द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 21 / 21

English
☰

अध्याय 21

एक सवाल

मित्रो ! आपने रविश्री के पूर्व जन्म के बारे में पढ़ा, पिछले जन्म के बारे में विस्तृत चर्चा के अलावा हमने यह भी जाना कि रविश्री के पूर्व जन्मों में एक जन्म ठाकुर परिवार में, दो जन्म यादव परिवार में, एक जन्म ब्राह्मण परिवार में एवं एक जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ था ।

अपने पूर्वजन्मों को जानना यकीनन एक रोमांचक अनुभव से होकर गुजरना है। रविश्री की तरह ही हमारे आपके भी कई पिछले जन्म होंगे उन पिछले जन्मों में हमने कई ऐसे कार्य किये होंगे जो प्रमाणिक तौर पर आज भी मौजूद होंगे । हमारे भी पूर्वजन्मों की श्रृंखलाएं आज उसी तरह लगातार बढ़ रही होंगी, जिस तरह रविश्री कहते हैं कि बाबूखान उनके एक पूर्व जन्म के परिवार की बढ़ी हुई श्रृंखला के एक किरदार हैं ।

गंभीरता से विचार कीजिए कि जिस व्यक्ति ने अलग-अलग जातियों में भिन्न–भिन्न धर्मों में जन्म लिये हैं और उसे सभी पूर्व जन्म याद हों उस व्यक्ति के दृष्टिकोण से कौन सी जाति एवं कौन सा धर्म सर्वश्रेष्ठ होगा ? हर व्यक्ति अपनी जाति एवं अपने धर्म को सर्वश्रेष्ठ कहता है, परन्तु पूर्वजन्मों की याद लिए, व्यक्ति को जो कभी मुसलमान रह चुका हो, मुस्लिम धर्म के सभी रीति रिवाजों से गुजर चुका हो, कुरान शरीफ को माथे से लगा चुका हो, मस्जिद में जाकर नमाज पढ़ चुका हो वह आज हिन्दू के यहाँ पैदा होकर हिन्दू धर्म को कैसे सर्वश्रेष्ठ कहेगा ।

यह सच है कि इस जन्म में वह हिन्दू धर्म के रीति रिवाज से होकर गुजरेगा, मंदिर के आगे मत्था टेकेगा, गीता रामायण को पूजनीय कहेगा, लेकिन उसे अगर अपना पिछला जन्म याद है तो वह मुस्लिम धर्म के और मुसलमानों के प्रति अपने दिलोदिमाग में नफरत कैसे ला सकता है । यहाँ अन्य धर्म की बात तो एक विस्तृत दायरे की हो गई । आज रविश्री ब्राह्मण हैं, किन्तु हिन्दू धर्म की ही अन्य जाति यादव एवं ठाकुर में भी वह जन्म ले चुके हैं। उन्होंने यादव जाति की महिला के पेट में भी उसी तरह नौ माह गुजारे हैं जिस तरह एक ठाकुर जाति एवं एक ब्राह्मण जाति की महिला के पेट में ।

सभी जाति की महिलाऐं अलग-अलग उनकी माँ रह चुकी हैं, सभी जाति पुरुष उनके पिता रह चुके हैं एवं सभी जाति के परिवारों में उनका बचपन, जवानी एवं बुढ़ापा गुजर चुका है, और दिलचस्प बात यह है कि उन्हें वह सभी जन्म याद भी हैं। उनके पिछले जन्मोंकी वह श्रृंखलाएं आज वृहद परिवारों के रूप धारण कर चुकी होंगी। अब अगर उनसे किसी विशेष परिस्थिति में कहा जाए कि ठाकुर, यादव एवं ब्राह्मण जाति में से आप सर्वश्रेष्ठ चुनिऐ तो वह किसकी ओर झुकेंगे ?

अब यही परेशानी आपके सामने पूर्वजन्मों की याद आते ही खड़ी न हो जाए। आज जिस मुस्लिम धर्म एवं जाति की खुले शब्दों में आप तीखी आलोचना करते हों उनके रीति रिवाजों को गलत ठहराते हों, उन्हें देखना ही पसन्द न करते हों पूर्वजन्म याद आते ही अगर आपको मालूम चला कि पिछले जन्म में आप कट्टर मुसलमान थे और बतौर हाकिम, मस्जिद पर रोज सुबह से अजान दिया करते थे अल्ला हो अकबर के नाम की, तब हिन्दू धर्म में पैदा होने के बाद उपज रही मुस्लिम धर्म की खिलाफियत करती, आपकी बेचारी इस मानसिकता का क्या होगा ?

