कुण्डेश्वर (एक परिचय)
श्री कुण्डेश्वर तीर्थस्थल मध्यप्रदेशान्तर्गत बुन्देलखण्ड के जिला टीकमगढ़ नगर से दक्षिण की ओर टीकमगढ़-ललितपुर मार्ग पर जमड़ार नदी के तट पर मात्र 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है ।
कुण्डेश्वर धाम को शिवपुरी भी कहा जाता है, ऐसी मान्यता है कि शैवयुग में यह स्थल शिव-साधना का प्रमुख केन्द्र था।
कुण्डेश्वर का इतिहास अपने आप में बेहद दिलचस्प और विचित्र घटनाओं से ओतप्रोत है, और विशेष बात यहां पर स्वयंभू अर्थात् स्वयं प्रगट हुआ शिवलिंग है, जो हर साल एक चावल के बराबर बढ़ता है अर्थात् लगभग 1.5 से 2.0 मि.मी ।
इस शिवलिंग की महत्ता विश्व के मात्र बारह ज्योर्तिलिंगो से भी ज्यादा बताई जाती है। जिसके पीछे न सिर्फ इस शिवलिंग का स्वयं प्रगट होना बल्कि तमाम प्रकृति के रहस्यों को चुनौती देते हुए लगातार बढ़ते जाना भी है, जिसके चलते 1605 से 1998 तक यहां के शिवालय का पाँचवीं बार पुराने शिवालय को तोड़कर पुनः निर्माण हुआ है । हर बार बनाया हुआ शिवालय लगभग आगामी 100-120 वर्षों में छोटा पड़ जाता है। यहाँ के स्थानीय निवासी जो अपनी अस्सी वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं उनका कहना है कि हमारे देखते ही देखते यह लगभग आधा फुट बढ़ चुका है ।
इस शिवलिंग की उत्पत्ति के संबंध में एक अनूठी अलौकिक घटना जो द्वापरकाल में घटित हुई वह इस प्रकार है कि समीप में बाणासुर नामक राजा का बानपुर राज्य था जिसकी बेटी ऊषा शाम होते ही अपने महल से निकलकर मंदिर से लगे हुई खैराई के जंगल में प्रवेश करती और कुछ समय बाद वापिस आ जाती थी । गुप्तचरों की सूचना पर राजा ने एक बार पीछा किया कि आखिर बेटी जाती कहाँ है? इसी बाणासुर की बेटी ऊषा का ही कृष्ण के प्रपौत्र के साथ ब्याह हुआ था। राजा ने छिपकर देखा कि राजकुमारी जिसके हाथ में थाली में पूजन सामग्री थी वह जंगल से गुजर कर जैसे ही नदी के समीप पहुँचती है नदी की धारा फट जाती है और ऊषा उसके अंदर प्रवेश कर जाती है । जब ऊषा वापिस आती है तो पिता को देखकर हैरान रह जाती है, उधर पिता भी नदी द्वारा ऊषा को रास्ता दिए जाने की घटना से हतप्रभ थे। बेटी के पूंछने पर बाणासुर कहता है कि तुम्हारे गायब होने की बात सुनकर तुम्हारा पीछा करते हुए यहाँ तक चला आया पर तुम्हें तो नदी ने रास्ता दे दिया मैं यहीं खड़ा रह गया। तब ऊषा बताती है कि मैं इस नदी के अंदर कुण्ड में स्थित शिवजी के मंदिर में दर्शन के लिए जाती हूँ । इसके बाद ऊषा सोचती है कि यह राज अब खुल ही गया है तब पिता के कहने पर वह प्रार्थना करती है कि - 'हे अवढर दानी ! अब अपने इस स्वरूप के दर्शन पूजन का सौभाग्य सारे विश्व को प्रदान करिये ।
प्रार्थना के करते ही तत्काल आकाशवाणी होती है "हे पुत्री, मैं तेरी आराधना से प्रसन्न हूँ अतिशीघ्र में पवित्र भू भाग पर "स्वयंभू" रूप में प्रगट होऊँगा ।
इसके पश्चात् कुण्ड के तट से लगभग 70-75 फुट ऊँची पहाड़ियों पर कुछ गरीब लोग झोपड़ियाँ बनाकर रहते थे। उन्हीं में से एक महिला अपने घर ओखली में मूसल से धान कूट रही थी एकाएक वह देखती है कि धान जिसे वह कूट रही थी रक्तिम हो गई थी । भय से कांपते हुए मिट्टी की कुण्डी से ओखली को ढँककर वह दौड़ती हुई आई और सबको इस आलौकिक और विचित्र घटना के बारे में बताया कि धान कूटते - कूटते एकाएक वहाँ खून आ गया, मैं कूड़े से ढककर आई हूँ। सबने जाकर जैसे ही कुँड़ा हटाया तो वहाँ शिवलिंग प्रगट हो चुका था । कूँड़े से ढकने के कारण इसका एक नाम "कूँड़ा देव" भी पड़ गया इसके अलावा ऊषा द्वारा पहले पूजा कुण्ड के अंदर की जाती थी अतः यह कुण्ड के ईश्वर थे जो बाहर प्रकट हो गए अतः प्रचलित नाम कुण्डेश्वर हो गया ।
