द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 5 / 21

English
☰

अध्याय 5

पुनर्जन्म छिपरी में ही क्यों?

जन्म से पूर्व 1950-1960

टीकमगढ़ के महाराजा प्रताप सिंह जूदेव के बाद उनके पौत्र राजा वीर सिंह जूदेव की रियासत में आने वाली जागीर के अन्तर्गत आता था - ग्राम छिपरी । ग्राम के ठाकुर मर्दन सिंह परमार जो बड़े किलेदार कहलाते थे, वह पचेर किले पर तैनात थे। ग्राम की जमींदारी उन्हीं के हाथ में थी, एवं उनके छोटे भाई जो नन्हें किलेदार कहलाते थे वो मोहनगढ़ किले पर तैनात थे। इस समय छिपरी ग्राम के हालात राजतंत्र के तहत जमींदारों के मिजाज पर निर्भर रहते थे । बेगारी और बेबसी का आलम था। सर उठाने वाले को अन्ततः ग्राम ही छोड़ना पड़ता था अगर उसने सर उठाते समय भी तहजीब का ख्याल न रखा तो अन्यथा अलविदा |

नन्हें किलेदार के बहादुरी के चर्चे दूर-दूर तक थे। एक बार एक तेंदुए से निहत्थे मुलाकात हो गई, उस वक्त तो तेंदुए को जान से हाथ धोना पड़ा पर जख्मी हालत में नन्हें किलेदार को छोड़कर और फिर कुछ दिन पश्चात् आप भी कूच कर गए। ग्राम के ठाकुर मर्दन सिंह बड़े किलेदार व उनके बाद उनके पुत्र श्री गणेश सिंह गांव के जमींदार थे आसपास के गांवों में उनका काफी सम्मान था। गांव में हर जाति की अलग-अलग साप्ताहिक पंचायत बैठती थी । हर जाति की अलग-अलग उस पंचायत में यह तय होता था कि इस हफ्ते जमींदारों के यहाँ काम करने कौन जायेगा ।

अगर पानी भरने के लिए उन्हें चार ढीमर जाति के व्यक्ति चाहिये, तो इन चारों के नाम उस बैठक में तय होंगे। यह सब सिर्फ छिपरी में नहीं, बल्कि राजतंत्र के तहत, लगभग हर गांव की यही स्थिति थी । कोई इसे गलत न मानता था, यह बेगार एक रिवाज था । लोकतंत्र की छाया तक इस दशक में इस गांव को नसीब नहीं हुई थी ।

इस दशक तक बिजली, पानी की समस्या से ग्रसित इस गाँव में लूट पाट, डकैती, राहजनी, भी एक कमाई का साधन था । यहाँ के पूर्व विधायक श्री स्वामी प्रसाद पस्तोर बताते हैं कि 1970 के आते-आते तक छिपरी में ऐसे परिवार गिनती के थे जिनके ऊपर कोई पुलिस केस नहीं था । और इन्हीं परिस्थितियों के बीच पल रहा था, ठाकुर दास मिश्र नामक एक गरीब ब्राह्मण का परिवार । ठाकुरदास जी का दरअसल नाम जगन्नाथ था, परंतु उनके ही परिवार में एक अन्य बुजुर्ग का यही नाम होने से उनको ठाकुर दास कह कर बुलाने लगे थे। ठाकुर दास जी गाँव के जमींदार परिवार के पुरोहित थे, उनके परिवार के शादी विवाह से लेकर अंतिम संस्कार तक का हर कार्य इन्हीं के हाथों से संपन्न होता था । ठाकुर दास सीधे साधे, निश्च्छल स्वभाव के व्यक्ति थे, और ग्राम के सज्जन पुरुषों में गिने जाते थे । ईश्वर पर पूर्ण भरोसा रखने वाले इस व्यक्ति के साथ ईश्वर ने बड़ी नाइंसाफी बरती थी, जिसके चलते सभी के सहानुभूति के पात्र भी थे । आपके दो पुत्र व सात कन्यायें थीं, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था कि मात्र सबसे छोटी कन्या राम सखी को छोड़कर एक-एक कर सभी अकाल मृत्यु की ग्रास बन गई। इन हादसों से ठाकुर दास जी अन्दर ही अन्दर टूट गए थे, उन्हें अब यह भी चिन्ता होने लगी थी कि उनके बाद उनके वंश को कौन आगे बढ़ायेगा ?