मुस्लिम धर्म तो एक उदाहरण मात्र है । आप ईसाई, पारसी और सिक्ख भी हो सकते हैं । इस जन्म के धर्म की दूसरी जाति में भी पैदा हो सकते हैं। अगर आप एक शिया मुसलमान हैं तो सुन्नी परिवार में भी आपका जन्म हो सकता है, मृत्यु तो निश्चित है ………

एक दिन सभी को उस रजिस्टर में हाजिरी लगानी है मौत वाले दफ्तर में छुट्टियाँ नहीं होतीं

मृत्यु के बाद अगला जन्म भी निश्चित है । और अगर तुम इस समय यह सोच रहे हो कि अगला जन्म अपने ही धर्म एवं अपनी ही जाति में लोगे तो इस बचकाना अह्म को एक ओर रख दो, क्योंकि यह क्षमता मात्र योगी पुरुषों को एक लम्बी साधना के फलस्वरूप उत्पन्न प्रबल आत्म-शक्ति की वजह से प्राप्त होती है। इस क्षमता के परिणाम स्वरूप वह ऐच्छिक स्थान, ऐच्छिक परिवार, ऐच्छिक धर्म व जाति में जन्म ले सकता है। हम और तुम तो आत्मिकी पक्ष को ही नकार कर चल रहे हैं अतः इस क्षमता के दायरे से ही कोसों दूर हैं । यह ठीक है कि तुमको अपने पूर्वजन्म याद नहीं हैं। जो किसी भी जाति और किसी भी धर्म में हो सकते हैं किन्तु तुम धर्म या जाति-संघर्ष में हो रहे दंगों में हिस्सा लेकर अपने द्वारा ही पूर्वजन्मों में बढ़ाई गई श्रृंखला का कत्लेआम कर रहे हो इस सम्भावना को नकारा नहीं जा सकता। आज तुम एक मुसलमान हो और दंगों के लिए हथियारों को पैना कर रहे हो, कहीं ऐसा न हो कि तुम्हारी तलवार से तुम्हारे ही पूर्वजन्म के बेटे या पोते का खून हो जाए, जब तुम एक हिन्दू थे । तुम पिछले जन्म में क्या थे एवं अगले जन्म में क्या बन जाओगे, यह कतई निश्चित नहीं है । आज एक हिन्दू बनकर राम मन्दिर के लिए मुसलमानों की जान लेने पर आमादा हो कल तुम ही मुसलमान बनकर बाबरी मस्जिद के लिए हिन्दुओं को मारने आओगे ?

यह सब बातें तो मात्र तुम्हारे एक दो पिछले जन्मों का लेकर सम्भावित हैं, जबकि तुम्हारा अस्तित्व तो सत्युग, त्रेता एवं द्वापर में भी था और आज भी है यह भी संभव है कि जिस जाति या धर्म के आज तुम इस हद तक खिलाफ हो कि उसका समूल ही नष्ट कर देना चाहते हो पिछले जन्मों में तुम्हीं उस जाति या धर्म के जन्म दाता हो ।

तुम ईसा के उन प्रथम शिष्यों में से हो सकते हो जिन्होंने इस धर्म को आगे बढ़ाया और एक रूप दिया और आज तुम घोर ईसाई धर्म के विरोधी हो गए हो ।

आज रविश्री की इस काया के इस शरीर के इस परिवार के गोत्र का नाम “शांडिल्य” है। जबकि पिछले जन्म में उनके गोत्र का नाम "कोडंड” था । गोत्र अर्थात् अमुक ऋषि की संतान अर्थात् एक जन्म से दूसरे जन्म में आते ही तुम्हारे पूर्वज ऋषियों के नाम तक बदल गए । हम जिस शान से कहते हैं कि हम अमुक ऋषि की संतान हैं। अगले जन्म में किसी दूसरे ऋषि की संतान बन जायेंगे, और पूर्व जन्म में किसी और ऋषि की संतान थे । हकीकत यह है कि तुम जिस शरीर के अंदर बंद हो वह शरीर जो नश्वर कहलाता है उसके गुण धर्म में ऋषि का अस्तित्व निहित है ।

