अध्याय 11
ये इत्तफ़ाक़ों की सीढ़ियाँ
1988-1990
रविश्री की अब तक की सभी गतिविधियाँ जिला टीकमगढ़ व जिला झांसी तक सीमित थीं। 1988 के प्रारंभ होने तक यारा आपका केन्द्र रहा।
9 फरवरी 1988 को यारा में रहीस सिंह यादव की बारात में आप सम्मलित हुए जो अछरु माता के समीप कैलापुरा गांव गई थी इसके लगभग एक माह पश्चात् आपने यारा छोड़ दिया । यहाँ से जाने के पूर्व आपने यहाँ के कैलाश यादव की साइकिल ली उस साइकिल से यहाँ से लगभग दस कि.मी. की दूरी पर ज्योर नामक गांव में अर्जुन यादव के यहां साइकिल को वापिस यारा पहुँचाने की हिदायत देकर बस द्वारा झांसी के लिए रवाना हो गए ।
यह घटना एक बार स्वयं रविश्री ने अपने स्थान पर लोगों को सुनाई थी उन्हीं भक्तों में से एक भक्त के बतलाये अनुसार - झाँसी तक पहुँचते-पहुँचते आपने दो बार बस बदली जबकि यह दूरी ज्यादा से ज्यादा पैंतालीस कि.मी. थी। बस बदलने की वजह थी आपके पास किराये का न होना । कण्डैक्टर से यह कहते कि 'बाद में ले लेना' पर जब वह आपको पहचानता नहीं था तो बाद मैं कैसे ले लेता, तो बस रुकवाकर आपको उतार देता आप उतरकर दूसरी बस की प्रतीक्षा करने लगते ; इस तरह बस बदल-बदल कर रविश्री झाँसी पहुँचते हैं। झाँसी में बस स्टेण्ड पर ही आपको जानकारी मिलती है कि यहाँ शहर में प्रदर्शनी लगी हुई है जिसमें तरह-तरह की दुकानें एवं झूले आदि लगे हुए हैं । पूर्वजन्म के साधु पुरुष का तो सामाजिक स्थितियों का जायजा लेना ही इस समय विशेष उद्देश्य था और उद्देश्य पूर्ति हेतु प्रदर्शनी देखने चले गये । प्रदर्शनी देखने में रविश्री को रात हो जाती है, रुकने का कहीं ठौर दिख नहीं रहा था आप वापिस बस स्टैण्ड पहुँच कर बसों के समीप खड़े हो गये और एक ड्राईवर से दोस्ती गाँठने लगे पर ड्राईवर के पास इनसे दोस्ती करने की कोई वजह नहीं थी अतः वह अनदेखा कर आगे बढ़ गया। रविश्री को रात गुजारने के लिये बस अच्छी धर्मशाला प्रतीत हो रही थी और ड्राईवर हाथ नहीं रखने दे रहे थे, चमत्कार आप करना नहीं चाह रहे थे । अंततः आपने एक बस के क्लीनर से बस धोने की पेशकश रखी और बदले में बस में सोने की इजाजत मांगी। बस अगर वह साफ न करते तो क्लीनर साफ करता, उसकी मेहनत भी बचेगी और बस भी साफ हो जायेगी, लड़का पैसा मांग नहीं रहा था क्लीनर तैयार हो गया। उसने एक बाल्टी और एक कपड़ा रविश्री को दे दिया । बस में क्लीनर एक ऐसा प्राणी होता है, जो सबसे ज्यादा दीन-हीन एवं गाँव के सबसे गरीब आदमी की बीबी की तरह होता है, जिसे सिर्फ सुनने का और लगातार काम में लगे दिखते रहने का पैसा मिलता है । उसकी नौकरी कण्डैक्टर का साला भी अपनी फूंक से तिनके के मानिंद उड़ा सकता है 'ऐसे व्यक्ति को एक नौकर 'रविश्री जैसा सीधा सादा' मात्र बारह घंटे के लिये मुफ्त में उपलब्ध हो गया था । हाथ में बीड़ी और चाय का गिलास, मुंह में गुटका दबाये, पत्थर पर बैठकर क्लीनर महोदय ने रविश्री से इस तरह गाड़ी साफ करवाई जैसे इस सफाई के बाद साल दो साल सफाई होना ही न हो। अपनी अभी तक मिली गालियों की खिचड़ी रविश्री को उसने पेश की बाद में यह हिदायत देकर कि सबेरे उठकर फिर से सीटों पर कपड़ा मार देना रविश्री को बस में सोने की इजाजत दे दी ।
यह घटना मार्च 1988 की है, यहाँ झाँसी में ही रविश्री के बहनोई के छोटे भाई दिनेश किराये से कमरा लेकर रहते थे सबेरा होते ही रविश्री उनके पास गये व उनके साथ सिमथरी चले गये जो कि आपकी बहिन की ससुराल थी।
लगभग पन्द्रह दिन सिमथरी में रुकने के बाद रविश्री ने जब जाने की इजाजत मांगी तो रविश्री के बहनोई के बड़े भाई राजकुमार ने उनसे कहा कि हमारे साथ सेंवढा चलना होगा ।
अब आगे बढ़ने के पूर्व आप कुछ रिश्तों को अच्छी तरह समझ लें क्योंकि यह रिश्ते ही रविश्री की वह सीढ़ी हैं जिन पर चढ़कर आप रावतपुरा पहुँचे ।