वह लगातार इसी चिंता से घुटते रहते। इसी दौरान वह संत लाल जी सरकार परमहंस के सानिध्य में आए, जिनका साधना स्थल छिपरी के नजदीक ही सुनरई नामक गाँव में स्थित प्रसिद्ध प्राचीन हनुमान जी का मंदिर था। संत लाल जी सरकार परमहंस का स्थान तो नेपाल था पर वह अक्सर ही भारत में अपनी तप स्थली पर आते रहते थे ।

परमहंस संत ने ठाकुर दास जी को दीक्षा दी, और उनको संतानों की अकाल मृत्यु सहन करने हेतु सांत्वना भी दी ।

प्रकृति को अगर आप बेहद करीब से समझने की कोशिश करें, हर घटना पर तीखी नजर रखें तो आप महसूस करेंगे कि निश्चित ही कोई अदृश्य शक्ति ने जैसे हर बात तय करके रखी है। हम उस अदृश्य शक्ति का अहसास बड़ी घटना या बड़ी होनी अनहोनी पर करते हैं । पर जैसे बड़ी से बड़ी मशीन को एक छोटा सा पेंच अपने न होने का अहसास दिला देता है, उसी तरह हर एक बड़ी घटना के पीछे तमाम छोटी-छोटी बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें हम नजर अंदाज तो कर देते हैं, लेकिन उनकी अगर सूक्ष्म दृष्टि से चीर-फाड़ की जाये तो अंततः कुदरत की ताकत पर, उस अदृश्य शक्ति के अस्तित्व पर भरोसा करने को मजबूर होना पड़ता है ।

रविश्री के जन्म की शुरूआत कई वर्षों पहले ही हो गई थी, यह तय था कि पूर्व जन्म के गुइयाँ बाबा को यह जन्म छिपरी में ठाकुर दास मिश्र की पुत्री रामसखी के पुत्र के रूप में लेना है। जब परम हंस लाल जी सरकार ने ठाकुर दास जी को सांत्वना दी, तो ठाकुर दास जी रो पड़े । परमहंस संत का दिल पसीज गया । मिश्र जी को उन्होंने शिवलिंग बनवाकर रुद्राभिषेक करवाने को कहा ताकि उनकी एक मात्र शेष कन्या का जीवन सदैव सुरक्षित रहे । तत्पश्चात् आशीर्वाद दिया कि जाओ, तुम्हारी संतान के पुत्र के रूप में एक ऐसे संत का जन्म होगा, जिसके आगे सारा विश्व एक दिन नत मस्तक होगा।

ठाकुर दास जी वापिस आ गए और संतान की जीवन रक्षा हेतु रूद्राभिषेक कराने लगे। इस दौरान उन्होंने अपनी कन्या को साथ लेकर हिन्दुस्तान के लगभग सभी तीर्थ स्थल घूम डाले थे । उनको फिक्र थी कि अन्य संतानों की तरह इसे भी ईश्वर अपने पास वापिस न बुला लें ।

यहाँ पर यह बात भी गौर तलब है कि " श्रीमत् लाल जी सरकार पर पूर्व आस्था के बावजूद उनके आशीर्वाद को ठाकुर दास जी ने सहानुभूति पूर्ण सांत्वना ही समझा ।" इस समय पुत्री राम सखी की उम्र पात्र 7-8 वर्ष की थी और सन् 1950-51 था ।

सन् 1958-59 आते आते रामसखी की उम्र 15 वर्ष की हुई और ठाकुरदास जी ने वर की तलाश शुरू की । वह चाहते थे कि कोई ऐसा सुयोग्य वर मिल जाये जो उन्हीं के पास छिपरी में आकर रहने लगे ताकि उनके की कमी पुत्र भी पूरी हो जाये और गाँव के जमींदार गणेश सिंह का भी उन्हें यही परामर्श था । संत लाल जी सरकार के एक अन्य परम प्रिय शिष्य थे - मोहनी गाँव के सन्त गुइयाँ बाबा परमहंस। गुइयाँ बाबा दो बार अपनी काया कल्प कर चुके थे, जिसके फलस्वरूप उनकी आयु का अनुमान लगा पाना अत्यंत कठिन था, परंतु कायाकल्प दो बार ही किया जाता है अतः पुन जीवन हेतु पुनर्जन्म आवश्यक था। संत लाल जी सरकार ने गुइयाँ बाबा से अपने शिष्य ठाकुरदास को दिये आशीर्वाद के बारे में बताकर अगला जन्म उनको ठाकुर दास के नवासे के रूप में लेने का आदेश दिया यही प्रकृति का तयशुदा कार्यक्रम था ।

