द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 9 / 21

English
☰

अध्याय 9

आओ बात करें…

रविश्री ने अपनी सिद्धियों के बारे में, अपने पुनर्जन्म के बारे में उन्नीस वर्ष की उम्र तक लोगों को क्या-क्या बताया यह अगर हम एक साथ सामने रखकर गौर करें तो यह बात स्पष्टतया उभर कर सामने आती है कि रविश्री मस्तिष्क से कभी भी एक बच्चे नहीं थे, वरन् लोगों के द्वारा अपने आपको बाल्य अवस्था में समझे जाने का फायदा उठाकर स्वयं के अलौकिक व्यक्तित्व को छिपाये रहे और जो भी चमत्कार इस उम्र तक आपने किये वह किसी अन्य सिद्ध आत्मा की कृपा से बताते रहे ।

6वीं कक्षा में पढ़ने के पूर्व अर्थात् तेरह वर्ष की उम्र तक अपने करीब रहे कड़ोरे काछी को आपने बताया कि सिद्धों की गुफा के पास एक घुड़सवार मिला वह अपने साथ एक दूसरी गुफा में ले गया, हेड मास्टर मथुरा प्रसाद त्रिपाठी एवं उनकी धर्म पत्नी सावित्रीदेवी को आपने बताया कि सिद्धों के चबूतरे पर मिले एक वृद्ध महात्मा ने आशीर्वाद दिया कि आज से तुम जो भी मंगाओगे वह तुम्हें मिल जायेगा ।

एक बार रविश्री को उनके पिता ने जब इस बात पर बहुत मारा कि यह बच्चों के साथ एक खेत में जिसमें गेहूं की हरी फसल लहलहा रही थी उसमें जाकर लुका-छिपी खेलते रहे, जिससे सारी फसल खेत में बिछ गई। तब मां से लिपट कर आप रोते रहे और कहा कि "कुछ दिन बाद तो मैं चला जाऊँगा यह घर छोड़ कर, तब मार लें किसे मारेंगे" । इस बात पर कतई कोई ध्यान नहीं दिया गया क्योंकि बारह तेरह वर्ष की उम्र में बच्चे अक्सर घर छोड़ने की बातें डाँटने-मारने पर करने ही लगते हैं ।

एक बार आपकी मां के इस बात पर झिड़कने पर कि रोज-रोज नमकीन, बिस्कुट कहाँ से मंगवायें तुम्हारे लिये, रविश्री ने कहा कि "जब मैं कहीं चला जाऊँगा तब तुम रोती फिरोगी, अभी बिस्कुट नहीं खिला रही हो,” तब मां ने कहा तुम्हें कहाँ जाना है ? तो आप बात को टाल गये ।

कड़ोरे काछी कहते हैं कि एक बार स्कूल न जाने पर जब पिता द्वारा इन्हें मारा गया तो ये खेत पर आये और मुझसे लिपट कर रोते रहे और कहने लगे कि “मैं ज्यादा दिन इस घर में नहीं रहूँगा' तब कड़ोरे काछी ने भी यही समझा कि बचपन में बच्चे ऐसी बातें किया ही करते हैं । कड़ोरे कहते हैं कि हमने इनकी इस बात का जिक्र इनके घर पर भी किया था, तब सब लोग इनकी बात को एक बच्चे की बचकानी बातें समझकर हँसी में टाल गये थे ।

1981-1987 छिपरी से लिधौरा जब आप पढ़ने आये तब सहपाठी सुदीप पस्तोर एवं अपने स्कूल के मास्टर श्री कमल अहिरवार के पूछने पर आपने बताया कि "छिपरी के पास जो सिद्धों की गुफा है, वहीं पर एक सिद्ध महात्मा मुझे मिले थे उन्हीं की कृपा से यह सब चमत्कार होते हैं ।" इस समय सुदीप पस्तोर से एक बार आपने बताया कि "मुझे ज्यादा दिन यहां नहीं रहना है, मैं तो बहुत दूर चला जाऊँगा,” पर कहाँ जायेंगे यह नहीं बताया ।

सन् 1982–83 में आप अंतपुरा के 65 वर्षीय जालिम सिंह यादव से मिले और यहां आकर जब भी रात्रि को रुकते तो उन्हीं के साथ सोते थे। चमत्कारों के संबंध में पहले तो छिपरी के सिद्ध की कृपा ही बताते रहे, फिर कुछ दिन बाद जब घुल मिल गये तब कहने लगे कि "मैं पूर्वजन्म का सिद्ध हूँ मुझे अपने पूर्वजन्म के स्थान पर जाना है, मेरा स्थान भिण्ड जिले में है वहां मेरा सामान रखा है, मैं वहीं पर रहूंगा, और तुम्हें भी अपने साथ ले जाऊँगा ।" इसी दौरान रविश्री सुनरई के सिद्ध हनुमान जी के मंदिर पर भी जाते थे, यहां के अवधूत जी को भी आपने छिपरी की