रविश्री की बहिन की तीन ननद हैं सुशीला, गायत्री एवं शोभा । इनमें से गायत्री का विवाह सेंवढ़ा के श्री बैजनाथ शर्मा के पुत्र अखिलेश शर्मा से हुआ था । । रविश्री के सेंवढ़ा तक आने का माध्यम यही रिश्ता था । सिमथरी आने पर यहाँ से उनके जीजाजी के बड़े भाई जब भी सेंवढ़ा जाते तो रविश्री भी उनके साथ ही सेंवढा तक चले जाते ।
सेंवढ़ा के अखिलेश शर्मा की पुत्री साधना की शादी 'लहार के निवासी श्रीकांत शुक्ला के साथ हुई थी, यह रविश्री की वह सीढ़ी थी जिस पर चढ़कर आप सेंवढ़ा से लहार आये ।
स्व. श्री अखिलेश शर्मा के बड़े भाई स्व. चंद्रप्रकाश शर्मा इस समय 1988–1990 डबरा में निवास करते थे एवं सेंवढ़ा में ही रविश्री से आपकी भी मुलाकात हुई, इन दो वर्षों में चंद्र प्रकाश जी भी रविश्री से काफी जुड़े रहे ।
अप्रैल 1988 में रविश्री जब पहली बार सेंवढ़ा आए, तब यहाँ आकर आपकी मुलाकात चंद्रप्रकाश शर्मा के परिवार से हुई। चंद्रप्रकाश जी असिस्टैंट पुलिस प्रोसीक्यूटर के पद पर दतिया में कार्यरत थे । आपके छोटे सुपुत्र वीरेन्द्र शर्मा, रविश्री से काफी हिल-मिल गये थे, फिर चमत्कारी रिश्तेदार किसको नहीं भाता । रविश्री को सभी ने हाथों-हाथ लिया और इस पहली मुलाकात में ही सभी उनकी असाधारण प्रतिभा के कायल हो गए ।
इसके बाद 'रविश्री' राजकुमार के साथ पुनः वापिस सिमथरी आ गए। 1988 जुलाई अगस्त में आप चित्रकूट गये, चित्रकूट जाकर आप शबरी नामक एक गरीब महिला के यहां रुकते और कामतानाथ की परिक्रमा के रास्ते में बैठकर सभी श्रद्धालुओं से चमत्कारिक भेंट करते। इसी दौरान आपकी रावतपुरा के सियाराम शास्त्री से मुलाकात हुई । सियाराम शास्त्री बताते हैं कि ये कामतनाथ के रास्ते पर एक कपड़ा नीचे बिछाये उस पर बैठे थे एवं इनके चारों ओर भीड़ लगी हुई थी । इनके तन पर मात्र लंगोट थी, एक ओर लड्डू - पेड़ों का ढेर लगा हुआ था व एक ओर रुपये-पैसे पड़े हुए थे, जो कि श्रद्धालु चढ़ा रहे थे । रविश्री यहां से गुजरने वाले भक्तों को प्रसाद आदि देते, जिस वजह से श्रद्धालु वहाँ रुककर इस छोटे से संत को हैरत भरी निगाहों से ताकते रह जाते ।
1988 अक्टूबर में रविश्री पुनः सिमथरी गये और यहाँ कुछ दिन रुककर राजकुमार महोदय का सेंवढ़ा जाने का प्रोग्राम बना तो उनके साथ ही पुनः सेंवढा आ गये।
सेंवढ़ा में चन्द्रप्रकाश जी शर्मा सपरिवार आये हुए थे । दीपावली आपके साथ ही सेंवढ़ा में मनाकर चंद्रप्रकाश जी के आग्रह पर रविश्री डबरा आ गये । इस समय तक चंद्रप्रकाश जी उनकी क्षमताओं से बखूबी वाफिक हो गए थे, और रविश्री जी डबरा में भी विख्यात हो गए । वीरेन्द्र शर्मा बतलाते हैं कि प्रेतबाधाओं से निजात दिलाने में रविश्री का कोई सानी नहीं था । लोगों की कई सालों से चली आ रही समस्याऐं जो एक से एक बड़े तांत्रिकों से न सुलझ पाई थीं रविश्री ने चुटकियों में सुलझा दीं । चंद्रप्रकाश जी शर्मा ' तो अब नहीं रहे, 30 जून 1990 को उनका निधन हो गया था' । उनके पुत्र वीरेन्द्र कहते हैं कि “जैसा कि रविश्री बतलाते थे कि उन पर सिद्ध आत्मा की कृपा है, यह असत्य प्रतीत होता था क्योंकि हर वक्त किसी भी चमत्कार के लिए वह सक्षम थे मगर दूसरी ओर पूजा-पाठ बहुत कम करते थे व उम्र भी कम थी इसलिये लगता था कि हो सकता है यह सच कह रहे हों।"
रविश्री की उम्र को देखते हुए इन्हें कम आंकने वालों की कमी नहीं है । यह रावतपुरा पहुँचने के पहले अपनी हकीकत किसी के ऊपर जाहिर नहीं करना चाहते थे । इनके क्रिया-कलापों से यह अहसास होता है कि ये चाहते थे कि “इनके रावतपुरा पहुँचने में स्वाभाविकता हो, कोई यह न समझ सके कि इनकी मंजिल रावतपुरा है और इसके लिये आपको सीढ़ियों की आवश्यकता थी। पहली सीढ़ी सिमथरी व दूसरी सीढ़ी से सेंवढ़ा तक तो आप आ गये, अब आइये देखें कि आगे की सीढ़ियों पर आपने कदम कैसे जमाये । यहाँ तक की बात पर मैं आपसे यह जरूर कहना चाहूँगा, कि स्वाभाविकता लाने के लिए रविश्री ने हर सीढ़ी के बीच के फासले को एक इत्तफाकन मुलाकात या इत्तफाक से गुजरी घटना का अहसास करवाया है, पर एक नजर से देखें तो हर इत्तफाक कुदरत की सोची-समझी योजना का एक हिस्सा था। और इस योजना की पूर्णता रविश्री के रावतपुरा मंदिर पर प्रथम यज्ञ की सफलतापूर्ण समाप्ति पर थी जो कि अप्रैल 1991 को होना था ।