किसी आश्चर्यजनक घटना को घटित हुए जब काफी समय गुजर जाता है तो हमारी जिज्ञासायें बढ़ जाती हैं और घटना की सत्यता पर स्वाभाविक संदेह उत्पन्न होने लगता है । यही संदेह राजा वीरसिंह जूदेव द्वितीय के मन में उत्पन्न हुआ यह सन् 1937 की घटना जो कि प्रामाणिक भी है। राजा के गृहमंत्री जो होम साहब के नाम से जाने जाते थे शिवलिंग के स्वयंभू होने का स्वयं परीक्षण करना चाहते थे। महाराज से आज्ञा लेकर खुदाई करवाने पर लगभग 5 फुट पश्चात् ही पत्थर की एक जलधारा निकली जो सैकड़ों वर्ष पूर्व शिवलिंग को पहनाई गई थी । मूर्ति की लंबाई मोटाई बढ़ने के कारण इस जलधारा में दरारें पड़ीं हुई थीं । इसी तरह लगभग 30 फुट खुदाई करवाने पर 5-5 फुट के अंतर से छ: जलधारियाँ और निकलीं साथ ही अनेक प्रकार के प्राचीन सिक्के जो कि उस काल में चढाये जाते थे वह भी मिले। मगर शिवलिंग का अंत नहीं मिला ! प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 30 फुट की खुदाई होते ही नीचे से जल का स्तोत्र फुट पड़ा व खुदाई करवाने वाले मजदूरों को लगा कि वह अंदर धँसते जा रहे हैं। उधर राजा वीरसिंह जू देवको स्वप्न आया कि तत्काल खुदाई बंद करवाओ। शीघ्र ही खुदाई का कार्य बंद हुआ और मंदिर निर्माण का कार्य आरम्भ करवाया गया ।
कुण्ड से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित शिवलिंग का अभिषेक के दौरान जब कई क्विंटल घी दूध दही से स्नान करवाया जाता है तो उधर कुण्ड का पानी दूधिया होने लगता है जो कि इस शिवलिंग का संबंध कुण्ड से जोड़े जाने की कथा का प्रत्यक्ष प्रमाण है ।
शिवलिंग के चावल - चावल बढ़ने का अलौकिक व विचित्र सत्य उस अदृश्य सत्ता की अद्भुत लीला का जीता जागता उदाहरण है ।
सभी ज्योर्तिलिंगों के दर्शन करके आए दर्शनार्थियों का भी कहना है कि कुण्डेश्वर में स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन कर उन स्थापित शिवलिंगों से अधिक 'शिव जीवन्त लीला' की अनुभूति हमें यहाँ होती है ।
यहाँ के बारे में प्रसिद्ध है कि अगर आपकी कोई इच्छा, कोई मनोकामना कहीं पूरी न हो तो आप श्रद्धा और विश्वास के साथ कुण्डेश्वर चले आएं यहां दयालु शिव साक्षात् विराजमान हैं ।
मकर संक्रांति व अन्य त्योहारों के अलावा कुण्डेश्वर की महाशिवरात्रि देश भर में प्रसिद्ध है और अनेक कवि इस रात्रि को अपनी कविताओं में बांधने का प्रयत्न करते हैं। इसकी वजह है कि इस रात्रि को भगवान शिव का शुभ विवाहोत्सव वैदिक रीति से सज-धज कर मनाया जाता है। लगुन लिखी जाना, बारात निकलना, शंकर जी का दूल्हा बनना, इस अवसर पर बाहर से आए लोग जब शादी का आलम इस तरह देखते हैं तो भाव विभोर हो उठते हैं । विख्यात लेखिका शिवानी ने अपनी जिंदगी के बहुत से दिन कुण्डेश्वर में गुजारे हैं। कुण्डेश्वर के लिए शिवानी कहती हैं कि देश विदेश घूमने पर भी कुण्डेश्वर से जो अटूट मुहब्बत है उसे याद कर फिराक की ये पंक्तियाँ दुहराने को जी चाहता है....
------ जवानी जा चुकी लेकिन, खलिश दर्दे मोहब्बत की ।
जहाँ महसूस होती थी, वहीं महसूस होती है ।।