते थे तो दुबारा लड़ने को तैयार हो जाते । रविश्री अपनी किशोर अवस्था में तन्दुरुस्त कभी नहीं रहे एक कमजोर व दुबले पतले लड़के की तरह उनका शरीर रहा । इसकी एक वजह यह भी थी कि भूखे रहने की आदत उन्हें बचपन से ही पड़ गई थी, चाय बहुत ज्यादा पीते थे और भूख बहुत ज्यादा सहते थे, इसके अलावा वंशानुगत लक्षणों के चलते भी शरीर आपका इकहरा ही रहा । उनकी प्रकृति नीरोग थी व बीमारियों ने हमेशा उनसे किनारा काटा। रविश्री के बारे में बातचीत करते-करते यारा के ग्राम वासियों के चेहरे पर एक चमक आ जाती है। यहां के दिलचस्प, विचित्र व चमत्कारिक वाकयों के याद आते ही हरेक के होठों पर मीठी मुस्कान तैरने लगती है । यारा के लगभग सभी व्यक्तियों के साथ कोई न कोई यादगार व मीठी घटना रविश्री के इस दौर की जुड़ी हुई है । उस समय की बातें पूछते ही उनके चेहरे आसमान की ओर उठ जाते हैं फिर याद करने की कोशिश और जैसे ही कोई दिलचस्प वाकया याद आता तो हँसते-हँसते सुनाने लगते। यारा शत-प्रतिशत यादवों का गाँव है, गाँव प्रधान भइयन यादव कहते हैं कि "पिछले दिनों रावतपुरा जाने पर रविश्री ने बताया था कि मेरे पिछले कई जन्मों में से एक जन्म यादव परिवार का है, जिसका अंश तुम्हारे गाँव में है, यही वजह थी कि मैंने इतने दिन तुम्हारे गांव में बिताये ।"
एक बार रविश्री ने मुन्नालाल व मूरत सिंह नामक अपने मित्रों से कहा कि 'तुम लोग दीक्षा ले लो।' तीनों की ही उम्र लगभग 16 - 16 साल थी, मुन्नालाल की समझ में न आया कि ये दीक्षा क्या बला है ? उसके पूछने पर रविश्री ने कहा कि 'तुम मुझे गुरु मान लो और गुरु दीक्षा में कुछ पैसे दे दो ।' दोनों लड़के इस बात के लिए तो तैयार हो गये कि गुरु मान लेते हैं, पर दक्षिणा के नाम पर उनके पास कुछ नहीं था, अब समस्या खड़ी हो गई । रविश्री ने अपनी जेब में हाथ डाला तो 10 पैसे का सिक्का पड़ा था। समस्या तो हल करनी ही थी, उस 10 पैसे को मुन्नालाल को पहले उधार दिया गया फिर गुरु दक्षिणा में वापिस मिलने पर वही सिक्का मूरत सिंह को उधार दिया गया तब उसने गुरु दीक्षा ली और वही सिक्का पुनः रविश्री को गुरु दक्षिणा स्वरूप दिया।
मैंने आपसे पूर्व में कहा था कि इनकी घटनाओं को मनन करते हुए चलिए, एक ओर बेहद गंभीर थे दूसरी ओर बिल्कुल बच्चों सरीखा स्वभाव | 10 पैसे जो कि स्वयं इनके ही थे गुरु दक्षिणा लेने की यह रोचक घटना जिसमें रविश्री बच्चों जैसा बर्ताव कर रहे हैं इसमें गंभीरता भी छिपी दिखाई देती है। ऐसा व्यवहार दो ही सूरतों में संभव था पहली तो अगर ये सिर्फ बच्चे होते इनके पास कोई और विलक्षणता नहीं होती अन्यथा दूसरी यह कि ये वाकयी में बड़प्पन में हद से ज्यादा आगे थे और सभी को बच्चे की निगाह से देखते थे। इनकी स्वयं की नजर में ये क्या थे यह एक गंभीर प्रश्न है और इसी प्रश्न का जवाब इनकी रहस्यमयी व्यवहारिकता का उचित जवाब होगा ।
यारा के प्रधान भइयन यादव के यहां एक घोड़ा पला हुआ था, रविश्री ने सबको घोड़ा दौड़ाते देखा तो स्वयं भी घुड़सवारी सीखने की ठान ली और शीघ्र ही एक माहिर घुड़सवार भी बन गए। एक बार भइयन यादव ने अपने घर के तीन सदस्य ग्वालियर मेले में रुपये देकर घोड़ा खरीदकर लाने के लिए भेजे । घोड़ा लेकर आते समय रास्ते में पुलिस ने किसी कारणवश उन लोगों को रोक लिया और इस वजह से लौटने में उन्हें दो-तीन दिन का अतिरिक्त समय लग गया । यारा में सभी का घबड़ाना स्वाभाविक था । रुपये लेकर गये थे कहीं कोई और वारदात न हो गई हो। रविश्री गाँव में ही मौजूद थे, सब लोग इकट्ठे होकर रविश्री के पास गये, रविश्री उस समय बच्चों के साथ मंदिर में कुश्ती लड़ रहे थे, भीड़ ने पहुँचकर रविश्री को घेर लिया और समस्या बताई | मुस्कुराकर रविश्री ने कहा कि "घोड़ा खरीदा जा चुका है, दतिया के पास खड़ा है कल शाम तक आ जायेगा, घोड़े का रंग लाल है, तीन पाँव सफेद हैं, और इस तरह पूरा हुलिया बता दिया । अविश्वास से गाँव वाले दूसरे दिन शाम का इंतजार करने लगे और जैसे रविश्री की बातों की गवाही देने की घोड़े को भी जल्दी थी, द्रुत गति से शाम को दौड़ता हुआ सवार सहित घोड़ा यारा में खड़ा था उसका हुलिया एकदम वही था जो रविश्री ने बताया था ।