संत लाल जी सरकार के समाधिस्थ होने का समय 1959 बताते है अतः यह सभी घटनायें इसके पूर्व ही घटित हो चुकीं थीं ।

दतिया से झाँसी वाया उनाव बालाजी जाते समय दतिया से 22 कि.मी. व झाँसी से 12 कि.मी. की दूरी पर एक गाँव आता है 'आरी, यहाँ पर पं. श्री मुरलीधर चौधरी नामक एक गरीब किसान परिवार रहता था । श्री मुरलीधर जी अपने पिता श्री नेक साईं चौधरी के इकलौते पुत्र थे, एवं आपके पूर्वज महाराजा सिंधिया, ग्वालियर की चौथा पल्टन फौज में उच्च पदों पर आसीन थे। उस समय यह परिवार पिपरउआ, भाण्डेर, जिला ग्वालियर का निवासी था, फिर किसी नामालूम वजह के चलते नेकसाईं चौधरी के पिता भोले चौधरी पिपरउआ छोडकर 'आरी आ बसे थे।

ही बसते हैं। इसके अलावा शुरू से ही यहां आरी ग्राम में मुख्यतः कृषक ही बसते दुधारू पशु पालने का भी रिवाज है, जिनका दूध भी मुख्य आय के स्त्रोत में से एक है। इस ग्राम की आयु 600 वर्षों से भी अधिक है किन्तु यह गाँव भी एक संपन्न सुखी गाँव नहीं कहा जा सकता ।

यहाँ पर एक अति प्राचीन बरगद का पेड़ है, जिसने 50 फीट त्रिज्या के गोले में अपने वंश को बढ़ाया हुआ है। जो कि बेहद चक्षुप्रिय साबित होता है। इस वृक्ष की आयु एक हजार वर्ष से भी अधिक बताई जाती है ।

श्री मुरलीधर चौधरी बहुत ही सीधे सादे व्यक्ति थे, और साधु संतों के विशेष सेवक थे। इसी दौरान 50 से 60 दशक के मध्य उनकी गुइयाँ बाबा से मुलाकात हुई और शीघ्र ही वह गुइयाँ बाबा का सानिध्य पाने में सफल भी हो गए । चौधरी जी के तीन पुत्र थे । बड़े पुत्र कृपाराम शर्मा की 1959 में ग्रामसेवक के पद पर नौकरी लग गई थी, और नौकरी लगते ही रिश्तों का तांता लगना शुरू हो गया था । चौधरी जी अत्यंत सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, अतः अपने बेटे का शादी संबंध तय करने में डरते थे कि कहीं कोई ऊँच नीच न हो जाए रिश्ता तय करने में, और ऐसे वक्त में उनको गुइयाँ बाबा की याद आई । गुइयाँ बाबा तो त्रिकाल दर्शी थे । मुरलीधर के पूछते ही बोले कि "मेरे गुरु लाल जी सरकार का एक शिष्य शीघ्र ही तुम्हारे पास आयेगा, तुम्हारे पुत्र का विवाह उन्हीं की कन्या रूपी रत्न से होगा ।"

