अध्याय 3
पूर्वजन्म – पुनर्जन्म
कुदरत का करिश्मा है
या कि जलवा आसमानी है
दिमागोऽदिल करो चौकस
ये मामला रूहानी है
- मंजुल कुण्डेश्वर
पूर्वजन्म – पुर्नजन्म ......!
पुर्नजन्म एक शाश्वत सत्य है, परामनोविज्ञान ने सनातन धर्म के इस चिरस्थापित सत्य को अनुभव की कसौटी पर प्रत्यक्ष कर दिया है कि व्यक्ति का पुर्नजन्म होता है । पुर्नजन्म के बाद अगर आपको पिछले जन्म की कुछ बातें याद रहती हैं, तो इन दोनों जन्मों के मध्य एक कड़ी स्वतः बन जाती है ।
आपका पिछला जन्म कहां हुआ था ? आपका परिवार कैसा था ? आपका कार्य क्षेत्र कैसा था ? फिर कैसे मृत्यु हुई ? यह सब जानना अपने आप में बेहद रोमांचक है। ध्यान, साधना, योग या किसी सिद्ध पुरुष के माध्यम से आप इस रोमांचक अनुभव को प्राप्त कर सकने में सफल हो सकते हैं। बेशक जरूरत एक लगन की है ।
अगर आप अपनी जिन्दगी को एक दार्शनिक या दृष्टा के अंदाज में देखें तो कई आदतों के, कई कार्यों के बारे में आपको खुद ही लगेगा कि मेरी यह आदत क्यों है ? या मैं ऐसा क्यों सोचता हूँ ? या मेरी ऐसी मानसिकता के पीछे क्या वजह है ? और चाह कर भी इस जन्म के किसी कारण से जोड़ पाने में आप असमर्थता महसूस करेंगे। मसलन पिछले जन्म में अगर आपकी मृत्यु किसी ऊँचे स्थान से गिरने की वजह से हुई तो संभव है कि आप इस जन्म में ऊंचाई से डरें, अब आप लाख सोचते रहें कि ऐसा क्यों है ? मुझे ऊँचे स्थान पर जाने से डर क्यों लगता है ? आपको जवाब मिले भी तो कैसे ? जीव अगला जन्म लेते समय अपनी आदतों, अपने रोमांचक अनुभवों का सार भुला नहीं पाता, और यही संस्कार बनकर उसके साथ जन्म लेते हैं ।
पुर्नजन्म के बारे में ब्रह्माण्डोपनिषद् में स्पष्टतः कहा गया है कि 'केवल वही जीवन नहीं होता जिसके एक ओर जीवन दूसरी ओर मृत्यु' । यह परिभाषा अधूरी है बेमानी है, उसी तरह जैसे आप एक लम्बी रस्सी को अपने कमरे से गुजरने दें, तो आप सिर्फ उतने ही भाग को देख सकते हैं जो आपके सामने है, जबकि वह आगे तक गई है और बहुत पीछे से चली आ रही है । शरीर के लिए शास्त्रों में कहा गया है कि यह उसी तरह है जिस प्रकार आप अपने कपड़े पुराने होने पर फेंक देते हैं ओर नये पहन लेते हैं ।
उसी प्रकार शरीर जब रोग ग्रस्त, कमजोर, कट- फट जाता है तो आपके प्राण आपकी आत्मा उस शरीर को छोड़कर एक नया जीवन धारण करती है, पर जीवन का अस्तित्व तो उस पहले शरीर पर भी था, और वर्तमान शरीर पर भी । उस जीवन की स्मृतियाँ, चिंतन, विचार भी जन्म लेते समय साथ में इस जीवन में आ गए। संभव है वर्तमान जिन्दगी में जो आपके पति या पत्नि है उनसे पूर्व जन्म की जिन्दगी में संबंध शत्रुवत रहे हों अब इस जन्म में आप पति-पत्नि चाह कर भी एक दूसरे के प्रति अनुरक्त या लगाव अनुभव नहीं करते, और दूसरी ओर एक व्यक्ति जो आपका कोई नहीं, आप उसके प्रति बेहद आकर्षण महसूस कर रहे हैं । आप परिस्थितिवश उसके साथ वैवाहिक जीवन में नहीं बंध सकते फिर भी आपकी आत्मा बार-बार आपको उसकी ओर आकर्षित कर रही है । समाज का बंधन आपको रोक रहा है, या आप विवाहित हैं, फिर भी वो आपको बेहद समीपता का एहसास दिला रहा है या रही है, क्यों ? संभव है वह आपके पिछले जन्म का पति, पत्नि या प्रेमी प्रेमिका हो । प्राण और जीवन तो उसी को पति या पत्नि मानेंगे जो पिछले जीवन में रहा । देह...... समाज...... परिस्थितियाँ..... कहेंगीं यह गलत है पर उससे मिलाने में कुदरत भी आपका भरपूर सहयोग करती है । इसलिए अक्सर ये कहते सुना जाता है कि वो तो संस्कार था कि न चाहते हुए भी वहाँ विवाह हो गया, या चाहते हुए भी न हो पाया ।