गुफा के सिद्ध की अपने ऊपर कृपा होने की कहानी बताई मगर भिण्ड के बारे में अथवा पूर्वजन्म संबंधित कोई चर्चा नहीं की ।

सन् 1984 में जेवरा के 65 वर्षीय कुंदन लुहार के संपर्क में जब रविश्री आये तो कुंदन एवं गांव के अन्य लोग कहते हैं कि वो बताते थे कि "मेरे ऊपर सुरई के सिद्ध संत की कृपा है" । यहां आपने बताया कि कक्षा सातवीं में जब हम लिधौरा पढ़ने जाते थे, तब एक बार सुनरई गये, तो वहां सफेद दाढ़ी रखे हुए सिद्ध ने मुझे दर्शन दिये और कहा कि आज से तुम जो मंगाओगे 'वही' तुम्हे मिल जाया करेगा। कुंदन लुहार बताते हैं कि जब हम लोग काफी घुल-मिल गये तब वह मेरे साथ ही रात में सोते । रात में सोते वक्त वह बार-बार पांव पटकते कभी हाथ पटकते फिर उठकर बैठ जाते और कहते कि "देखो दादे, ये हमें सोने नहीं दे रहे, ये हमें परेशान कर रहे हैं" ।

कुंदन भी उठकर बैठ जाते कि कौन है ? हमें तो दिखाई नहीं दे रहा है! तो रविश्री कहते कि अरे ! ये खड़े तो हैं, यही लोग तो हमें सोने नहीं देते।

कुंदन सोचते कि 'इस लड़के को सिद्ध आत्माऐं परेशान करती हैं, वही इनसे यह सब चमत्कार करवाती हैं' इसी समय कुंदन को एक बार अपने खेत में कुँआ खुदवाने के लिये परेशान होते देखा तो रविश्री ने कहा दादे, ये आत्मायें हमें परेशान करती है इन्हीं से खुदवा दें, पर कुंदन स्वयं सीधे-सादे व सरल व्यक्ति थे, वह तो यह चाहते थे कि ये आत्मायें बेचारे इस लड़के को परेशान न करें । कुंदन ने कहा कि 'हमें नहीं खुदवाना कुंआ और तुम भी हनुमान जी के मंदिर में जाकर नारियल रख आओ, ताकि ये आत्मायें तुम्हें परेशान न करें ।

कुंदन से भी रविश्री ने कई बार कहा कि 'दादे' तुम आज हमें डाँटते हो कल मुझसे मिलने के लिये तरसोगे । मेरा पिछले जन्म का सिद्ध स्थान है और मैं वहीं चला जाऊँगा फिर तुमको भी वहीं पर बुलवा लूंगा, तुम किसी को बताना मत। मैं पिछले जन्म का सिद्ध संत हूँ, भिण्ड जिले में मेरा स्थान है। कुंदन बताते हैं कि एक ओर वह यह बातें करते दूसरी ओर रात में फिर चिल्लाते 'देखो दादे, ये हमें सोने नहीं देते।' फिर बारह-तेरह साल की उम्र के बच्चों के साथ खेलते कूदते रहते, मैं उनकी बातों को सिवाय गप्प के कुछ न समझता, बच्चा समझकर 'कभी डांट देता, कभी हां, हूँ करता रहता ।'

ग्राम जिटकोरा के रविश्री के बाल सखा मनोहर सिंह यादव का अनुभव भी कुंदन लुहार से मिलता जुलता है। आप कहते हैं कि "रात में अक्सर ये हमारे साथ सोते थे तब मैं इनके चमत्कारों के बारे में बहुत परेशान रहता था कि आखिर यह सब कैसे कर लेते हैं ? मैं सिखाने की जिद भी करता था तो ये इस तरह गंभीर होकर बताते जैसे बहुत ज्यादा परेशान हों। वे कहते कि 'अरे ! तुम इन सब मैं नहीं पड़ना, मुझे बहुत ज्यादा परेशानियाँ रहती हैं, ये जो ताकतें मेरे साथ रहती हैं, ये हमें सोने नहीं देती ।'