सेंवढ़ा से डबरा व डबरा से सेंवढ़ा रविश्री का आना-जाना शुरु हो गया । चंद्रप्रकाश हर महीने सेंवढा आते ही थे आखिर उनका घर था और वो न भी आते तो उनके परिवार का कोई न कोई सदस्य आता-जाता रहता और साथ ही रविश्री भी घूमते रहते ।
सेंवढ़ा में आपकी मुलाकात अखिलेश शर्मा के दामाद श्रीकांत शुक्ला से हुई । श्रीकांत लहार के रहने वाले थे सेंवढ़ा में चंद्रप्रकाश जी शर्मा के भाई अखिलेश शर्मा की लड़की साधना से श्रीकांत का विवाह हुआ था। 35 वर्षीय श्रीकांत शुक्ला स्वभाव से जिज्ञासु प्रवृत्ति के हैं एवं साधु संतों की तरफ उनका विशेष रुझान रहता है, आप बताते हैं कि 'मैं अपने ट्रक की टैक्स संबंधी एक समस्या को सुलझाने ग्वालियर जा रहा था । उसके कारण मैं बहुत परेशान था और समस्या थी कि सुलझने का नाम ही नहीं ले रही थी । लहार से ग्वालियर जाते समय सेंवढ़ा बीच में पड़ता है और 'ससुराल भी सेंवढ़ा में है, यह सोचकर मैं लहार से यह कार्यक्रम बनाकर चला कि रात्रि विश्राम सेंवढ़ा करके वहाँ से सबेरे ग्वालियर चले जायेंगे । सेंवढ़ा पहुँचने पर ससुराल में रविश्री से परिचय करवाया गया और इनके चौंकाने वाले अलौकिक कारनामे बताये गये तो मुझे विश्वास न हुआ और पहली मुलाकात में हुए परिचय के बाद रात्रि विश्राम कर सुबह जैसे ही मैं ग्वालियर जाने लगा तो रविश्री मुझसे बोले कि "बहुत परेशान हो अपनी समस्या को लेकर, इस बार आपके ऊपर संत का आशीर्वाद है, सब समस्याएं हल हो जायेंगीं" । इनके परिचय में यह बताया जाता था कि ये छिपरी के रहने वाले हैं वहीं के एक सिद्ध का इनके ऊपर आशीर्वाद है ।
श्रीकांत बताते हैं कि " ग्वालियर जाने पर मेरी समस्या चमत्कारिक ढंग से पूरी तरह सुलझ गई, मुझे ऐसा लगा कि इस बार वह समस्या मेरे आने का इंतजार कर रही थी। जबकि मुझे इस बात की एक प्रतिशत भी उम्मीद न थी। बीती रात तो रविश्री द्वारा कही बात पर मैंने ध्यान ही नहीं दिया था और सबेरे भी उनके आशीर्वाद का मुझ पर कोई असर न था, मैं उन्हें बच्चा मात्र समझ रहा था। मगर ग्वालियर से लौटते वक्त रास्ते भर मैं रविश्री के बारे में सोचता हुआ सेंवढ़ा आ गया।”
और इस बार श्रीकांत रविश्री से प्रगाढ़ता बढ़ाने में जुट गये। उन्हें रविश्री की क्षमताओं का आभास हो चुका था और अब वह चाहते थे कि रविश्री उनके साथ लहार चलें । 'श्रीकांत का सोचना, प्रगाढ़ता बढ़ाना, लहार चलने के लिये आग्रह करना' यह सब कुदरत की योजना के तहत होने वाले कार्य प्रतीत होते हैं ।
दिसम्बर 1988 में रविश्री, श्रीकांत शुक्ला के विशेष आग्रह पर लहार जाने के लिये तैयार हो गये। लहार से रावतपुरा मात्र सत्रह कि.मी. दूर रह जाता है मगर रविश्री ने इस समय इस ओर कोई दिलचस्पी नहीं दिखलाई और लहार के मंदिर आदि घूमकर घर के सभी सदस्यों से मिलकर वापिस सेंवढ़ा आ गये। श्रीकांत शुक्ला कहते हैं कि इस दौरान रविश्री के अंदर भविष्य में झाँकने की अद्भुत क्षमता के वो कायल हो गये थे । इसके अलावा अन्य छोटे-छोटे चमत्कार तो वो दिखाते ही रहते थे, लहार में उनके घर के सभी सदस्य शीघ्र ही रविश्री से हिल-मिल गये थे। इस पहली ही मुलाकात में रविश्री ने लोगों को अपनी प्रतिभा का कायल कर दिया था ।
अब आइये कदम रखते हैं 1989 में। सेंवढ़ा से डबरा के रास्ते में दतिया जिले की ही तहसील इंदरगढ़ पड़ती है। रविश्री आते-जाते में इस रास्ते से अच्छी तरह इस जन्म में वाकिफ तो हो ही गये थे और शायद वह एक ऐसे स्थान की तलाश में भी थे जिसे वह अपना बीच का पड़ाव बना सकें, यह पड़ाव रविश्री ने इंदरगढ़ चुना ।