तुम जिस दिन इस किराए के मकान से, इस पिंजरे से, इस शरीर से बाहर निकले, तुम्हारा उस ऋषि से संबंध समाप्त हो जायेगा । इस शरीर के अंदर बहते खून के गुणधर्म तुम्हारी मानसिकता पर जो भी असर डाल दें, उस असर को साथ लेकर अगला जन्म ले लेते नहीं हो, वरन् तुम्हारा अगला जन्म कहीं भी हो जाता है। यह कुछ इसी तरह से है कि कल्पना करें एक बड़े मैदान में भिन्न-भिन्न लिबासों में लिपटे छः- सात पुतले रखे हुए हैं और हर पुतले के पीछे एक माइक रखा हुआ है। तुम को इन्हीं में से किसी एक पुतले के पीछे खाली स्थान देखकर खड़ा होना है। खाली स्थान किस पुतले के पीछे मिलेगा यह भी तय नहीं है। तुम "कुर्सी दौड़ " की तरह एक पुतले के पीछे दौड़कर खड़े हो जाते हो। तुम्हारे पुतले की तरह बहुत सारे पुतले एकाएक तुम्हें आकर घेर लेते हैं और कहते हैं कि " तुम ईसाई हो" क्योंकि वह पुतला ईसाई का था और माइक से तुम ईसाई धर्म की बातें करने लगते हो। कुछ समय बाद जो कि तुम्हारी उम्र कहलाती है तुम थक जाते हो, मर जाते हो और पुनः उड़ान भरते हो। और फिर एक पुतले के पीछे रिक्त स्थान देखकर खड़े हो जाते हो, यहाँ भी तुम्हें छिपे हुए तमाम पुतले आकर घेर लेते हैं और तुम्हें बताते हैं कि तुम एक मुसलमान हो और तुम्हारी जबान पर अल्लाह का नाम रहना चाहिए और तुम माइक से वही बोलने लगते हो जो लोग तुमसे अपेक्षा रखते हैं। इसके बाद तुम्हें किस पुतले के पीछे जगह मिलेगी यह तय नहीं है, इसके पहले तुम ईसाई के पुतले में थे यह तुम्हें याद नहीं है ।

बकौल जिगर-

"हिन्दू है ये एक परिन्दा जो मंदिर में उड़ता है, मुसलमान हो जायेगा मीनारों तक उड़ जाने दो....."

पूर्वजन्म में हम क्या थे, कहाँ थे, हमने क्या-क्या अच्छे या बुरे कर्म किए यह हमें याद नहीं रहता । कुदरत का इसके पीछे सकारात्मक दृष्टिकोण शायद यही है कि पूर्वजन्म की बातें याद न रहने से हम उस जन्म में गुजरी तमाम परेशानियों से, उनके संताप से, अपनी की हुई गलतियों के पश्चाताप की अग्नि में झुलसने से तो बच जाते हैं। लेकिन कुदरत ने तो यह सोचा होगा कि ये मानव प्यार, मुहब्बत और शांति से मिलजुल कर रहेंगे। हमारे ऋषि मुनियों ने ये धर्म और जाति के वर्गीकरण सुविधा के लिए किए थे। वह वर्गीकरण उन पुतलों के लिए था, हम जिसे 'हम' कहते हैं वह हमारी व्यक्तिगत आत्मा है । जिनका उन पुतलों से मात्र इतना सारोकार है कि वह हमारे लिए कुछ दिन को किराये के मकान साबित हो जाते हैं ।

आत्मा के लिए हर ऋषि, मुनि, वेद, शास्त्र, उपनिषद् कहते हैं कि वह पवित्र होती है। आत्मा जो कि सूक्ष्म शरीर है उसको पवित्र कहने के पीछे व अगले जन्म निर्धारण के पीछे जो मान्यतायें हैं उनके अंतर्गत् तो इस बात की संभावनाएं और प्रबल हो जाती हैं कि अगला जन्म तुम्हारा उसी धर्म या जाति में होगा जिसके इस जन्म में आप प्रबल विरोधी हैं इस मान्यता के अनुसार “ईश्वर बड़ा दयालु है, मृत्यु पश्चात् जब सूक्ष्म शरीर का मन हल्का हो जाता है तो उसने अगर किसी व्यक्ति जाति या धर्म के खिलाफ कोई भी अनैतिक कार्य किया है या मानवता को कलंकित करने का कार्य किया है या मानवता के विपरीत मानसिकता को लेकर चला है तो वह पश्चाताप करने के लिए बैचेन हो जाता है । और इसी बैचेनी को खत्म करने के लिए वह उसी जाति या धर्म में जन्म लेने की कोशिश करता है जिसके वह खिलाफ था । इसी नियम के तहत् अगर व्यक्ति ने इस जन्म में किसी का धन या जायदाद हड़प ली है तो मृत्यु पश्चात् सूक्ष्म शरीर में आते ही वह उसका कर्ज अदा करने के लिए बैचेन हो जाता है और कई बार पशु योनि में जन्म लेकर उसी व्यक्ति के यहाँ बतौर पालतू जानवर बनकर रहता है ।" इस मान्यता के अनुसार

