द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 4 / 21

English
☰

अध्याय 4

यह छिपरी है

छिपरी न सिर्फ एक अति प्राचीन गांव है वरन् बुन्देलखण्ड के इतिहास में भी अपना महत्वपूर्ण स्थान रखता है । इस गांव में सन् 1600 के पूर्व तक लोधी बसा करते थे, इनकी जरूरतों का सामान बंजारे नायक घोड़ों पर लादकर बेचने के लिए लाते थे और फिर वह यहीं के निवासी हो कर रह गए। इसी नायक परिवार के पचास वर्षीय बृजनंदन नायक बतलाते हैं कि हमारे पूर्वज यहाँ बस कर आसपास के गांवों में जा-जाकर रोजमर्रा जरूरतों की छोटी-बड़ी वस्तुएँ बेच कर आते थे, सन् 1680 में यह नायक परिवार जहाँ एक ओर अति संपन्न बन गया वहीं दूसरी ओर आए दिन डाकू लुटेरों से परेशान रहने लगा तब जाकर राजा से स्थायी मदद हेतु कहा गया ।

ओरछा स्टेट के राजा ने जिनकी राजधानी टीकमगढ़ थी ग्वालियर स्टेट के राजा से बात की | ग्वालियर स्टेट की जागीर 'करैया' में अगर सिंह परमार जागीरदार थे उन्हें छिपरी आ कर रहने का निर्देश दिया गया ।

अगर सिंह परमार करैया से आकर छिपरी के जागीरदार बन गए। इसी परमार वंशावली के आगे बढ़ने पर छत्रसाल सिंह परमार छिपरी के जागीरदार इस समय टीकमगढ़ के राजा हम्मीर सिंह थे, हम्मीर सिंह ने अपना दूसरा विवाह इन्हीं की बेटी 'कमल कुंअर' से किया था। राजा हम्मीर सिंह की मृत्यु पश्चात् छिपरी की इस बेटी ने टीकमगढ़ रियासत पर लगभग पच्चीस वर्ष शासन किया पर वह निःसंतान थी अतः प्रताप सिंह नामक बालक को गोद लेकर, छिपरी की बेटी ने प्रताप सिंह को टीकमगढ़ रियासत का उत्तराधिकारी घोषित किया ।

छिपरी में स्थित तीन प्राचीन मंदिरों में से नरसिंह मंदिर नायक परिवार द्वारा एवं रामजानकी व वीर हनुमान के दो मंदिर परमार वंशजों द्वारा निर्मित हैं । रामजानकी का मंदिर "जान रयै भगवान" के नाम से जाना जाता है जिसका आशय है "हे भगवान ! मेरी जान सलामत रखना'

छिपरी में परमार वंश के जागीरदारों की गढ़ी के अवशेष अब भी देखने को मिलते हैं जिन्हें शौकिया दफीनाबाजों ने अब ईंटों में बदल दिया है । छिपरी के इस परमार परिवार ने बुन्देलखण्ड के शासकों का आड़े वक्त में अपनी बहादुरी को अस्त्र बनाकर सदैव साथ दिया चाहे वह डाकू लुटेरों की समस्या हो, किसी पागल हिंसक पशु के उपद्रव की बात हो या किसी दुश्मन सेना की ललकार का जवाब देना हो ।

ग्राम छिपरी का नाम छिपरी पड़ने के पीछे वजह यह है कि यह गाँव प्राकृतिक रूप से छिपा हुआ है । गिट्टी मार्ग से जंगल व पहाड़ियों से गुजरते हुए इस गाँव में जब तक दाखिल नहीं हो जाते तब तक बाहर से इस गांव का कोई नामो-निशान ही नहीं दिखाई देता, गाँव के आगे घना जंगल और पीछे से पहाड़ियाँ इन दोनों के मध्य 'छिपरी' है। पानी का स्थायी साधन यहां मात्र कुँए थे बाद में जागीरदार परिवार द्वारा सन 1700 में एक छोटे से तालाब का निर्माण करवाया गया था जो अब अत्यंत जीर्ण शीर्ण हालत में है । यहाँ समीप में ही बहने वाले एक नाले पर ‘स्टॉप डेम' बनवाकर 1982 में तत्कालीन विधायक स्वामी प्रसाद पस्तोर ने पानी की समस्या को लगभग समाप्त कर दिया है ।

