अध्याय 13
रविश्री का रावतपुरा में प्रथम प्रवेश
लेकिन एक शर्त है...... !
(रविश्री का रावतपुरा पहुँचना )
लहार में बस से उतरकर रविश्री श्याम त्रिपाठी के यहाँ पहुँचे। उन्होंने आपकी आवभगत की। धीरपुरा और खड़ौआ दोनों ही यज्ञों में त्रिपाठी जी ने अपना सहयोग दिया था और रविश्री की विलक्षण क्षमताओं की परीक्षा तो वह पूर्व में ही ले चुके थे अतः इस बार की मुलाकात में त्रिपाठी जी के मनोमस्तिष्क पर सिर्फ और सिर्फ श्रद्धा का भाव छाया हुआ था । कुदरत की इस योजना से अनजान त्रिपाठी जी, कि रविश्री का अब रावतपुरा मंदिर तक पहुँचने का समय आ गया है, तीन चार दिन तक रविश्री के अतिथि - सत्कार में लगे रहे। इस समय तक रविश्री से लहार में बहुत लोग परिचित हो चुके थे, अतः हर परिचित उनसे अपनी छोटी से बड़ी हर समस्या व असमस्या पर आध्यात्मिक दृष्टिकोण से बात करना चाहता था । इस समय तक रविश्री जाने-अनजाने में कुछ लोगों की समस्याओं की वजह उनके पूर्वजन्म से संबंधित इस तरह से बता चुके थे, कि लोगों की समझ में यह बात भी आ गई थी कि यह प्रकृति के उन तमाम अनसुलझे रहस्यों से भी वाकिफ हैं, जिनसे विद्वान से विद्वान पुरुष भी अछूते रह जाते हैं ।
सुरेश त्रिपाठी जो रावतपुरा के निवासी हैं, किसी कारणवश लहार आए थे । टोला, रावतपुरा एवं बिजौरा पास-पास के गाँव हैं एवं लहार से इनकी दूरी मात्र 20 कि.मी. है, इन गांवों के निवासी अपनी छोटी बड़ी जरूरत के लिए लहार ही आते हैं, सुरेश एवं श्याम त्रिपाठी पास - पास गाँव होने की वजह से पारिवारिक मित्र हैं, सुरेश ने लहार से लौटते वक्त सोचा कि श्याम के यहां भी होते चलें । श्याम त्रिपाठी के यहाँ पहुँचते ही सुरेश ने देखा कि एक पंद्रह-सोलह वर्ष के बालक को बहुत से लोग घेरकर बैठे हुए हैं और वह मुस्कुराकर सब से बातें कर रहा है। सुरेश ने प्रश्न करती हुई निगाहों से श्याम की और देखा तो उन्होंने सुरेश से यह कहकर कि 'आप टीकमगढ़ के संत हैं और बहुत सिद्ध हैं' परिचय करवाया ।
रविश्री की निगाहें जैसे ही सुरेश पर पड़ी वह तुरंत बोले 'आप तो रावतपुरा के हैं, हम आपके यहाँ एक यज्ञ करवाना चाहते हैं । सुरेश उनकी बेतकल्लुफ - हाजिर - परोसी और साथ ही इस बात पर कि यह कैसे जान गए कि हम रावतपुरा के हैं, हैरान हुए, पर प्रकट में अपनी हैरानगी छिपाते हुए जवाब दिया कि ‘महाराज हमारे गाँव में संपन्नता नहीं है अतः यज्ञ तो मुश्किल है । "सुरेश तुम तो अपने गाँव के मंदिर के सभी कार्यों का एवं पैसे का लेन-देन रखते हो, तुम्ही पूजा-अर्चना देखते हो ओर तुम्ही ऐसा कह रहे हो ।" रविश्री के इतना बोलते ही सुरेश का आश्चर्य अपनी सीमाएं पार करता हुआ चेहरे पर स्पष्ट झलकने लगा । आज तक वह कई सिद्ध महात्माओं से मिले थे, पर यहाँ तो बात ही निराली थी । रविश्री ने अपनी बात आगे बढ़ाई 'तुम्हारे गाँव का मंदिर भी बहुत सिद्ध है, रावतपुरा जैसी मूर्ति अत्यंत दुर्लभ है, ऐसी मूर्ति मुझे कभी देखने को नहीं मिली।'
सुरेश मन ही मन सोचते जा रहे थे कि ये आज तक कभी रावतपुरा आए नहीं और बात इस तरह कर रहे हैं, जैसे कई बार वहाँ घूम आए हों ।
सुरेश ने पूछा कि आपके 'दुर्लभ' कहने के पीछे क्या वजह है, रविश्री का जवाब था “क्योंकि वह मूर्ति उत्तरमुखी है और ऐसी मूर्ति सभी इच्छाओं की पूर्ति करती है"। सुरेश को आश्चर्य चकित देख श्याम मन ही मन मुस्कुरा रहे थे, वह सुरेश की मनोदशा भाँप रहे थे, आखिर वह भी पहली मुलाकात में इसी तरह की ‘विस्मयकारी मानसिक प्रताड़ना के दौर से गुजरे थे, जिससे गुजरना स्वयं में सदैव एक रोमांचकारी अनुभव होता है ।