इंदरगढ़, रविश्री किस तरह ओर किस वजह से रुक गये अभी तक वह जरिया मुझे नहीं मिल पाया बहरहाल फरवरी 1989 में आप इंदरगढ़ थाने में पहुँचकर वहाँ के सभी स्टॉफकर्मियों से न सिर्फ हिल-मिल गये वरन् उन्हें अपनी सरलता से, अपनी क्षमताओं से अपना हितैषी भी बना लिया। थाने का स्टॉफ आप से इस कदर प्रभावित हो गया कि आपके खाने-पीने व रुकने की व्यवस्था थाने के ही अंदर हो गई।
इस समय यहाँ कांस्टेबिल के पद पर तैनात अवनीश शर्मा के विवाह को तीन वर्ष हो गये थे मगर संतान के सुख से वंचित थे । रविश्री ने उन्हें आशीर्वाद दिया कि अगले 9 माह के अंदर आप पिता बन जायेंगे । एक कांस्टेबिल एबरन सिंह यादव जिसके यहाँ तीन पुत्रियाँ थीं मगर पुत्र की चाहत थी, उसे आशीर्वाद मिल गया कि इस बार पुत्र होगा। आपके छोटे-छोटे चमत्कारों को देखने सभी पुलिसकर्मी लालायित रहते और उनकी खुशामद में लगे रहते । इंदरगढ़ के स्थानीय निवासियों तक भी उनकी बाल्यावस्था में संत प्रवृत्ति और चमत्कारी होने की चर्चा फैलने लगी। पर चूंकि आप रुके थाने में थे अतः साधारण लोगों की पहुंच से दूर थे। यहाँ दो माह का समय आपने अपना डेरा थाने में ही जमाये रखा, पर यहाँ रुकने के बाद भी आप इंदरगढ़ के होकर नहीं रह गये थे, रविश्री जहाँ भी दो दिन से ज्यादा रुक जाते तो यह तो तय रहता कि तीसरा दिन आपका किसी नए स्थान पर नए लोगों के साथ बीतेगा। आप अपना केन्द्र बनाते और उस केन्द्र को अपना स्थायी निवास बनाकर उसके चारों ओर भ्रमण करते रहते । दतिया, डबरा, सेंवढ़ा, लहार इस क्षेत्र में परिचय हो जाने के पश्चात् आपने अपना केन्द्र इंदरगढ़ चुन लिया था । शुरु के दो माह अर्थात् 1989 फरवरी से 1989 मार्च तक अधिकांश समय इंदरगढ़ थाने में ही गुजारते, बीच-बीच में कभी डबरा तो कभी सेंवढ़ा तक चले जाते फिर लौट आते, फिर धीरे-धीरे यहाँ आस-पास के गाँवों में भी जाना शुरु कर दिया ।
मार्च 1988 से रविश्री ने यारा जो छोडा तो अप्रैल 1989 तक उस तरफ का रुख ही नहीं किया । शुरु में एक महीने तक तो घर में इंतजार किया गया मगर उसके बाद खोजबीन शुरु हुई तो यही समझा गया कि यारा में होंगे, परंतु जब यारा में भी न मिले तो घर वाले चिंतित हो गए ।
आपके चाचा लक्ष्मीनारायण जी के अनुसार "इस एक वर्ष में हम लोग उन्हें ढूँढते - ढूँढते परेशान हो गए थे । सिमथरी तक का तो जिक्र मिला पर सिमथरी से सेंवढ़ा आने के बाद आप कहाँ गए यह पता नहीं चला। इस बीच सुना कि झाँसी में बेतवा नदी के ‘नोट-घाट - पुल पर एक व्यक्ति की लाश मिली है उसका हुलिया व पहनावा वही बताया गया जो रविश्री का था । हम और बड़े भाई जी कृपाराम उस लाश को देखने पहुँचे मगर तबतक लाश दफनाई जा चुकी थी । मात्र उसके कपड़े ही देखने को मिले, वह कपड़े देखकर जो कि मात्र कुर्ता पायजामा थे और लाश का हुलिया सुनकर हमने और भाई साहब ने एक दूसरे से कहा तो कुछ नहीं… पर मन-ही-मन हम लोगों को यह विश्वास हो गया कि 'हमारे रवि....... अब नहीं रहे'.....!!!
“वापिस घर आने पर भी" लक्ष्मीनारायण कहते हैं कि 'हम लोगों ने किसी प्रकार का कोई जिक्र नहीं किया, न ही हम लोग घर में बताकर गये थे कि लाश देखने जा रहे हैं, परंतु मेरे और रविश्री के पिता के अंदर यह बात बैठ चुकी थी कि रविश्री अब इस दुनियाँ में नहीं हैं ।
इस दौरान की चर्चा करते हुए रविश्री की मां कहती हैं कि उनके घर न आने पर चिंता करना तो स्वाभाविक था, मैं मंदिर जाकर उनके लिए मनौती भी मांगती, उनकी लंबी आयु के लिए तरह-तरह के उपाय करती, लेकिन जब-जब मैं मंदिर जाती, तब-तब रात्रि में मुझे ये स्वप्न में आकर कहते कि "अम्मा, चिंता मत करो हम अच्छी तरह से हैं" । सबेरा होने पर हम इनके पिता को स्वप्न की बात बताते परंतु वह, 'एक मां का हृदय तो स्वप्न देखेगा ही' कहकर टाल देते। कभी मजाक में कहते कि स्वप्न में आता है तो पूँछ क्यों नहीं लेती कि कहाँ है, और कब आयेगा ?
