द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 18 / 21

English
☰

अध्याय 18

रोमांचक अनुभव

रोमांचक अनुभव

सरनामसिंह का परिचय तो आप पढ़ ही चुके हैं, आप रविश्री के पूर्वजन्म अर्थात् गुइयाँबाबा के प्रिय शिष्य थे । इस जन्म में रविश्री से उनकी प्रथम मुलाकात कैसे हुई और फिर कैसे उन्हें यकीन आया कि रविश्री ही गुइयांबाबा का पुनर्जन्म हैं, हर बात की बेहद बारीकी से जांच करने के लिए मशहूर व सरल स्वभाव के सरनामसिंह का यह अनुभव बेहद रोमांचक तो है ही, साथ ही रविश्री की अद्भुत क्षमताओं का उदाहरण भी है ।

सरनामसिंह के अनुसार-

रावतपुरा के प्रथम यज्ञ के दौरान मई 1991 की बात है, कुछ लोगों ने सरनाम से जब कहा कि सुन रहे हैं तुम्हारे गुरु यज्ञ करा रहे हैं, तो सरनाम बोले कि यज्ञ का तो हमने भी सुना है पर हमारे गुरु अब कहां से आ जायेंगे ? फिर भी यज्ञ में तो जाना ही था और मय परिवार के सरनामसिंह पहुँच गये।

रविश्री आहुति दे रहे थे कि उनकी नजर सरनाम पर पड़ी। वो आहुति भूलकर जोर से हंस पड़े, उन्हें हंसता देख पंडित वगैरह अचरज में पड़ गये कि ठाकुर को देख ये हंस क्यों रहे हैं? रविश्री उठकर आये और सरनाम को नाम लेकर बुलाया कि आ गये सरनाम, सरनाम को कोई आश्चर्य न हुआ, क्योंकि अधिकांश लोग उन्हें जानते थे। उन्होंने जवाब दिया कि हां आ गये। फिर रविश्री उन्हें एकांत में ले गये और बोले कि ये लोग हमारा मजाक उड़ा रहे हैं, कि हम यज्ञ नहीं करवा पायेंगे तुम किसी को ये मत बताना कि मैं कौन हूँ । सरनाम की छठी इन्द्रिय ने इतना संकेत तो दे ही दिया था कि ये कोई सिद्ध पुरुष हैं, पर फिर भी वो परेशान थे कि हम किसी को क्या बतायेंगे, जब हम ही नहीं जानते कि ये कौन हैं, कहाँ से आये ? रविश्री के सभी आदमी-औरत आ- आकर पांव छू रहे थे। तभी सरनाम की पत्नी पांव छूने आई तो रविश्री ने उन्हें रोक दिया था । सरनाम को गुइयाँबाबा मनाकर गये थे कि कभी किसी साधु-संत के पाँव मत छूना, पत्नी के पूछने पर सरनाम ने कहा कि ये कोई सिद्ध पुरुष हैं, और ये समझ गये हैं कि हम भी किसी सिद्ध पुरुष के चेले हैं, इसलिए ये पांव छूने से रोक रहे हैं । फिर रविश्री सरनाम से बोले कि अच्छा जाओ यज्ञ के समाप्त होने पर आना। उस समय सरनाम वापिस आ गये, और मंगलवार को फिर पहुंचे, सरनाम का दुबारा जाना मात्र इस वजह से था कि एक सिद्ध पुरुष ने बुलाया है, तो जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त न कोई श्रद्धा न भक्ति न कोई विशेष वजह | रविश्री गुइयाँबाबा हो सकते हैं यह तो वो सपने में भी नहीं सोच सकते थे।

मंगलवार को पहुँचते ही रविश्री ने उन्हें बुला लिया, आसपास के गांव के तमाम लोग बैठे थे । रविश्री ने बैठने के लिए कहा, सरनाम नीचे बैठ गये रविश्री तख्त पर बैठे थे-

क्यों सरनाम, गुइयाँबाबा की लाठी रखी है,

हाँ महाराज, रखी है,

खड़ाऊँ रखी हैं,

हाँ महाराज, रखी हैं,

उनकी पूजा करते हो,

हाँ महाराज,

तख्त व लोटा भी रखा है,

हाँ महाराज रखा है,

और भट्टी रखी है,

हाँ महाराज वह भी रखी है

लोगों ने सरनाम से पूछा कि भट्टी क्या है - हमारे गुरु महाराज कपड़े के गुड्डे-गुड़ियाँ बनाते थे, जिन्हें पुतरियाँ कहते थे। सरनाम ने सबको बताया- तो एक पुतरिया बनाते समय सुई अंगुली में चुभ गई और खून पुतरिया में लग गया, हमारे गुरु गुइयांबाबा ने आगे उस पुतरिया को बनाना बंद कर दिया और कहने लगे, “इस पुतरिया ने हमारा खून पिया है, यह भट्टी है" । फिर रविश्री बोले- सरनाम, मैंने सभी पहचान बता दी अब मानते हो कि मैं ही गुइयांबाबा हूँ । सरनाम ने कहा इसमें क्या खास बात है ? यह बात तो मैं यूं ही सबको बताता हूँ कि हमारे गुरु बाबा ये सामान छोड़ गये थे। फिर आप गुइयाँबाबा कैसे हो सकते हो ? रविश्री मुस्कुराकर बोले- सरनाम, तुम्हें ख्याल नहीं रहा कि अंतिम बार जाते समय गुरु ने तुमसे क्या कहा था ? मुझे ध्यान है महाराज, मेरे गुरु ने तीन बार मेरी पीठ ठोक कर कहा था, कि 'सरनाम' मैं जवान बन कर आऊंगा और तुमसे मिलूंगा, मिलूंगा, मिलूंगा नहीं तो मुझे संत मत कहना' - सरनाम ने जवाब दिया |

रविश्री ने कहा "तो देखो हम आ गये, मैं वही गुइयाँ बाबा हूँ, हमने नया शरीर धारण किया, देवराहा बाबा को इस शरीर का गुरु बनाया, नौ वें यज्ञ का संकल्प था कि जहाँ नौवां यज्ञ होगा वहीं ठहर जायेंगे । यह मेरा नौवाँ यज्ञ है तो अब रुक गये क्या तुम्हें अब भी शक है ?" सरनाम कठिन स्वर में बोले कि महाराज मान तो गये लेकिन हमारे गुरु का आदेश था कि किसी भी साधु को दण्डवत प्रणाम मत करना और अगर आप मेरे गुरु हो तब भी आपके बदले रूप को मेरी आत्मा स्वीकार नहीं कर रही है । "तो ठीक है, खड़े हो जाओ" यह कहते हुए रविश्री स्वयं भी खड़े हो गये । सरनाम खड़े हुए I और एकाएक पलक झपकते ही देखते हैं, कि सामने गुइयां बाबा खड़े हैं।

वहां तमाम लोग बैठे थे पर किसी को यह बदलाव नजर नहीं आया, वह सभी तो बहस अंत की प्रतीक्षा में थे ।

सरनाम स्तब्ध रह गये।

गुइयाँ बाबा मुस्कुरा रहे थे।

सरनाम के दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था, आश्चर्य ने उनको झकझोर दिया था और फिर एकाएक उन्हें होश आया और वह दण्डवत हो गये ।

अब सब लोग हैरान कि अभी तो यह प्रणाम करने से मना कर रहे थे, एकाएक क्या हो गया । सरनाम बहुत देर यूं ही दण्डवत बने रहे। और फिर उठे तो दोनों आंखें आंसुओं से भीगी थीं । गुइयाँ बाबा की जगह फिर रविश्री थे, उनकी आंखों में भी आंसू थे। उन्होंने सरनाम को अपनी छाती में भींच लिया और बोले " सरनाम, आज तुमने अपने गुरु की परीक्षा ले ली । । "

कहते हैं, मृत्यु निश्चित है, एवं मृत्यु का समय भी निश्चित है और परिवार के मुखिया की असमय मृत्यु न सिर्फ परिवार पर बल्कि आने वाली पीढ़ियों पर भी अपना असर दिखाती रहती है और असमय मृत्यु का समय अगर कोई बढ़ा सके तो उस परिवार से भाग्यशाली कौन होगा।

श्रीमति कुसुमलता सिसौदिया के पति श्री धर्मज्ञ सिंह सिसौदिया दतिया जिले के एक स्कूल में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत हैं, सात संताने हैं, पांच लड़के दो लड़कियां। बड़े लड़के सर्वज्ञ सिंह इन्जीनियर, मर्मज्ञसिंह स्टेशन मास्टर जबलपुर, देवज्ञ सिंह फैक्ट्री का कार्य देख रहे हैं, दो छोटे भाई पढ़ रहे हैं, इसके अलावा दो बहनें जो देवज्ञ सिंह से छोटी है, अभी अविवाहित हैं मतलब अभी इस परिवार के मुखिया श्री धर्मज्ञसिंह उस स्थिति में नहीं हैं, कि कह सकें चलो, अब जो है सब ठीक है ।

अब आगे स्वयं श्रीमति कुसुमलता सिसौदिया के शब्दों में- "5 मई 1998 की रात को दो बजे अचानक मेरे पति की हालत बिगड़ी, वह हाई ब्लड प्रेशर के मरीज तो हैं ही, एकाएक दौरा पड़ा, उनके मुँह से आवाज नहीं निकल रही थी । पूरे शरीर में लकवा सा मार गया था, लगा कि दिल का दौरा पड़ गया है मेरा बड़ा बेटा तुरंत उन्हें दतिया जिला अस्पताल में ले गया । उन लोगों ने कहा कि तुरंत ग्वालियर ले जाओ, प्राथमिक चिकित्सा आदि लेकर हम लोग उनको ग्वालियर ले गये।”

6 मई 1998 सुबह 10 बजे

ग्वालियर में डॉ. रविरमन हृदय रोग के जाने-माने चिकित्सक हैं, इसके अलावा तकरीबन 6 वर्ष से हम लोग उनके पास जा रहे हैं। उनसे मिलने पर वह बोले कि "बगैर ब्रेन - स्केनिंग रिपोर्ट के कुछ पता नहीं चलेगा ।" तुरंत संजय मेमोरियल नर्सिगहोम रविनगर ग्वालियर में भर्ती कर ब्रेन - स्केनिंग लिया गया ।

डॉ. रमन ब्रेन-स्केनिंग एवं एम. आर. आई. रिपोर्ट देखते ही चिंतित हो गये और बोले कि इनके दिमाग की तो नस फट गई है, यह ब्रेन हेमरेज का केस है और स्पष्टतः उन्होंने कह दिया कि 72 घंटे के अंदर इनकी मृत्यु निश्चित है । डॉ. रमन की घोषणा से सारा परिवार सकते की हालत में आ गया। श्रीमती सिसौदिया आगे बतातीं हैं - बड़े बेटे ने जैसे-तैसे मुझे संभाला। छोटे बेटे देवज्ञ को जो दिल्ली में था, उसे फोन किया और तुरंत आने के लिये कहा। सभी ने आशा छोड़ दी थी, पल-पल करते रात गुजरती जा रही थी । इनको इंटेसिव केयर यूनिट में लिटा दिया गया ।