रात में सोते वक्त मनोहर बताते हैं कि "मैं आंखे बंद कर लेता और इनकी हरकतों पर गौर करता, ये कभी कहते कि 'जाओ पेड़ के पत्ते गिनकर आओ, कभी कहते कि 'जाओ नदी की बजरी गिन कर आओ' उसी समय मैं उठकर पूछता कि 'यह सब किससे कह रहे हो ?' तो कहते कि 'मेरे पास जिन्न हैं, उन्हीं को काम बताना पड़ता है।' मनोहर ने इस समय तक जिन्न विद्या के बारे में काफी कुछ सुन रखा था अतः बात समझ में आ गई और वह यही सोचकर शांत हो गये कि यह निश्चित ही सभी चमत्कार, जिन्न से करवाते हैं।

ग्राम यारा के भइयन यादव कहते हैं कि मुझसे उन्होंने कई बार कहा कि 'हमें भिण्ड जाना है वहां हमारा पिछला जन्म है वहां मेरा सामान रखा हुआ है हम पिछले जन्म के सिद्ध हैं ।' भइयन को विश्वास भी था कि यह जो कह रहे हैं हो सकता है कि सत्य हो । पर भिण्ड में वह स्थान कहां है इसके आगे न रविश्री ने कुछ बताया और न ही भइयन ने पूछा ।

सोलह वर्ष से उन्नीस वर्ष अर्थात् 1984 से 1987 तक रविश्री कई गांवों में गये और कई लोगों से मिले। इनमें से जो व्यक्ति रविश्री के अत्याधिक नजदीक आ गये, उनसे आपने अपने पूर्वजन्म के सिद्ध संत होने की, भिण्ड जिले में एक स्थान होने की एवं अपने पूर्वजन्म के सामान के बारे में चर्चा की, किन्तु अधिकांश लोगों को उनकी इस बात पर विश्वास नहीं हुआ था कि यह जो कह रहे हैं वह सच है।

जेवरा गांव के रामायणी रामशरण व्यास नाम के संत कहते हैं कि "मैं उस समय जब रविश्री से मिला था तो यह तो समझ गया था कि यह कोई जाग्रत कुण्डली वाले संतपुरुष का पुनर्जन्म है क्योंकि प्रसाद मंगाने के अलावा जब इन्होंने कुंदन लुहार के छोटे भाई के खो जाने पर दादे से कह दिया कि अमुक दिन आ जायेगा और वह आ भी गया तो यह एक ऐसा चमत्कार था जो जिन्नों आदि के बस की बात नहीं, बल्कि सिद्ध अलौकिक पुरुष का ही करिश्मा हो सकता था । "

इसी दौर में 'रविश्री' छोटी-छोटी सिद्धी के बल पर गाँव में दुकानदारी फैलाये पाखंडियों से भी मिले जो अपने साधक एवं तांत्रिक होने का दावा करते थे। उन लोगों के नाम देना तो उचित नहीं होगा, परंतु मैंने देखा कि वह सभी लोग रविश्री के चमत्कार सुनकर पहले तो उनसे द्वेषभाव रखते रहे, पर जब रविश्री उनके संपर्क में आये, और रविश्री ने उन लोगों के अहम् को यह कह कर शांत किया कि मुझे तो केवल प्रसाद मंगाना आता है, वह भी किसी से इन्होंने जिन्नों का करिश्मा बताया तो किसी से सिद्ध की कृपा तब वह पाखण्डी तांत्रिक लोग इनको बर्दाश्त कर पाये। उन लोगों के सामने रविश्री ने कतई यह कबूल नहीं किया कि 'मैं पूर्वजन्म का परमहंस संत हूँ,' अन्यथा बहुत संभव था कि अपनी दुकानदारी बंद होने के डर से कोई तांत्रिक इनकी जान के पीछे ही पड़ जाता ।

एक 'आध्यात्मिक विद्वान' होने का दावा करने वाले व्यक्ति के पास रविश्री जब गये, तो वह इनको सात-आठ दिन तक अपने साथ लिये घूमते रहे । कोई उनसे रविश्री की सिद्धियों के बारे में पूछता तो वह विद्वान कहते "मैं सिखा रहा हूँ, मेरी दीक्षा लेने आया है ।" आज भी उक्त विद्वान से जब मैंने पूछा कि "आपके ख्याल में रविश्री के पास क्या था ? कैसे वह यह सब चमत्कार कर लेते थे ?” तो उनका कहना था कि 'मात्र एक जिन्न की दम पर वह प्रसाद आदि मंगा लेते थे, इसके अतिरिक्त और कुछ नहीं कर पाते थे । - उक्त विद्वान के बारे में गांव के अन्य व्यक्तियों ने बताया कि ये " गड़े धन" के चक्कर में रविश्री को साथ में लिये घूमते रहे, पर कोई फायदा नहीं उठा पाये ।