पिता कृपाराम जी कहते हैं कि "यह सच था कि मैं उनकी वजह से अत्याधिक परेशान रहता था, वह जब यहाँ रहते तो मुझसे उनका यह सब चमत्कारिक जीवन कतई बर्दाश्त नहीं होता था, परंतु उनका गायब हो जाना फिर उनकी मां का उदास चेहरा और आखिर थे तो मेरे पुत्र ही ! मुझे भी यही लगता कि कोई 'यह बता दे कि वो हैं कहाँ ?' परंतु एक साल तक कोई खबर नहीं मिली ।" - पाठको, आगे की कई घटनाओं में अदृश्य सत्ता के हस्तक्षेप का स्पष्ट अहसास होता है अर्थात ऐसे इत्तफाक जो निश्चित ही इत्तफाक नहीं वरन् कुदरत की योजना के हिस्से प्रतीत होते हैं, प्रतीक चिन्ह - का आशय यही है कि घटना को आप इस नजरिये से भी मनन करते चलें ।
चैत की नव दुर्गा प्रारंभ होने को थी, तब रविश्री ने अपने इंदरगढ़ स्थित भक्तों से यह कर कि "हम शीघ्र ही वापिस आयेंगे अभी घर जाना जरूरी है" अपने घर छिपरी आ गये ।
छिपरी में चार-पांच दिन आपने मां व पिता जी के गुस्से से भरे प्यार को बटोरा ही था कि लहार से मोटर साइकिल पर सवार होकर श्रीकांत शुक्ला रविश्री को लेने के लिये आ गये ।
एक-दो दिन श्रीकांत छिपरी रुके तत्पश्चात् रविश्री एवं श्रीकांत मोटर साइकिल से ही छिपरी से लहार आ गये ।'
यह रविश्री की घर आने की औपचारिकता मात्र न थी, वरन् अहसास होता है कि कुदरत ने एवं उस अदृश्य सत्ता ने भी समय निश्चित कर रखा था कि रविश्री को अब मंजिल की तरफ एक कदम और बढ़ाना है, उस सीढ़ी पर एक पायदान और ऊपर चढ़ना है, जो रावतपुरा तक जाती है तभी तो श्रीकांत जो लहार से आए थे वो सीधे ही छिपरी आए थे। न तो उन्होंने रविश्री को इंदरगढ़ में तलाश किया न ही कहीं और। इधर रविश्री ने भी साल भर बाद यही वक्त छिपरी आने (घर आने) के लिये चुना था ।
छिपरी में श्रीकांत और रविश्री की मुलाकात इत्तफाक से हो गई यह श्रीकांत जी को लगा जरूर था, पर वो कुदरत की एक बनी बनाई कहानी के एक पात्र के अनुसार अपना कार्य कर रहे थे । 12 अप्रैल 1989 को मोटर साइकिल की यह यात्रा छिपरी की सुबह से प्रारंभ होकर दोपहर व लगभग आधी से ज्यादा तिपहारिया को लपेटते हुए लहार पर समाप्त हुई ।
रावतपुरा मंदिर से मात्र एक कि.मी. दूर बिजौरा गाँव है । बिजौरा गांव के निवासी श्याम त्रिपाठी जो इस समय लगभग चालीस वर्ष के हैं, बिजौरा एवं लहार क्षेत्र के प्रतिष्ठितों में गिने जाते हैं । लहार में आपका घर श्रीकांत आपका घर श्रीकांत शुक्ला के घर के समीप ही है एवं शुक्ला जी आपके पारिवारिक मित्र व हितैषी हैं ।
जब श्रीकांत शुक्ला, लहार अपने घर रविश्री के साथ पहुंचे श्याम त्रिपाठी शुक्ला जी के घर पर ही बैठे थे ।
रविश्री के पहुँचते ही 'महाराज आ गये, महाराज आ गये, का शोर होने लगा। सभी घर के सदस्य व बच्चे उन्हें घेरने लगे व सभी बैठे हुए लोगों से रविश्री का परिचय करवाया गया।
इस समय रविश्री की उम्र मात्र 15 - 16 वर्ष की लग रही थी, एवं दाढ़ी मूंछों की रेख हल्की-हल्की सी उभर आई थी एवं कुर्ता, पायजामा व प्लास्टिक के जूते पहने हुये थे । जब सबसे कहा गया कि 'ये छिपरी के संत हैं तो अन्य आगुन्तकों की मानसिकता यह थी कि 'चूंकि यह शुक्ला जी के रिश्तेदार हैं इस वजह से बढ़ा-चढ़ा कर इनका परिचय दिया जा रहा है ।'
रविश्री को आये हुए मात्र दस मिनिट ही हुए थे कि अचानक उनकी नजर श्याम त्रिपाठी पर पड़ी, जो मन ही मन सोच रहे थे कि 'शुक्ला जी भी किस-किस को ले आते हैं, रविश्री ने कहा कि 'तुम तो बिजौरा के रहने वाले हो, यहां भी घर बनवा लिया, तुम्हारे घर जड़ी बूटियाँ बहुत लगी हुई हैं।
श्याम त्रिपाठी अवाक् रह गये, उन्होंने कभी रविश्री को लहार में देखा तक नहीं था उनके सामने वह छिपरी से आये और उनके बारे में सब कुछ बता दिया, जब तक वह कुछ और सोचते या बोलते, रविश्री ने अपनी फकीराना और बिंदास तबियत का नमूना पेश करते हुए श्याम त्रिपाठी से कहा 'चलो, तुम्हारे घर चलते हैं आज वहीं रुकेंगे और लहार पहुँचने के दस मिनिट बाद ही रविश्री श्याम त्रिपाठी के घर पर थे ।
श्याम त्रिपाठी कहते हैं कि 'मैं न सिर्फ इस बात पर विस्मित था कि उन्हें मेरे बारे में यह सब कैसे पता चल गया बल्कि उनके अधिकार पूर्ण रवैये से मेरे घर आ जाना और मेरे द्वारा उस रवैये को पूर्णतया मान्यता देना भी स्वयं मुझको चकित कर रहा था'। श्याम त्रिपाठी के घर आकर रविश्री ने स्नान की इच्छा जाहिर की और कुँऐ पर ही स्वयं पानी खींचकर स्नानादि से निवृत्त हुए ।
रात्रि में श्याम त्रिपाठी जब रविश्री के पास चर्चा करने बैठे तो रविश्री ने उनकी हर प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष समस्या व उसका हल बताकर उन्हें दंग कर दिया 'फिर चर्चा करेंगे' ऐसा कह कर सो गये । श्याम त्रिपाठी आश्चर्य के सागर में गोते सुबह लगाते रहे और रात भर इसी उधेड़बुन में लगे रहे कि इतनी महान् शक्तियाँ आखिर इस बालक के अंदर कहाँ से आ गईं ?