सुरेश ने हाथ जोड़कर विनीत भाव से ( आखिर यही एक भाव उस समय उनके मस्तिष्क के पास तत्काल में शेष बचा था ) कहा "महाराज, आप रावतपुरा हमारे घर चलिये।” सुरेश के यह कहने पर रविश्री ने इंकार किया कि अभी तो मुझे वापस जाना है।
श्याम त्रिपाठी जो इतनी देर से शांत बैठे थे वह भी यह कहते हुए चर्चा में शामिल हो गए कि 'महाराज, घर जाने की बात बाद में, अभी तो मेरी इच्छा हैं कि कहीं चलकर एक भण्डारा हो जाए । जिसमें ज्यादा भीड़ न हो बस खास मित्र ही शामिल हों ।' रविश्री तुरंत मान गए बोले 'ठीक है हम रुक जाते हैं, लेकिन एक शर्त है'।
'आदेश करो महाराज', श्याम त्रिपाठी ने कहा ।
रविश्री ने कहा "भंडारा रावतपुरा मंदिर पर ही होगा इसके अलावा हम और कहीं नहीं जायेंगे ।"
सुरेश तो यह चाहते ही थे कि जैसे भी हो, इस दिव्य संत बालक का सानिध्य ज्यादा से ज्यादा प्राप्त हो जाए । श्याम त्रिपाठी को एतराज होने की कोई वजह थी नहीं, तय हो गया कि कल यानि एक अक्टूबर 1990 को रावतपुरा मंदिर पर भंडारा होगा।
1 अक्टूबर 1990
दूसरे दिन सुबह श्याम अपनी मोटर साईकिल पर रविश्री को लेकर लगभग ग्यारह बजे रावतपुरा के समीप ही स्थित गाँव टोला पहुँचे । रावतपुरा से लगभग आधा कि.मी. पूर्व सोनमृगा नदी में इस समय तक इतना पानी आ चुका था, कि पार करने के लिए बना हुआ अस्थायी पुल टूट गया था और पैदल सवार एक नाव के द्वारा उस नदी को पार कर रहे थे । श्याम ने भी अपनी मोटर साइकिल नदी के पहले पार ही रोक दी और रविश्री सहित नाव से होकर दूसरे पार पहुँच गए। अगर आप रावतपुरा मंदिर वाया चौरई जायें तो नदी पार करने के बाद सड़क के दाहिनी ओर ग्राम टोला, बाँयी ओर रावतपुरा और नदी से लगभग चार सौ मीटर सीधे मुख्य मार्ग पर चले जायें तो रावतपुरा मंदिर आ जाता है । तात्पर्य यह है कि दोनों गाँव व मंदिर एक दूसरे से एक कि.मी. के अंदर ही हैं, जिसमें रावतपुरा गाँव से मंदिर पैदल दूरी से मात्र 100 कदम पर है ।
ग्राम टोला में लगभग 65 वर्षीय रामेश्वर दयाल त्रिपाठी रहते हैं, जो श्याम के अच्छे परिचितों में से हैं। भंडारे के लिए श्याम ने सोचा कि इन्हें भी साथ में लिए लेते हैं और इस विचार के साथ 'टोला' रामेश्वर जी के यहाँ जो 'पुजारी जी भी कहलाते हैं' पहुँच गए। यह दोपहर का समय था लगभग ग्यारह बजे का, पुजारी जी ने जैसे ही श्याम को देखा तो प्रसन्न भाव से बैठने को कहा। रविश्री भी उनके साथ आँगन में ही एक चारपाई पर बैठ गए और सामने कुर्सी डालकर स्वयं पुजारी जी बैठ गए।
इस समय रविश्री सफेद पायजामा, चैक की पुरानी सी शर्ट और बाकी वही अपने अलमस्त हुलिया में थे जिन्हें देखकर पुजारीजी ने न तो कुछ पूंछना उचित समझा और न ही श्याम ने कुछ बताना । इस समय यह गाँव दस्यु समस्या से परेशान था, यही परेशानी पुजारी जी के मन में थी, वह श्याम को अपने बेटे की तरह मानते थे और लगभग रोज इन दोनों का मिलना जुलना था, अतः कोई औपचारिकता इनके बीच में नहीं थी । इनके बीच हुई बातचीत कुछ इस तरह से थी।
पुजारी जी - श्याम, आजकल डकैत घनश्याम बाबा के मारे बहुत परेशान हैं, न तो पुलिस उसका कुछ कर रही है और न ही किसी और के द्वारा यह समस्या हल हो रही है, समझ में नहीं आता क्या करें ?
