द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 6 / 21

English
☰

अध्याय 6

कौन थे वह दिव्य पुरुष

सितम्बर 1967 (द्वितीय सप्ताह)

दिन- गुरुवार

यह बात छिपरी की है, कृपाराम शर्मा अपने घर सपत्नीक सो रहे थे। अचानक श्रीमती रामसखी शर्मा को लगता है कि दूर आसमान में कोई जहाज चला आ रहा है। जब वह समीप आता है तो वह आश्चर्य चकित रह जाती हैं। वह पौराणिक कथाओं में वर्णित विमान की तरह था जिसमें न तो कोई आवाज आ रही थी न ही घोड़े जुते थे और न कोई मशीन |

थोड़ा और समीप आने पर उस सफेद वाहन में बैठे हुए सफेद दाढ़ी एवं दिव्य मुस्कान लिए साधु पुरुष उन्हें नजर आए जो आशीर्वाद मुद्रा में उन्हें देख रहे थे। रामसखी घबड़ाती तो हैं परन्तु दिव्य मुस्कान व आशीर्वाद देते हाथ जैसे उनकी घबड़ाहट को संभाल लेते हैं । एकाएक रामसखी जी की आँख खुल जाती है और वह अपने आपको पसीने से सरोबार पाती हैं तब उनको अहसास होता है कि यह तो एक स्वप्न था ।

इस घटना के पश्चात् फिर आए दिन उन्हें यही स्वप्न आने लगा और उन्होंने अपनी माँ से एवं अपने पति से जिक्र किया। पति से तो उन्हें झिड़की मिली । क्योंकि वे इन सब बातों में पड़ना अंध विश्वास समझते थे, परन्तु माँ ने इसे यों समझा कि फिर किसी की मृत्यु का संकेत है और वो रामसखी जी को पास के मंदिर में ले जाकर उस स्वप्न हेतु मनौती और कथा आदि बोल आईं ।

स्वयं रामसखी जी भी स्वप्नों को किसी की मृत्यु का संकेत समझ रही थीं। इन्हीं दिनों रामसखी जी को अहसास होता है कि वह पुनः माँ बनने वालीं हैं परंतु स्वप्न को उन्होंने इस बात से नहीं जोड़ा बहरहाल मनौती माने या जो भी कारण रहा हो लगभग एक माह बाद स्वप्नों का लगातार दिखाई देना बंद हो गया और वही स्वप्न लगातार नहीं अपितु महीने में एक की अपेक्षा 4-5 बार की आवृति से आने लगे, यहाँ एक बात गौर तलब थी और यह बात उन्हें दिसम्बर माह में जाकर अच्छी तरह समझ में आई कि स्वप्न उन्हें सदैव ही आई कि स्वप्न उन्हें सदैव ही बुधवार की रात और गुरुवार की सुबह आता था अर्थात् तकरीबन 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में । फिर यह होने लगा कि बुधवार की रात होते ही उनकी आंखों से नींद गायब हो जाती । वह डरती थीं कि सोते ही फिर वही स्वप्न न दिखाई दे जाये ।

और जनवरी 1968 आते-आते उनको स्वप्न दिखना बंद हो गए। उन्होंने सोचा कि घर के किसी सदस्य पर जो मुसीबत आई थी वो अब टल चुकी है । 'स्वप्न दिखना बंद हो गए' यह सुनकर उनकी माँ ने भी चैन की सांस ली । और जनवरी गुजरकर फरवरी माह आते-आते स्वप्न की बात उनके दिल से निकल गई।

सन् 1968-1973

1968 फरवरी (द्वितीय सप्ताह) दिन गुरुवार

शाम का समय था, सूरज लगभग डूब चुका था, कृपाराम जी घर पर उपस्थित नहीं थे, पिताजी यानि ठाकुर दास जी के सीने में दर्द हो रहा था और वह बैठक में लेटे हुए थे, रामसखी जी की मां भी उनके ही समीप बैठी हुईं थीं । घर के बर्तन वगैरह साफ करके रामसखी जी ने एक बड़ी टोकरी में रख दिए थे वह सोच रही थीं कि बर्तन अंदर चौके में रखकर फिर आगे की सफाई की जाए, इस समय भी वह आंगन में बैठ कर सुस्ता रही थीं ।