फिर आपने सोचा कि 'भूत, वर्तमान और भविष्यकाल की बातें तो बहुत संत लोग बता देते हैं, इनके अंदर और कौन-कौन सी क्षमताएं हैं, यह परीक्षा इनकी कल ली जायेगी और यह निश्चिय कर वह भी सो गये ।
दूसरे दिन प्रातः स्नानादि से निवृत्त होकर रविश्री ने दैनिक पाठ पूजा की, अगरबत्तियाँ लगाई, लगभग ग्यारह बजे श्याम त्रिपाठी रविश्री की परीक्षा लेने के उद्देश्य से उनके पास बैठ गये । रविश्री ने श्याम त्रिपाठी की ओर देखकर कहा कि 'पूछो क्या जानना चाहते हो ?'
श्याम त्रिपाठी ने कहा 'महाराज, यह बतलाइये कि इस वक्त मेरे बिजौरा स्थित मकान पर क्या हो रहा है, और घर में कौन-कौन है ?'
रविश्री ने तुरंत आँखें बंद कीं और बिजौरा जो यहाँ से बीस कि.मी. दूर था वहाँ का आँखों देखा हाल बताना शुरु कर दिया ।
'आपका मकान अमुक स्थान पर है, आंगन में तीन घड़े एक के ऊपर एक पानी से भरे रखे हुए हैं, तीसरा बर्तन टूटा है, अंदर के कमरे में एक टेबिल रखी है, आदि आदि और इसके साथ ही यह भी बता दिया कि 'घर में मात्र आपके बड़े भाई हैं बच्चे खेलने गए हुए हैं । श्याम त्रिपाठी को हैरानी तो हुई, पर वह इस बात को कहने में संकोच कर रहे थे कि 'बिजौरा' चलकर परख भी लिया जाये । रविश्री ने तो आँखों देखा हाल बताकर यह भी कह दिया कि 'पूंछ लेना, आपके भाई बतायेंगे कि कोई वृद्ध व्यक्ति इस समय घर पर आया था ।
अंततः जब रविश्री ने दूसरे दिन भी वहीं विश्राम कर अगले दिन जाने की इजाजत मांगी तो श्याम त्रिपाठी ने कह दिया कि 'महाराज, पहले बिजौरा चलकर देख तो लें कि आपकी बात सही थी कि नहीं। रविश्री तैयार हो गये और वापिस जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया | श्याम त्रिपाठी जब रविश्री के साथ बिजौरा पहुंचे और आँखों देखे हाल की तसदीक की, तो एक - एक बात सही निकलते देखकर सीधे रविश्री के चरणों पर गिर पड़े और परीक्षा लेने के लिए क्षमायाचना करने लगे ।
रविश्री जब लहार में बैठकर श्याम त्रिपाठी के सामने बिजौरा का आँखों देखा हाल बता रहे थे उस समय बिजौरा में स्थित निवास में उनके बड़े भाई नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी थे जिनके लिए रविश्री ने कहा था कि 'उनसे पूछना कोई वृद्ध व्यक्ति आया होगा' ।
नरेन्द्र त्रिपाठी बताते हैं कि 'मेरे घर में एक सिद्ध संत का साया है जो केवल घर के सदस्यों को ही कभी - कभी दिख जाते हैं । उस दिन वह वृद्ध व्यक्ति आकर मेरे दरवाजे पर खड़ा होकर अंदर झांक रहा था तभी मेरी निगाह उन पर पड़ी तो मेरे मन में तत्काल यही बात आई कि यह वही सिद्ध आत्मा है' । नरेन्द्र त्रिपाठी आगे बताते हैं कि "उस व्यक्ति ने मेरे बच्चों के बारे में पूछा, पत्नी के बारे पूछा और मैं सम्मोहन अवस्था में बंधा - बंधा सिर्फ जवाब देता रहा । उस वृद्ध व्यक्ति के चेहरे पर एक दिव्य तेज था, जब वह व्यक्ति चला गया तब मेरे मन में आया कि मैंने तो कुछ पूछा ही नहीं, पर मन में यही था कि यह तो यहीं रहने वाली सिद्ध आत्मा है । दूसरे दिन जब श्याम, रविश्री को लेकर आये और उस व्यक्ति के बारे में पूछा तब पता चला कि वो तो कोई और ही थे" ।
इस तरह रावतपुरा मंदिर से मात्र एक मील की दूरी पर स्थित बिजौरा गांव में 1989 के अप्रैल माह में रविश्री ने श्याम त्रिपाठी के मकान में बैठकर चाय पी, नाश्ता किया, सभी को आशीर्वाद दिया और पुनः वापिस लहार आ गये । यहाँ आकर भोजन आदि से निवृत्त होकर बस में बैठे और इंदरगढ़ वापिस आ गए जो कि इस कार्यकाल में उनका केन्द्र बिन्दु था ।