रात के 1.30 बज रहे थे । इंटेसिव केयर यूनिट के कमरे में मेरे पति बिस्तर पर लेटे थे, मेरे दोनों बेटे सामने बैठ ऊँघ रहे थे। मैं अपने गुरुदेव का मंत्र जाप कर रही थी कि अचानक मैंने देखा रविश्री कमरे के अंदर आए और पलंग के पास मेरे पति के सिरहाने जाकर खड़े हो गये। मैं उन्हें देखती रही, मंत्र जाप करती रही, पर मैं न तो उठकर कुछ उनसे कह पाई और न ही मेरे दिमाग में यह आया कि यह यहाँ अचानक कहाँ से आ गये। मैं चुपचाप उनको देखती रही, वह कुछ देर तक मेरे पति के पास रहे फिर उनके सिर पर हाथ रखा और दूसरे दरवाजे से बाहर चले गये । उनके जाने के बाद मुझे लगा कि शायद मैंने सपना देखा है । मैंने अपने बड़े बेटे से पूंछा कि "अभी यहाँ कोई आया था ?" उसने कहा कि "नहीं तो "... मैं शान्त हो गई ।

रात्रि 3.30 बजे मेरा छोटा बेटा देवज्ञ दिल्ली से आ गया । मुझे कुछ न सूझा और मैंने उसे तुरंत रावतपुरा जाने को कह दिया ।

डा. रविरमन जैसे जाने-माने चिकित्सक की 72 घंटे की चेतावनी ने जैसे परिवार के सभी लोगों के दिमाग को कुन्द कर दिया था ।

7 मई 98

पुत्र देवज्ञ सिंह सिसौदिया के अनुसार-

सुबह 5 बजे ग्वालियर से बस आदि से चलकर मैं 11.30 बजे रावतपुरा पहुँचा और स्नान आदि से निवृत्त होते-होते लगभग 12 बज गये । रविश्री अपने कमरे में ऊपर पहुँच गये थे। मैंने उनके सेवकों को आप -बीति बताई और मिलवाने का अनुरोध किया। रविश्री ने मेरा नाम सुनते ही मुझे तुरंत बुलाया । मैं घबड़ाया हुआ तो था ही, उनके सामने पहुँचते ही मेरे मुँह से कुछ न निकला और आंसू बहने लगे । रविश्री बोले- तुम घबड़ा क्यों रहे हो, बिल्कुल मत घबड़ाओ, हम हैं तो । फिर कहने लगे अच्छा, हम एक काम करते हैं, हम उनकी उम्र दो साल और बढ़ा देते हैं, तुम बिल्कुल चिंता मत करो। उम्र की बात सुनकर देवज्ञ की घबड़ाहट कम हुई, फिर रविश्री बोले- हम गये तो थे वहाँ, तुम्हारी अम्मा थीं, भाई थे, सब ठीक हो जायेगा फिर रविश्री ने भभूत देते हुए कहा-ये ले जाओ, सब अच्छा होगा, बिल्कुल चिन्ता मत करो ।

इधर ग्वालियर में 7 मई 98 को प्रातः 8 बजे डा. रमन दुबारा चेकअप करने आए और देख कर चौंक गए कि "अरे यह तो स्वस्थ हो रहे हैं अजीब बात है । " ब्रेन स्केनिंग एक्स-रे वगैरा दुबारा लिये गये, गहन परीक्षण दुबारा हुआ। सभी डॉक्टर सकते की हालत में आ गये कि ब्रेन हेमरेज का केस ठीक कैसे हो रहा है, अगर ठीक होने भी लगे तो 6 महीने लग जाते हैं ।

तकरीबन दोपहर 2 बजे धर्मज्ञसिंह को होश आ गया और पूंछने लगे कि "देवज्ञ कहाँ है ?" सबने बताया कि रावतपुरा गया है। परिवार वाले हैरत में आ गये, क्योंकि उन्होंने तो लोगों को पहचानना ही छोड़ दिया था और अब पूरे होश हवास में पूंछ-ताछ कर रहे थे।

रात्रि 9 बजे देवज्ञ रावतपुरा से ग्वालियर वापिस पहुँचा तो पता चला कि हालत आश्चर्यजनक रूप से सुधर रही है।

8 मई 98

प्रातः धर्मज्ञसिंह अपने पूरे होश - हवास में थे। डॉ. रवि रमन आये और उनकी हालत देखकर फिर आश्चर्य - चकित होकर रह गये कि ब्रेन हेमरेज का केस ठीक होना ओर फिर इतनी जल्दी ठीक होना असंभव है अविश्वसनीय है I

उन्होंने तीसरी बार पुनः गहन परीक्षण करवाया मगर सब कुछ सही निकला और फिर धर्मज्ञसिंह जी को जो 72 घंटे मृत्यु के लिए दिये गये थे वहाँ मात्र 48 घंटे बाद ही वह जिद करके स्वयं चलकर बाथरूम फ्रेश होने के लिए गए।

सिसौदिया परिवार के इस दिव्य और रोमांचक अनुभव को अगर गंभीर चिंतन में स्थान दिया जाए तो स्तब्धता प्रकट होती है ।

क्या समझें हम रविश्री को और क्या कहें उनकी क्षमताओं को !!

तीसरे रोमांचक अनुभव की दास्तान जुड़ी है एक ऐसे शख्स से जो कि इस समय (1999) टीकमगढ़ की जेल में सामूहिक नर-संहार के मुख्य अभियुक्त के रूप में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

विशाल यादव नाम के इस शख्स की दर्दनाक दास्तान 25 जून 1990 को ग्राम मैंदवारा में एक जमीनी विवाद को लेकर झगड़े से शुरु हुई जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो गई ।

इस गाँव के सरपंच की हैसियत से विशाल यादव उस झगडे में बीच –बचाव करने गया और राजनैतिक षड़यंत्रों के चलते मुख्य अभियुक्त के रूप में रिपोर्ट दर्ज होने के पश्चात विशाल यादव गिरफ्तार हो गया। सभी सबूत व गवाह विशाल के खिलाफ थे, और सेशन न्यायालय में जब केस चला तो 10 अक्टूबर 1990 को विशाल यादव को फाँसी की सजा सुनायी गई ।

विशाल की बहन बतीबाई के प्रयासों ने प्रकरण को जबलपुर उच्च न्यायालय में पहुँचाया जहाँ पर मृत्यु - दंड को आजीवन कारावास में बदल दिया गया, और अंततः सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सजा 'ज्यों की त्यों' रहने दी गई। जेल आई.जी. मध्यप्रदेश ने विशाल का स्थानांतरण जबलपुर से गृह जिला जेल टीकमगढ़ में कर दिया ।

दो पुत्र व एक पुत्री के पिता विशाल यादव की घटना के समय उम्र मात्र 28 वर्ष थी। आपके मित्र व रिश्तेदार आपके कोमल स्वभाव के कायल हैं । सात्विक | एवं धार्मिक प्रकृति के इस शख्स को जेल में किसी व्यक्ति ने रावतपुरा सरकार के संत रविश्री के विषय में जब बताया तो विशाल का दिल रविश्री से मिलने को बेचैन हो उठा, मगर जेल में उसे किसी भी तरह अपनी आरजू पूरी होने की उम्मीद न थी ।

विशाल यादव ने एक पत्र जिसमें उसने रविश्री से मिलने की इच्छा जाहिर की थी, दिनांक 10 - 11-96 को पोस्ट कर दिया ।

विशाल के इस अनुभव से मैं (लेखक) भी अचानक उस समय जुड़ गया जबकि इस पत्र का पोस्ट द्वारा और मेरा रावतपुरा पहुंचना एक ही दिन हुआ ।

इस समय रविश्री की क्षमताओं को मेरा जिज्ञासु दिमाग अंदर ही अंदर आंकने की चेष्टाएं करता रहता था और मैं इनके पास जाकर इनके पांव इसलिए छूता था कि सब छू रहे हैं और अगर मैंने चरण स्पर्श न किए तो इनको अस्वाभाविक लगेगा ।

रविश्री ने मुझसे पूंछा कि टीकमगढ़ कब जाओगे ? मैंने कहा आज ही तो उन्होंने कहा कि वहां जेल में एक विशाल यादव नामक कैदी है, तुम जाकर उससे कहना कि मैं एक-दो दिन में उससे मिलने आऊँगा, वो वहाँ मैदवारा काण्ड में बंद है । मैंदवारा काण्ड काफी चर्चित था । मैं सुनकर चौंका कि उस व्यक्ति से रविश्री का क्या संबंध ? तो रविश्री ने उस पत्र की बाबत् बताया, मैंने पूछा कि क्या वह निर्दोष है ? रविश्री ने कहा पूर्वजन्म में किये गये कार्यों का फल तो भुगतना ही पड़ता है, इस जन्म में निर्दोष रहो तब भी। मैं उसी दिन टीकमगढ़ आ गया और दूसरे दिन सुबह मैं जेल में विशाल से मिलने गया। विशाल सर्वथा अपरिचित था, मुझे देखकर वह जब तक यह कहता कि पहचाना नहीं, मैंने कहा- मुझे रविश्री ने भेजा है, और वह तुमसे मिलने आने वाले हैं ।

विशाल चौंक कर बोला 'आपको कैसे मालूम, उन्होंने तो मुझसे कहा था कि किसी को बताना मत' अब चौंकने की बारी मेरी थी। मैंने कहा-क्या नहीं बताना ? विशाल कहने लगा कि आज रात सोते समय वह मेरे पास आए थे और उन्होंने कहा था कि तुम्हारा पत्र मुझे मिल गया है, और अब कुछ दिन पश्चात् मैं सबके सामने आकर तुमसे मिलूँगा, और एक पत्र मैं तुम्हें भेज रहा हूँ । उस पत्र में लिखे मंत्र का जाप करते रहना । विशाल की बातें सुनकर मेरा दिमाग स्तब्धता अख्तियार करता जा रहा था, मैंने पूंछा क्या - क्या पहने थे, कितने बजे आए थे? उसने रविश्री का सही व सटीक हुलिया बयान कर दिया परन्तु तब भी मुझे विश्वास जम नहीं पा रहा था, कि जेल के अंदर रात में 12 बजे रविश्री कैसे पहुँच गए। मैं बाहर आया और अपने एक मित्र दीपक मिश्रा से रविश्री की फोटो लेकर उसके साथ पुनः विशाल यादव के पास जेल गया । औपचारिकताएं पूरी कर जैसे ही विशाल यादव मुझसे मुखातिब हुआ मैंने कहा मैं रावतपुरा जा रहा हूँ, सोचा तुमसे मिलता जाऊँ, फिर मैंने पूंछा क्या रात में मिलने के पहले तुमने कभी रविश्री को देखा था ? उसने कहा नहीं, तब दीपक ने फोटो यूं ही हाथ में लिए लिए इस तरह से घुमाई कि उसकी नजर पड़ जाए ।