मुरलीधर जी प्रसन्न होकर वापिस आ गए उनको उचित मार्गदर्शन मिल गया था।

छिपरी के समीप ही एक ग्राम जिस का नाम बराना है, यहाँ के निवासी करन सिंह सेंगर की बहन की शादी आरी के निवासी जनक सिंह से हुई थी । करन सिंह एवं छिपरी के जमींदार गणेश सिंह की आपस में अत्यन्त घनिष्ठता थी। इसके अलावा निवाड़ी तहसील के अंतर्गत गाँव तरीचर कला, यहाँ के श्री हरप्रसाद चौधरी जो कि संबंधों के मामले में दक्ष माने जाते थे, ठाकुरदास जी के अच्छे मित्रों में से थे । हरप्रसाद जी की रिश्तेदारी भी आरी में थी, उनको जब पता चला कि मुरलीधर चौधरी के बेटे की नौकरी लग गई है उन्होंने तुरन्त ठाकुरदास जी को वर हेतु घर सुझाया। जमींदार गणेश सिंह ने करण सिंह से संबंध साधा और जनक सिंह आरी के द्वारा प्रस्ताव भिजवाया । विवाह होने में अड़चन एक मात्र थी ठाकुर दास मिश्र की यह गहन इच्छा, कि दामाद घर जमाई बनकर उनकी जायदाद को संभाले ।

आपको कभी भविष्य में घटित होने वाली किसी घटना का ज्योतिष द्वारा सिद्ध पुरुष द्वारा या अन्य किसी दैवीय संकेत द्वारा आभास हो जाये, तो आप संयोगों पर सूक्ष्म दृष्टि रखकर देखिये कि किस तरह प्रकृति उस घटना को सम्पन्न करवा देती है। आप उस घटना को रोकने की कोशिश करिये ! आप नाकाम तो होंगे ही साथ ही हैरान भी होंगे यह देखकर कि उन घटनाओं को रोकने के लिए किए गए प्रयास या अवरोध ही उस घटना के कारक बन जाते हैं, यह सब अपने आप में बेहद रोमांचक तो होता ही है साथ ही ईश्वरीय सत्ता की उस विलक्षण शक्ति की अनुभूति भी करा देता है जिसके लिए कहा जाता है कि 'उसकी मरजी के बिना पत्ता भी नहीं हिल सकता' एक दार्शनिक का कथन है कि "जिन्दगी जीने की सबसे अच्छी कला है कि आप कुदरत का अनुसरण करें, पहले तो यह पता करने की कोशिश करें कि कुदरत ने क्या तय करके रखा है, वह क्या चाहती है, फिर उसकी चाहत के अनुसार कदम उठायें । कुदरत के विरुद्ध चलकर हम अक्सर गहरी खाई में गिर पड़ते हैं तब फिर रोते हुऐ वह दिशा पकड़ते हैं जहाँ कुदरत ने एक योजना हमारे लिए बनाकर रखी है । लोगों की परेशानियों का मूल कारण यही है ।"

आरी के मुरलीधर शर्मा ने यही किया था जब वे अपने बेटे की शादी के लिए परेशान थे। गुइयाँ बाबा ने उनको यह जानकारी दे दी कि उस अदृश्य सत्ता का क्या आदेश है, और तब इस मामले की तमाम परेशानियों ने खुद उनसे किनारा कर लिया ।

वह तो इंतजार ही कर रहे थे कि लाल जी सरकार का कोई शिष्य आयेगा। ऐसी अवस्था में ठाकुर दास मिश्र का प्रस्ताव जब उनके पास आया और उन्हें यह पता चला कि यह लाल जी सरकार के शिष्य हैं तो आनन फानन में सब तय हो गया । प्रकृति की होनी थी कठपुतलियों ने अपना काम किया और विवाह संपन्न होने की तारीख तय हो गई ।

कृपाराम जी नौकरी करते थे, ठाकुर दास जी ने कहा कि अगर वह चाहें तो नौकरी छोड़ दें और आकर छिपरी की जायदाद सम्भाल लें परन्तु इसके लिये कृपाराम जी तैयार न हुए और तय हुआ कि कुछ समय बाद रतलाम से टीकमगढ़ ट्रांसफर करवा कर वह छिपरी में स्थायी तौर पर रहने लगेंगे ।

वर्ष 1960 माह दिसम्बर : आरी से बारात छिपरी आई, रामसखी एवं कृपाराम दाम्पत्य सूत्र में बंध गए और विवाह के उपरांत आरी आ गए।

