अध्याय 14
यूँ हुआ प्रारम्भ आध्यात्मिक क्रांति का
प्रथम यज्ञ रावतपुरा
30 दिसंबर 1990
रविश्री इस बार लहार नहीं गए, बल्कि सीधे ही रावतपुरा सुरेश त्रिपाठी के घर पहुंच गए और अपने रुकने के इरादे से सुरेश को वाकिफ करवाया। सुरेश ने इसे अपना अहोभाग्य समझा और तत्काल ही अपने घर की बैठक का सामान बाहर निकलवाया, सफाई आदि कर उसमें रविश्री के लिए तखत डलवाकर आसन की एवं लेटने की व्यवस्था कर दी । लोग इस समय तक रविश्री की चर्चायें सुन चुके थे, जैसे ही उनके पुनरागमन की सूचना उन्हें मिली तुरंत ही रविश्री के इर्द-गिर्द जमा होने लगे । रविश्री ने सबसे पहले हिदायत दी कि 'मैं यहाँ रुक तो रहा हूँ, पर कृपया आप लोग मेरे कमरे के अंदर किसी भी व्यक्तिगत विवाद की चर्चा कदापि नहीं करेंगे और न ही फालतू और खाली समय काटने की नियत से कभी यहाँ भीड़ लगायेंगे' |
इसके बाद रविश्री ने रावतपुरा के लोगों को बुलाकर सुरेश के घर पर ही पहली जनवरी 1991 को सभी के आगे यह प्रस्ताव बेहद ठोस अंदाज में रखा कि 'यहाँ के मंदिर पर हम एक यज्ञ करवाना चाहते हैं, और इस यज्ञ में आप सभी का साथ जरूरी है ।
टोला, रावतपुरा, बिजौरा यह तीनों गाँव नाम मात्र को अलग-अलग हैं, यहाँ सरपंच भी तीनों गाँवों से एक ही चुना जाता है ।
इन गाँवों में शराब, लड़ाई-झगड़े का माहौल कदापि नहीं है, लेकिन न सिर्फ इन गाँवों बल्कि समूचे जालौन क्षेत्र में लोगों के अंदर पलता अहम् नाम का जानवर इस कदर आतंक और मनमुटाव का सबब बना हुआ है जिसकी वजह से एक दूसरों की जिंदगी जीना तो लोग मुहाल किए ही हैं, स्वयं भी इस अहम् समस्या से बुरी तरह पीड़ित हैं। लोग कहने में हिचकते हैं, वरना दस्यु समस्या तो इस समस्या के बहुत बाद में है । रविश्री शायद इस समस्या से वाकिफ थे इसलिए वह हर गांव में जाकर प्रतिष्ठित व्यक्तियों से खुद मिले और सभी से यह कहा कि "हम यज्ञ करवाना चाहते हैं, और आपका सहयोग चाहते हैं, आपके सहयोग के बगैर यज्ञ कतई सफल नहीं हो सकता । "
धीरपुरा यज्ञ का अनुभव कदम-कदम पर रविश्री के साथ था और धीरपुरा यज्ञ ने रविश्री की इच्छा शक्ति को किस कदर दृढ़ बना दिया था, इसका अनुमान इस बात से सहज ही लग जाता है, कि प्रथम आगमन पर भंडारे के दौरान सुरेश व श्याम ने जब रविश्री से कहा कि 'यहाँ यज्ञ तो क्या तीनों गाँवों को लेकर चलने की बात करें तो सत्यनारायण की कथा भी नहीं हो सकती, तो इस बात का रविश्री ने जवाब खामोश मुस्कुराहट से दिया था और इसके बाद यज्ञ की कोई चर्चा नहीं की, अंत में विदा लेते समय रविश्री ने कहा कि अगली बार आकर यज्ञ करेंगे । और इस बार सीधे आकर रुके और यज्ञ होना है, इस बात को लेकर मीटिंग बुला ली | इन सब बातों से यही लगता है, कि रविश्री ने समझ लिया था कि "आपको सफलता चाहिये तो उसे अपना लक्ष्य मत बनाइये, बस जो कुछ आपको अच्छा लगता है और जिसमें आपकी आस्था है, वही करते चले जाइये सफलता सहज ही आपको मिल जायेगी।”