नजर पड़ते ही उसने कहा "यही तो हैं रविश्री ।" मेरे सभी प्रश्न समाप्त हो चुके थे | और विदा लेकर मैं अपने एक और बचे हुए शक को समाप्त करने अपने मित्र टीकमगढ़ निवासी योगेन्द्र जैन व नीलू चतुर्वेदी के पास गया, जो रविश्री के अनन्य भक्तों में से हैं और यह दोनों वो शख्स थे जो मुझे उस समय मिले थे, जबकि रावतपुरा से लौट रहा था और ये रावतपुरा जा रहे थे, क्योंकि उसी रात की ये बात थी, जिस रात योगेन्द्र एवं नीलू वहाँ पहुंचे थे, और जिस रात का विशाल अपनी मुलाकात का दावा कर रहा था। दोनों से जब मैंने पूछा कि रविश्री रात में वहां थे अथवा नहीं, और यदि थे तो आपने कब तक वहां देखा ? आप लोगों का जवाब था कि रात्रि में ग्यारह बजे तक हम उनके पास बैठे और फिर वहीं रुककर विश्राम किया और सुबह 7 बजे पुनः मिलकर वापिस आ गए।

एक साथ तमाम करिश्मे मेरे कानों के पास जैसे आल्हा गा रहे थे, मेरा दिमाग कुछ सोचने की स्थिति में नहीं था, मुझे लग रहा था - जैसे रविश्री ने तोहफे में मेरे दिमाग को ये अजीबो-गरीब घटना दी हो और चिढ़ा कर कह रहे हों-लो, खोजो मेरी क्षमताओं की ।

विशाल यादव के शब्दों में- " पत्र भेजने के बाद रात्रि में मुझे एक आश्चर्यजनक चमत्कार दिखाई दिया। मुझे महाप्रभू रावतपुरा सरकार के साक्षात् दर्शन हुए, मैंने समझा कि मैं स्वप्न देख रहा हूँ, मैंने अपने शरीर में चिकोटी काटी तो मैं पूर्ण रूप से चैतन्य था । महाप्रभू ने हमसे कहा "मैं ही रविशंकर हूँ, जिसे तुमने रावतपुरा के पते पर पत्र लिखा था, तुम्हारा पत्र मुझे मिल गया था, मैं तुम्हें एक पत्र भेज रहा हूँ, उसमें जो मंत्र लिखा है, उसका जाप करते रहना, सब ठीक हो जायेगा और मेरे आने के बारे में किसी से मत कहना' ओर फिर चले गये । दिनांक 19-12-06 को मुझे उनका पत्र मिला जिसमें सांत्वना के अलावा यह मंत्र भी लिखा था-

ॐ कृष्णाय वासुदेवाय, हरये परमात्मने ।

प्रणत् क्लेश नाशाय, गोविन्दाय नमो नमः ।।

इसके पश्चात् लगभग एक साल बाद रात्रि में मुझे स्वप्न आया, रविश्री ने कहा मैं तुमसे मिलने आ रहा हूँ ।

मैं सोमवार के दिन 8 तारीख को आऊँगा ।

और सच में ही 8-12-97 को अपने भक्तों के साथ आए । जेलर श्री के. पी. श्रीवास्तव ने सभी कैदियों को उनके दर्शनों की सुविधा दी ।"

चौंकने की भी एक सीमा होती है और अगर उस सीमा से ज्यादा आप चौंक गए तब यह किस में तब्दील हो जाये यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप चौंक किस वजह से रहे हैं। अगर किसी डर से आप चौंक गये, तो हार्टअटैक का खतरा है अगर आप आश्चर्य से चौंके तो दिमाग की नसों को खतरा है बहरहाल अगर आप का दिल मजबूत है, या दिमाग की नसें कमजोर नहीं भी हैं, तब भी व्यक्ति के दिलो-दिमाग पर चौंकने की छाप सदैव अत्यन्त गहरी होती है, जिसे वह भुलाये नहीं भूलता।

लगभग 65 वर्षीय सियाराम शास्त्री 1988 के जुलाई माह में अपनी पत्नी के साथ चित्रकूट दर्शन के लिए गए। वहाँ कामतानाथ की परिक्रमा करते समय आपने देखा कि एक लगभग चौदह-पंद्रह वर्षीय बालक मात्र लंगोटी लगाए हुए बैठा है, उसके चारों ओर भीड़ लगी हुई है और वह सबसे मुस्कुराकर बातें कर रहा है। बालक के समीप जब वह भीड़ को चीरते हुए पहुँचे तो वहाँ देखा कि उसके एक ओर प्रसाद का ढेर लगा हुआ है व दूसरी ओर चिल्लर पैसों का ढेर है, जिसमें सिक्कों के अलावा रुपये भी डले हुए थे और संभवतः वह पैसे उसको वहां से गुजरते श्रद्धालु भेंट स्वरूप चढ़ा रहे थे ।

शास्त्री जी की समझ में भीड़ का राज नहीं आया, फिर वापिस लौट कर जाने लगे तो उस बालक ने उनकी धोती का छोर पकड़ लिया और बोला कि आप हमारे लिए एक पीला कुर्ता बनवा दो । शास्त्री जी ने कहा कि कुर्ता तो बनवा देंगे लेकिन यहाँ कहाँ बनवा दें । शास्त्री जी की बात पर मुस्कुराते हुए उस बालक ने यह कहकर धोती का छोर अपनी पकड़ से छोड़ दिया कि जाओ, फिर कभी बनवा देना, मैं अभी बनवाने का तो नहीं कह रहा हूँ ।

शास्त्रीजी मय पत्नी के इस बात को सोचते हुए आगे बढ़ गए कि फिर कब बनवा देंगे कुर्ता, क्या पता कौन है और फिर परिक्रमा पूरी करते-करते शास्त्री जी के दिमाग से वह बालक उतर गया । शास्त्री जी चित्रकूट दर्शन के पश्चात् वापिस आ गए।

1991 में रावतपुरा यज्ञ में शास्त्रीजी शुरू में सहयोग नहीं दे रहे थे, परंतु उन्होंने देखा कि सभी लोग मिलकर कार्य कर रहे हैं ओर रविश्री ने भी जब उनसे आग्रह किया तो पूरी तन्मयता से वह भी यज्ञ करवाने में अपना सहयोग देने लगे । शास्त्रीजी ने यद्यपि सहयोग दिया परंतु उन्हें रविश्री पर कोई खास श्रद्धा नहीं थी। यज्ञ के दौरान भी वो इनसे दूर ही रहे कोई खास काम हो तभी इनसे बात करते ।

यज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया, कुछ दिन पश्चात् गुरुपूर्णिमा के दिन शास्त्रीजी अपने घर पर थे कि रविश्री का संदेश पहुँचा कि आपको बुलाया है, रविश्री ने । शास्त्रीजी, रविश्री से खास सरोकार न रखते थे, न रखना चाहते थे । उनकी नजर में रविश्री मात्र एक धार्मिक प्रवृत्ति वाले बालक थे । शास्त्री जी मंदिर पहुँचे, सोचा चलो इसी बहाने मंदिर दर्शन भी हो जायेंगे । रविश्री ने इनसे मिलते ही कहा कि आज गुरु पूर्णिमा है, तुम गुरु दीक्षा ले लो । शास्त्री जी के मन में आया कि संत बालक का लड़कपन है और अपने शिष्य बनाकर खुद की संत प्रवृत्ति को सुकून पहुंचाना चाहता है, प्रकट में उन्होंने कहा कि "महाराज दीक्षा का सामान तो है ही नहीं, फिर कभी ले लेंगे । रविश्री बोले कि नहीं सामान रखा है, नारियल है, बताशे हैं ।

शास्त्री जी ने सोचा कि ज्यादा इंकार करने से बालक को ठेस न पहुँचे और उन्होंने गुरुदीक्षा लेना स्वीकार कर लिया।

दीक्षा की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के पश्चात् जब गुरु दक्षिणा देने की बारी आई तो रविश्री बोले - शास्त्री जी, वो पीला कुर्ता कहाँ है, आप कह रहे थे बनवा देंगे ।

शास्त्री जी ने कहा- कौन सा पीला कुर्ता ?

अरे शास्त्री जी आप तो सब भूल गए, आपको ध्यान नहीं है, वो चित्रकूट परिक्रमा में आपने कहा था....।

रविश्री की बात पूरी नहीं हो पाई थी और शास्त्री जी की आँखों के सामने चित्रकूट कामतानाथ परिक्रमा का सारा दृश्य घूम गया और शास्त्री जी इस तरह चौंके कि सीधे रविश्री के चरणों पर जा गिरे। एकाएक आश्चर्य, श्रद्धा, अपनी उस भूल का अहसास कि वो तो इन्हें साधारण बालक समझ रहे थे, सभी का मिलाजुला भाव शास्त्री जी के चेहरे पर भूचाल कर उठा था।

शास्त्री जी के शब्दों में- "वो बिजली के करेन्ट से भी तेज झटका मेरे मनोमस्तिष्क को लगा था, कि कई रात तो मैं सो नहीं पाया था । उसी पल से, मैं जिन को साधारण बालक समझ रहा था, उनके प्रति मैंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था । "

सियाराम शास्त्री का यह अनोखा एवं दिलचस्प अनुभव इस बात की पुष्टि करता है, कि रविश्री शुरु से ही भविष्य में झाँकने की असाधारण क्षमता रखते थे । इनका रावतपुरा जाना तय था और रावतपुरा जाकर सियाराम शास्त्री से पुनः मुलाकात होगी, यह बात भी तय थी और जब इतनी बातें तय थीं, तो समय भी निश्चित था, इस बात में कोई संदेह नहीं रह जाता ।

मानव शरीर से जब प्राण वायु निकलती है, तब हमारे मनीषियों का कहना है कि शरीर के कोने-कोने से वह एकत्रित होती है और यही एक समय असहनीय वेदना का होता है, तत्पश्चात् व्यक्ति की आत्मा शरीर का साथ छोड़ देती है, संभवतः आत्मा का अर्थ यही प्राणवायु है ।

किसी व्यक्ति का अंतिम वक्त कब है, यह सिर्फ दिव्य दृष्टि रखने वाले अलौकिक ही जान सकते हैं और अगर वह अलौकिक पुरुष जीवन के इस पुरुष अंतिम समय में होने वाली पीड़ा को इस तरह दूर करने में समर्थ हो कि बगैर वेदना के आत्मा शरीर को छोड़ दे, तो उस पुरुष को आप क्या कहेंगे ?