सन् 1962-1967

पं. श्री कृपाराम जी शर्मा रतलाम में पदस्थ थे एवं ट्रांसफर के लिए प्रयासरत् थे । बीच-बीच में वह आरी एवं छिपरी आते-जाते रहते थे एवं उनकी पत्नी भी अधिकांशतः आरी में ही अपने सास-ससुर की सेवा में लगी रहती थी। पं. कृपाराम का प्रयास रंग लाया । अभिभावकों की बीमारी को आधार बनाकर किये गए आवेदन पत्र पर उनका ट्रांसफर रतलाम से जिला टीकमगढ़ की निवाड़ी तहसील में हो गया । जहाँ 1967 के प्रथम मास में उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी। यह वर्ष जहाँ उनके लिए खुशी लेकर आया, वहीं दूसरी ओर उनको पहले पितृ - शोक और 3 माह के अन्तराल से ही मातृ-शोक से होकर गुजरना पड़ा।

इस समय कृपाराम जी के सबसे छोटे भ्राता मात्र दो वर्ष के थे, और परिवार के सबसे बड़े बेटे होने के नाते जिम्मेदारियों का बोझ कृपाराम जी के ऊपर आ गया। इस समय कृपाराम जी ने उचित निर्णय लिया और अपने दोनों छोटे भाइयों के साथ छिपरी आकर रहने लगे । श्वसुर ठाकुर दास जी की भी यही इच्छा थी, फलस्वरूप छिपरी के इस घर में पुनः रौनक वापिस आ गई |

टीकमगढ़ जिले में जतारा विधान सभा सीट से लगातार दूसरी बार जीत कर आए राजा नरेन्द्र सिंह जूदेव ने कृषि मंत्री का भार सम्हाला और 1967 के बाद बिजली गाँव-गाँव तक पहुँचा दी, जिससे इस क्षेत्र के लोगों में खुशहाली और सम्पन्नता ने दस्तक दे दी परन्तु सामाजिक परिवेश में अंतर न के बराबर आया । वही डर, वही बेगारी, लूट, हिंसा में कोई कमी न आई। अधिकांश गाँव थानेदारों व जमींदारों की मिली जुली सत्ता से त्रस्त थे ।

पं. ठाकुरदास जी छिपरी में सुखी जीवन बिता रहे थे। जमींदार के पुरोहित होने से सामाजिक छवि उनकी काफी अच्छी थी। इसके अलावा जमींदार परिवार की यह परम्परा थी कि 'कुलगुरु' को पूज्य माना जाता था और इस परम्परा के निर्वाह में श्री गणेश सिंह जी कभी कोई कमी न आने देते थे, रिवाज के तहत भोजन बनते समय पहली रोटी पुरोहित जी की कन्या के लिए निकाली जाती थी और उसके बाद ही प्रसाद रूप में सब भोजन करते थे ।

कृपाराम जी बीच-बीच में अपने गाँव आरी जाते आते रहते थे और अनेकों बार तो दो-तीन माह आरी में ही गुजार देते आखिर पुश्तैनी जमीन जायदाद थी फिर पुराने लोग । प्रथम बार जब उनकी पत्नी गर्भवती हुईं, तो कृपाराम जी की इच्छा थी कि प्रथम संतान आरी में ही पैदा हो। 1965 के जुलाई माह में उनको कन्या रत्न की प्राप्ति हुई, जिसका नाम शशि रखा गया । ठाकुरदास मिश्र भी अपनी नवासी के जन्म पर बेहद प्रसन्न थे । उनका नाम तो आगे चल ही निकला था । कृपाराम जी भी अपने श्वसुर का पूर्ण ख्याल रखते थे ताकि उनको बेटे की कमी न खल पाये । कृपाराम जी को ग्राम में फैला आतंक व बेगारी जरूर खलते थे। पर दो बातों ने उन्हें जंग छेड़ने से खिलाफियत करने से रोके रखा। पहली तो यह कि स्वयं उनके श्वसुर ही जमींदार खानदान के पुरोहित थे और दूसरी बात कृपाराम जी स्वयं शासकीय नौकरी में थे । अत्यंत स्वाभिमानी कृपाराम जी को सदैव यह बात डराती रहती कि उनकी वजह से उनके श्वसुर को कोई बात न सुननी पड़े। इसके अलावा उन्हें किसी व्यक्तिगत परेशानी का कभी सामना करना ही न पड़ा क्योंकि एक तो सारा गाँव उन्हें दामाद की तरह ही इज्जत देता, दूसरा छोटी नौकरी के बावजूद प्रशासन के उच्च अफसरों में उनकी कर्तव्य निष्ठा व तेज अकल की गहरी छाप थी जिससे उच्च अफसरों का उन्हें सदैव वरद् हस्त प्राप्त रहता था और यह बात गाँव में सभी व्यक्ति जानते थे ।