जहां जरूरत महसूस करते रविश्री स्वयं की क्षमतायें भी दिखा देते थे, किस हद तक दिखाना है यह सामने वाले व्यक्ति पर निर्भर रहता, जहाँ जरूरत होती स्वयं दीन-हीन लड़का बाबा भी बन जाते, पर एक-एक करके यज्ञ की घोषणा के पूर्व तीनों ही गाँवों के प्रभावी व्यक्तियों से मिलकर आप 'घोषणा के सफल होने की तैयारी कर चुके थे, कोई घोषणा का विरोध न करे आधा यज्ञ तो यहीं सफल हो जाता, 'अच्छी शुरुआत मतलब आधा कार्य समाप्त' ।
ग्राम टोला के नारायणदास व्यास कहते हैं कि "जब वह पहली बार मेरे पास आए, मैं स्कूल में पढ़ा रहा था । इन्होंने आकर स्वयं अपना परिचय दिया और यज्ञ करवाने की इच्छा जाहिर की " । व्यास जी, ग्राम टोला में ही रहते हैं एवं यहीं पर स्थित शासकीय स्कूल के हेड मास्टर भी हैं । व्यास जी ने यज्ञ में सहयोग का आश्वासन दिया, पर यज्ञ में 'अर्थव्यवस्था आशानुरूप नहीं हो पायेगी' यह चिन्ता भी जाहिर की क्योंकि बाढ़ की वजह से आदमी पैसे से टूट चुके थे। रविश्री ने कहा कि आप तो अपना सहयोग भर दीजिये, पैसा तो कहीं न कहीं से आ ही जायेगा । रविश्री की सरल बातों ने व्यास जी को प्रभावित किया तो वो पास ही स्थित अपने घर रविश्री को ले गए। इस समय तक व्यास जी रविश्री के चमत्कारों से कतई वाकिफ ने थे। किसी बातचीत के दौरान व्यास जी ने अपने पिता का नाम लिया तो रविश्री ने व्यास जी को उनकी पिछली सात पीढ़ियों के नाम एक-एक कर गिनवा दिए। एक सत्रह वर्ष के बालक के मुँह से अपने उन बुजुर्गों के नाम जिन्हें वह भी नहीं जानते थे, सुनकर व्यास जी दंग रह गए। उन्हें मात्र अपनी पिछली तीन पीढ़ियों की जानकारी थी । इस समय तक आपके चाचा जो लगभग 100 वर्ष के थे एवं जीवित थे उनसे तुरंत तसदीक की गई तो उन्हें भी मात्र पिछली छः पीढ़ियों तक के नाम ही याद थे, और वह नाम ठीक वही थे, जो रविश्री ने बताये थे, मतलब सातवाँ नाम भी सही ही होगा । व्यास जी कहते हैं कि 'इस घटना ने मुझे उनकी दिव्य शक्तियों का अहसास करवा दिया था, मैंने तुरंत ही टोला के व्यक्तियों को बुलाकर कहा कि यह बालक अवस्था में जो साक्षात् संत हैं, एक यज्ञ करवाना चाहते हैं, हम सभी को उसमें अपना सहयोग देना है ।
"रावतपुरा मंदिर में एक यज्ञ संपन्न होना है, इसमें सभी का सहयोग आवश्यक है, इस यज्ञ की तारीख 28 अप्रैल से 6 मई सुनिश्चित की गई है।"
13 जनवरी 1991 अर्थात् मकर संक्राति पर्व से एक दिन पूर्व यज्ञ की यह घोषणा रावतपुरा मंदिर पर सभी प्रभावी, निष्क्रिय, सक्रिय व्यक्तियों के समक्ष की गई और तुरंत ही उपस्थित सज्जनों से पहले पहल चंदे की अपील की गई ताकि प्रारंभिक कार्यों को गति मिल सके जैसे रसीद कट्टे छपवाना, पर्चे छपवाना आदि ।
इसी समय की एक मनोविज्ञान से ताल्लुक रखती मजेदार बात बताते हैं सरनामसिंह कि जब चंदे की बात शुरु ही हुई थी कि 'प्रारंभिक कार्यों के लिए कौन कितना चंदा दे रहा है ? तब एक मजदूर व्यक्ति ने जो कि अत्यंत दीन-हीन था आगे आकर सबसे पहले बोल दिया कि 'मेरी तरफ से पाँच सौ रुपये' उसका यह बोलना था कि लोगों में निहित उस व्यक्तिगत समस्या जिसकी ओर अभी मैंने दस्यु समस्या से खतरनाक समस्या कहकर जिक्र किया था, की वजह से बढ़-चढ़कर बोलना अत्यंत आवश्यक हो गया और देखते ही देखते प्रारंभिक समस्याओं से जूझने हेतु एक विपुल राशि एकत्रित हो गई ।