छिपरी की वर्तमान आबादी लगभग पच्चीस सौ है, गांव के 65 वर्षीय मंगल सिंह परमार बताते हैं कि 1950 में यह आबादी मात्र 400 थी । इसके पूर्व आसपास के सभी गांव मूलतः छिपरी के ही वासियों द्वारा बसाये हुए हैं। वर्तमान स्थिति में ग्राम छिपरी, म.प्र. के टीकमगढ़ जिले में, जतारा तहसील के अन्तर्गत नगर पंचायत लिधौरा के समीप स्थित है। इस ग्राम की वर्तमान आबादी लगभग 2,000 है। झांसी से टीकमगढ़ बस मार्ग पर टीकमगढ़ से लगभग 40 कि.मी. पूर्व लिधौरा तिराहा पड़ता है । इस तिराहे से 5 कि.मी. लिधौरा की ओर जाने पर एक गिट्टी मार्ग मुख्य सड़क से अंदर की ओर जाता है जो छिपरी तक ही गया है जहाँ के ब्राह्मण परिवार में इस अलौकिक पुरुष का जन्म हुआ ।

रविश्री अपने पूर्वजन्म में बच्चों से बहुत प्यार करते थे और इस जन्म में अपने बचपन को अच्छी तरह भोग लेना चाहते थे। यह इनकी अतृप्त इच्छा थी, ऐसा कहा जाये तो गलत न होगा। यह गंभीर अहसास रखते हुए आप इस रोचक वृतान्त को पढ़ियेगा कि यह उस बालक का बचपन है जो सिर्फ काया से बच्चा है परंतु विचारों से प्रौढ़ है अर्थात् प्रौढ़ विचारों का बालक । इस बालक को अपनी मंजिल का अहसास है और यह भी दुख के साथ जुड़ा हुआ अहसास है कि सिर्फ कुछ सालों पश्चात जब मैं बड़ा हो जाऊँगा तो यह बचपना हाथ से निकल जायेगा

आज हम कहते जरूर हैं कि बचपना अच्छा था पर चूंकि मस्तिष्क परिपक्व नहीं रहता अतः उस उम्र में हमें छोटे-छोटे टेंशन होते हैं.....

"बकौल शायर-

यूँ तो रोते हुए बच्चे को भी गम होता है

कच्ची उम्र में तजुर्बा भी कम होता है ।

पर रविश्री के साथ यह बात नहीं थी उनका मस्तिष्क पूर्ण परिपक्व था । उनके परिपक्व मस्तिष्क को सदैव ये चिन्ता बनी रही, रावतपुरा पहुँचने यानि लगभग 23 वर्ष की उम्र तक कि कोई इस बात को समझ न पाए कि यह एक अलौकिक संत परमहंस योगी हैं। पर छिपाते - छिपाते भी कई जगह उनकी बातों ने चुगली की है कि यह स्वयं कोई अलौकिक पुरुष हैं परन्तु उन बातों पर किसी का उस समय ध्यान ही नहीं गया वरना बहुत संभव था कि बचपन से ही इनका जीवन मनोविज्ञान एवं परामनोविज्ञान के लिए शोध का विषय बन जाता और एक सामाजिक विडम्बना भी हमारे यहाँ यह है कि लोग सुभाषचंद्र बोस का, भगत सिंह का, विवेकानन्द का पैदा होना पसंद तो करते हैं पर पड़ोसी के यहाँ । हमारा बेटा तो पटवारी की नौकरी करे वह भला है फिर दो तीन बच्चे पैदा करे और पुरुष होने का पर्याप्त सबूत दे, इति श्री ।