मई 1989 में रविश्री ने इंदरगढ़ थाने में पुनः आकर रुकना प्रारंभ कर दिया मगर अंदाज कुछ दूसरा ही था । आपने आते ही कहा कि 'अब भक्ति का समय आ गया है, मेरे लिये कंडियाँ मंगवाई जायें, (जिन्हें गोबर के उपले भी कहते हैं) इस समय तक रविश्री के आशीर्वाद के फलस्वरूप अनेक स्त्रियाँ जिन्हें संतान नहीं होती थी वह गर्भवती हो चुकी थीं, आपके बताये हुए कुँओं में पानी आ चुका था अतः भक्तों की संख्या इन चर्चाओं के फलस्वरूप बढ़ गई थी। कंडों के बीनने वालों में अनेक लोग हाथ बँटाते, फिर बीच में रविश्री का आसन होता और चारों तरफ कंडों की आग जलती, ऊपर से मई माह का सूरज और गर्म हवा के थपेड़े । यद्यपि इस समय रविश्री की आयु 21 वर्ष पूर्ण हो चुकी थी मगर देखने में मात्र पन्द्रह सोलह वर्ष ही लगती थी और इस उम्र में भक्ति का यह अंदाज देखकर लोगों के सिर सहज ही झुक जाते ।
जब तक वह आग शांत नहीं हो जाती रविश्री आसन में बैठकर ध्यान में मग्न ही रहते। देखने वालों की भीड़ का थाने में तांता लगा रहता। लोग भरी दोपहरी में ज्यादा देर रुक तो नहीं पाते, लेकिन थोड़ी ही देर में वह इस हद तक प्रभावित हो जाते कि शाम होते ही रविश्री को इन लोगों से मिनिट भर की भी फुरसत न मिलती।
अवनीश शर्मा बताते हैं कि 'इस समय रविश्री मात्र एक समय भोजन करते और साथ ही यह भी नियम था कि एक बार में जितना परोसोगे उतना ही खायेंगे दुबारा कुछ भी नहीं लेते थे । यहाँ से अक्सर वो छिपरी अपने घर एवं अपने भक्तों को चिट्ठियाँ लिखा करते जिनमें घरवालों को अपनी खैरियत बताते एवं भक्तों को आशीर्वाद देते हुए ईश्वर भक्ति हेतु प्रेरित करते ।'
आप घर छोड़कर क्यों चले आए ? यह पूंछने पर वह यही बताते कि 'हमारे घर वाले पढ़ने के लिए जिद करते हैं पढ़ाई हमको करना नहीं है।' थाने में रविश्री को सभी लोग रवि महाराज कह कर बुलाते थे और सभी लोग उनका विशेष ख्याल रखते कि इन्हें कोई परेशानी न हो सके ।
इंदरगढ़ के हाईकोर्ट एडवोकेट राजेश दाँतरे जो यहाँ के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में से हैं बताते हैं कि मेरी पहली मुलाकात इंदरगढ़ थाने में रविश्री से 1989 अगस्त में हुई। मैं किसी केस के सिलसिले में थाने गया, वहाँ रविश्री थानेदार के साथ बैठे हुए थे। मैं अपनी बातचीत में व्यस्त हो गया कि ये अचानक बोल पड़े, 'क्यों राजेश तुम नौकरी छोड़ कर आ गये ? दांतरे साहब कहते हैं 'मेरा यह नाम इंदरगढ़ में बहुत कम लोग जानते हैं, फिर एक अनजान लड़के के मुँह से यह नाम सुन कर मैं चौका। तब रविश्री ने आगे कहा कि 'आगे चलकर इस इंदरगढ़ का भार तुम्हें उठाना पड़ेगा,' बहरहाल परिचय के पश्चात् दाँतरे साहब रविश्री से अत्याधिक प्रभावित होकर उन्हें घर ले आये और लगभग एक माह तक अपने साथ ही रखे रहे। इस दौरान रविश्री गाँवों में चले जाते, जंगल में घूमते रहते, थाने में जाकर बैठे रहते ।
राजेश दाँतरे बताते हैं कि 'यहाँ रविश्री ने कई मामलों में पुलिस की बहुत मदद की थी। नजदीक के गाँव पचोखरा में चोरी होने पर लोग जब रिपोर्ट करने आए तो रविश्री इत्तफाक से वहीं पर मौजूद थे। थानेदार ने रविश्री से चोरी के बाबत पूंछा तो न सिर्फ चोर बल्कि चोरी का माल भी जो भूसे में छिपाया गया था बता दिया। इसी तरह एक बार रविश्री ने पुलिस इंस्पेक्टर से कहा कि आज ग्वालियर कुछ चोर आपके इलाके में आए हुए हैं, आप रात में ग्वालियर रोड पर जाकर पकड़ लें, मय माल के चोर मिल जायेगा, उस समय विद्युत तारों की चोरी बहुत हो रही थी। सब इंस्पेक्टर के. एस. दाण्डे इनके बताये अनुसार गये तो एक एम्बेसडर में तार रखते हुए चोर रंगे हाथों पकड़ गए ।
रविश्री इस दौरान यह भी कहते थे कि 'हमें कोई सिद्धी नहीं है, हमें तो सिद्ध आ कर बता देते हैं, इसलिये हम सुबह सच - सच बता पायेंगे और अगर खुश हैं, ज्यादा थके हुए नहीं हैं तो तुरंत ही सब कुछ बता देते थे ।