शुरु से ही रविश्री के अंदर विभिन्न व्यक्तियों के मानसिक गठन के अनुसार अपनी शैली को परिवर्तित कर लेने की अद्भुत क्षमता देखने को मिलती है। उन व्यक्तियों की मानसिकता एवं दृष्टिकोण के अनुसार अपने आप को प्रस्तुत कर देने का लोक- व्यवहारिक गुण बचपन से ही आपकी शख्सियत में शुमार था ।

वह अपनी सिद्धी या चमत्कार सामने वाले व्यक्ति के स्वभावानुसार ही दिखाते थे। इसके साथ ही साथ यह कई जगह देखने में आता है कि इन्होंने स्वयं को अत्यंत छोटा, दीन-हीन प्रदर्शित किया, खास तौर पर 'तथा-कथित आध्यात्मिक विद्वान 'या' महान तांत्रिक होने का मुखौटा लगाए व्यक्तियों के सामने, जब इन 'मुखौटों' को यह विश्वास हो गया कि इस बालक से हमें कोई खतरा नहीं है, यह में कहीं नहीं है, तब उन लोगों ने इन पर से अपना ध्यान हटा पाया । तुलना मैं यहाँ अपने उन साथियों को एक मशवरा देना चाहता हूँ जो साधु-संत के जीवन की ओर, बेरोजगारी के भय से मुड़ना चाहते हैं, इस जीवन को आसान समझकर। मित्रो, यहाँ अत्याधिक कॉम्पटीशन है, ये मुखौटे चिपकाये हुए महान तांत्रिक साधू और 'तथाकथित आध्यात्मिक विद्वान' आपको आसानी से प्रवेश नहीं पाने देंगे, क्योंकि इन्हें अपनी दुकानदारी बंद होने का जरा भी खतरा नजर आया या इन्हें लगा कि ये लड़का तो हमारे कॉम्पटीशन में है तब आप मुश्किल में पड़ सकते हैं।

रविश्री इन मुखौटों से बाल-बाल बचते हुए इसलिए निकल आये, क्योंकि उनके पास 'सहज - बुद्धि' थी । इन लोगों से मिलना उनका एक उद्देश्य के तहत सामाजिक स्थितियों का जायजा लेना था । यह 'सहज - बुद्धि' का ही कमाल था कि रविश्री ने अक्षमताओं को कभी क्षमताओं के साथ हस्तक्षेप नहीं करने दिया । रविश्री की अक्षमता यह थी कि वह उन मुखौटों के साथ जो उन्हें नीचा दिखाना चाहते थे, स्वयं उनके स्तर तक नहीं गिर सकते थे। इस वजह से वहां दीन-हीन बनकर निकलना ही सर्वथा उचित था । ये मुखौटे अपना रूप-रंग इतना भ्रामक बना कर रखते हैं कि गांव की भोली-भाली जनता के अलावा पढ़े लिखे लोग भी इनकी गिरफ्त में आसानी से आ जाते हैं । (ऐसे लोगों के साथ होना यह चाहिए कि उन्हें खाने की सामग्री के पैकिटों की तरह बांध कर कानूनी तौर पर अनिवार्य कर देना चाहिए कि लिखें कि इसके अंदर क्या - क्या है ........ एवं कितनी मात्रा में है ? )

|

गाँव घूमने के अलावा रविश्री टीकमगढ़ शहर भी अक्सर आते-जाते रहते । आपके चाचा श्री लक्ष्मीनारायण जी, जो यहीं पदस्थ हैं, कहते हैं कि 1984 से 1987 तक रविश्री कई बार यहां आये और इस दौरान वह तहसील, कोर्ट, कॉलेज, पार्क आदि देखने की जिद करते। कई जगह वह अकेले ही चले जाते और घंटों बैठे रहते । शाम को पूछने पर पता चलता सारे दिन कोर्ट में बैठे रहे और आते-जाते लोगों को देखते रहे । वकीलों के बारे में, अफसरों की कार्य- शैली के बारे में, पुलिस की कार्य शैली के बारे में चाचा से पूछताछ करते रहते। जब चाचा उन्हें झिड़क देते कि 'तुम्हें पढ़ना लिखना है नहीं, तुम क्यों यह सब पूछ रहे हो ?' इस बात का जवाब रविश्री देते कि "चाचा, काम पड़ जाता है कभी-कभी, इसलिए मालूम सब होना चाहिए।”