गाँव के पंद्रह आदमियों की टोली जिसमें रविश्री भी थे मोनियन में (ग्रामीण गरभा) जा रहे थे ! यह तय हुआ कि जंगल-जंगल, गाँव-गाँव होते हुए बालाजी (दतिया के पास ) चलेंगे। जंगल में पहुँचने पर रात हो गई और सभी को दिशा भ्रम हो गया। हाथ को हाथ नहीं सूझता था तब ऐसे में रास्ता कौन ढूंढता, सब भयभीत हो गए । रविश्री से ऐसे समय किसी को कोई उम्मीद थी भी नहीं, वो तो पहली बार आए थे इस तरफ । भय व दहशत जब सीमा से ज्यादा बढ़ गया तो एकाएक रविश्री बोले "मेरे पीछे आ जाओ" और वह इस तरह चलते गए जैसे रास्ता उन्हें पता हो, लगभग आधा घण्टे चलने के पश्चात् सभी लोग पक्की सड़क पर खड़े थे। यारा गाँव में रविश्री ने अधिक चमत्कार किए, छिपरी में वह सदैव भयभीत रहते थे कि घर पर शिकायत न हो जाए, पर यहाँ ऐसा न था । इस वजह से खुलकर अपनी दिव्य शक्तियों का प्रदर्शन करते रहे । यहां पर भी लोगों ने इनके द्वारा किए जाने वाली चमत्कारिक घटनाओं को एक साथ जोड़कर नहीं देखा और न ही इन घटनाओं के पीछे जुड़ी वजह को जानने की कोशिश की अन्यथा एक विराट व्यक्तित्व उभरकर सामने आ जाता इन सब चमत्कारों के बावजूद इनके बारे में उस समय कोई चर्चा होती तो लोगों के मन में एक बच्चे के लिए आने वाले भाव ही उत्पन्न होते ।
मैं (मंजुल) जब यारा पहुँचा तो प्रधान जी के घर के सामने एक विशाल नीम का पेड़ था जिसके नीचे एक बड़ा चबूतरा है, उसी पर बैठकर प्रधान जी से रविश्री के बाबत पूछने लगा । मुश्किल से आधा घण्टे बाद ही वहां इतने लोग इकट्ठे हो गए कि चबूतरा छोटा पड़ गया। हर आने वाला शख्स चर्चाओं में हिस्सा लेना चाहता था, और अपने अनुभव बताना चाहता था । जिस चबूतरे पर हम बैठे थे गाँव वाले बताते हैं कि एक बार इसी चबूतरे पर गाँव वालों की मदद से रविश्री ने रामायण करवाई । रामायण के पश्चात् शाम को आरती के वक्त एकाएक रविश्री इतने मस्त हो गए कि इनके हाथ प्रणाम की मुद्रा में जुडे हुए ऊपर उठे और पूरा शरीर काँपने लगा । ढोलक ........ मजीरे........ घण्टे ........ आदि बज रहे थे महिलायें और बच्चे तालियां बजाकर मस्ती में झूम रहे थे.... आरती ओम जय जगदीश हरे...गाने में सारे लोग मस्त थे एकाएक रविश्री के दोनों हाथ ऊपर को उठे व प्रणाम की मुद्रा में जुड़े हुए हाथ ऊपर जाकर आहिस्ता-आहिस्ता खुले और दोनों हथेलियों के बीच से लगातार लड्डू और पेड़ों का चमत्कृत ढंग से हाथों से नीचे फर्श पर अंबार लगना शुरू हो गया....... यह अचम्भा देखकर क्या बच्चे क्या बूढ़े.......सभी स्तब्ध और हक्के-बक्के रह गये........ वाद्य यंत्रों का बजना बंद हो गया था बजाने वाले और आरती करने वाले इनकी ओर देखकर गाना भूल गये । लड्डू, पेड़ों का गिरना लगातार जारी था, लोगों को अपनी आँखो पर भरोसा ही नहीं हो रहा था फिर एकाएक जैसे ही रविश्री होश में आए पेड़ों का गिरना रुक गया, रविश्री के चारों ओर लड्डू - पेड़ों का ढेर लग गया था लोगों की समझ में ही नही आ रहा था कि यह सब क्या है........ अंततः रविश्री ने गांव वालों से वह प्रसाद उठाने को कहा। लोग बताते हैं कि गाँव में एक भी व्यक्ति ऐसा न था कि जिसने वह अनोखा प्रसाद न खाया हो । लोग पोटली में भर-भर कर वह जादुयी प्रसाद अपने घर ले गये थे लड्डू पेड़े गिरने की यह घटना निश्चित ही अत्यंत रोमांचक और मजेदार रही होगी, यह गांव वालों के चेहरे स्पष्ट बताते हैं ।