रावतपुरा के सुरेश त्रिपाठी कहते हैं, कि मेरी आंखों के सामने अनेकों बार यह हो चुका है और तमाम लोगों का यह अनुभव है कि रविश्री किसी अस्वस्थ व्यक्ति के पास उस एन वक्त पर पहुँचते हैं, जब उस व्यक्ति का अंतिम समय आ चुका होता है । रावतपुरा के तमाम व्यक्तियों के सामने कई बार यह वाकया हो चुका है, कि अस्वस्थ व्यक्ति के बुलाने पर रविश्री न जा पाए और जब खुद ही अकस्मात् पहुँचे तो इनके जाने के कुछ देर बाद ही व्यक्ति की इहलीला समाप्त हो जाती है ।

रावतपुरा के सुग्रीव राठौर को पेट में कैंसर हो गया था। ग्वालियर में डॉक्टरों ने मना कर दिया कि अब कुछ नहीं हो सकता । यह रावतपुरा के प्रथम यज्ञ से पूर्व फरवरी 1991 की बात है, जबकि रविश्री की उम्र 23 वर्ष भी पूर्ण नहीं हुई थी ।

अध्यापक नवाब सिंह सेंगर, सुरेश के यहाँ बैठे हुए थे, शाम 5-6 बजे का वक्त था कि अचानक रविश्री तेजी से किसी गांव से लौटे। उस वक्त वह यज्ञ की तैयारियों में लगे थे। आते ही रविश्री ने सेंगर साहब एवं सुरेश को साथ में लिया और सुग्रीव राठौर के घर पहुँचे । सुग्रीव राठौर के घर वाले अचानक रविश्री को आया देख चौंके पर सोचा कि यूं ही राठौर साहब को देखने आए होंगे। अंदर जाकर रविश्री ने सुग्रीव का हाथ पकड़ा और बोले "जाओ तुम्हारी यात्रा पूरी हो गई है ।" सुग्रीव राठौर के चेहरे पर एक हल्की सी मुस्कुराहट आई वह दूसरे हाथ से रविश्री के पांवों की ओर झुकने लगे और फिर अचानक ही सीधे लेट गए, उनका प्राणांत हो चुका था।

उरई के रास्ते में बरई नामक एक गाँव सड़क पर ही पड़ता है | 80 वर्षीय खुशीलाल तिवारी जो बरई के ही निवासी थे, लगभग एक माह तक बुखार आदि सामान्य बीमारियों से बीमार बने रहे और काफी अशक्त हो गए। इस एक माह में तिवारी जी ने कई बार रविश्री को बुलाया पर रविश्री इस दौरान व्यस्त थे अतः न जा सके ।

एक बार तेज बारिश के समय रविश्री ने अपने एक भक्त को स्कूटर निकालने को कहा और दोनों भीगते हुए बरई गाँव पहुँचे । वहाँ तिवारीजी के घर स्कूटर जैसे ही रुका रविश्री लगभग दौड़ते हुए अंदर पहुँचे, और कमरे के बाहर से ही तेज स्वर में बोले तिवारी जी, हम आ गए। घर वाले असंमजस से जब तक दो-चार होते 'रविश्री तिवारी जी के पलंग के पास पहुँच चुके थे । तिवारी जी की I आंखों में आंसू आ गए थे, वह रविश्री को देखकर भाव-विभोर हो गए, रविश्री ने उनका हाथ थामा और बोले - आपकी यात्रा पूरी हो गई । मुस्कुराते - मुस्कुराते तिवारी जी लेट गए, और आंखें मूंद लीं । घर वाले उनकी आंखें पुनः खोलने का इंतजार कर रहे थे, पर उनका निधन हो चुका था ।

ग्राम रावतपुरा में ही 65 वर्षीय हल्के को एक बार बुखार आ गया, उन्होंने जाकर डॉक्टर से सामान्य परीक्षण करवाया। कोई गंभीर बात न थी, आराम करने की सलाह दी गई ।

रविश्री के पास मंदिर में हल्के की पत्नी ने जाकर कहा कि महाराज आपके हल्के की तबियत आजकल खराब रहने लगी है, तो रविश्री बोले बहुत दौड़ लिया उसने, अब बेचारा थक गया है ! इसके दो दिन बाद ही रविश्री अचानक मंदिर से रावतपुरा गाँव पहुँचते हैं और सुरेश का हाथ पकड़कर हल्के के यहाँ जाते हैं ।

हल्के की हालत अच्छी थी, वह रविश्री को देखकर मुस्कुराने लगा, उठने की कोशिश की पर अशक्तता महसूस हुई तो वापिस लेट गया और अंदर से 101 रुपये मंगा कर रविश्री का टीका करने की इच्छा व्यक्त की ।

रविश्री मुस्कुराते हुए पलंग पर बैठ गए और सुरेश के कान में बोले गाय का गोबर लेकर आओ ओर नीचे लीप दो, इसका अंतिम समय आ गया है। सुरेश सुनते ही बुरी तरह से चौंक गए, क्योंकि उन्हें इस बात के कोई लक्षण नहीं नजर आ रहे थे, पर अब तक वह रविश्री की इस तरह की घटनाओं से रूबरू हो चुके थे। वह तत्काल गाय का गोबर लाए और लीपने लगे ।

हल्के ने लीपते देख कुछ भी नहीं पूँछा, वह इस समय रविश्री का टीका करने में व्यस्त थे। टीका करने के बाद रविश्री ने उनका हाथ अपने हाथ लेकर कहा टीका कर लिया, अब जाओ! तुम्हारी यात्रा समाप्त हो चुकी है। उनका इतना कहना था कि हल्के को जैसे गहरी नींद आ गई, उनकी सांस थम चुकी थी ।

इस रोमांचक घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक या दो व्यक्ति नहीं बल्कि रावतपुरा एवं टोला गांव के अधिकांश निवासी हैं एवं यह वाकया उस दौरान घटित हुआ जब रविश्री रावतपुरा मंदिर पर होने वाले प्रथम यज्ञ की तैयारियों में व्यस्त थे एवं रावतपुरा आए हुए इन्हें एक माह भी पूरा नहीं हुआ था ।

रावतपुरा के स्वामीदीन मास्टर रविश्री की क्षमताओं को लेकर हैरत में तो रहते ही थे, इसके अलावा उन्होंने एक और अनुभव किया था, कि रविश्री जब पहले दिन रावतपुरा मंदिर पर आए थे मात्र एक दिन के लिए, तब आसपास की जमीनों के लिए वह जिसके मालिकाना हक की बात कहकर जिक्र करते थे जैसे "यह जमीन तो अमुक व्यक्ति की है" तो वह अमुक व्यक्ति की तो होती थी किन्तु इस समय वह अमुक की न होकर उसके बेटों की थी क्योंकि उस अमुक नाम के व्यक्ति की या तो मृत्यु हो चुकी थी या अत्यंत वृद्धावस्था में था। तात्पर्य यह कि रविश्री भूतकाल की घटनाओं का जिक्र इस तरह करते जैसे वर्तमान में भी वही चल रहा हो। रविश्री का इस तरह बातें करना, अद्भुत एवं विलक्षण क्षमताओं का होना और रावतपुरा, टोला, बिजौरा गांवों के कई व्यक्तियों की सात पीढ़ियों का कई जगह जिक्र कर देना जहाँ एक ओर स्वामीदीन के जिज्ञासु मन को परेशान करता वहीं दूसरी ओर रविश्री की अवस्था 'जो कि मात्र सत्रह - अठारह वर्ष की लगती' उन्हें असमंजसता में डाल देता ।

एक दिन आपसे रहा नहीं गया तो वह रविश्री को इन सभी बातों के पीछे छिपे रहस्य को बताने के लिए जिद करने लगे क्योंकि दबे - दबे शब्दों में तो वह कई बार पूंछ चुके थे और हर बार रविश्री उन्हें टाल चुके थे। इस बार भी जब रविश्री ने टालना चाहा तो स्वामीदीन जी ने अपने साथ सुरेश त्रिपाठी को भी मिला लिया और सुरेश के अंदर भी जानने की जिज्ञासा पैदा कर दी । अंततः जब रविश्री ने देखा कि यह लोग ज्यादा ही बैचेन हो रहे हैं तो उन्होंने इन लोगों को एक और चमचमाते हुए आश्चर्य से परिचय सा करवाते हुए कहा कि "मैं पूर्वजन्म में गुइयां बाबा था और अक्सर ही इस क्षेत्र में आता-जाता रहता था " यह सुनना था कि दोनों व्यक्तियों के दिमाग ने पुनः काम करना बंद कर दिया, वो तो अपने दिमाग से एक बोझ हल्का होने की उम्मीद कर रहे थे यहाँ तो......... |

बहरहाल, गुइयाँबाबा का नाम उक्त दोनों ही रावतपुरा के निवासियों ने न सिर्फ सुन रखा था, बल्कि अत्यंत धुंधली सी यादें भी गुइयाँ बाबा की उनके पास शेष थीं, लेकिन इस रहस्योद्घाटन के बाद जब सकते की हालत से वह बाहर आए, तो रविश्री भी ने कहा कि अभी किसी को यह बताना मत, किन्तु शायद स्वयं रविश्री भी यह समझ रहे थे कि इस बात को पचा पाना इनके बस में नहीं है ।

मास्टर स्वामीदीन त्रिपाठी को यह जानकारी थी कि टोला गांव के व्यास परिवार में गुइयांबाबा का न सिर्फ आना-जाना व घनिष्ठता ही थी, वरन् अपना कुछ सामान भी गुइयांबाबा उनके यहां छोड़ गए थे । मास्टर साहब से रहा नहीं गया तो वह तुरंत टोला गांव गए जो रावतपुरा गांव से मात्र आधा कि.मी. की दूरी पर स्थित है। टोला जाकर वह नारायण दास व्यास से मिले और उनसे कहा कि वह जो संत यज्ञ करवा रहे हैं वह बतला रहे हैं कि पूर्वजन्म में हम गुइयाँ बाबा थे । नारायणदास जी इस समय तक रविश्री के द्वारा एक बार अपनी सात पीढियों के जिक्र किए जाने के चमत्कार से रूबरू हो ही चुके थे, कुछ दिन बाद ही यह दूसरी आश्चर्य की स्थिति निर्मित होते देख उनका दिमाग भी पुनः चकराने लगा। सहसा उन्हें ध्यान आया कि गुइयाँबाबा का ही तो उनके पास कुछ सामान रखा है और अगर यह लड़का खुद को गुइयाँबाबा बतला रहा है तो इसकी परीक्षा लेना चाहिए । इस समय तक तमाम आश्चर्य जनक चमत्कार देखने के बावजूद भी किसी को रविश्री की इस बात पर बिल्कुल ही विश्वास नहीं हो पा रहा था कि यह गुइयाँ बाबा का पुनर्जन्म हो सकता है।

गुइयाँबाबा के रखे हुए सामान में व्यास जी के पास एक लगभग छः फुट लंबी बांस की लाठी है जिसके नीचे लगभग छ: इंच लंबा एवं 3 इंच व्यास का व ऊपर 3 इंच व्यास के लकड़ी के गुट्टे 6-6 इंच की दूरी पर लगे हुए हैं जिस वजह से इस लाठी का वजन लगभग तीन किलो हो गया है। इस लाठी के ऊपरी सिरे पर लगभग दो इंच की मुठिया बनी हुई है, अगर लाठी का एक सिरा जमीन पर रख दिया जाए एवं दूसरा मुठिया वाला सिरा आपको पकड़ा दिया जाए तो 'सिर्फ कलाई के सहारे' वह लाठी उठाना असंभव प्रतीत होता है मगर गुइयाँबाबा इसी तरह न सिर्फ इस लाठी को उठा लेते थे, वरन् दो इंच की छोटी सी मुठिया से ही लाठी को पकड़कर व उसे घुमाकर अपनी मजबूत पकड़ एवं मजबूत कलाई के साथ-साथ लाठी चलाने की पारंगतता का भी परिचय देते थे।