लगभग पांच माह का गर्भ उनके पेट में था ।

सुस्ताने के बाद उन्होंने टोकनी उठाई और कमर को सीधा किया ही था, कि आकाश में उनको फिर 'वही विमान' दिखाई दिया, जिसे वह स्वप्न में कई बार देख चुकी थीं, मगर इस बार उस विमान के आगे 25-30 व्यक्ति झालरें आदि बजा रहे थे। रामसखी जी स्तब्ध रह गईं और चकित अवस्था में विमान को एकटक देखे जा रहीं थीं। विमान धीरे-धीरे बढ़ता हुआ उनके घर की छत पर आ गया ।

सभी झालर शंख आदि बजाने वाले उनकी ओर देखकर मुस्कुरा रहे थे, विमान में पांच-छः साधु विराजमान थे कि अचानक उस विमान में से एक वृद्ध साधु पुरुष नीचे उतरता है और जैसे तैरता हुआ उनकी ओर बढ़ता है झालरों की आवाजें स्पष्ट उनके कानों तक आ रही थीं ।

उस दिव्य साधु पुरुष को जैसे ही नजदीक आता देखती हैं, वह जोर से चिल्लाकर वहीं अचेतावस्था में आकर गिर पड़ती हैं।

उनकी मां और पिताजी आवाज सुनकर दौड़कर उनके पास आते हैं । जहाँ पर वह लोग थे (बैठक में) वह आंगन से लगा हुआ ही कमरा है । माता जी एवं पिता को भी उस विमान की स्पष्ट एक झलक दिखाई देती है और विमान लुप्त हो जाता है, मां और पिता जी को शुरु में लगता है कि वह एक दृष्टिभ्रम था किन्तु बेटी की चेतना लौटने पर वह भी यही बताती हैं तो वह भी सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर यह सब है क्या !

कृपाराम जी के घर लौटने पर जब उन्हें यह बात बताई गई तो तीन-तीन लोगों के कहने पर भी उन्होंने इसे दृष्टिभ्रम, अंधविश्वास, पागल - पन आदि-आदि कह कर टाल दिया ।

इसके बाद रामसखी जी को स्वप्न में कभी - कभी मात्र झालरों की आवाज और झालरें लिए हुए पच्चीस-तीस व्यक्तियों का समूह दिख जाता और यह स्वप्न किसी भी दिन आ जाया करता था, परंतु उन्हें इस स्वप्न से डर का अहसास कभी नहीं हुआ और एक-दो माह गुजरने पर ये बातें आई गई हो गईं।

गर्भ के नौ माह की पूर्ण अवस्था लिए जून का महीना आ गया था, पर प्रसव पूर्ण होने के पूर्व - लक्षण जो महिलाओं में होते हैं, वह उनके अंदर दिखाई नहीं दे रहे थे। यह कोई असामान्य बात नहीं थी, किन्तु फिर भी एक स्वाभाविक चिन्ता घर में सभी को सता रही थी । इस समय घर में उपस्थित सदस्य ठाकुरदास जी व उनकी धर्मपत्नी के अलावा कृपाराम शर्मा एवं उनके दोनों छोटे भाई, लगभग 3 वर्षीय पुत्री शशि और पत्नी रामसखी शर्मा |

बच्चे के जन्म हेतु महिला के लिए एक कमरा अलग से रखना आवश्यक था एवं घर में सदस्यों की संख्या ज्यादा थी अतः जिस कमरे में गाय-भैंस बांधी जाती थी, उस कमरे को भली-भांति साफ कर उसमें रामसखी जी का पलंग डाल दिया गया था, एवं गाय भैसों की व्यवस्था अन्यत्र कर दी गई थी ।

प्रसव पीड़ा कभी भी शुरू हो सकती थी, मगर इंतजार करते-करते जून का महीना निकल गया और जुलाई का प्रथम सप्ताह आ गया, कृपाराम जी की व्याकुलता बढ़ गई और व्याकुलता से ज्यादा चिंता थी कि बात क्या है। ठाकुरदास जी भी चिंतित थे कि देर ज्यादा हो रही है दसवां माह पूर्णता की ओर अग्रसर हो रहा था। शहर जाकर डाक्टर से सलाह लेने की बात शुरु हो गई और तय हो गया कि आने वाले रविवार को गाड़ी की व्यवस्था कर रामसखी जी को टीकमगढ़ जाकर किसी योग्य महिला चिकित्सक से परीक्षण करवा लिया जाये । जुलाई माह के प्रथम सप्ताह के तीन दिन निकल चुके थे ।