गाँव वाले कहते हैं कि इस घटना के बाद गांव में रविश्री ने हर महीने अमावस्या के दिन गांव वालों से ही सामान एकत्र कर कन्या भोज की प्रथा डाली, उनके इन कामों में साथ विशेषकर बच्चों की फौज देती थी, जो उनके हम - उम्र सखा थे। इनके द्वारा डाली गई यह प्रथा आज भी यारा में जारी है ।
"भय बिन होय न प्रीत" ! रविश्री ने अपना व्यक्तिगत चमत्कार मय सिर्फ बच्चों जैसा नहीं बनाया था, अगर यही होता तो लोग उन्हें परेशान करने से नहीं चूकते। वह किसी भी व्यक्ति का गूढ़ से गूढ़ राज जानते थे, और जिस व्यक्ति से उन्हें तकलीफ होती या उस व्यक्ति के द्वारा कोई गलत काम होते देखते तो उसे एहसास करवा देते कि तुम्हारे कारनामों की जानकारी हमको है ।
एक बार काँसे का बड़ा कटोरा जिसे बेला कहते हैं चोरी हो जाने की खबर रविश्री के पास आई, रविश्री ने भईयन प्रधान से कहा कि बेला जिसके पास है उसे शाम तक का मौका दो, अगर नहीं आया तो हम बता देंगे । यह बात रविश्री ने जब कही सभी गांव वाले मौजूद थे और शाम होने के पहले बेला चबूतरे पर मौजूद था, जो भी ले गया था वही चुपचाप रख गया । रविश्री की इस घटना के बाद रघुवीर, भज्जू और कुँवरलाल नामक उनके हम - उम्र साथियों ने सोचा कि रविश्री की परीक्षा ली जाये और एक कैंची छिपाकर कुँवरलाल के पास रख दी गई। शाम को जब सब लोग इकट्ठे हुए तो रविश्री से इस बाबत जिक्र किया गया । रविश्री मुस्कुरा कर बोले "हमारी परीक्षा ले रहे हो ! जिसने कैंची अपने पास रखी है, उसका नाम 'ज' से है", सब लोग अविश्वास से उन्हें देखने लगे तो रविश्री ने कहा “मैं उपनाम की बात कर रहा हूँ", कुँवर लाल का उपनाम जमींदार था, सभी निरुत्तर रह गए रविश्री मुस्कुराते रहे ।
रविश्री के चमत्कारों की फेहरिस्त बहुत लम्बी है ऐसा लगता है कि उनके लिए सब कुछ संभव था कोई भी ऐसा दैवीय गुण बाकी नहीं रहा जो इनके अंदर इस छोटी सी उम्र में देखने में न आया हो । यारा के पास ही गाँव कुँवरपुरा में कथा बँची व एक ही दिन में सात जगह एक साथ कथा थी । दो-तीन लोगों के साथ आप सभी सातों जगह गए और सभी जगह इतना खाना खाया कि लोग खुद ही कह उठते ‘महाराज' बस करो, बहुत हो गया' ! तत्पश्चात् जब वापिस यारा आए तो साथ वालों ने भईयन यादव को यह करिश्मा बताया, भईयन यादव इस करिश्मे के बाबत् इन्हें ढूँढने लगे तो पता चला कि भइयन के घर बैठकर खाना खा रहे हैं, कहने लगे कि....... वहां खाने में मजा नहीं आया था !!
प्रधान बताते हैं कि उस समय हम लोगों के भाव उनके प्रति इस तरह हो गए थे कि हमें इनकी हिफाजत करना है, हमें इनकी हर बात मानना चाहिए। इनके चरित्र को देखकर हम अपने अंदर ही अंदर सुधार लाने की कोशिश करते। हम जब इनसे अपनी तुलना करते तो शर्म से गड़ा हुआ महसूस करते। हर स्त्री को वह कोई न कोई रिश्ते का संबोधन देते । इनके भाव, इनकी बातचीत इतनी मधुर और इतनी निश्च्छ्ल होती कि हमारे लिए इनके प्रति स्त्री प्रसंग को लेकर शक की बात भी कभी नहीं आई।
आगे-आगे रविश्री और पीछे लडकों की लंबी कतार और जंगल-जंगल घूमना, हर कोई इनका घनिष्ठ मित्र था, जहां खाना हुआ खाया और जहां सोना हुआ सोए। किसी के खेत में अगर इनके साथियों की फौज घुस जाती तो शाम को भईयन यादव के पास शिकायत आ जाती जिसे वह अपने स्तर से निपटा लेते । गांव के बुजुर्ग कहते हैं कि यह यादवों का गांव जरूर है पर उनके आने के पहले धर्म क्या होता है, कोई नहीं समझता था और शायद ही कोई धार्मिक कार्य कभी यहाँ संपन्न हुए थे, उनके आने के बाद न सिर्फ हमारे अंदर बल्कि हमारे बच्चों के अंदर भी जैसे धार्मिक चेतना जाग गई थी इसलिए उनकी बातें बहुत अच्छी लगती थीं। हम उन्हें सिर्फ उनके चमत्कारों की वजह से नहीं मानते थे, उनके अंदर जो साधु प्रवृत्ति थी, क्षणिक गुस्सा था, भोलापन था, इन सब में एक आकर्षण था, सब सोचते थे कि यह घर छोड़कर यहाँ पड़े रहते हैं न कोई फिक्र न कोई गम ।