श्याम कुछ बोलने को हुए पर बीच में ही रविश्री बोल पड़े। रविश्री -आप को घनश्याम बाबा से कोई खतरा नहीं है, आप तो दतिया के यादवों के गिरोह से सावधान रहना ।
पुजारी जी को एक सोलह-सत्रह साल के अपरिचित लड़के का बीच में बोलना पसंद नहीं आया और वह एक अचरज भरी निगाह रविश्री पर डालकर अंदर चाय-नाश्ते के लिए बोलने चले गए |
लगभग सात–आठ मिनिट बाद चाय की ट्रे लेकर पुजारी जी पुनः आए । श्याम ने उनके हाथ से ट्रे लेकर पहले उन्हीं को चाय दी फिर रविश्री ने प्याला उठाया और अंत में स्वयं चाय लेकर श्याम बैठ गए ।
चाय पीते-पीते पुजारी जी ने पुनः कहा - यार श्याम तुम इस घनश्याम बाबा के लिए वरना गाँव वाले बहुत त्रस्त हैं ।
रविश्री - हम कह तो रहे हैं, आपको घनश्याम बाबा से नहीं दतिया के यादवों से खतरा है ।
पुजारी जी ( तेज स्वर में ) - श्यामू, ये महाशय हैं कौन ? इनका परिचय ?
रविश्री - श्यामू, तुम इन्हें हमारा परिचय दे दो, हम अपने आपको छिपा नहीं पायेंगे |
श्याम - महाराज, आप अपना परिचय स्वयं दीजिये, हम आपका परिचय नहीं दे पायेंगे |
पुजारी जी - अरे बताओ श्याम, ऐसी क्या बात है कि परिचय देने में ही संकोच हो रहा है,
श्याम - संकोच नहीं, यह रास्ते में कह रहे थे कि किसी को मेरे बारे में बताना मत, और अब खुद कह रहे हैं कि हम छिपा नहीं पायेंगे, वैसे यह टीकमगढ़ जिले में छिपरी गाँव के रहने वाले हैं, वहाँ एक सिद्धों का स्थान है और आपको उस स्थान की सिद्धी है, आप साक्षात् संत हैं ।
पुजारी जी ने दोनों हाथ प्रणाम की मुद्रा में जोड़कर कहा - महाराज, हमसे गलती हो गई। हम तो आपको कुछ और ही समझ रहे थे। मगर आप तो.....