नारायणदास जी व्यास ने पूर्ण अविश्वास के साथ मास्टर साहब से रविश्री को लेकर आने के लिए कहा ताकि पहले तो रविश्री से यह पूंछा जाए कि आपका कौन-कौन सा सामान हमारे पास है, इसके अतिरिक्त यह लाठी उठा कर उसी अंदाज में घुमाऐं तो माना जाए कि वह ही गुइयाँबाबा हैं ।

रविश्री, गुइयाँबाबा हैं या नहीं ? टोला से रावतपुरा तक हर व्यक्ति के अंदर इस अग्नि परीक्षा को देखने की जिज्ञासा थी, गुइयाँ बाबा के अनेकों अनेक प्रत्यक्षदर्शी व्यक्ति इन गांवों में मौजूद हैं सभी को यह परीक्षा एक रोमांच की अनुभूति करवा रही थी जिसमें दूध का दूध और पानी का पानी होना था ।

नारायणदास व्यास जी के घर मास्टर स्वामी दीन जी के साथ न सिर्फ रविश्री बल्कि रावतपुरा के पच्चीसों आदमी उनके पीछे एक हुजूम की शक्ल में साथ आए, इधर टोला के भी व्यक्ति इस रोमांचकारी दौर के चश्मदीद गवाह बनने के लिए बेताब थे और फिर तो व्यास जी के घर के सामने तिल भर भी जगह शेष न बची ।

रविश्री की परीक्षा शुरु हुई, व्यास जी ने पहला सवाल दागा - महाराज आपने स्वामीदीन जी को यह बताया कि आप ही गुइयाँ बाबा थे और पुनर्जन्म लेकर आए हैं।

रविश्री ने कहा कि यह जिद कर रहे थे कि बताओ कौन हो तुम, तो बताना पड़ा, इस पर व्यास जी ने कहा- अच्छा, आपका कौन-कौन सा सामान हमारे पास रखा है, यह बताइये ? हमारा अचला, खड़ाऊँ, जंत्री और मारूदार लाठी तुम्हारे पास रखी हुई है । ( यह वही लाठी है जिससे गुइयाँबाबा ने पच्चीसों व्यक्ति के साथ गायों को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी थी एवं इस पर तलवार व फरसों के निशान अभी भी मौजूद हैं) ।

व्यासजी थोड़ा चौंके पर इस बात पर उनका संदेह कतई खत्म नहीं हुआ क्योंकि जो व्यक्ति उनकी सात पीढ़ियों का जिक्र कर सकता है उसे सामान बताने में भला क्या मुश्किल हो सकती है ?

व्यासजी ने वह लाठी अंदर से मंगवा कर रविश्री के आगे रख दी और कहा कि- अगर तुम इसे गुइयाँबाबा की तरह उठा कर चला दो तो हम मान जाएं कि तुम ही गुइयाँबाबा हो । यहां यह गौरतलब है कि उस अंदाज में न टोला, न रावतपुरा और न ही बिजौरा, तीनों गाँव में कोई भी मजबूत से मजबूत शख्स उस लाठी को कलाई के सहारे नहीं उठा पाता था। तीनों गांवों के व्यक्ति जमघट लगाए सांस रोके रविश्री की परीक्षा का यह दिलचस्प नजारा बगैर पलक झपकाए देख रहे थे।

मुस्कुराते हुए रविश्री ने लाठी का मुठिया वाला सिरा अपनी मुट्ठी में पकड़ा, और कमर तक हाथ किया दूसरा सिरा जमीन पर इस तरह रखा था कि जमीन व लाठी के बीच लगभग 45 डिग्री का कोण बन रहा था, रविश्री ने पूंछा - इस तरह ? व्यास जी उदिग्नता से बोले - हां हां.....अब उठाओ। इस क्षण तक किसी को भरोसा न था कि 'यह लाठी रविश्री उठा सकते हैं और अगले ही पल वह लाठी जैसे ही रविश्री ने सिर्फ कलाई के सहारे ही उठाकर उसी अंदाज घुमाना शुरू की तो जैसे रहस्यों के तमाम बादलों ने आश्चर्य की बारिश से सभी को सराबोर करके रख दिया था, रविश्री लाठी घुमा रहे थे, गांव वाले फटी-फटी आंखों से उन्हें ताक रहे थे और व्यास जी तो स्तब्ध रह गये थे, लगभग पांच मिनिट बाद जैसे ही रविश्री ने लाठी नीचे रखी, तमाम लोग भाव-विभोर हो उठे थे परंतु कहते किसी से कुछ न बन रहा था। नीरवता का उच्चतम स्वर वहाँ विद्यमान था अंततः जिसे स्वयं रविश्री ने तोड़ा, वह व्यास जी से मुस्कुराते हुए बोले कि अब वो अचला (पीलावस्त्र), जंत्री (छोटा सा नग जो गोमती पत्थर कहलाता है) और खड़ाऊँ भी दिखाओ, वह भी तुम्हारे पास हैं ।

गांव वालों को अहसास नहीं था, कि अभी एक और चमत्कार उनके नसीब में देखना तत्काल में ही बाकी है, वह तो कभी लाठी को देखते कभी रविश्री को, तो कभी ऊपर देखकर ईश्वर से मुखातिब होकर यही कहने में व्यस्त थे "धन्य है तू और तेरी लीला" इधर जब रविश्री का कपड़ा एवं वह नग व्यास जी ने रविश्री को दिखाए तो रविश्री ने कहा कि मेरी खड़ाऊँ भी तुम्हारे पास है वह भी दिखाओ, परंतु व्यास जी ने इंकार किया कि खड़ाऊँ तो कतई मेरी जानकारी में नहीं हैं और पिछले कई सालों में देखी हों ऐसा भी याद नहीं आता ।

व्यासजी के यह कहने पर रविश्री ने उनसे कहा कि आप बैठक में तो चलिए । आगे-आगे व्यासजी, पीछे-पीछे रविश्री उनके पीछे चार-पाँच सौ व्यक्तियों का हुजूम ।

बाहर से जिस दरवाजे से वह बैठक में दाखिल हुए उसी दरवाजे के ऊपर रविश्री ने एक जगह छत के नीचे दीवार को खोदने को कहा । इस कमरे की छत लकड़ी की मोटी-मोटी बीमों (शैतीरों) के ऊपर रखे फर्शी पत्थरों से बनी हुई है, इन्हीं बीमों के एक सिरे पर जो कि दरवाजे के ऊपर आता था, 'दीवार व लकड़ी के मध्य जो रिक्त स्थान', अक्सर समय बीतने पर हो जाता है 'उसमें वह खड़ाऊँ रख दी गई थीं और समय बीतने पर मरम्मत कार्यों के तहत उन खाली जगहों को सीमेन्ट द्वारा भर दिया गया था, खड़ाऊँ अंदर की ओर खिसक गई होंगी अतः किसी का ध्यान नहीं गया । रविश्री के कहने पर जब उस स्थान पर सब्बल आदि द्वारा खोदा गया तो बरसों पहले रखी गई खड़ाऊँ जैसे सभी गांव वालों को नमस्कार करती हुई प्रकट हो गईं और गांव वाले फटी-फटी आँखों से कभी खड़ाऊँ की तरफ देखते तो कभी रविश्री की आँखों की तरफ, उन आंखों में गांव वालों को शायद एक्स-रे होने का आभास हो रहा था ।

ग्राम रावतपुरा के ग्रामवासियों का यह रोमांचक अनुभव भी रविश्री के प्रारंभिक दिनों में ही गुजरी हुई एक घटना है, जो प्रथम यज्ञ के पूर्व हुई ।

मार्च 1991 की बात है, यज्ञ की तैयारियाँ जोर-शोर से हो रहीं थीं, आए दिन शाम को रावतपुरा गांव में किसी भी पेड़ के नीचे बने चबूतरों पर या सुरेश त्रिपाठी के घर रविश्री बैठ जाते और यज्ञ की बातें शुरू हो जातीं ।

एक दिन इसी तरह की बैठक चल रही थी कि रविश्री एकाएक बोले सागर के समीप बंडा नामक स्थान पर मेरे गुरुभाई का निधन हो गया है, मुझे तत्काल जाना होगा। आनन-फानन में रविश्री के जाने की तैयारी हुई और गांव वालों के कहने पर एक लड़के को साथ में लेकर दोपहर के वक्त रविश्री बंडा जिला - सागर के लिए रवाना हो गए, मगर लगभग एक-दो घंटे बाद ही रविश्री लौट आए और कहने लगे- अब तो पहुँचकर भी कुछ न होगा तेरहवीं में जायेंगे, दाह संस्कार में शामिल होना चाहता था, पर वह अब संभव नहीं है ।

रविश्री इस समय सुरेश त्रिपाठी के घर रावतपुरा में उनकी बैठक में अपना रुकने का स्थान बनाए हुए थे, जहां शाम को रोज कीर्तन होता था, और यज्ञ की चर्चाऐं होती थीं। 'इस कमरे में कोई भी अपने निजी विवादों की चर्चा नहीं करेगा' यह रविश्री की सख्त हिदायत थी ।

चैत सुदी रामनवमी दिनांक 24 मार्च 1991 की बात है, सुबह रविश्री रोज की तरह पांच-छः बजे सोकर उठे और नित्य क्रियाओं से निपटकर तखत पर चादर ओढ़कर लगभग आठ-साढ़े आठ बजे पुनः लेट गए । सुरेश के घर के अन्य लोगों को ख्याल आया कि रविश्री ने चाय तो पी ही नहीं, चाय ले जाकर उन्हें आवाज दी गई परंतु वह तो सिर तक चादर ओढ़कर सो रहे थे, आमतौर पर वह एक बार जगने के बाद पुनः नहीं लेटते थे, अतः लोगों को आश्चर्य तो हुआ पर यह सोच कर कि शायद तबियत खराब होगी, किसी ने जगाना उचित न समझा ।

इस समय तक रविश्री से अत्याधिक खुलकर बात करने वालों में रावतपुरा में मात्र एक-दो लोग ही थे, जिनमें से स्वयं सुरेश त्रिपाठी किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे। रविश्री को लेटे-लेटे शाम हो गई थी पर आपका जागना तो दूर, करवट तक नहीं बदली थी । रोज की तरह कीर्तन मण्डली आई, उसी कमरे में कीर्तन गाती रही मगर शोर के बावजूद रविश्री के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, यहां तक कि चादर भी जिस तरह सुबह वह सिर के नीचे व चारों तरफ से स्वयं लपेट कर लेटे थे, उसी तरह बना रहा ।