शादी के बारे में कभी जिक्र करो तो कहते हम शादी नहीं करेंगे। हम हमेशा अकेले ही रहेंगे । छिपरी का कड़ोरे काछी भी कहता है कि इनसे मजाक में कहते कि तुम्हारी दो शादियाँ करवायेंगे तो बड़ी गम्भीरता से मना कर देते । शादी के बारे में रविश्री की मां कहती हैं कि एक बार इनके लिए एक रिश्ता आया था, पिताजी ने सोचा कि शादी कर दें तो शायद सुधर जायें पर जिस दिन लडकी वाले देखने आए उसी दिन पहली बार एक महीने के लिए गायब हो गए फिर पता चला कि यारा में हैं। मां जी कहती हैं कि फिर हम लोगों ने सोचा कि ये मना तो कर ही रहे हैं, ऐन शादी के वक्त भाग गए तो क्या होगा ? इसके अलावा यदि शादी के बाद भी नहीं सुधरे तो बेचारी लड़की कहाँ जायेगी और फिर बात ही खत्म कर दी।
यारा में इनके चमत्कारों के चलते आसपास के गाँवों के आदमी इनके पास आने लगे थे, वह हर चमत्कार व समस्याओं के हल जो छिपरी में इन्होंने किए यारा में भी करते रहे, अनेकों उदाहरण इनके आशीर्वाद से बच्चों के जन्म के हैं, कुँए खुदवाने के हैं, लोगों को खोई हुई वस्तुऐं, पशु आदि बताने के हैं ।
यारा के लोग कहते हैं कि सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक व मर्म-भेदी बात यह थी कि जब भी हम लोग सोचते कि रविश्री को गए बहुत दिन हो गए और आए नहीं या फिर कोई स्त्री या पुरुष या बच्चा उनकी याद में भाव विह्यल हुआ, तो उन्होंने कह कर रखा था कि 'शंकर भगवान की जय के तीन जयकारा लगाया करो मैं आ जाया करूँगा, और सभी बच्चे एकत्रित होकर उन्हें याद करते और शंकर भगवान के चबूतरे पर बैठकर पहले भजन करते फिर तीन बार जयकारा लगाते और नब्बे प्रतिशत जयकारा लगाने तक जंगल में हाथ उठाकर जोर से आवाज देते हुए. “आ गये". आ जाते थे और बाकी दस प्रतिशत में हर हालत में चौबीस घंटे के अंदर-अंदर आ ही जाते थे यह एक अविश्वसनीय सत्य व विचित्र बात थी जिसकी यारा का हर निवासी तसदीक करता है ।
रविश्री यारा 1982 नवम्बर से 1988 फरवरी तक आते रहे, यानी लगभग 5 वर्ष। इस बीच यारा से छिपरी भी आते रहे, अंतपुरा, सुनरई, कटेरा, जिटकोरा, मड़िया आदि लगातार घूमते रहते। जहां जब जितने दिन मन किया रुके और चल दिये। इनकी अलमस्त तबियत का आलम यह था कि एक स्थान पर पहुँचने पर अगर वहां बिल्कुल नया व्यक्ति मिल जाये और अपने साथ चलने को कह दे तो आपको उसके साथ जाने में कोई दिक्कत महसूस नहीं होती थी और तुरंत ही चल देते थे। यारा के भइयन यादव का कहना है कि वह हमारे परिवार की हर रिश्तेदारी में गए और वहाँ से भी आगे की रिश्तेदारी में निकल जाने में उन्हें कोई हिचक महसूस नहीं होती थी ।
1983 में लिधोरा से आपने पढ़ाई छोड़ दी और ज्योरा में कक्षा सातवीं में एडमीशन ले लिया । ज्योरा ...... टीकमगढ़ - झाँसी रोड पर पृथ्वीपुर से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर पड़ता है। ज्योरा स्कूल में आपने साल भर में बमुश्किल मात्र दस दिन अपनी उपस्थिति दी होगी । अपना बस्ता स्कूल में छोड़कर घूमने चले जाते और कहते कि हमारा बस्ता पढ़ेगा । ज्योरा में भी आपके मित्रों की फौज तैयार हो गई, मगर खास मित्र का दर्जा मिला, इस समय लगभग 65 वर्ष अर्थात् उस वक्त लगभग 50 वर्षीय कुंदन लुहार को । आइये देखें कुंदन लुहार के पास कौन-कौन सी यादें मौजूद हैं चमत्कारी बाल संत रविश्री की ।