अहम् नाम की समस्या को लेकर जहां लोगों में मनमुटाव था वहीं इस यज्ञ की घोषणा होते ही तीनों गाँवों के लोगों में एकता, आपसी सहयोग और धार्मिक सद्भावना का मिला-जुला रूप देखने में भी आया । उस गंभीर समस्या को तो रविश्री ने अपनी सहज बुद्धि से मार ही डाला था, इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य दुर्भावना की किर्च तक इन गाँवों में नहीं थी। यज्ञ की घोषणा वाले दिन अर्थात् 13 जनवरी को ही प्रमुख समस्या आई कि मंदिर पर बिजली और पानी नहीं है ।
मगर जब तक यह समस्या भीषण रूप धारण करके अपना मुँह फैलाती, श्याम त्रिपाठी ने तुरंत ही यह कहकर कि 'यह मेरी जवाबदारी है' इस समस्या को अपनी आगोश में ले लिया और इस तरह से यह कहें कि इतने सुंदर ढंग से किसी भी कार्यक्रम की शुरूआत रविश्री को कहीं और देखने में नहीं आई होगी, तो गलत न होगा। हालांकि इस आलीशान शुरुआत के पीछे रविश्री के तमाम अनुभव और सहज बुद्धि का स्पष्ट हाथ होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता ।
यज्ञ के 'कोषाध्यक्ष' श्री नारायण दास व्यास एक मत से घोषित किए गए और साथ ही सभी समितियाँ गठित हुईं। जनवरी में घोषणा और अप्रैल के अंत में यज्ञ ?
इस लंबे अंतराल के पीछे सोनमृगा द्वारा हाल ही में किया गया भीषण उपद्रव था। जिस वजह से विचार विमर्श के बाद यह तय हुआ कि पहले अगली फसल आ जाये, ताकि बाढ़ पीड़ित व्यक्ति संभल जायें, और यज्ञ में सहयोग देने हेतु समर्थ भी हो जायें। इसके बाद ही यज्ञ करवाना उचित और उल्लासपूर्ण होगा ।
13 जनवरी से 28 अप्रैल तक (1991)
यज्ञ की तैयारियों के अलावा अन्य जो महत्वपूर्ण घटनायें हैं उनमें से प्रमुख है, रविश्री द्वारा अपने पूर्वजन्म की चर्चा करना । सर्वप्रथम आपने सुरेश एवं स्वामीदीन जी से कहा कि हम पूर्वजन्म में गुइयाँ बाबा थे और यह हमारा पहले का जाना-पहचाना क्षेत्र है । यह चर्चा उन्होंने क्यों शुरु की इस बारे में स्वामीदीन जी कहते हैं, कि 'यज्ञ' की तैयारियों के दौरान आपने एक दो बार आसपास के खेतों का जिक्र करते हुए कहा कि यह जमीन तो अमुक व्यक्ति की है । जिस व्यक्ति का नाम वह वर्तमान की तरह लेते, वह व्यक्ति तो अब भूतकाल में आ चुके थे, एवं उनके नाती-पोते वर्तमान में उस भूमि पर काबिज थे, तो हम लोगों को रविश्री की क्षमताओं का आभास होते हुए भी हैरत होती, फिर कई बार जब इनकी सिद्धियों के बारे में प्रश्न किए तो एक बार उन्होंने कह ही दिया कि हम स्वयं सिद्ध संत हैं व पूर्वजन्म में गुइयाँ बाबा के नाम से इसी क्षेत्र में रहते थे यह हमारा दूसरा जन्म है ।
स्वामीदीन जी को यह बात पता थी कि गुइयाँ बाबा संत का कुछ सामान नारायणदास जी व्यास के यहाँ रखा हुआ है । अतः उन्होंने जाकर व्यास जी से कहा कि वह जो चमत्कारी संत है, वह खुद को गुइयाँ बाबा कह रहे हैं । तब नारायणदास जी ने उन्हें बुलाकर परीक्षा ली । (पढ़िये आगे रोमांचक अनुभव नामक शीर्षक में ) जिसमें रवि श्री खरे उतरे तो सभी व्यक्तियों के अंदर से संदेह की परत अपने आप उतरने लगी क्योंकि यद्यपि रविश्री