लोगों में सुगबुगाहट शुरु हो गई कि आखिर बात क्या है ? लगभग बारह तेरह घण्टे हो गए और शरीर में कोई हरकत नहीं, कुछ लोगों ने चादर हटा कर देखा तो पाया कि अत्यंत मंद गति से श्वास चल रही थी, आवाज से जगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई ! अंततः यह तय हुआ कि अब सबेरे देखेंगे शायद तब तक यह स्वयं ही जाग जायें । परंतु इस समय किसी ने उनके शरीर से कोई छेड़खानी नहीं की, उनके दोनों हाथ उनकी छाती पर रखे हुए थे, सावधान की मुद्रा में पाँव फैले हुए थे एवं तकिया सिर के नीचे नहीं लगा था।

सुबह होने पर आठ बजे तक रविश्री नहीं उठे फिर नौ फिर दस और देखते-देखते बारह बज गए, मगर रविश्री के शरीर में किसी भी तरह की कोई हरकत नहीं हुई और इधर गांव में उनकी हालत देखकर स्थिति बिगड़ने लगी ।

प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि रविश्री एक लाश की मानिंद थे। फर्क मात्र इतना था कि अत्यंत मंथर गति से श्वास प्रक्रिया जारी थी। गांव की स्त्रियां घबड़ाने लगी थीं कि 'पराए देश का संत लड़का' यहाँ कुछ हो गया तो एक आफत ही रखी है, लोग क्या कहेंगे, क्या सोचेंगे, पुलिस फिर कचहरी और इन्हीं सब बातों से उनके आंसू गिरना शुरू हो गए।

इधर पुरुष वर्ग ने तय किया कि तत्काल डॉक्टर को बुलाया जाए, कुछ लोगों ने रविश्री को पकड़कर झिंझोड़ा पर शरीर में लाश के समान ही अकड़न देख कर वह लोग सिहर उठे! तकिया लगाने की कोशिश की मगर गर्दन की लचक गायब थी!! और जब तक डॉक्टर को बुलाने लड़कों को भेजा जाता दोपहर के बाद तिपहरिया प्रारंभ हो चुकी थी । लगभग चार बज चुके थे, रविश्री को इसी हालत में लेटे हुए इकतीस घंटे बीत चुके थे, न पानी-न पेशाब, न किसी किस्म की कोई हरकत, शरीर की अकड़न देख पुरुष वर्ग में भी स्वाभाविक बैचेनी फैलना शुरू हो गई, कमजोर दिल के लोगों में भी घबराहट आंखों में तैरते आंसूओं के जरिए नजर आने लगी थी।

इसी समय किसी ने घंटों का हिसाब लगाया तो पता चला कि बत्तीस घंटे लगातार हो चुके हैं, यह सुनते ही लोगों की हिम्मत ने जवाब देना शुरु कर दिया, इसी समय पता चला कि डॉक्टर नदीगांव में उपलब्ध नहीं हैं, गुस्से से चीखते हुए लड़कों को यह कहकर कि "कहीं से भी लाओ मगर डॉक्टर लाओ" पुनः भेजा गया।

रावतपुरा में इस समय लोगों के चेहरे पर अजीब-अजीब भाव भूचाल कर रहे थे। तखत को घेरे कमरे में पच्चीस-तीस लोग, बाहर साठ-सत्तर लोग और आसपास के चबूतरों पर दस-पंद्रह का समूह बना कर बैठे हुए लोग और सभी व्यक्ति इस समय बातचीत करने से भी कतरा रहे थे, क्या बात करते ? जो बातें हो सकती थीं पिछले सात-आठ घंटों में हो चुकी थीं भरी गर्मी में रोमांच की अद्भुत बारिश उन्हें अपने अनुभव में भिगो रही थी, इंद्रधनुष के सात रंगों की तरह घबड़ाहट, व्याकुलता असमंजसता, हैरानगी, अनिश्चितता, विचित्रता और बेबसी का हैरत अंगेज स्तब्धकारी माहौल वहाँ बन गया था । लोग किंकर्त्तव्य विमूढ़ स्थिति में आ गए थे, करें तो क्या करें !!

लोग एक दूसरे के चेहरों की ओर ताकते और कुछ समझदारी भरे जवाब की आशा करते, सभी की आंखों में आंसू थे और अब सिर्फ इंतजार था डॉक्टर का, शायद वह आकर कुछ बताए और अगला कदम तय किया जाए, इस समय तक आसपास के गांवों से भी लोगों का आना शुरू हो गया था, चर्चा फैलने लगी कि !! महिलाओं के रोने के स्वर घरों से बाहर आने लगे थे। शाम के शायद पांच बज चुके थे कि……. अचानक

मृत तुल्य शरीर में हरकत हुई ।

35–36 घंटे बीतने के पश्चात् शरीर हिला !

मामूली सा झटका !

लोगों को लगा शायद उन्हें दृष्टि भ्रम हुआ है !

नहीं वह दृष्टि भ्रम नहीं था! श्वास ने गति पकड़ी और तेजी से 'अत्यंत मंद' से 'मंद' और फिर सामान्य गति में आ गई और रोमांच के इस हाहाकारी अनुभव के बादलों को चीरते हुए रविश्री आंखें मलते हुए उठकर बैठ गए।

आसपास खड़े लोग उन्हें फटी-फटी निगाहों से ताक रहे थे । दरवाजे से लगातार बाहर बैठे व्यक्ति अंदर आ आ कर स्वयं उन्हें देखकर तसल्ली करना चाहते थे। जिस कमरे में पचास व्यक्तियों के खड़े होने की जगह थी उसमें डेढ़ सौ व्यक्ति समा गए थे, और बाकी बाहर प्रतीक्षा में खड़े थे, महिलाओं के लिए इस शो में "कोई स्थान खाली नहीं" की स्थिति थी ।

मुस्कुराते हुए रविश्री ने बुजुर्गों की ओर देखकर पूंछा "क्या हो गया तुम लोगों को, सब ठीक तो है। इस समय किसी के चेहरे पर प्रसन्नता का भाव नहीं वरन् भाव विभोर होने का एवं सकते की हालत में लम्बा समय गुजारकर लौटने का भाव मौजूद था। एक-दो वृद्धों से रहा नहीं गया, वह सब यही सोच रहे थे कि हमारी तो जान पर बन आई थी और यह लड़का मुस्कुरा रहा है, लगभग चीखते स्वर में वृद्ध अपने आंसुओं को थामते हए बोले " क्या है यह सब ? क्या हो गया था तुम्हें ?" इस तेज गुस्से की चीख में छिपे प्यार को रविश्री भांप गए थे।

अत्यंत दीन-हीन व सरलता अख्तियार करते हुए एवं अपनी गलती स्वीकार करने के अंदाज में इस बात से डरते हुए कि 'मेरे जवाब देते ही फिर कोई बुजुर्ग गुस्से से फट न पड़े' रविश्री ने कांपते होठों से जवाब दिया "गुरु भाई की समाधि लेने के उपरांत भंडारा था, वहीं गये थे, तो वहाँ उन लोगों ने हमें भंडारे की चाबी पकड़ा दी कि यहाँ की जिम्मेदारी तुम्हारी, हम क्या करते मना कर नहीं सकते थे, देर हो गई" ।

रविश्री की बच्चों जैसी सरलता से जवाब देते ही तमाम वृद्ध चेहरे एकाएक उनकी ओर बढ़े और देखते ही देखते रविश्री को उन वृद्धों के आंसू अपने से लिपटाए हुए तर कर रहे थे।

59 वर्षीय बाबूखान से रविश्री की पहली मुलाकात उस समय हुई थी, जबकि धीरपुरा यज्ञ के लिए पानी की व्यवस्था हेतु टैकरों की आवश्यकता पड़ी और इस हेतु रविश्री इन्दरगढ़ आए । बाबूखान इस समय इंदरगढ़ ब्लॉक में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे एवं यहाँ पर नगरपालिका नायब तहसीलदार के अधिकार क्षेत्र में थी, अतः बाबू खान ने न सिर्फ धीरपुरा यज्ञ वरन् इसके पश्चात् हुए खड़ौआ यज्ञ में भी रविश्री की भरपूर मदद की, इसके पश्चात् जब रविश्री ने रावतपुरा में रहना प्रारम्भ किया तो लगातार बाबूखान के पास समय-समय पर सन्देश भेजते रहते थे और रावतपुरा आने के लिए कहते, बाबूखान का निज निवास स्थान सेंवढ़ा में है, रविश्री ने एक बार अचानक उनके घर पहुँचकर उन्हें आश्चर्य में डाल दिया था ।

रावतपुरा प्रथम यज्ञ के पश्चात् बाबूखान भी एक-दो बार रावतपुरा हो आए थे इसके अतिरिक्त रविश्री जब भी सेंवढ़ा मार्ग से गुजरते बाबूखान के यहाँ अवश्य रुकते, अन्य भक्त जो सदैव उनसे अपने घर चाय-नाश्ते के लिए कहते रहते थे, वह यह देखकर हैरत में रहते थे कि रविश्री बाबूखान के यहाँ खुद ही भोजन या चाय के लिए बोल देते हैं और पूर्ण अधिकार जताते हुए बाबूखान से इस तरह पेश आते जैसे वह उनके अत्यन्त नजदीकी हों ।

रविश्री के साथ कई बार ऐसे पंडित लोग भी रहते जो बाबूखान के यहां रविश्री को चाय पीते देख अत्यंत धर्म संकट में फंस जाते क्योंकि उनके विचार में हिन्दू, मुसलमान की मानसिकता घर किए रहती, किन्तु एक ओर रविश्री का सामीप्य भी पाना है और दूसरी ओर जाति-धर्म की संकुचित मानसिकता ! अन्तमें उन्हें रविश्री की खुली विचार धारा के साथ ही साम्यता बैठाना पड़ती।

रावतपुरा के श्री सुरेश कहते हैं कि जब रविश्री प्रथम यज्ञ के पश्चात् यहाँ रहने लगे तो कई बार ऐसा हुआ कि वह सेंवढ़ा जाते तो बाबूखान के यहाँ पर ही चाय नाश्ते के प्रस्ताव पर बल देते, साथ में जो पंडित 'मुसलमान के घर' वाली बात उठाते उनसे रविनी स्पष्ट शब्दों में कह देते कि इस तरह की बातें मुझसे या मेरे सामने नहीं किया करें ।

अंततः सभी रविश्री के साथ बाबूखान के यहां जाकर चाय, नाश्ता करते, स्वयं सुरेश त्रिपाठी कहते हैं कि रविश्री ने मेरी भी इस ओछी मानसिकता का साथ सदैव के लिए छुड़वा दिया ।

किन्तु बाबूखान से इस समीपता की वजह क्या है ? इस बारे में जब एक बार श्री सुरेश त्रिपाठी ने रविश्री से पूंछा तो रविश्री ने कहा कि मेरे पिछले पाँच जन्मों में से एक जन्म मुसलमान परिवार का था और बाबूखान उसी परिवार का अंश है और रविश्री ने बताया कि पिछले जन्म में जबकि मैं गुइयाँबाबा कहलाता था तब भी बाबूखान को मैंने गोद में खिलाया है।