कुंदन लुहार का व्यक्तित्व अत्यंत सरल एवं सहज है अपने काम से काम, न उधो की लेना न माधव की देना, भोलेनाथ की तरह अपने-आप में मस्त रहना, । बेहद भावुक । आपकी मुलाकात रविश्री से स्कूल के बच्चों के साथ आने पर हुई । प्रसाद आदि बना लेने की वजह से सहज ध्यान तो सभी का चला जाता था, कुंदन ने यह सोचा कि कोई सिद्धि होगी । इनके पिता को सभी गाँव वाले जानते थे। यह एक परिचय उनके साथ ऐसा जुड़ा ही था, कि भले घर के ब्राह्मण का बालक है जिसके चलते इनके बारे में कभी कोई गलत भ्रांति न पालता । पिता से औलाद को बतौर विरासत प्रत्यक्षतः कुछ मिले न मिले पर अप्रत्यक्ष रूप से यह एक दौलत जिसे नाम या प्रतिष्ठा कहते हैं, ऐसी मिलती है जिसके चलते वह कुछ न पाकर बहुत कुछ समाज से पा लेता है अब वह 'इज्जत व मोहब्बत' है या 'जिल्लत व नफरत' यह किस्मतों की बातें हैं, इसके आगे फिर औलाद को खुद भोगना पड़ता है, क्योंकि यह विरासत बीड़ी की तरह होती है, जिसका कश न लगाया जाए तो बुझ जाती है अगर आपको बतौर विरासत इज्जत मिली है तो कश लगाते रहिये आग के रूप में वह जलती रहेगी और अगर जिल्लत मिली है तो उस बीडी के कश लगाना जारी मत रखिये खुद ब खुद बुझ जायेगी । जितनी देर बीड़ी की गंध रहती है उतनी ही देर लोग यह देखेंगे कि यह भी वही बीड़ी तो नहीं पी रहा है और फिर नफरत को मोहब्बत में बदलते देर नहीं लगती, यह हिन्दुस्तान है । यह हमेशा याद रखियेगा कि जिंदगी के बारे में दो तरह के फलसफे हैं, पहला तो यह है कि जिंदगी बीड़ी की तरह है, कश नहीं लगाओगे तो बुझ जाएगी और दूसरा फलसफा सिगरेट की तरह भी है ....... आप कश लगाऐं. नहीं लगाऐं.. वह तो जलती ही रहेगी.......... चलती ही रहेगी !!
रविश्री, कुंदन लुहार से जब ढंग से परिचित भी न थे सिर्फ अभिवादनों के आदान प्रदान तक ही सीमित थे तब एक दिन घर में पहुंचकर पूरे अधिकार के साथ कुंदन की मां से खाना मांगा और खाना खाकर मित्रों के साथ चले गए और फिर आए दिन यही होने लगा जो भी मिलता खा कर चले जाते । कुंदन चुपचाप देखते रहते और मन ही मन सोचते कि भोला भाला बालक है जात-पाँत नहीं समझता। धीरे-धीरे घनिष्ठता बढ़ती चली गई और रविश्री खुद ही घर में जाकर जो बना होता उठाते, खाते और चल देते, फिर कुंदन भी उनसे घुल-मिल गये । नतीजा यह हुआ कि बाल मित्रों को छोड़कर अधिकांश समय कुंदन के खेत पर ही बीतने लगा फिर आप उन्हीं के यहाँ रुकने लगे। रात में सो जाते, सबेरे से खेत पर चले जाते, कई बार रोटी लेकर काम करते कुंदन को खिलाने पहुँच जाते और चिल्ला कर कहते कि आना हो तो आ जाओ, नहीं तो मैं सब खा लूंगा और कुंदन को खिजाने के लिए कई बार खुद ही खा लेते पर कुंदन के अन्दर बड़प्पन कूट-कूट कर भरा था, वह इनके प्यार को देखकर अंदर ही अंदर सराहते रहते ।
कुंदन बताते हैं कि शुरू में बस इतना ही परिचय था, उसके बाद 4-5 महीने ये आये ही नहीं । इस समय तक मैंने किसी भी चमत्कार को न तो देखा था न ही देखने की ख्वाहिश थी। इस समय तक मुझसे ज्यादा, यह मेरे मां बाप से खुल गए थे ।
'कुंदन आगे बताते हैं' 1984 की बात है संभवतः जुलाई की, मेरा छोटा भाई पन्द्रह वर्षीय प्रकाश कहीं गुम हो गया, वह मानसिक तौर पर बीमार था। हम लोगों ने उसकी बहुत खोज करवाई, पुलिस में भी रिपोर्ट की सारी रिश्तेदारियाँ छान मारी पर वह कहीं न मिला । मेरी मां का रो-रोकर बुरा हाल था । रविश्री की 4-5 माह से कोई खबर नहीं थी, और न ही मुझे या गाँव में किसी को इनका ख्याल आया और तब तक इनके ऊपर किसी को भी इस तरह का विश्वास नहीं था कि खोये हुए भाई के बारे में ये बता सकते हैं, या बुला सकते हैं । हम लोग एक-दो माह तक परेशान होने के बाद पंडितों से पूंछते फिरे, किसी ने कुछ कहा, किसी ने कुछ ।
चर्चा सब तरफ फैल ही गई थी रविश्री के कानों तक भी पहुँची और जैसे ही उन्हें खबर मिली वह दौड़े चले आये । घर का माहौल देखकर वह भी उदास हो गए। हम लोग कथा कराने का सामान इकट्ठा कर रहे थे रविश्री ने पहले तो मुझे डांटा कि अब तक मुझे खबर क्यों नहीं करवाई | प्रत्यक्षतः मैंने कुछ कहा नहीं पर मेरे मन में यही बात आई कि तुम क्या कर लेते ?