ने अपनी क्षमताओं व चमत्कारों द्वारा अपने सिद्ध होने का प्रमाण दे दिया था परंतु आज के युग में सहज विश्वास जम पाना इतना आसान नहीं होता फिर दस्यु पीड़ित इस क्षेत्र में संदेह की भावना लोगों के स्वभाव में स्वाभाविक रूप से कुछ ज्यादा ही है, यह कहना भी गलत न होगा । बहरहाल 'गुइयाँ बाबा का पुनर्जन्म ही रविश्री है', इस सत्य के स्थापित होते ही लोगों के अंदर इस युवा संत के प्रति आस्था उत्पन्न होने लगी। आस्था की परिभाषा भी तो यही कहती है, कि 'आप की सहज बुद्धि आपको किसी व्यक्ति पर विश्वास न करने को कहे और आप फिर भी उस पर विश्वास करें तो यही होती है 'आस्था' ।
इसी दौरान यह बात स्थापित होने के बाद कि रविश्री ही गुइयाँ बाबा हैं, सुरेश त्रिपाठी ने रविश्री से पूछा कि आपको और कितने पूर्व जन्म याद है? रविश्री ने सहज भाव में जवाब देते हुए कहा कि मुझे अपने अनेक पूर्व जन्मों की जानकारी है, परंतु तुम लोग जानकर भी क्या करोगे ? मैं भी गृहस्थ जीवन बिता चुका हूँ और पिछले पाँच जन्मों में मुसलमान भी रह चुका हूँ, ठाकुर भी रह चुका हूँ यादव भी रह चुका और लगातार दूसरी बार ब्राह्मण परिवार में जन्म लेने के बाद तुम लोगों के सामने हूँ । सुरेश त्रिपाठी कहते हैं कि “हम लोग उनकी यह बातें सुनकर दंग रह गए थे, उनका कहना था कि मेरे पिछले जन्मों के परिवार अभी भी श्रृंखला के रूप में बढ़कर मेरे सामने हैं, मैं उन सबसे परिचित हूँ उन लोगों को बताने से फायदा क्या है ? ( इस बात के कई दिन बाद अपने पूर्वजन्म के मुस्लिम परिवार की बढ़ी हुई श्रृंखला के एक किरदार से रविश्री ने सुरेश का परिचय भी करवा दिया था, पढ़िये रोमांचक अनुभव)
इस दौरान रविश्री लगातार लोगों से सहयोग की अपील करते घूमते रहे । खड़ौआ के एक बालक का रविश्री के बारे में कहना था कि 'चंदा उगाने में उनका कोई सानी नहीं है । जिस व्यक्ति से आपको कतई उम्मीद न हो रविश्री उससे भी पार उतनी ही आसानी से पा जायेंगे' । रविश्री इस बात में सिर्फ चमत्कारों की वजह से आगे हों ऐसा कतई नहीं था । मगर कुछ तो है । शायद व्यक्ति अंदर ही अंदर रविश्री से अपनी धार्मिकता की तुलना कर शर्मिन्दगी में आ जाता है, या रविश्री उसे किसी तरह इस सच से वाकिफ करवा देते हैं, कि 'अगर आप के हृदय में दानशीलता नहीं है, तो आपको सबसे बुरा और गंभीर किस्म का हृदय रोग है ।
इस दौरान रविश्री ने आसपास के क्षेत्र का दौरा तो किया ही लोगों को यज्ञ के प्रति जागरूक भी करते गए और व्यक्तिगत संबंध जोड़ने की अद्भुत प्रतिभा का उपयोग भी करते रहे।
इस यज्ञ के सहयोग हेतु वह कई बार क्षेत्र से बाहर भी दौरे पर सेंवढ़ा, लहार के अलावा दतिया, डबरा, ग्वालियर, सागर आदि भी घूमते रहे अंततः फरवरी मार्च को पार करते हुए अप्रैल की 28 तारीख भी आ गई। लोगों के यहां इस बार हुई अच्छी फसल ने यज्ञ का उत्साह दुगना कर दिया था ।
प्रथम यज्ञ रावतपुरा
आइये इस यज्ञ की प्रमुख बातों पर एक नजर डालते हैं।
13 जनवरी 1991 को इस यज्ञ की प्रथम घोषणा रावतपुरा मंदिर परिसर में हुई, जबकि यहाँ टोला, रावतपुरा एवं बिजौरा के अलावा आसपास के अन्य गाँवों के भी कुछ व्यक्ति मौजूद थे, यज्ञ की तारीख 28 अप्रैल 1991 से 6 मई 1991 सुनिश्चित की गई ।