कुछ बताने से मना सुरेश त्रिपाठी से "रविश्री” ने बाबूखान को इस बारे में कर दिया, बाबूखान को अभी तक केवल यह पता है कि जब रविश्री पूर्वजन्म में गुइयाँबाबा थे तब उन्होंने मुझे गोद में खिलाया था ।

बाबूखान के यहां रविश्री कई बार आ चुके थे अतः एक बार उन्होंने भी रावतपुरा का कार्यक्रम बनाया, रविश्री ने उनका स्वागत किया और बातचीत के दौरान ही कहा कि 'तुम्हें जब भी कहीं मुसीबत हो मुझे याद कर लिया करो' फिर इधर-उधर की बातों के पश्चात् बाबूखान वापिस सेंवढ़ा आ गए।

माह अक्टूबर 1994 को रविश्री, सेंवढ़ा से गुजरे तो बाबूखान के घर गए, खान साहब की पत्नी ने रविश्री को लगभग डांटने के अंदाज में कहा कि आप सबको सब कुछ बताते हो लेकिन मेरी बीमारी के बारे में कभी कुछ नहीं बताते, रविश्री ने कहा कि 'आप तीन बार बीमार हो चुकी हैं, एक बार और बीमार पड़ेंगी, बस, इसके पश्चात् आप ठीक हो जायेंगी,' रविश्री की इतनी बात सुनकर वह अंदर चाय-नाश्ते का प्रबंध करने लगीं, इधर रविश्री ने बाबूखान से कहा " आपकी पत्नी आपके पहले जा रही हैं" बाबूखान सुनकर खामोश रह गए, चाय-नाश्ते के पश्चात् रविश्री चले गए।

लगभग तीन माह पश्चात 15 जनवरी 1995 को बाबूखान की श्रीमती जी का देहान्त हो जाता है ।

खान साहब कहते हैं कि "उनके बताने से मैंने अपने-आपको पत्नी के बीमार होते ही मानसिक तौर पर तैयार कर लिया था, क्योंकि रविश्री यही कहकर गए थे कि इस बार की बीमारी ही इनकी अन्तिम घड़ी होगी" ।

इसके पश्चात् एक बार बाबूखान की बहू की तबियत खराब हुई, उसे दिखाने जब दिल्ली में सरकारी अस्पताल में पहुँचे तो वहाँ का माहौल देखकर खान साहब मायूस हो गए, एक ओर उनकी बहू की बिगड़ती हालत दूसरी ओर या तो जबरदस्त सिफारिश या हजारों रुपये ।

बाबूखान कहते हैं मेरी समझ में कुछ नहीं आ रहा था कि मैं क्या करूं, मेरा बेटा मेरी ओर मायूस निगाहों से देखता तो मुझे अपनी बेबसी पर रोना आ जाता, वह लोग मेरी बहू को अस्पताल में भर्ती करने को ही तैयार न थे।

एकाएक बाबूखान को रविश्री के कहे शब्द याद आए कि "कहीं भी मुसीबत में हो तो मुझे याद कर लेना” बाबूखान को इस बात पर भरोसा तो नहीं था कि उन्हें याद करने से कुछ होगा फिर भी उन्होंने दुःखी मन से आंखें बन्द कर खड़े-खड़े ही रविश्री को याद कर रहा कि 'तुम वहां आनन्द कर रहे हो और यहां पर मेरी बहू, लड़का और मैं परेशान हूँ ।'

खान साहब कहते हैं "पांच मिनिट बाद ही एक सज्जन जो कानपुर के थे, एवं पंजाबी थे उन्होंने मुझे स्वयं बुलाया, अनजान व्यक्ति के द्वारा अनजान जगह पर बुलाना मुझे अजीब लगा, उनके पास जाने पर उन्होंने मुझसे पूंछा कि क्या परेशानी है? मैंने उन्हें अपनी दास्तान बताई तो वह स्वयं डॉक्टर के पास गए और बुरी तरह से डॉक्टर को डांट कर बोले 'ये मेरा आदमी है, बताओ किसके फोन पर तुम इसकी बहू को भर्ती करोगे?' कुछ मिनिटों बाद आलम यह था कि डॉक्टर बाबूखान के आगे-पीछे घूम रहे थे।

बहू की हालत में सुधार आना शुरू हुआ ही था, कि एक दिन उसकी याद्दाश्त अचानक चली गई, जबकि खान साहब दिल्ली से घर वापिस आने की तैयारी कर रहे थे और सोच रहे थे कि सीधे रावतपुरा ही जायेंगे ।

याद्दाश्त जाने पर खान साहब कहते हैं इस बार तो मैंने पूर्ण विश्वास के साथ पुनः रविश्री को याद किया, लगभग चौबीस घंटे के अंदर-अंदर बहू की याद्दाश्त वापिस आ गई जबकि डॉक्टरों ने भयभीत कर दिया था कि अब कुछ कहा नहीं जा सकता कि इस की याद्दाश्त वापिस आती भी है या नहीं ।

बाबूखान कहते हैं कि सब कुछ आश्चर्यजनक था, मुझे यकीन हो गया था कि रविश्री अल्लाह के भेजे फरिश्ते हैं । इसके पहले तक मैं उन्हें साधारण शक्तियों वाला संत ही समझता था । वापिस आने पर जब खान साहब रविश्री के पास गए तो चुपचाप जाकर उनके सामने बैठ गये, रविश्री ने मुस्कुराकर पूंछा 'क्या बीमारी के हाल नहीं सुनाओगे? दिल्ली में तो घबड़ा रहे थे और मुझे भला बुरा कह रहे थे,' खान साहब मुस्कुराकर रह गये ।

इसके बाद की एक घटना का जिक्र करते हुए खान साहब बताते हैं कि "एक बार मैं रविश्री के साथ जीप द्वारा दतिया से सोनागिर गया, दतिया के पुलिस निरीक्षक भी हमारे साथ थे। दो लड़कों ने मोटर साइकिल से हमारा पीछा किया, सोनागिर पर जब रुके तो वह लड़के रविश्री के पास आए और पांव बोले छूकर कि हम आपको देखते ही बिना कुछ सोचे-समझे चले आए, हमारी मोटर साईकिल में पेट्रोल खत्म हो गया है। रविश्री ने पहले तो उन्हें डांटा फिर उनसे पेट्रोल की व्यवस्था हेतु कहा किन्तु वहां आसपास न तो पेट्रोल पंप था, न ही कहीं, किसी और साधन से पेट्रोल का इंतजाम हो पाया। मोटर साइकिल का टैंक पूरी तरह खाली हो गया था, शाम ढल चुकी थी, लड़कों को यूँ ही छोड़ देना अनुचित होता । अंततः रविश्री ने मोटर साईकिल के टैंक पर हाथ रखकर कहा ठीक है, स्टार्ट करो और आगे-आगे चलो। मोटर साइकिल में किक मारी गई, चमत्कार को नमस्कार करती हुई मोटर साइकिल स्टार्ट हो गई।

सोनागिर से दतिया तक जीप के आगे-आगे मोटर साइकिल आई तब एक पेट्रोल पंप पर उन लड़कों ने पेट्रोल लिया हम लोग आगे निकल आए ।

कुछ घटनाऐं जीवन में इस तरह की देखने-सुनने को मिलती हैं, जो अगर आप गहनता से अनुभव कर लें तो मनोमस्तिष्क पर सन्नाटा छा जाता है और ये घटनाऐं उस अदृश्य सत्ता के गूढ़ रहस्यों पर छाए कुहासे को और घना कर देती हैं । यह विचित्र रोमांचक घटना उस समय घटित हुई जबकि अलौकिक नवदुर्गा और रामजन्म महोत्सव - 1997 की तैयारियाँ पूरे जोर-शोर पर थीं और रावतपुरा मंदिर परिसर में सैंकड़ों मजदूर और दर्जनों कारीगर दिन-रात एक करके मंदिर के अधूरे कार्यों को पूरा करने में और सजावट में जुटे हुए थे। कारीगरों, मजदूरों की एक टुकड़ी मंदिर परिसर के अंदर बनी यज्ञशाला के चारों ओर, फर्श को पक्का करने का कार्य कर रही थी । जिसके तहत उन्हें बजरी, सीमेंट एवं गिट्टी के मिश्रण को यज्ञशाला के चारों ओर बिछाना था । 'कार्य में गति के लिए' मिश्रण बनाने का कार्य विद्युत - मिक्सर मशीन के द्वारा किया जा रहा था, जिसमें 'दस हॉर्स पावर' की मोटर लगी हुई थी एवं करेंट हेतु तारों को सीधे ही ऊपर से निकलती हुई मुख्य बिजली की लाइन से जोड़ दिया गया था ।

मिक्सर मशीन में लगे हुए स्टार्टर के तार लगातार मशीन चलने से गर्म होकर पिघल गए थे और इसी समय हो रही बूंदा-बांदी ने उन बेलिबास तारों का मशीन के ऊपरी हिस्से से सम्पर्क करवाने में सहयोग कर दिया। इस समय मशीन का हैंडिल रामसिंह अहिरवार नामक एक मजदूर के हाथ में था । ऊपर से बरसता पानी, नीचे गीला फर्श, लोहे का हैंडिल और तीन फेस 440 वोल्टस का विद्युत करंट, रामसिंह अहिरवार नाम का यह मजदूर अपनी जगह पर बुत बना ही खड़ा रह गया था !!

इधर शॉर्ट-सर्किट होते ही दो फेस का फ्यूज तो तत्काल ही उड़ गया, मगर एक फेस यथा स्थिति रहा ! उधर लगभग पांच मिनिट होने के बाबजूद रामसिंह हैंडिल घुमाकर मिक्चर क्यों नहीं गिरा रहा ? यह देखने एक मजदूर ने बुत बने राम सिंह के कंधे पर जैसे ही हाथ रखा - उसे करंट का तीव्र झटका लगा और वह चीखता हुआ नीचे गिरा और उसके चिल्लाते ही लोगों को वस्तु-स्थिति समझ में आई ।

मंदिर परिसर में स्थित मुनीम रामसेवक ने तुरंत भागकर मशीन के उन तारों को मुख्य लाइन से अलग किया, मगर तब तक लगभग दस मिनिट बीत चुके थे । राम सिंह को तुरंत ही एक तखत पर लिटाया गया, हाथ पैर मले गए-

मगर वह तो निर्जीव हो चुका था !

उसकी सांस लुप्त हो चुकी थी !!

मंदिर परिसर में खलबली मच गई, लगभग सौ मजदूरों ने मृतक रामसिंह को चारों ओर से घेर लिया। लोग अपने-अपने ढंग से उसमें जीवित होने के लक्षण ढूंढ रहे थे। लेकिन नहीं ! वह मर चुका था...... !!

एकाएक भीड़ को चीरते हुए रविश्री तेजी से कहीं से आए,

मृतक का भाई भगवान दास अहिरवार रविश्री को देखते ही दहाड़ें मार कर रोने लगा। रविश्री ने मृतक रामसिंह को एक नजर देखा और तेजी से हनुमान जी ( रावतपुरा सरकार) के मंदिर की ओर चले गए ।

लगभग दो मिनिट बाद ही वह पुनः तेजी से लौट कर आए और यह कहते हुए कि तुम लोग घबड़ा क्यों रहे हो ? वह तो जिंदा है !! यह कहते हुए रविश्री ने तीन चार थप्पड़ धीरे-धीरे राम सिंह के गाल पर लगाए ही थे.... कि अचानक होंठ धीरे-धीरे काँपने लगे । रामसिंह के शरीर में हल्का सा कंपन हुआ.......!