रविश्री के तमाम भक्त जो इंदरगढ के निवासी हैं बताते हैं कि यहाँ इंदरगढ़ में रविश्री ने चमत्कार तो किए पर उनके अंदर एक वृहद संत का व्यक्तित्व छिपा हुआ है इस बात पर भरोसा कोई नहीं पर पाता था । लोग यही मानते थे कि हां, बच्चे पर कोई सिद्धी है, और वह सिद्धी कभी-कभी ही आती है और यही दिखावा वह करते भी थे।
इस समय इंदरगढ़ थाने में पदस्थ कांस्टेबिल धनकसिंह धाकर कहते हैं कि 'हम लोग उन्हें दोस्तों की तरह परेशान करते थे, वह सिर की टोपी को हाथ में पकड़ाकर कहते “बोले सिद्ध बाबा की जय" और यह कहते ही कभी छुहारे कभी लौंग कभी लड्डू से टोपी भर जाती थी ।'
इसी समय एक साधू रविश्री को अक्सर परेशान करने लगा था, उसको इनकी सिद्धियों की वजह से न सिर्फ जलन होती थी वरन् इनकी सिद्धियों का वह अनुचित फायदा भी उठाना चाहता था।
बाली बाबा नाम का यह साधू फकत नाम का साधू था । अधिकांश लोग उससे भयभीत रहते थे । रविश्री जितना इस साधू से दूर रहना चाहते वह उतना ही इनके पीछे पड़ा रहता, लेकिन फिर पुलिस के साथ इन्हें देखकर वह इनसे दूर रहने लगा ।
इस समय तक रविश्री के पहनावे में इतना अंतर आ गया था कि आप कभी-कभी धोती जो पीले रंग की होती थी उसे तहमत की तरह पहन लेते थे, और सिर पर कभी-कभी पीली तौलिया साफे की तरह बांध लेते थे। अगर कोई घर में खाना खिलाने की पेशकश करता तो सहज में मान लेते । खाने के बाद सोने के लिए एक अच्छे बिस्तर का होना कोई जरूरी नहीं था ।
यहाँ से रविश्री डबरा व सेंवढ़ा भी अक्सर जाते रहते । थाने के ही कर्मी उन्हें बस में बैठा देते थे, 'ये जब भी वापिस आना चाहें, बाइज्जत वापिस भी ले आना' कण्डेक्टर को यह सख्त निर्देश दे दिये जाते थे । एक बार रविश्री थाने में
बैठे हुए सभी से गपशप कर रहे थे कि पास ही दतिया इंदरगढ़ मार्ग पर पड़ने वाली चौकी धीरपुरा जो दतिया से लगभग पंद्रह कि.मी. है के इंचार्ज नारायणसिंह कुशवाह आए, उनकी चौकी इसी थाने के अंतर्गत आती थी । नारायणसिंह कुशवाह पुलिस में होते हुए भी अत्यंत सात्विक प्रकृति के व्यक्ति हैं, धार्मिक कृत्यों में आप सदैव आगे रहते एवं साधू संतों के प्रति विशेष श्रद्धा रखते । थाने के स्टाफ के जरिये आपका रविश्री से परिचय हुआ इक्का दुक्का चमत्कार तो रविश्री यूँ ही परोस देते थे। नारायण सिंह ने उनसे धीरपुरा चलने का आग्रह किया तो रविश्री ने 'फिर कभी आने' का संतोषप्रद्र जवाब दिया और कुशवाह जी वापिस धीरपुरा आ गए।
रविश्री को इंदरगढ़ रहते लगभग एक वर्ष हो गया था। इस समय तक पुलिस प्रशासन नगर प्रशासन व इंदरगढ़ के सभी प्रतिष्ठित व्यक्ति उनसे जुड़ चुके थे। वह जब तब लोगों के यहां हवन आदि भी संपन्न करवाने जाने लगे थे। थाने में भी रात्रि के समय वह कभी - कभी अनुष्ठान - हवन आदि किया करते थे और लोगों को भी धर्म से जुड़ने को प्रेरित करते थे। इसी दौरान एक बार रविश्री को डबरा जाने का ख्याल आया । चंद्रप्रकाश जी से मिले उन्हें काफी समय हो गया था। अवनीश शर्मा से जैसे ही रविश्री ने अपनी इच्छा प्रकट की तत्काल उनके लिए सामने जाती हुई बस को रूकवाया गया।
आज भी लावारिस बच्चों को घूमता देखकर उन्हें पकड़कर अपने साथ ले जाने और जिन्दगी भर उनसे बेगारी करवाने वालों की कमी नहीं है । मात्र खाने-पीने और पुराने कपड़ों के खर्चे में एक नौकर उपलब्ध हो जाता है । रविश्री जिस बस में सवार हुए थे इत्तफाक से उसमें कुछ आला दर्जे के इसी तरह के किसान भी सफर कर रहे थे। रविश्री ने उनकी बातों से जैसे ही उनका इरादा भांपा वैसे ही पीछा छुड़ाने की गरज से एक घंटे बाद एक स्थान पर बस रुकते ही उतर गए। दतिया से मात्र पंद्रह कि.मी. पूर्व पड़ने वाले गांव 'जहां रविश्री इत्तफाक से उतर गए थे' का नाम था 'धीरपुरा' ।