चाचा बताते हैं कि "कुण्डेश्वर मंदिर से उन्हें एक विशेष लगाव था । जब भी टीकमगढ़ आते तो कुण्डेश्वर की जिद करते, कुण्डेश्वर मंदिर के शिवलिंग के स्वयं प्रगट होने की जो जानकारी तीन साल रहते-रहते मुझे तक नहीं थी, रविश्री ने वह जानकारी पहली बार कुण्डेश्वर जाते ही हासिल कर ली। शाम को मंदिर से लौटकर कहते हैं कि धरती पर तो ऐसा सिद्ध मंदिर मिलना मुश्किल है !! बताओ शिवजी खुद प्रगट हो गये !! मेरे यह पूछने पर कि तुम्हें किसने बताया, कहने लगे वहाँ के पण्डित बता रहे थे ।

कुण्डेश्वर के अलावा वह पपौराजी के जैन मंदिर भी जाते थे और दो तीन दिन रुककर वापिस आते । चाचा के पूछने पर कहते कि 'वहाँ के लोगों ने रोक लिया हम क्या करते ?' लक्ष्मीनारायण जी कहते हैं कि 'इनकी कई बातें तो मेरी समझ में कभी न आतीं कि कैसे लोग इनको पहली बार में मिलते ही अपने पास रोक लेते हैं ?' कुण्डेश्वर कई बार जाने पर भी मुझे किसी ने जो कभी नहीं बताया, वह इन्हें पहली बार में ही बताने वाले कैसे मिल गये ? तहसील में भी एक-दो दिन में लोग इनसे इस तरह घुल-मिल गये थे जैसे वर्षों से जानते हों ।

रविश्री के अंदर यह प्रतिभा शुरु से ही विद्यमान थी कि लोग इनसे पहली बार में ही मिलकर इनके वशीभूत हो जाते थे जबकि चमत्कारों को ये हाथ में लिये हरेक को दिखाते, कभी न घूमते । खास तौर पर चाचा और पिताजी के परिचितों व मित्रों के आगे तो सदैव यह चमत्कार दिखाने से बचते ही थे और यह मानने से ही इंकार कर देते थे कि वह ऐसा कुछ जानते हैं । कहते हैं 'प्रतिभा स्वयं एक प्रकार I का जादू है, और इस जादू की महत्ता उसके उजागर होने में ही निहित है।' रविश्री के अंदर 'परिचय को..... सच्चे ढंग से परोसने की' अभूतपूर्व प्रतिभा है जो सच्चे प्रेम को जन्म देती है और सच्चा प्रेम तो जग जाहिर वशीकरण मंत्र ही है ।

इस दौर की एक घटना बतलाते हुए छिपरी के सोबरन सिंह कहते हैं कि हमारे चाचा जो 'ठाकुर कक्का जू' कहलाते थे किसी कार्यवश छिपरी से टीकमगढ़ गये। लौटते वक्त बस में टिकिट के लिये रविश्री को पैसे दिये तो रविश्री ने छिपरी से बीस कि.मी. पूर्व पड़ने वाले दिगौड़ा नामक कस्बे तक का टिकिट लिया जबकि बस छिपरी के नजदीक से होकर गुजरती थी, तो वहां भी उतरा जा सकता था । बहरहाल दिगौड़ा उतरने पर जब ठाकुर साहब ने वजह पूछी, तो कहने लगे 'यहां से पैदल चलो पांच रूपये जो बच गये हैं उनसे नमक खरीदेंगे ।' बीस कि.मी. पैदल चलकर आये ठाकुर साहब ने रविश्री की इस मितव्ययता का जिक्र जब उनके पिता से किया तो हंसते हुए पिता का रविश्री से पूछना था कि 'जब अपने बस्ते के बदले तुम संतरे की गोलियां लेकर बच्चों में बांट देते हो उस वक्त तुम्हें पैसे बचाने का ख्याल नहीं आता' ?