" सूक्ष्म शरीर में आते ही किया जाने वाला पश्चाताप अदृश्य सत्ता या कुदरत या ईश्वर के नियम के अंतर्गत है । आप इससे बच नहीं सकते, पूर्व कर्म फल को भोगने के लिए ईश्वर स्वयं प्राणी की इच्छाओं को इस तरह ढाल देता है कि वह उसी गर्भ में जाने को प्रयत्नशील हो जाता है जो उसे पश्चाताप से छुटकारा दिला सके। "

'तुम्हारा पूर्वजन्म था और तुम्हारा पुर्नजन्म होगा' ये दोनों बातें उतनी ही निश्चित हैं जितना कि तुम्हारा यह जन्म है । तुम्हारा अगला जन्म मानव या पशु योनि में होगा यह तुम्हारे इस जन्म की कार्य- शैली, ईश्वरीय सत्ता के प्रति तुम्हारी आस्था के परिणाम स्वरूप उत्पन्न हुई आत्मशक्ति या किसी क्षमतावान योगी की विशेष कृपा तय करेगी ।

ईश्वरीय सत्ता के प्रति आस्था और उत्पन्न आत्मशक्ति की प्रबलता आपकी नैतिकता में छिपी हुई है । आस्था का अर्थ मंदिर मस्जिद में सिर झुकाने से पूरा नहीं हो जाता, आत्मिक पक्ष को सर्वोपरि मानकर अगर तुम्हारे अंदर प्यार, संयम, त्याग, परोपकार की भावनाऐं प्रबल नहीं हैं तो तुम्हारी आत्मशक्ति प्रबल हो ही नहीं सकती । प्रबल आत्मशक्ति के बलबूते पर उच्च आध्यात्मिक ध्येय एवं नैतिकता के रास्ते पर चलने वालों की वजह से ही अभी तक भारतीय संस्कृति अस्तित्व में है और यही वह वजह है, जिसके चलते इकबाल को कहना पड़ा था-

"हस्ती मिटती नहीं हमारी, कुछ तो बात है वर्ना, सदियों रहा है दुश्मन, दौरे जहाँ हमारा........"

अदृश्य सत्ता के प्रति आस्था के परिणाम स्वरूप ही व्यक्ति उच्च मानसिकता का धनी बनता है अगर तुम्हारे मन के किसी भी कोने में अलगाव, नफरत, हिंसा की भावनाएं प्रबल हैं तो तुम लाख मंदिर, मस्जिद जाते रहो या किसी प्रबल योगी पुरुष के सानिध्य में रहो अपने परिणाम से नहीं बच सकते ।

"खुदा को कौन सी सूरत से वह अपना बना लेगा, कि जिस इंसान से इंसान अपनाया नहीं जाता......'

योगी पुरुषों की स्वयं की आस्था "वसुधैव कुटुम्बकम' में निहित होती है अतः उनकी विशेष कृपा भी उन्हीं व्यक्तियों पर होती है जो इस तरह की भावनाएँ दिल में रखते हैं । "वसुधैव कुटुम्बकम' अर्थात सारी धरती पर एक ही परिवार है । पूर्वजन्म के सिद्धांत को थोड़ा और विस्तृत दायरे में सोचें तो धर्म और जाति के अलावा यह भी निश्चित नहीं है कि तुम्हारा अगला जन्म किस देश में होना है। आज तुम भारतीय हो कल अमेरिकी थे कल पाकिस्तानी हो सकते हो । आज हम भारतीय हैं, भारत से प्यार करना उचित है, पर दूसरे देशों से नफरत करना तो देश भक्ति के दायरे में नहीं आता । और अगर कल हम भी उसी देश में पैदा हो जायें तब ?

"ये दर्द के रिश्ते भी बड़े ही अजीब हैं, जिसको भी देखिए अपना दिखाई देता है....."

सिर्फ धर्म और जाति के वर्गीकरण को लेकर देखें तो अपने पूर्वजन्मों में हमने ये अपनी सुविधा के लिए बनाए थे, आज हमारी बनाई हुई सुविधाऐं ही हमारे लिए समस्या बनकर खड़ी हो गई ।

अपने-अपने धर्म को मानने वालों की तादाद बढ़ाने के लिए बैचेन लोगों से सवाल करना बहुत जरूरी है कि अगर अगला जन्म आपका उसी धर्म में हो गया, जिस धर्म के व्यक्तियों को आप आज खींचकर अपने धर्म में मिला रहे हैं । तब आप क्या करेंगे? तब यही सोचने को शेष रह जायेगा कि-

"मैं घर जलाकर खुद भी,

तमाशाइयों में था …………….