रविश्री (बीच में बात काटकर) - ऐसी कोई बात नहीं है, आप तो बस यादवों से सावधान रहिये, घनश्याम बाबा को भूल जाओ, और ये सब बातें बाद में होगी । अभी तो आप हमारे साथ रावतपुरा मंदिर चलिये । वहाँ आज भण्डारा होना है आप भी हमारे साथ रहेंगे ।
पुजारी जी तैयार होकर रविश्री और श्याम के साथ बाहर निकल आए, रास्ते में पुजारी जी ने सोचा कि क्यों न अपने मित्र 'स्वामीदीन मास्टर' को भी ले लें, जो रावतपुरा में रहते हैं । वहाँ से सुरेश त्रिपाठी को लेना ही था जो एक दिन पूर्व रविश्री से मिलकर आए थे। और तीनों यह विचार करते हुए कि रावतपुरा गाँव चलकर वहीं से मंदिर चलेंगे, टोला गाँव से पैदल-पैदल बाहर आ गए। रावतपुरा पहुँच कर सुरेश और स्वामीदीन के अलावा बिजौरा गाँव के प्रकाश चौबे भी अचानक टकरा गए जो श्याम के अच्छे मित्र थे और लगभग साढ़े बारह बजे दोपहर के वक्त यह मंडली रावतपुरा मंदिर पर पहुँच गई।
स्वामीदीन जी को विगत कई वर्षों से अपने घर में अकाल मृत्यु के हादसों और विचित्र घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था 'जो कि किसी प्रेत लीला की वजह से हो रहा है, ऐसा उनका मानना था। आपका पाँच भाइयों और उनकी पत्नियों सहित अच्छा खासा बड़ा परिवार था, पर अब उनके परिवार में उनकी पत्नी व बच्चों को छोड़कर मात्र एक भाई व एक भतीजा शेष है बाकी किसी न किसी तरह अकाल मृत्यु को प्राप्त हो गए। आपकी पत्नी को आए दिन विषैले कीड़े कभी छिपकली कभी बिच्छू तो कभी सर्प काटते रहते थे, आपका पुत्र मिर्गी से पीड़ित रहने लगा था। स्वामीदीन के इन दुखों से पुजारी जी परिचित थे, किस्मत से एक सिद्ध संत से मुलाकात हो गई थी, तो उन्होंने सोचा कि 'क्यों न इस बारे में रविश्री से बात की जायें ?'
पुजारी जी रविश्री के पास गए, जो रावतपुरा सरकार की मूर्ति के सामने बैठकर एकटक मूर्ति को निहार रहे थे ।
पुजारी जी ने रविश्री के करीब पहुँचकर जैसे ही कुछ कहना चाहा कि रविश्री खुद ही बोल पड़े 'मैं जानता हूँ, तुम क्या पूँछना चाहते हो, तुम स्वामीदीन को अपना मित्र मानते हो, उसके बारे में चिंतित हो' पुजारी जी इस तरह चौंके जैसे बिच्छु ने काट खाया हो !! यह तो वह मान रहे थे कि कोई सिद्धी होगी, पर बालक अवस्था में दिखने वाले इस संत के अंदर विलक्षण दिव्य शक्तियाँ होंगी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। अंत में रविश्री ने उनके जिद करने पर कहा कि 'एक घंटे बाद आना तब बतायेंगे ।'
सभी साथी भण्डारे की तैयारियों में जुट गए थे, रविश्री मंदिर के चारों ओर किसी अलग ही धुन में मस्त टहल रहे थे। इसी दौरान श्याम ने देखा कि रविश्री लकड़ी से जमीन पर एक लगभग पाँच फुट के वर्गाकार क्षेत्र में चित्रकारी कर रहे हैं व अत्यंत मग्नावस्था में हैं। श्याम उनके समीप पहुँचे व उन लकीरों को देखा मगर उनकी समझ में कुछ न आया । उनके पूछने पर रविश्री ने कहा कि 'क्यों श्यामू, अगर इस जगह पर मंदिर ही मंदिर बन जायें तो कितना भव्य लगेगा ?'
श्याम त्रिपाठी कहते हैं कि 'मैंने उस वक्त इस बात को कतई तवज्जो नहीं दी थी, और न ही यह समझा था कि यह बात इन्होंने गंभीरता पूर्वक कही है, "मैं" हाँ, हूँ कर भंडारे की तैयारी में लग गया, रविश्री उस स्थान पर लगभग एक घंटे खड़े रहे। सुरेश त्रिपाठी का कहना है कि उस वक्त ये जमीन पर क्या बना रहे थे, न तो मैंने पूँछा, न इन्होंने बताया पर उसी वक्त जब मैंने अकेले खड़े रहने का सबब जानना चाहा तो यह बोले कि 'इस मंदिर पर यज्ञ होना है', तभी श्याम भी वहाँ आए और उन्होंने कहा ‘महाराज, यहाँ तो सत्यनारायण की कथा भी मुश्किल है आप यज्ञ की बात कर रहे हैं ?'