और फिर अगले ही पल रामसिंह ने आंखें खोल दी ।

जब तक लोग कुछ समझ पाते इस आश्चर्य से उभर पाते, रामसिंह बिना किसी व्यक्ति की ओर देखे, बगैर किसी से एक भी शब्द कहे उठकर सीधे ही रावतपुरा सरकार के मंदिर की परिक्रमा लगाने चला गया और परिक्रमा लगाकर लौटते ही पूंछता है कि

क्या हो गया ?

तुम सब लोग भीड़ क्यों लगाए हो ?

मेरी ओर इस तरह क्यों देख रहे हो ?

फिर जैसे ही उसके भाई ने कहा- तुम्हें अभी करंट लग गया था ..... भूल गए क्या.......? रामसिंह को जैसे अचानक सब याद आता है ।

वह कमजोरी महसूस करता हुआ बैठ जाता है। उसके लिए तुरंत दूध आदि का इंतजाम किया जाता है और कुछ देर बाद ही वह तरो-ताजा हो जाता है, हाथ में करंट लगने के निशान कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे थे। यह अद्भुत चमत्कार 21 मार्च 1997 को रावतपुरा मंदिर परिसर में सैंकड़ों व्यक्तियों के आगे घटित हुआ था ।

" न जाने किस भेष में.... तोहे नारायण मिल जाऐं "

13 अप्रैल 1998 की रात्रि लगभग 9.00 बजे रविश्री एवं उनके साथ दो बसों का काफिला पूर्ण कुंभ में अंतिम शाही स्नान हेतु जो कि 14 अप्रैल को था, हरिद्वार पहुंचता है।

श्रीराम कुमार वर्मा सहकारिता मंत्री उत्तर प्रदेश जो कि रविश्री के अनन्य भक्तों में से एक हैं, रविश्री का हरिद्वार में ही बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, क्योंकि उनके पास आगमन की पूर्व सूचना थी । रविश्री के भक्तों सहित यहां पहुंचते ही मंत्री महोदय द्वारा स्वागत-सत्कार किया गया, तत्पश्चात् एक धर्मशाला में रात्रि विश्राम हेतु डेरा डाला गया ।

जिस स्थान पर यह तीर्थयात्रियों का दल रुका था, वहां से स्नान के विशेष महात्म्य के लिए प्रसिद्ध 'हरि की पौड़ी' नामक स्थान की दूरी पांच किलोमीटर थी एवं साथ ही पण्डितों ने बतलाया कि कुंभ स्नान का अति शुभ मुहूर्त सुबह चार बजकर पचपन मिनिट से पांच बजकर दस मिनिट तक है। कुंभ के मेले में स्वभावतः भीड़ का आलम निराला ही होता है अतः यह तय हुआ कि सुबह ठीक साढ़े तीन बजे निर्दिष्ट स्थान की ओर पैदल यात्रा प्रारंभ की जाए क्योंकि वाहनों का आवागमन तो पूर्णतः निषेध था ।

14 अप्रैल 1998 की सुबह साढ़े तीन बजे नित्य क्रियाओं से निवृत होकर एवं शास्त्रोक्त विधि से स्नान की समस्त सामग्री लेकर तीर्थ यात्रियों का यह दल अपने लक्ष्य की ओर निकल पड़ा। एक लंबे बांस में एक बड़ा सा लाल झंडा लगाकर कुछ भक्त आगे चल रहे थे उनके पीछे रविश्री, मंत्री महोदय सहित विद्वान पंडित एवं इनके पीछे पुनः भक्त गण । भीड़ देखते हुए निश्चित समय पर और फिर शास्त्रोक्त विधि से मंत्रोच्चार सहित घी दूध दही आदि से स्नान कर पाना अत्यंत कठिन लग रहा था ।

तेजी से चलता हुआ यह दल शीघ्र ही उस प्रथम द्वार पर पहुंच गया जहां सामान्य एवं विशिष्ट भक्तों में विभाजित करते दो प्रवेश द्वार बने हुए थे । इस व्ही. आई.पी. द्वार पर पुलिस व्यवस्था कड़ी थी, मगर चूंकि उत्तरप्रदेश की ही पुलिस थी एवं तैनात अधिकारी मंत्री महोदय से परिचित थे अतः उन्हें देखते ही तुरंत दल सहित प्रवेश की अनुमति मिल गई और सभी के चेहरों पर प्रसन्नता खिल उठी, क्योंकि भीड़ देखते हुए आसानी से निश्चित समय पर यानि 4.35 से 5.10 के बीच स्नान कर पाना कतई संभव नहीं लग रहा था ।

पर उनका सोचना गलत भी न था !! तेजी से बढ़ता हुआ यह दल अपने मुखिया सहित जैसे ही कुछ आगे बढ़ा कि विशिष्ट भक्तों की भीड़ को भी पुनः नियंत्रित करने हेतु पुनः दो द्वार लगाए गए थे ।

इनमें से एक द्वार पर जिससे मात्र दस मिनिट में 'हरि की पौड़ी' तक जाया जा सकता था, सख्ती से परिचय पत्र देखकर ही प्रवेश दिया जा रहा था, एवं इस स्थान पर तैनात सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारी भी अन्य राज्यों के थे। मंत्री श्री वर्माजी के आगमन की न तो कोई पूर्व सूचना थी और न ही तैनात पुलिस बल उन्हें पहचानता था, अतः उनका इस द्वार पर परिचय देना उचित न था, अन्य कोई रास्ता सूझ नहीं रहा था । जो दूसरा द्वार था, उससे जाने पर लगभग दो घण्टे में निर्दिष्ट स्थान पर पहुंचते अतः वह तो एक तरह से बेकार ही था। इधर घड़ी की सुइयां तो न रुकने की कसम देकर ही बनाई जाती हैं, चार बजकर पैंतीस मिनिट हो चुके थे सभी भक्तगण पुलिस वालों से बात कर अपने-अपने तरीके से उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे थे, पर वह अपनी ड्यूटी को लेकर पूरी तरह सावधान थे और किसी भी तरह इस छोटे रास्ते से प्रवेश देने को कतई तैयार नहीं थे ।

आलम यह हुआ कि चार बजकर पैंतालीस मिनिट होते होते इस दल के सदस्यों के चेहरों को मंच बनाकर निराशा देवी नृत्य हेतु आतुर हो उठीं। उधर रविश्री एक ओर खड़े माजरा भांप रहे थे, उनके होठों पर चिर-परिचित रहस्यमयी मुस्कान थी, दूसरी ओर मंत्री महोदय भी परेशान थे, सख्त कदम वह उठाना नहीं चाहते थे, क्योंकि पुलिस कर्मी अंततः तो अपना फर्ज ही अदा कर रहे थे। सभी भक्त गण बार-बार अपनी कलाई घड़ी की ओर देखते फिर द्वार की ओर देखते, उन्हें अपनी यात्रा असफल होते नजर आने लगी थी, निर्धारित समय चार -पैंतीस से पाँच-दस था और इधर घड़ी की सुइयों के बढ़ते कदम चार बजकर पचास मिनिट पर पहुंचने ही वाले थे कि

'अचानक'!!
'जयऽऽ.....श्री....राऽम'

एक लम्बा तेज नाद स्वर लोगों को सुनाई दिया जब तक लोग यह समझने की कोशिश करते कि यह आवाज कहाँ से आयी !! लाल पोंहचा ( कमर वस्त्र ) लगाए और फूल मालाओं से लदे हुए लगभग सात-साढ़े सात फुट लंबे हुष्ट-पुष्ट एवं दिव्य तेज चेहरे पर लिए हुए एक साधु पुरुष पुनः 'जय श्री राम' की बोली लगाते हुए पीछे कहीं से भीड़ को चीरते हुए तेजी से आगे आए।

उनकी तेज बुलंद आवाज और ओजमयी प्रस्तुति ने तैनात पुलिस बल तक को सकते की हालत में डाल दिया । वह देवमानव जैसे ही द्वार की ओर बढ़े पुलिस कर्मचारियों के कदम खुद ब खुद पीछे हो गए ।

दिव्य ओजयुक्त साधू ने द्वार को पार करते ही पीछे मुड़कर देखा और रविश्री व दल के साथियों को पीछे आने का इशारा करते हुए फिर से 'जय श्री राम की तेज हुँकार लगाई।

असमंजस की हालत में लगभग एक सौ बीस तीर्थ यात्रियों का यह दल रविश्री सहित उस महा - दिव्य - आत्मा के पीछे चलता हुआ उसी द्वार से प्रवेश कर गया।

पुलिस बल के तैनात अधिकारी इस दौरान दरवाजे से एक ओर हटकर इस तरह खड़े हो गए थे, जैसे वह इस दल के स्वागतार्थ ही खड़े हों, इन लोगों के गुजरते ही वह पुनः पूर्व स्थिति में वापिस तैनात हो गए थे।

इधर इस दल के सदस्यों की लगभग दो सौ चालीस आंखें उस दिव्य साधू पुरुष को तलाश कर रही थीं, मगर वह तो सभी को चकित करते हुए चमत्कारिक ढंग से गायब हो चुके थे !!

इस समय तक न तो इतनी ज्यादा भीड़ इस 'अति विशिष्ट व्यक्तियों हेतु मात्र' (केवल वी.आई.पी.) स्थान पर थी और न ही ऐसा अंधेरा था कि वह साधु पुरुष दिखाई न देते फिर उन जैसे डील-डौल वाले पुरुष का छिप जाना तो हर हाल में नामुमकिन था ।

तुरंत ही भक्तों ने रविश्री को घेर कर प्रश्नों की झड़ी लगा दी, मगर रविश्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले समय देखो, मात्र दस मिनिट बचे हैं। भक्तों को जैसे करंट लगा हों और इन दस मिनिटों में शास्त्रोक्त विधि से मंत्रोच्चार के साथ रविश्री, महोदय व सभी भक्तों ने स्नान किए ।

विशेष महात्म्य वाले स्थान पर सर्वाधिक उपयुक्त मुहूर्त में महाकुंभ के महास्नान के रूप में महापुण्य के कार्य से निवृत्त होते ही सभी भक्तगण मंत्री महोदय सहित पुनः रविश्री को घेर कर 'ओजस्वी दिव्य साधु पुरुष' के बारे में उत्सुकता से प्रश्न करने लगे कि आखिर वो थे कौन और गये कहां....?

रविश्री ने प्रश्न के जवाब में प्रश्न ही जैसे महा-पुण्य के प्रसाद के रूप में चरणामृत की तरह सभी की ओर उछालाः-

रावतपुरा में तो दण्डवत् प्रणाम करते हो, यहां साक्षात् देखकर भी नहीं पहचान पाए !!!