फिर रविश्री बोले कि "ये कथा और पंडित तो सब ठीक है जो मैं कहता हूँ वह सुनो......तुम्हारा प्रकाश जीप में बैठकर कहीं चला गया है और अभी तक सही-सलामत है, जिस तरह राम की सहायता हनुमान जी ने की थी, तुम्हारी सहायता भी वही करेंगे" फिर माँ से बोले...अम्मा.....! आज से तुम्हारी आँखों से आँसू न गिरे, मैं रविशंकर प्रतिज्ञा करता हूँ कि आज से पांचवे रोज मंगलवार की शाम - शाम तक तुम्हारा प्रकाश लौटकर नहीं आया तो मैं आजीवन तुम्हारा प्रकाश बन कर रहूँगा.......!!
कुंदन बताते हैं कि 'हम लोग उन्हें सिरफिरा समझते थे। उनकी इस प्रतिज्ञा पर हमें कतई भरोसा न था, पर डूबते को तिनके का सहारा । रविश्री ने कहा कि पाँच दिन का पाठ हनुमान जी के मंदिर में बैठा दो। गांव के ही देवकीनंदन पंडित जी ने पाठ करना शुरु कर दिया । प्रतिज्ञा के बारे में सब यही सोच रहे थे ।
कुंदन बताते हैं कि 'हम लोग उन्हें सिरफिरा समझते थे। उनकी इस प्रतिज्ञा पर हमें कतई भरोसा न था, पर डूबते को तिनके का सहारा । रविश्री ने कहा कि पाँच दिन का पाठ हनुमान जी के मंदिर में बैठा दो। गांव के ही देवकीनंदन पंडित जी ने पाठ करना शुरु कर दिया । प्रतिज्ञा के बारे में सब यही सोच रहे थे कि लड़का भावुकता वश कह गया है, किसी को भी इनकी बात पर विश्वास न था, मगर पांचवे रोज प्रकाश को लेकर झल्लू नामक लड़का आ गया, कहने लगा कि “ये निवाड़ी के पास घूम रहे थे।" प्रकाश से जब मैंने (लेखक - मंजुल) उक्त घटना के बाबत् पूछा तो वह कहने लगा कि उस वक्त की मुझे कोई बात याद नहीं, मुझे लौटने के बाद की ही हर बात याद है, रविश्री ने मुझसे कहा था....... 'तुम दुनिया के किसी भी कोने में पहुँच जाते, तुम्हें लौटना ही पड़ता ।
इस घटना के बाद रविश्री काफी चर्चित हो गए और कुंदन लुहार के साथ ही फिर वक्त गुजारने लगे । कुंदन के अनुसार "इसके बाद हमारी घनिष्टता बहुत ज्यादा बढ़ गई। इसी दौरान ये एक बार मुझसे बोले 'चलो, छिपरी की गुफा दिखायें' मैं उनके साथ चल दिया । गुफा के पास पहुँचकर मुझे एकाएक डर लगा तो मैंने कहा 'मुझे नहीं देखना' और गुफा से लगभग 100 फुट पहले ही रुक गया। ये बोले 'तुम यहीं बैठो मैं आता हूँ' शाम का वक्त था अंधेरा होने के लगभग एक घंटे पहले ये गुफा के अंदर गए मैंने बीड़ी सुलगा ली। करीब एक घंटे बाद जब ये बाहर आए तो नहाये हुए थे और हाथ में एक गुलाब का फूल था ।"
कुंदन से यह पूछने पर कि उस गुफा का द्वार तो अंदर बहुत सँकरा है, ये अंदर कैसे चले जाते थे ? कुंदन कहते हैं कि "उस वक्त जीवन में पहली बार, मैं वहाँ गया था मुझे नहीं पता था कि अंदर जाना नामुमकिन है । बाद में वहाँ जब एक यज्ञ हुआ 1993 में, तब मैंने उस गुफा को झांककर देखा तब मुझे आश्चर्य हुआ कि ये उस दिन अंदर कैसे गये होंगे। उस दिन मैंने तो दूर से उसका मुहाना देखा तो सोचा ऐसे ही अंदर तक गई होगी ।”
बहरहाल बच्चों के अलावा कुंदन लुहार भी एक चश्मदीद गवाह हैं इस बात के कि रविश्री गुफा के अंदर जाते थे । कुन्दन को इनका गुफा के अन्दर जाना आश्चर्यजनक दस साल बाद लगा जब उन्होंने गुफा को नजदीक से देखा ।
कुंदन बताते हैं कि “एक बार गर्मियों में, ये मेरे साथ खेत पर गये, मेरा कुँआ तकरीबन 15-20 मिनिट के फासले पर था और वही एक मात्र कुँआ निकटस्थ था। रविश्री बोले कि 'दादा गर्मी लग रही है' मैंने कहा 'मैं पेड़ के नीचे बैठता हूँ, तुम कुँए पर जाकर रँहट चला लो' । रविश्री बोले 'अरे कौन झंझट करे, तुम रुको मैं आता हूँ' । लोटा, हम लोग साथ में लिये थे, उसे लेकर ये चले गये और तकरीबन पन्द्रह मिनिट में जब लौट कर आए थे तो हाथ में भरा हुआ लोटा था। कुंदन दादा कहते हैं कि "वहाँ के चप्पे-चप्पे की मुझे जानकारी थी, आसपास कोई भी अन्य कुँआ नहीं था, कोई अन्य पानी का स्त्रोत नहीं था फिर ये बगैर रस्सी के न सिर्फ लोटा भर कर, बल्कि नहाकर भी आ गए थे। मौसम गर्मी का था, अगर ये किसी दूर के कुएँ में कूदकर भी नहाते तो बाहर कैसे आते ? जब इस बाबत् तो रविश्री हँसकर टाल गए। उस लोटे का पानी जब मैंने पिया तो यह पीते पूछा ही समझ गया कि यह पानी आस-पास के इलाके का तो है नहीं, अत्यंत मीठा एवं एकदम शीतल जल" ।