इसके बाद रविश्री मंदिर के अंदर पड़ी टूटी हुई चारपाई पर दरी बिछाकर सो गए। इस महान् युवा संत के प्रौढ़ मस्तिष्क में पक रही खिचड़ी का अनुमान किसी भी व्यक्ति को नहीं था । यही वह दिन था जबकि रविश्री ने अपने ख्यालों में इस मंदिर के भविष्य में होने वाले निर्माणों के 'पश्चात् - स्वरूप' की कल्पना कर ली थी ।
(रविश्री के अनन्य सेवक रणमत यादव का कहना है कि अक्टूबर 1998 की बात है, एक बार रविश्री कह रहे थे कि 'रावतपुरा में जितना निर्माण कार्य मैं करवाना चाहता हूं उसका नक्शा मैंने सर्वप्रथम जब रावतपुरा आया था, तभी सोच लिया था, पर वह कार्य संपूर्ण कब हो पायेगा यह कहना मुश्किल है)
लगभग दो घंटे पश्चात् रविश्री जब सो कर उठे तो सीधे सोनमृगा के तट पर स्नान करने चले गए, लौट कर पुनः मंदिर में मूर्ति के सामने जाकर बैठ गए । पुजारी जी तो जैसे इंतजार ही कर रहे थे कि कब रविश्री से पुनः बात हो उन्हें वास्तव में स्वामीदीन त्रिपाठी के प्रति सहानुभूति थी । वह तुरंत रविश्री के पास जाकर पुनः स्वामीदीन के बारे में पूंछने लगे, रविश्री ने पहले तो टालना चाहा पर जब पुजारी जी अड़ गए तो रविश्री ने कहा कि "इस व्यक्ति के घर में इसके खानदान के व्यक्ति के द्वारा लाया गया किसी देव स्थान का धन है, जिसे इसके घर वालों द्वारा व्यक्तिगत कार्यों में खर्च किया गया है। जब तक उस धन को नहीं हटाया जायेगा तब तक यह चैन से नहीं रह सकता ।" और इसके बाद रविश्री ने वह स्थान भी बता दिया जहाँ चाँदी के सिक्कों की सूरत में वह धन गड़ा हुआ था । पुजारी जी ने जब यह बातें तत्काल ही मास्टर साहब को बताईं तो वह तुरंत ही रविश्री से इस मुसीबत से निजात पाने का तरीका पूंछने लगे।
रविश्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि 'उस शेषधन को अब सिर्फ धार्मिक कार्यों में खर्च करना।—
( स्वामीदीनजी बताते हैं कि उन सिक्कों से पहले मैंने श्री मद्भागवत करवाई, और बाद में लगभग 150 सिक्के शेष बचे थे जो रविश्री के बताये अनुसार रावतपुरा मंदिर में भगवान राम के सिंहासन के नीचे बिछा दिए थे ।)
लगभग साढ़े चार बज चुके थे, चावल की खीर, उड़द की दाल, रोटी एवं भर्ता भण्डारे के मुख्य व्यंजन थे इसके अलावा चटनी व सलाद भी शामिल थे। सभी ने रविश्री के साथ बैठकर भंडारे का लुत्फ उठाया और शाम के छः बजे के लगभग सभी ने एक दूसरे से विदा ली ।
रविश्री ने सभी से यज्ञ का संकल्प दोहराते हुए कहा कि 'अब मैं देवोत्थानी एकादशी के दिन आऊँगा, तब आप लोगों की समस्याऐं भी सुनेंगे और यज्ञ की तैयारी भी करेंगे' |
वापिस श्याम के साथ लहार आने के बाद रविश्री तत्काल ही बस में बैठकर कहीं चले गए । 'कहाँ जा रहे हैं' इस बारे में श्याम से कुछ नहीं कह गए ।
रविश्री यह कह कर गए थे कि मैं देवोत्थानी एकादशी जो कि 1990 में 30 अक्टूबर को थी तब आऊँगा परंतु अक्टूबर माह में इस वर्ष सोनमृगा ने तेज बारिश के चलते जो प्रचंड विकराल रूप दिखाया तो इसके आसपास के गाँव 'जिनमें टोला भी शामिल था ' में भीषण तबाही हुई । इस गाँव के निवासी बताते हैं कि हम लोगों को एक महीने तक एक वक्त की रोटी भी मुश्किल से मिलती थी, चारों तरफ सिवाय कीचड़ और पानी के कुछ भी नहीं था । इस समय रावतपुरा और बिजौरा के लोगों ने टोला के निवासियों की जिस तरह मदद की वह बताते-बताते लोगों के स्वर भर्रा उठते हैं। बहरहाल 30 अक्टूबर को रविश्री नहीं आए। श्याम त्रिपाठी कहते हैं कि इस बीच लहार तक तो वह दो-तीन बार आये, और बाढ़ पीड़ितों की मदद करने में भी हमारे साथ रहे, पर रावतपुरा तक जाना उस समय संभव नहीं था और न ही उन्होंने कोई ऐसा इरादा व्यक्त किया ।