रहस्यमयी छिपरी

गाँव के बुजुर्ग बताते हैं कि छिपरी तपस्वियों एवं ऋषि मुनियों की तपस्थली है। यहां भूत प्रेती की घटनायें एवं प्रेत लीलाऐं इतनी ज्यादा हुआ करती थीं कि आसपास के सभी ग्रामों में दहशत व्याप्त थी ।

80 के दशक तक यहां भूत-प्रेतों की सेना निकलती कई लोगों ने अपनी आँखों के समक्ष देखी, जिसमें घुड़सवार, पैदल सैनिक, सेनापति आदि पूरी एक पल्टन के रूप में रात्रि में बारह बजे के आसपास निकलते थे। बताते हैं कि लगभग चार सौ वर्ष पूर्व एक फौज की फौज यहाँ समाप्त हो गई थी जिसे शत्रुओं ने धोखे से मरवा दिया था। उस फौज के सभी लोग प्रेत बन गए और उस फौज के जो गुरु थे, वह सिद्ध के रूप में स्थापित हो गए । प्रेतों की यह फौज सिद्ध बाबा के ही सानिध्य में रहने लगी और यही रातों में, लोगों को दिखाई देती थी । प्रेतों की यह फौज गैस - बत्तियों व पूरे लावो -लश्कर के साथ निकलती थी और गाहे-बगाहे, अगर कोई ग्रामवासी उनसे टकरा गया तो सुबह आने पर वह या तो मृत अवस्था में मिलता था, या पागल हो जाता था और कई बार प्रेतों द्वारा चेतावनी देकर छोड़ दिया जाता था ।

जिनको चेतावनी देकर छोड़ दिया गया वह ग्राम में आकर बताते थे कि रात में वह लोग एक किले में जाते हैं, उन सभी लोगों के पास तमाम खजाना है, और इसी प्रकार की ढेर सारी अविश्वसनीय हैरतअंगेज बातें | जंगल में जहाँ पर किले का जिक्र करते, सुबह वहाँ जाने पर कुछ भी नामोनिशान तक न मिलता । छिपरी की यह प्रेत लीला 1975 तक दिखती रही, फिर दिखना क्रमशः बन्द हो गयी । छिपरी की गुफा जो कि सिद्धों की गुफा के नाम से मशहूर है अपने अंदर तमाम रहस्य छिपाये हुए है। यह गुफा गाँव से तकरीबन आधा किलोमीटर आगे जाने पर गिट्टी मार्ग के बगल में स्थित पहाड़ी के ऊपरी सिरे पर मौजूद है। इस गुफा के दो मुहाने है और दोनों मुहानों के मध्य तकरीबन 5 फीट का फासला है, इस फासले में ही दोनों के मध्य एक पत्थर की दीवार है ।

अगर इस दीवार को तोड़ दिया जाए तो यह एक बड़े मुहाने वाली गुफा बन जाऐ। इन मुहानों से अंदर जाने पर पत्थर की दीवार ऊपर से नीचे की ओर झुकती चली जाती है और लगभग बंद हो जाती है । मात्र एक छोटा सा छिद्र दिखाई देता है जिसमें से एक बिल्ली आराम से अंदर जा सकती है। दोनों मुहाने इस तरह से उस अंदर वाली गुफा से जुड़े हुए है, कि यह स्पष्टतः समझ में आता है कि अंदर एक बड़ी गुफा है जिसके यह दोनों दरवाजे हैं। अगर एक मुहाने से बिल्ली को छोड़ दिया जाये तो पंद्रह सैकेण्ड में वह दूसरे मुहाने से बाहर निकल सकती है।