स्वभाव के बारे में कुंदन बताते हैं, कि उनके अंदर आत्मीयता बहुत ज्यादा थी और एकांतप्रिय थे, वह सिर्फ उसके साथ रहते जिसे वह पसंद करते हों, पर ऐसे लोगों का भी जमघट जुड़ना उन्हें रास न आता था ।
इसी समय जबकि रविश्री की उम्र चौदह वर्ष की थी उनके दाँये गाल पर एक मस्सा हो गया, वह जब बढ़ने लगा एवं पक गया तो पिता ने रविश्री को इस बात पर डांटा कि डॉक्टर को दिखा कर दवा क्यों नहीं खाते ? रविश्री दवाइयों से सदैव दूर रहते थे। एक बार वह लिधौरा गये और किसी 'नीम-हकीम' से उस मस्से को कटवा कर घर आ गये। माँ कहती हैं कि जब वह घर आये तब भी उनके मस्से से खून गिर रहा था और जगह-जगह कपड़ों पर खून के दाग लग गये थे । फिर माँ ने जबरदस्ती रविश्री को डॉक्टर से दवा मंगाकर खिलवाई और गाल पर लगातार एक हफ्ते तक मरहम लगाई, तब भी मस्सा काटे जाने का एक निशान रविश्री के गाल पर हमेशा के लिये बन गया ।
इसी दौरान की एक आश्चर्यजनक घटना का जिक्र रविश्री की चाची अर्थात् लक्ष्मीनारायण शर्मा की पत्नी श्रीमती कमला देवी करती हैं। उनके बताये अनुसार 1982 की दीपावली के कुछ दिन पूर्व वह अपने पति जो टीकमगढ़ में पदस्थ थे के साथ मिठाई लेकर छिपरी गईं। रविश्री की मां ने मिठाई अलमारी में रख दी कि पहले-पहल इसका प्रसाद भगवान को लगाया जायेगा। रविश्री उस मिठाई के लिये जिद करते रहे मगर माँ ने उनकी एक न सुनी और अलमारी वाले कमरे को बाहर से ताला लगाकर चाभी देवरानी कमलादेवी को सौंप दी और कुछ देर के लिये पड़ोस में ही किसी कार्यवश बैठने चली गईं। इधर रविश्री चाची से मिठाई बाबत जिद करने लगे मगर उन्होंने साफ इंकार कर दिया ।
कुछ समय पश्चात् माँ, जब लौट कर घर आईं तो देखती हैं कि रविश्री के दोनों हाथों में वही मिठाई है, जो लड्डुओं के रूप में थी, वह मां को देखकर और चटखारे ले-लेकर लड्डू खाने लगे। मां के पूछने पर बोले “चाची ने कहा कि लो, ले जाओ लड्डू और खा लो' ।
माँ ने तुरंत जाकर देवरानी कमला देवी से कहा कि उस मिठाई का भगवान को प्रसाद लगाना था ? रवि को क्यों दी ? कमला देवी हैरान रह गईं कि न तो मैंने चाबी रवि को दी और न ही लड्डू फिर मां जी कैसे कह रही हैं ? वो दौड़कर बाहर गईं, रविश्री तो लड्डू खा ही रहे थे, उन्होंने पूछा कि तुम्हें लड्डू कहाँ से मिले ? रविश्री का जवाब था "मां ने दिये हैं" । अंततः मां और चाची ने कमरे का ताला खोला अलमारी खोल कर देखी । डिब्बे में से दो तीन लड्डू नदारद थे। इस | । घटना के बारे में मां और चाची दोनों ही कहती हैं कि लड्डू गायब देखकर रविश्री की डांट तो लगाई गई जिसे सुनकर वह हँसते हुए भाग खड़े हुए, मगर उस वक्त किसी ने यह सोचा ही नहीं कि लड्डू इनके हाथ लग कैसे गये होंगे ? जबकि उस कमरे में घुसने का एक मात्र रास्ता ताले से पूर्णतः बंद था, उसके अतिरिक्त न कोई खिड़की न रोशनदान |
वर्ष 1984 के प्रारंभिक दिनों की बात है ; रविश्री के घर आपकी बहन को लड़के वाले देखने आ रहे थे। उन लोगों के स्वागत हेतु माँ ने दो किलो देशी घी मंगाकर रखा था कि जब वह लोग आयेंगे तो पूड़ी आदि के काम आयेगा । मेहमान आ गये तो अफरा-तफरी मची.......... पहले चाय-नाश्ता ....... फिर देखने की रस्म . माँ हड़बड़ाहट में यह भूल गईं कि....... घी के डिब्बे कहाँ रखे हैं ?