यज्ञ की घोषणा के पश्चात् ही यहाँ की झाड़ियों आदि को काट कर साफ किया गया अन्यथा मंदिर के आसपास जहरीले जीव जंतुओं का इन झाड़ियों में होने का खतरा सदैव रहता था ।
इस यज्ञ में मुख्यतः कार्यकर्ता ग्राम टोला, रावतपुरा एवं बिजौरा के ही थे। तीनों गाँवों की अभूतपूर्व एकता की भावना एवं सहयोग देखकर लोगों द्वारा काफी सराहना की गई थी ।
इस यज्ञ में सिर्फ यज्ञ शाला की हवनकुण्डी एवं चारों ओर की बाउण्ड्रीवाल का ही निर्माण हुआ था ।
इस यज्ञ में अन्य समितियों के अलावा विशेष परामर्श समिति भी गठित की गई थी, जिसको विशेषाधिकार सौंपे गए थे, जिसके तहत वह प्रत्येक समिति के कार्यों में अपना दखल रखती थी ।
इस यज्ञ में चंदा मुख्यतः इन तीनों गाँवों से ही एकत्रित हुआ था, इसके अतिरिक्त ग्वालियर, भिण्ड, इटावा, इंदरगढ़, सेंवढ़ा एवं लहार के भी व्यक्तियों का सहयोग प्राप्त हुआ था ।
रविश्री यज्ञ के लगभग पंद्रह दिन पूर्व से मंदिर परिसर में आकर रुकने लगे थे इसके पश्चात् उनकी यहीं स्थायी व्यवस्था की गई थी ।
इस यज्ञ के पूर्व अर्थात् 27 अप्रैल 1991 को प्रथम बार रविश्री ने अपने बालों पर उस्तरा फिरवाया और प्रथम बार लंगोट धारण किया ।
इस यज्ञ तक रविश्री अपनी छवि को गाँव वालों के सामने पूर्णतः विश्वसनीय बना पाने में सक्षम हो गए थे, ऐसा कतई नहीं था, रावतपुरा के सियाराम शास्त्री जो आज रविश्री के अनन्य भक्तों में से एक हैं, इस यज्ञ के अंत- अंत तक यह सोचते रहे कि यह कहीं सारा रुपया पैसा और सामान लेकर गायब न हो जायें ।
यज्ञ के दौरान रविश्री ने अपनी झोपड़ी यज्ञशाला से कुछ दूर जहाँ आज मंदिर का मुख्य दरवाजा है, वहां बनवा ली थी।
इस यज्ञ में कुऐं में बोरिंग द्वारा पानी की व्यवस्था के बावजूद टैंकरों द्वारा लगातार पानी लहार नगरपालिका से आता रहा ।
इस यज्ञ में मंत्रों द्वारा अग्नि प्रज्जवलित की गई थी। दिलचस्प बात ये हुई कि जब पहले पंडितों के लगातार मंत्रोच्चार के बावजूद अग्नि प्रज्जवलित नहीं हुई तो रविश्री ने कहा कि 'इस समय अग्नि शयन कर रही है, ठीक दो बजकर पंद्रह मिनिट पर टोला के रामाधार पुजारी द्वारा मंत्रोच्चार के बाद ही अग्नि प्रज्जवलित होगी' । अंततः उनके बताये वक्त पर ही जब अग्नि प्रज्जवलित हुई तो अब तक उन्हें बालक समझ रहे पंडित उनके आगे नतमस्तक हो गए ।
28 अप्रैल 1991 को इस यज्ञ का शुभ - आरंभ जल यात्रा से हुआ था एवं 6 मई 1991 को पूर्णाहुती पश्चात् सात मई 1991 को भण्डारे से समापन हुआ ।
इस यज्ञ में पारीक्षित स्वयं रविश्री थे मगर वह सिर्फ मुख्य कार्यों हेतु ही आगे आते, अपने स्थान पर रविश्री ने बिजौरा गाँव के श्री रमाशंकर जी त्रिपाठी को बैठा दिया था ।
इस यज्ञ में प्रवचनकर्ता अवधबिहारीशरण अयोध्या से एवं सीताराम खरे चातक भाण्डेर से आमंत्रित किए गए थे ।
रमेशचंद शास्त्री समथर से यज्ञाचार्य, चरणसेवक शास्त्री फतेहपुर से उपयज्ञाचार्य एवं हरगोविन्द दीक्षित दतिया से भागवताचार्य के रूप में आमंत्रित किए गए थे।