4 जुलाई 1968 दिन बुधवार की शुरुआत छिपरी के इस घर में बीते हुए आम दिनों की तरह ही हुई । कृपाराम जी सुबह दस बजे खाना खाकर यह सोचते हुए कि आज एक जीप के लिए किसी परिचित से बात कर लेंगे और महिला चिकित्सक भी कौन सी उचित रहेगी 'चेक-अप' के लिए यह भी पता कर लेंगे,' ऑफिस के लिए रवाना हो गए। घर के रोजमर्रा के कार्यों से रामसखी जी को उनकी माँ ने मुक्त कर दिया था, अतः सारा दिन उनका बिस्तर पर ही गुजरा ।

रात्रि आठ बजे लिधौरा से प्रति बुधवार को लगने वाली हाट से कृपाराम जी ने फल आदि खरीदे और तेज कदमों से चलते हुए घर आ गए। बीते माह में जब भी वो कहीं से घर वापिस लौटते, तो दूर से ही माहौल में तब्दीली तलाशने की कोशिश करते क्योंकि किस समय वह पिता बन जायें यह कहा नहीं जा सकता था। उन्हें लगता कि गांव में प्रवेश करते ही शायद कोई चिल्लाता हुआ उन्हें बधाई देने के उद्देश्य से आ कर लिपट जायेगा। घर के सामने पहुँचने से पूर्व सोचते शायद वहाँ कई लोग खड़े दिख जायें और उन्हीं का इंतजार कर रहे हों मगर उस रात जब वह लगभग नौ बजे घर वापिस आए तो रोज की तरह ही सब कुछ पहले जैसा ही था। उन्होंने अपनी पत्नी को फल भेंट किये, पति की व्याकुल आँखों में चिन्ता झलकती देख रामसखी देवी भी परेशान थीं पर वह चाह कर भी कुछ कर पाने में असमर्थ थीं ।

रात्रि 3 बजे के लगभग रामसखी जी को हल्का-हल्का दर्द होना शुरु हुआ, तो उन्होंने बगल में लेटी हुई माँ को उठाना उचित न समझा। उन्होंने सोचा कि शायद कुछ देर पश्चात् ठीक हो जाये, लेकिन दर्द कम होने की जगह धीरे-धीरे बढ़ने लगा, और 4 बजते-बजते जैसे ही उनके मुँह से पहली कराह निकली, मां की आँख खुल गई। उनकी अनुभवी आँखों ने तुरंत ताड़ लिया कि प्रसव पीड़ा शुरु हो गई है। उन्होंने तुरंत उठाकर घर में मौजूद पुरुष सदस्यों से आस-पास की महिलाओं को बुलवाया । गाँव की दक्ष महिलाओं ने तुरंत आकर रामसखी जी को अपने घेरे में ले लिया मगर दर्द इतना ज्यादा नहीं हो रहा था कि सहनशीलता जवाब दे जाये, इसलिए 'नाइन पूराबाई' ने अनुमान लगाकर कहा कि "शायद अभी घंटे-दो घंटे बाकी हैं।"

चार बजकर पन्द्रह मिनिट हो चुके थे । पुरुष सदस्य बाहर बैठकर यह इंतजार कर रहे थे कि कोई सदस्य आकर यह जानकारी तो दे कि अभी लगभग कितना वक्त है।

कृपाराम जी बतलाते हैं कि इसी ऊपापोह में बैठा हुआ मैं बार-बार अंदर झांकता फिर अपनी कलाई घड़ी देखता, कराहने का कोई स्वर आ नहीं रहा था और सामने तखत पर बैठे श्वसुर ( ठाकुर दास जी ) मन ही मन मेरी व्याकुलता को भांप रहे थे, कि अचानक कराहने का स्वर मेरे कानों में आया और जब तक हम यह अनुमान लगा पाते कि शायद प्रसव का वक्त आ गया है, महिलाओं की बातचीत के मध्य बच्चे के रोने का स्वर सुनायी दिया और इसके साथ ही मेरी सास श्रीमती केसर बाई लगभग दौड़ती हुई आईं और खुशी भरे स्वर में अपने पति से बोलीं..

" नाती दओ भगवान ने "