जब खाना बनाने का समय आया तब घी की जरूरत पड़ी, पर लाख ढूँढने पर भी घी के डिब्बे नहीं मिले तो मां की आँखों में आंसू आ गये। उसी समय बाहर कहीं से घूमते हुए रविश्री आ गये और मां से रोने का सबब जानकर बोले 'तखत के नीचे तो रखा है घी' और एक डिब्बा लेकर आ गये और सीधे चौके में जाकर कड़ाही में डाल दिया। जल्दबाजी इतनी थी कि माँ ने डिब्बे के ऊपर ध्यान ही नहीं दिया और पूड़ी निकालने वाली अन्य महिलाओं को इस बात से मतलब न था । 10-12 व्यक्तियों का खाना आराम से निपट गया, मगर कड़ाही में पुनः घी डालने की जरूरत ही नहीं पड़ी कि उस डिब्बे को जिससे घी डाला गया था दुबारा देखते । अंत में भी उस कड़ाही में काफी मात्रा में घी बचा था जिसे माँ ने ढांक दिया। मेहमान शादी की बात पक्की कर चले गये। हड़बड़ाहट कम हुई तो माँ को एकाएक ख्याल आया कि घी के डिब्बे तो मैंने अलमारी में रखे थे, वहाँ जाकर देखा तो दोनों डिब्बे मौजूद थे। मां कहती हैं कि "मैं सन्न रह गई..... ! मैंने तुरंत जाकर कड़ाही के घी को देखा तो उसका घी गायब था । मैंने रवि को डांटा कि घी कहां से आया था ? कहीं से चुराकर लाये थे ? तो वह हंस कर टाल गये ।" मां कहती हैं कि "वह एक विस्मयकारी घटना तो थी पर आज तक मैं यह न समझ सकी कि उस वक्त जब पूंछने पर भी वह हंसकर मेरी बात को टाल गये तब मैंने उनसे कुछ पूछा क्यों नहीं ? कई दिन तक मैं मन में सोचती रही कि अब डांट कर पूछूंगी पर फिर बात मन से निकल ही गई" ।
अंततः जो रस्म देखने की हुई थी वहीं पर अर्थात सिमथरी जिला झाँसी के श्री रघुवीरसहाय शर्मा के तृतीय पुत्र श्री रामेश्वर शर्मा के साथ रविश्री की बहिन शशि का विवाह तय होने के पश्चात् 1984 में बारात सिमथरी से छिपरी आती है । विवाह के पश्चात् दूसरे दिन विदा के पहले सभी बारातियों को कच्चा खाना दिया जाना था ।
घर की सारी व्यवस्था मूलतः कृपाराम शर्मा जी के हाथों में थी । एन वक्त पर उन्हें किसी खास कार्यवश टीकमगढ़ जाना पड़ गया । भूलवश कच्चे खाने की जिम्मेदारी वो अन्य व्यक्ति को सौंप नहीं पाये । एन खाने के समय 'घरातियों' में अफरा-तफरी मच गई कि खाने का कोई इंतजाम नहीं है, उधर बाराती खाना खाने के लिए घर आने लगे ।
अंदर एक भगोने में थोड़े से बरा (दाल का व्यंजन) रखे हुए थे, शेष 'बरा' एक कमरे में बंद थे, जिनकी जानकारी मात्र कृपाराम जी को थी । खाने का इंतजाम न देखकर जब तक बाराती वापिस लौटते कि रविश्री ने सबको आवाज देकर ऊपर बैठने को कहा। प्रारंभ में लगभग दस बाराती थे रविश्री ने उन दसों बारातियों को बैठाकर एक व्यक्ति से कहा कि इन्हें 'बरा - शक्कर' परोसो । बरा और शक्कर इतने स्वादिष्ट थे कि बाराती वही भरपेट खाने लगे और इसी तरह दस-दस व्यक्ति कर पूरी बारात ने 'बरा और शक्कर के भोजन किए। विदा पश्चात् इस अनूठे भोजन की चर्चा हुई तो कृपाराम जी ने पूछा 'ताला कैसे खोला था 'उस कमरे का ' जिसमें 'बरा' रखे हुए थे ?' सभी एक दूसरे का मुंह ताकने लगे । जाकर कमरा देखा गया तो पूर्वतः बंद था । ताला खोल कर देखा गया तो 'बरा' जैसे के तैसे रखे थे हुए और वह बर्तन 'भगोना' जो रविश्री के पास था, उसमें मात्र इतनी ही मात्रा थी कि मुश्किल से 25 व्यक्ति ही भोजन कर पाते। हैरत की रोशनी ने सभी घरातियों के चेहरों को अपने दायरे में ले लिया....... तुरंत रविश्री को ढूँढा गया....... मगर वह तो कहीं जा चुके थे.. !!