रविश्री के संबंध में जो कहते हैं कि वह छिपरी में किसी गुफा के अंदर जाते थे वह यही गुफा है। बाहरी गुफा का निचला भाग समतल है जिसमें करीब 4–5 लोग बारिश से बचने के लिए आराम से बैठ सकते हैं, और जो दूसरा मुहाना है, वह थोड़ा सँकरा है, परन्तु उसके अंदर भी मात्र दो व्यक्ति बैठ सकते हैं । वृद्ध लोग बताते हैं कि प्रति गुरुवार को इस स्थान पर बैठक हुआ करती थी और कुछ खास व्यक्तियों पर आत्मायें आया करती थीं और लोगों की समस्यायें सुलझाया करती थीं ।

श्री गणेश सिंह जी जमींदार तो अब नहीं रहे, उनके पुत्र सोबरन सिंह बताते हैं कि जो आत्मायें लोगों पर आती थीं, वह कभी किसी व्यक्ति को पकड़कर ले जाती थीं, और जंगल के अंदर तमाम गुफायें घुमा लाती थीं, लौटकर व्यक्ति बताते थे कि उन गुफाओं में अनेकों महात्मा ध्यानावस्था में (निमग्न) दिखाई देते थे ।

यदा-कदा उन साधनारत् संतों द्वारा प्रसाद भी मिल जाता था । किन्तु जिस व्यक्ति पर वह आत्मा सवार होती थी जो कि हाथ पकड़कर ले जाता था, उस व्यक्ति को कुछ याद न रहता, आश्चर्य जनक यह भी रहता कि खोजने दुबारा पर वह गुफायें पुनः नहीं मिलती थीं, यह अनुभव ग्राम के कई व्यक्तियों के साथ गुजरा था।

गांव में लगभग 50 वर्ष पूर्व हैजे का प्रकोप फैल गया था उस समय इसी गुफा की सिद्ध - आत्मा के पास सभी गाँव वाले एकत्रित हुए तब उस पवित्र आत्मा ने ही एक व्यक्ति के माध्यम से लोगों को आशीर्वाद दिया कि आज के बाद कोई व्यक्ति इस रोग से नहीं मरेगा। ग्राम वासियों का विश्वास है कि तब उन्हीं सिद्ध आत्मा की वजह से ही गाँव बच पाया था।

इस गाँव के लोगों का मानना है कि अभी भी जंगल में कई महात्मा इन अदृश्य गुफाओं में ध्यानावस्था में तप कर रहे हैं। दो मुंह वाली गुफा जो कि पहाड़ी के ऊपरी सिरे से लगभग 7-8 फीट नीचे है, वहां तक पहुँचने के लिए गाँव वालों द्वारा सीढ़ियों का निर्माण कर दिया गया है, सीढ़ियाँ सीधी पहाड़ी के ऊपर जहां समतल छोटा सा मैदान है वहाँ तक जाती हैं। इस मैदान में शीतला माता के मंदिर का निर्माण किया गया है एवं एक हवन कुंडी व दो कमरे भी बनवाए गए है ।

"शीतला माता" की मान्यता है कि यह भी अत्यंत प्राचीन स्थल है, जिस वजह से इस गुफा को लोग " शीतलन की गुफा " के नाम से भी जानते हैं । आप सीढ़ियों से नीचे उतरिए और गाँव से जिस गिट्टी रोड से इस पहाड़ी तक आए थे उसी रास्ते पर और आगे जाने पर श्री सिद्ध बाबा का चबूतरा मिलता है। यहाँ की भूमि में एक दिव्यता, एक आकर्षण दिखाई देता है, जबकि साधारण चबूतरे के अतिरिक्त कुछ भी नहीं है, इसके एक और खेत लगे हैं व हुए जिस रास्ते से यहाँ तक आते हैं उसके दूसरी ओर मैदान व झाड़ियाँ हैं गांव वासियों में इस चबूतरे की भी बहुत मान्यता है, कहते हैं यहां पर जो भी मनोकामना माँगो वह पूर्ण हो जाती है।

ये प्रेत लीलाऐं, आत्माओं की कहानियाँ, गुफाओं के रहस्य, सुनने और घूमने में ऐसा लगता है कि यहाँ एक अद्भुत तथा रहस्यमयी वातावरण है जो कि दिव्यता का आवरण अपने सिर पर ओढ़े हुए है।