इस यज्ञ में वृन्दावन से चतुर्भुज स्वामी का रास मण्डल आया था, जो प्रत्येक रात्रि दस बजे से प्रारम्भ हो जाता था ।
इस यज्ञ में नागा बाबाओं एवं संतों के रुकने व खाने पीने की विशेष व्यवस्था थी। इस वजह से पूरे यज्ञ के दौरान हजारों की संख्या में साधु-संत यहाँ मौजूद रहे। इस यज्ञ में रविश्री लगातार नौ दिन तक व्रत धारण किए रहे उनका कहना था कि हमारे व्रत तोड़ते ही भण्डारा खाली हो जायेगा, अंत-अंत तक भण्डारे का अनाज एवं शक्कर के बोरों से भरा रहना यहां कार्यरत भक्तों को चमत्कृत करता रहा और रविश्री के व्रत तोड़ते ही अचानक भण्डारे का खाली हो जाना एक और आश्चर्य जनक चमत्कार था।
इस यज्ञ के पश्चात् जो भण्डारा हुआ उसमें लगभग तीस हजार व्यक्ति मौजूद थे, जिसमें साधु संत एवं नागा बाबा लगभग दस हजार की संख्या में मौजूद थे ।
इस यज्ञ में मात्र साठ बोरे शक्कर, और दो क्विंटल घी खर्च हुआ था ।
इस यज्ञ के कोषाध्यक्ष नारायणदत्त व्यास के अनुसार चंदे में लगभग पाँच लाख रुपये नगद, एवं गेहूँ, घी, दाल, चावल अलग से एकत्रित हो गया था एवं यज्ञ के पश्चात् मात्र बहत्तर हजार रुपये शेष बचे थे।
रविश्री ने इस यज्ञ के समाप्त होने तक किसी भी व्यक्ति को यह संकेत नहीं दिया था कि अब मुझे इसी स्थान पर रुकना है।
इस यज्ञ तक 'देवराहा बाबा' को लेकर किसी भी प्रकार की चर्चा रविश्री द्वारा नहीं की गई थी।
डबरा, ग्वालियर, भिण्ड, दतिया, उरई, कोच, जालौन, इंदरगढ़, सेंवढ़ा, लहार आदि से आए हुए अधिकांश व्यक्तियों का जो रविश्री से पूर्व यज्ञों के दौरान परिचित हो चुके थे, एवं रावतपुरा, टोला, बिजौरा के भी लगभग सभी व्यक्तियों का यह सोचना था कि शायद यज्ञ के बाद यह यहाँ से किसी नयी जगह पर चले जायेंगे, क्योंकि लोगों को इनके जिंदगी जीने का अंदाज इनकी एक ओर करिश्मे दर करिश्मे एवं विलक्षण क्षमताओं और दूसरी ओर बिंदासपन, फक्कड़ सरीखी निराली और पक्षी के समान स्वच्छंद मनोवृत्ति देखकर जो अनुभूति होती थी, उसे शायद मिर्जा गालिब का यह शेर व्यक्त पर पाने में सक्षम हो सके-
'बदलकर भेस फकीरों का हम गालिब,
तमाशा अहले वतन देखते हैं .......
और आज की स्थिति में-
रविश्री के बचपन व किशोरावस्था के साक्षी हैरत में हैं उन्हें वह वक्त हवा के झोंके के मानिंद लगता है, एक ओर कहां साथ खेलना, रंहट चलाना, गायें चराना, खेलना कूदना और अब दूसरी ओर.....
फैले तो इस तरह कि कायनात पे छा गये,
सिमटे तो इस तरह कि दिल में समा गये....!
रविश्री के पिता कहते हैं "सबसे बड़ी बात यह है कि उनके अंदर मोह नाम की चीज ही नहीं है, किसी भी तरह का कोई मोह नहीं, कोई भी व्यक्ति मोह से जितना दूर है वह ईश्वर के उतना ही नजदीक है ।" रविश्री की मां से जब यह पूछा गया कि अब आपका पुत्र हिन्दुस्तान पार कर विश्व की ओर अग्रसर है, आप क्या सोचती हैं...............
ममता की मूर्ति आंखों में आंसू भर अत्यंत भावुक होकर कहती हैं......
"देव पितर सब तुम्हहि गोसाईं ।
राखहुँ पलक नयन की नाई ।।"
(हे गोसाईं ! सब देव और पितर तुम्हारी वैसे ही रक्षा करें जैसे पलकें आंखों की रक्षा करती हैं ।)