रविश्री के चमत्कारों से पिता सदैव दुखी रहे । वह अंत - अंत तक यही कोशिश करते रहे कि वह ये सब करना छोड़ दें। रविश्री और कृपाराम जी के बीच । का तनाव न सिर्फ घर में बल्कि रिश्तेदारियों में गाँव में एवं आस-पास के गाँवों में भी मशहूर था । कृपाराम जी के मानसिक तनाव की गंभीरता को इस बात से महसूस किया जा सकता है कि वह कहते हैं कि " तनाव के समय कई बार तो मैं यहाँ तक सोचने लगता था कि या तो मैं आत्महत्या कर लूँ या इनको मार दूँ ।"

इसके अतिरिक्त गाँव के कई लोग यह कहते हैं कि रविश्री इस दौरान अत्याधिक बैचेन दिखते थे। किसी भी जगह ज्यादा देर न ठहरना, अपने आप में गुमसुम रहना, न खाने-पीने का ख्याल, न कपड़ों की चिंता, उलझे बाल, न तेल, न कंघी, पैरों में जूते या चप्पल का होना भी जरूरी नहीं था । यह सब देखते हुए लगता था कि शायद यह कोई विक्षिप्त बालक है, लेकिन दूसरी ओर बच्चों के साथ खेलने-कूदने में हमेशा आगे रहते, यह मिला जुला स्वभाव किसी को समझ में न आता और अधिकांश लोग उन्हें सिरफिरा कह कर टाल देते ।

इसी दौरान की एक घटना जो रविश्री ने स्वयं अपने भक्तों के बीच सुनाई थी उन्हीं में से एक भक्त बताते हैं कि 'एक व्यक्ति छिपरी से रावतपुरा मंदिर में अप्रैल 1998 में आया और बातचीत के दौरान कहने लगा कि महाराज, आपको तो बचपन में सब पागल समझते थे। तब रविश्री ने कहा कि "1983 में गर्मियों के समय की बात है, मैं रात्रि में अपने घर के बाहर बैठकर 'ओम्' का जाप कर रहा था तभी लगभग दस-बारह आदमियों का गिरोह डकैती डालने के उद्देश्य से गाँव में आया। उनमें से कुछ लोगों की जैसे ही मेरे ऊपर नजर पड़ी वह चौंके कि 'इतनी रात गये ये पत्थर पर बैठा-बैठा क्या कर रहा है ?' उन लोगों ने मुझे कुछ पूछने के उद्देश्य से अपने पास बुलाया । मैं जैसे ही उनके पास पहुँचा तो मुझे देखकर, मेरी हालत देखकर उनमें से कुछ लोग कहने लगे ये तो पागल लगता है और बगैर कुछ पूछे ही मुझे भगा दिया। उसके बाद वह डकैत किसी वजह से बिना कुछ किये ही चले गये थे। रविश्री कहते हैं कि 'इसी पागलपन ने मुझे उस दिन बचा लिया था।'

पिता कृपाराम जी कहते हैं " 1984 से 1987 तक यह अधिकांशतः छिपरी से बाहर ही रहे, पर जहाँ भी रहते, मुझे कोई न कोई खबर दे देता कि रविश्री अमुक जगह पर हैं, लोग कहते कि 'रवि की शादी कर दो शायद सुधर जाये' पर मैं सोचता कि ऐसा न हो कि 'एक लड़की की जिंदगी और बरबाद हो जाये ।' पिता को रविश्री की सरलता देखकर हमेशा यह चिंता रही कि इनकी जिंदगी आखिर कैसे कटेगी ?"

1982 में कृपाराम जी ने उच्च अफसरों से तनाव होने पर स्वयं नौकरी से इस्तीफा दे दिया था । आपके परिचितों में से अधिकांश लोग कहते हैं कि यह इस्तीफा रविश्री के पीछे अत्यधिक मानसिक तनाव की वजह से ही दिया गया था । जबकि कृपाराम जी कहते हैं कि "यह सच है कि उस समय मैं इनकी वजह से अत्याधिक परेशान रहता था । परंतु इस्तीफा देने के पीछे मात्र रविश्री का तनाव था यह बात सच नहीं है।"

बहरहाल पूर्वजन्म की चर्चा जहां भी रविश्री के द्वारा की गई वह किसी आकस्मिक घटना का परिणाम कदापि नहीं थी । बहुत ही सहज ढंग से आपने सिर्फ उन लोगों को जो आपके काफी नजदीक आ गये थे, यह बताया कि मैं पूर्वजन्म का संत हूँ एवं भिण्ड जिले की ओर मेरा अगला पड़ाव है ।