इसी तरह के वर्तमान जीवन के अनेकोंनेक प्रश्न पूर्व के जीवन से एक कड़ी के रूप में जुड़े रहते हैं । बस दुर्भाग्य (या सौभाग्य) यहाँ है, कि आपको पिछला जन्म याद नहीं रहता पर देह से भी जीवन ज्यादा प्रामाणिक है । अतः पिछले संबंधों को, संस्कारों को नकारा नहीं जा सकता ।
उपनिषद् में जिन तीन तरह के शरीरों का वर्णन किया गया है वे है स्थूल शरीर (ग्रास बॉडी), सूक्ष्म शरीर (सबल बॉडी) और कारण शरीर (कॉजल बॉडी)। इन शरीरों में ही छिपा हुआ है मृत्यु का रहस्य । सूक्ष्म शरीर व कारण शरीर पर एकत्रित ज्ञान, संस्कार वासनायें अपने गुणों के अनुसार पुनः स्थूल शरीर धारण करती हैं।
पूर्व जन्म के संस्कारों व घटनाओं को ध्यान एवं योग के द्वारा योगी पुरुष सहज ही जान लेते हैं और अब तो इन रहस्यों को सम्मोहन क्रिया द्वारा जानकर भी अनेक अनसुलझे रहस्यों को सुलझाने में मदद मिल रही है। जब व्यक्ति सम्मोहन की तन्द्रावस्था में होता है तो उसका चेतनमन अर्द्धसुप्त हो जाता है और अचेतन मन सुझाव के अनुसार क्रिया करने एवं सम्मोहन कर्ता के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए संवेदनशील हो जाता है । सुझाव व संकेतों के द्वारा उस व्यक्ति के अचेतन के कई जन्म-जन्मान्तरों के स्मृति भंडारों को खोल दिया जाता है । व्यक्ति फिर केवल अपने कई जन्मों के रहस्यों को परत दर परत खोलता ही नहीं बल्कि अपने बीते हुए समय को बाकायदा अनुभव करता है ।
एक बार सम्मोहन के प्रयोग के दौरान न्यूयार्क की रहने वाली महिला ने अपने आपको लंदन के पुल पर खड़े देखा। सम्मोहन कर्ता 'मेजर नाइट' के प्रश्न पूछने पर उसने बताया " मैं देख रही हूँ कि मैं तकरीबन 44 वर्षीय महिला हूँ, कद में बेहद छोटी हूँ, मैं देख सकती हूँ कि मेरी बाँहों पर मांस के बड़े-बड़े लोथड़े लटके हुए हैं ।
अचानक महिला के मुंह से चीत्कार भरी आवाजें निकलने लगती हैं। कुछ समय बाद वह दहशत भरी आवाज में कहती हैं 'उन सभी लोगों ने मिलकर मुझे फांसी दे दी' । इस महिला के पूर्वजन्म की इस दुखद घटना को जानकर पुर्नजन्म में उसकी अनेक मानसिक बीमारियों को ठीक किया गया। आमतौर पर अनेकों घटनाओं में छोटे बच्चे अपने पिछले जन्मों की स्मृतियाँ साथ लेकर आते हैं और फिर क्रमशः धीरे-धीरे भूल जाया करते हैं । कई लोगों को धुंधली सी यादें शेष रह जाती हैं। कई लोगों को स्वप्न में पूर्वजन्म संबंधी दृश्य देखने को मिलते हैं ।
पूर्वजन्म के याद आने की घटना का इस जीवन पर क्या प्रभाव पड़ेगा यह इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति को पूर्व जन्म की स्मृतियों का याद आना कब से शुरू हुआ। कई प्रकरणों में वह स्मृति भंडार अचानक खुल जाता है और फिर स्मरण करने पर सब याद आता चला जाता है ।
पर इन सभी प्रकरणों में जो कि अब तक सामने आए हैं, एक बात देखी गई कि पूर्वजन्म की स्मृतियाँ लिए बच्चे जब इस जन्म में आते हैं तो इस आश्चर्य में रहते हैं कि हम कहाँ आ गए ? हमारा घर तो कोई और था, हमारे माता पिता तो कोई और थे, मेरी पत्नी, मेरे बच्चे थे ? परन्तु यह जगह तो बिलकुल नयी है और उनका यह आश्चर्य स्वाभाविक भी है, क्योंकि उन्हें इस बात का अहसास नहीं रहता कि यह दूसरा जन्म है एवं हमारे पिछले जीवन की मृत्यु हो चुकी है । और जब तक वह परिपक्व नहीं हो जाते तब तक इसी आश्चर्य से दो चार होते रहते हैं । अब चिंतन योग्य विषय यह है, कि अगर आपको नया जीवन लेते समय यह भली भांति अच्छी तरह एहसास हो कि आप पुर्नजन्म की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, तात्पर्य कि आप पूर्ण रूप से जन्म लेते समय चैतन्य हैं कि आपने अपना नया जन्म लिया है। हर अनुभव, हर घटना पिछले जीवन से जुड़े तमाम संस्कार आपके साथ हैं तो क्या होगा ?
अगर आप पिछले जन्म में भौतिक शास्त्र के प्रोफेसर या वैज्ञानिक रहे हैं, और इस जन्म में जैसे ही आप चलने फिरने बोलने के काबिल हुए और आपको पहली कक्षा में प्रवेश दिलाया जाता है तो आपका हाल क्या होगा ? आपको लोग बच्चे की निगाह से देख रहे हैं और आप भी यह समझ रहे हैं कि मुझे बच्चा समझा जा रहा है। अन्ततः आपको समझौता करके क ख ग .... ही पढ़ना होगा ।
क्योंकि अगर आपने E=MC 2 सिद्ध करने की कोशिश की तो यह आपकी परिस्थितियों पर निर्भर करता है कि आपको ओझा के पास ले जाया जाता है या मनोवैज्ञानिकों के पास और बहुत संभव है कि मनोचिकित्सक के पास ।
अब आप गंभीरता पूर्वक उपरोक्त घटना या समस्या पर विचार करें और यह समझने का प्रयास करें कि वास्तव में अगर आपके साथ ऐसा ही हो जाये तो आप क्या करेंगे ?
क्योंकि संत रविशंकर परमहंस के साथ इसी तरह का वाकया गुजरा । यह एक परमहंस का पुर्नजन्म है । "परमहंस " योगी की सर्वश्रेष्ठ एवं उच्चावस्था ‘जहां वेदान्त का अद्वैत योगी' कहता है 'अहं ब्रह्मस्मि, द्वितीयोऽनास्ति ।
अर्थात् योग द्वारा योगी इस अवस्था में पूर्णता को प्राप्त कर लेता है । ब्रह्माण्ड में दूसरा कुछ है ही नहीं, पूरा ब्रह्माण्ड मेरे अंदर समाहित है । इस अवस्था को ही अद्वैत अवस्था कहा गया है । यह एक अद्वैत योगी का पुनर्जन्म है जिसे अपने कई पिछले जन्म याद थे, हरेक अनुभव हरेक संस्कार हर वक्त इनके साथ था । अगर यह ही मान लें कि पिछले सिर्फ दो जन्मों की उम्र का तजुर्बा यह अपने साथ संपत्ति के रूप में लिए थे तो इनकी आयु पैदा होने के पूर्व ही साढ़े तीन सौ वर्ष थी क्योंकि पिछला जन्म भी मिले प्रमाणों के अनुसार 250 से 300 वर्ष की आयु भोग चुके संत का था । रविशंकर परमहंस के संबंध में वो तमाम बातें जिन्हें आप हम जानना चाहते हैं कि कैसे अहसास होता है कि ये जन्म के समय ही साढ़े तीन सौ वर्ष के थे, कौन इनके माता पिता हैं, कहाँ इनको सिद्धि मिली, कौन गुरु था कैसे ये रावतपुरा आ गए हमें मध्यप्रदेश के एक बेहद शांत और खूबसूरत जिले टीकमगढ़ के ग्राम छिपरी चलना होगा जो कि संत रविशंकर परमहंस की इस काया की जन्म स्थली है, जहां इनके जन्म के साथ वही वाकया गुजरा जिसके लिये मैं आपसे महसूस करने को कह रहा था, और जिसके चलते आलम यह बना कि लोग इन्हें बच्चे की निगाह से देख रहे थे और ये लोगों को बच्चों की निगाह से ।