पूर्वजन्म के अन्य उदाहरण जो हमारे सामने देखने में आते हैं उनमें अधिकांशतः बच्चे नई जगह आते ही हैरत में पड़ जाते हैं, कि यह कहां आ गये ? उनका अपरिपक्व मस्तिष्क यह जान ही नहीं पाता कि उनका पुनर्जन्म हो चुका है । वह नये जन्म के रिश्तों, स्थान से जुड़ना स्वीकार ही नहीं करते और हम भी उसके अपरिपक्व मस्तिष्क की वजह से उनके पिछले रिश्तों, पिछले स्थान व कार्यादि की चर्चा करने से ही जान पाते हैं कि यह अपने पूर्वजन्म की यादों को अपने साथ लिये हुए हैं। रविश्री ने अपने पूर्वजन्म को लेकर कभी कोई आश्चर्यजनक बात घर में नहीं की । कहीं कोई घटना आपके साथ ऐसी नहीं हुई कि एकाएक आपको अपना पिछला जन्म याद आ गया हो। आपके द्वारा 'पूर्वजन्म की चर्चा लगभग चौदह-पन्द्रह वर्ष की उम्र में की गई, वह भी घर में कभी नहीं की, इन बातों से साफ स्पष्ट होता है कि इनका मस्तिष्क तो हर समय पूर्ण परिपक्व था । इन्हें अहसास था कि "मैं पुनर्जन्म ले चुका हूँ और जब तक मैं देह से बच्चा हूँ, तब तक मेरी किसी भी बात को स्वीकार नहीं किया जायेगा । अपनी काया के जवान होने का इंतजार करना इनकी मजबूरी भी थी और शायद एक अद्भुत अनुभव से गुजरने की सुखद अनुभूति भी।

रविश्री के पिछले जीवन की कहानी में आप देखेंगे कि इन्हें बच्चों के साथ खेलने का बहुत शौक था । ये चाहते थे कि सभी इनसे बच्चों जैसा बर्ताव करें। लोग पूर्वजन्म में इन्हें बालरूप के संत ही मानते थे, अपने बचपन में ही रविश्री द्वारा पूर्वजन्म की चर्चा न करने की यह भी स्पष्ट वजह समझ में आती है कि अगर लोग यह समझ जाते कि इनके द्वारा किये गये चमत्कारों के पीछे किसी अन्य का नहीं, बल्कि स्वयं इनका ही सिद्ध संत होना छिपा है, ये कायामात्र से बालक हैं, तब यह बात उजागर होते ही रविश्री को बचपन का सुख कदापि न मिल पाता ।

आज जो भीड़ रावतपुरा मंदिर में लग रही है वह संभवतः छिपरी में बाल्यकाल से ही लगना शुरु हो जाती, फिर काल-चक्र ने कब क्या तय करके रखा है उसके नियम के वशीभूत होकर भी हमें अपने कदम बढ़ाना पड़ते हैं ।

रविश्री ने अपने ही बचपन को एक दृष्टा बनकर गुजारा है । लोगों के द्वारा इन्हें बच्चा समझा जाना, इनके साथ बच्चों जैसा ही व्यवहार करना, इनके द्वारा किये हुए छोटे-छोटे चमत्कारों पर हैरत से लोगों ने जब कहा कि 'यह तो सिद्ध संत द्वारा किये चमत्कारों की तरह हैं । तब आपको एक सिद्ध महात्मा के नाम की जरूरत महसूस हुई, क्योंकि अगर ये कहते कि वह सिद्ध मैं स्वयं हूँ तो लोग इन्हें बच्चा समझना छोड़ देते और यह बात रविश्री को कतई मजूर नहीं थी । वह तो अपने बचपन का एक-एक पल इस डर से गुजार रहे थे कि कोई जान न जाये कि मैं ही परमहंस हूँ नहीं तो मेरा बचपन गुम हो जायेगा । बचपन का सुख भोगने की इच्छा भी शायद इनके पुनर्जन्म लेने की कई वजहों में से एक मुख्य वजह थी । रविश्री ने अपने चमत्कारों को सदैव किसी सिद्ध की कृपा अथवा जिन्नों की करामात बताया। अपने चमत्कारिक एवं स्वयं के सिद्ध होने की बात कहना इनके लिये जहाँ एक ओर इनको बचपन से दूर कर देती, वहीं दूसरी ओर अपनी पूर्वजन्म की कहानी सुनाना भी इनकी मजबूरी हो जाती। अगर वह इन चमत्कारों के पीछे किसी को स्वयं की कथा सुनाते भी तो उसकी क्या समझ में आता ? इनकी सभी क्षमताऐं योग से, अध्यात्म से जुड़ी हुईं हैं न कि तांत्रिक क्रियाओं से, ऐसे में उचित और सटीक जवाब यह व्यक्ति की मानसिकता के अनुसार ही दे देते थे।

जिटकोरा के मनोहर एवं जेवरा के कुंदन लुहार, जिन्न आदि की बातों को मानते थे अतः रविश्री ने उनके सामने जैसे ही यह दिखावा किया कि 'उन्हें जिन्न द्वारा यह चमत्कार कर पाना संभव हो पाता है, जिन्न रात में काम पूछते हैं तो उन्हें यह बात हजम हो गई ।

छिपरी, अंतपुरा आदि जगहों पर सिद्धों के चबूतरे की मान्यता है अतः वहाँ उसी से संबंधित कहानी लोगों की समझ में तुरंत आ गई ।

रविश्री चाहते भी यही थे कि लोग उनके द्वारा हो रहे चमत्कारों की चीर-फाड़ न करें क्योंकि तब कई संकेत स्वयं उन्हीं के आलौकिक होने की तरफ उठने लगते और रविश्री की परेशानियाँ बढ़ जाती ।

अब इन्हीं लोगों से पूछा जाय कि क्या आप अब भी रविश्री के पास जिन्न या ब्रह्मयक्षिणी या किसी सिद्ध की कृपा मात्र मानते हैं सब मुस्कुराकर यही कहते हैं कि 'क्या करें, जैसा उन्होंने दिमाग कर दिया था, हम वैसा ही सोचते थे ।' रविश्री स्वयं लोगों के सामने आलौकिकतायें दिखाने के बावजूद बच्चों सी हरकतें कर स्वयं को छिपाये रहे। इसके अतिरिक्त इस कार्य में उनकी मदद कर रहा था इस परिवार का एक अनुवांशिक गुण और वह था 'दाढ़ी मूंछ देर से आना' । इस गुण के चलते रविश्री न सिर्फ 1987 अर्थात् उन्नीस वर्ष की उम्र तक बल्कि 1990 अर्थात् रावतपुरा पहुँचने तक अपनी वास्तविक उम्र को भी छिपाये रहे। यद्यपि यह अवस्था भी एक आलौकिक संत होने की लोगों के नजरिये से परिपक्व उम्र नहीं थी । फिर भी रविश्री जहाँ-जहाँ गये वहाँ के लोग रविश्री की सटीक उम्र का अंदाजा कभी नहीं लगा पाये । यारा, जहाँ आप 1984 में पहुँचे उस समय आपकी वास्तविक उम्र सोलह वर्ष थी, जबकि भइयन यादव कहते हैं कि उस समय वह लगभग बारह-तेरह वर्ष के थे और 1988 में जब अंतिम बार यहाँ से गये तब लगभग पंद्रह सोलह वर्ष के थे।

व्यक्ति जिसके जाने का कोई तय न हो और वह लगातार घर के बच्चों की तरह मिलता रहे तो, इस बात पर खास तौर से गाँवों में ध्यान नहीं दिया जाता कि वह कितने साल का हो गया है ? गाँव में अधिकतर मूँछों की रेख से ही अंदाज लगाते हैं कि लड़का अब बड़ा हो गया है और उसकी शादी की उम्र हो गई है ।

जिटकोरा के मनोहरसिंह यादव कहते हैं कि उम्र में तो वह हमसे छोटे लगते थे यही कोई चौदह साल के होंगे जबकि मनोहरसिंह यादव की उम्र रविश्री के बराबर ही थी। इसी तरह रविश्री जहाँ-जहाँ भी गये उनकी आयु का अनुमान सभी का गलत रहा और यह ही वह वजह थी कि रविश्री की अलौकिकताऐं देखने के बावजूद लोग यह कतई मानने को तैयार नहीं होते थे कि यह स्वयं एक क्षमतावान, आलौकिक और विलक्षण व्यक्तित्व के धनी हैं। लोगों के इस संदेह को रविश्री भी उन्हीं की मानसिकताओं के अनुरूप जवाब देकर यकीन में बदलते गये कि हम पर किसी सिद्ध की कृपा है या कोई अलादीन की तरह हमारे पास जिन्न मौजूद है।

लोग उनकी हरकतें, चमत्कार, बचपना आदि देखकर फिर उसके ऊपर उनकी बैचेनी देखकर उन्हें सिरफिरा तो कभी पागल कहते और वह मन ही मन लोगों के इस बचपने पर मुस्कुराते रहते कि ....... ये बच्चे..... मुझे बच्चा समझ रहे हैं, मुझे पागल समझ रहे हैं....... ।

बकौल शायर

इन्हीं पागल दिमागों में, घनी खुशियों के लच्छे हैं

हमें पागल ही रहने दो कि हम पागल ही अच्छे हैं..