आज हम अपनी जाति की उच्चता के अहम को पालकर अन्य जातियों को निम्न कहने से नहीं चूकते। सड़क किनारे गरीब बच्चों को उचटती निगाहों से देखते हुए आगे बढ जाते हैं, उनकी कातर आँखों में झाँकिए, कल हमारा भी उन जातियों में जन्म हो सकता है जो आज हमारी नजर में नीच हैं या निम्न हैं! फ्रांसीसी दार्शनिक फोतेन का कहना था कि "प्रारब्ध से बच निकलने के लिये हम जो मार्ग चुनते हैं उसी पर बहुधा उस से भेंट हो जाया करती है ।" हम आने वाले कल के अतीत हैं और आने वाले कल के वर्तमान भी, हम जो काँटे बो रहे हैं, कल को हमारे ही जिस्मों में पैवस्त होंगे।

जब ईश्वर ने, हमें बनाने वाले ने हमारे साथ पक्षपात नहीं किया तो हमें भी हक नहीं कि हम मनुष्य के जन्म पर, मनुष्यता पर धब्बा लगायें ।

हम आज अपनी ही सुविधाओं की समस्याओं से उसी तरह घिर रहे हैं जिस तरह एक सज्जन पुरुष बंदूक लेकर पछता रहे थे और कहते थे कि मुझे अब हमेशा इसकी सुरक्षा का टेंशन रहता है।

यह नफरत की लड़ाई बंद करना होगी, यह छोटी सी जिंदगी तो मुहब्बत के लिये कम है, इसमें से भी नफरत का वक्त निकाल देंगे तो बचेगा क्या?

इस समस्या का हल आप अपनी रात्रि कालीन सोच में "पुनर्जन्म के सिद्धान्त" को लेकर निकालने की कोशिश कीजिए । शायद आप भी इसी नतीजे पर पहुँचे जिस पर कई शायर तो बहुत पहले पहुँच चुके हैं,

"अब तो मजहब कोई ऐसा बनाया जाये,

जिसमें इंसान को इंसान बनाया जाये.........

दोस्तो सिर्फ धर्म के नाम पर आज दो देश आपस में टकराकर मानव जीवन के अस्तित्व के लिए खतरा बने हुए हैं । धर्म वह वृक्ष थे जो हमने अपनी सुविधा के लिए लगाए थे कि ये हमें छाया देंगे ।

अब शायद वक्त आ गया है, हमें "अलग-अलग वृक्ष, और मेरा वृक्ष सर्वश्रेष्ठ" की परंपरा से और नफरत, अलगाव, हिंसा, स्वार्थ की इन विषैली मानसिकताओं से उबरना होगा ।

जब यह तय ही नहीं है कि हम जिस धर्म व जाति के लिए लड़ रहे हैं कल भी वह हमारे ही होंगे तो इस अंधी लड़ाई का इस नफरत का आचित्य क्या है?

धर्म और जाति को लेकर मस्तिष्क में फैल रही संकीर्ण मानसिकताऐं खरपतवार की तरह बढ़ती ही जा रही हैं। हमारे बीच बैठे चंद लोग इन खरपतवार को खाद देने का काम भी कर देते हैं:-

" देश के सारे कौओं ने है...... कलई पुताली जिस्मों पर ।

मुँह काला होने के डर से ..... वतन मेरा थर्राता है !!"

हम इस फसल को नष्ट करके जो अब हमारी जमीन खराब कर रही है नयी फसल क्यों नहीं लगा देते?

हैं?

हम सर्वप्रथम मानव हैं! यह विचार हम मस्तिष्क में क्यों नहीं बैठा पा रहे पुनर्जन्म का सिद्धांत कहता है कि आपका धर्म व जाति सदैव एक सी नहीं रहती, फिर हम इन सड़ी गली जहरीली मानसिकताओं से छुटकारा पाने के लिये क्यों नहीं सोचते?

हमने अपने-अपने धर्म बनाए, उसके आचार नियम बनाये और अपने जीवन को एक रास्ता दिया कि यह रास्ता उत्तम है इसी रास्ते पर चलते जाओ । अगर यह रास्ता न होता तो हम परेशान हो जाते, भटक जाते, कभी इधर कभी उधर, पर मनीषियों ने इस बात को समझा और पैदा होते ही तुम्हें धार्मिक बंधन में बांध दिया, तुम हिन्दू के यहाँ पैदा हुए और तुम्हारा हिन्दू धर्म शुरु हो गया, मुसलमान के यहां पैदा हुए मुस्लिम धर्म शुरु हो गया, किसी से कुछ पूंछने की जरूरत नहीं है, पर जिस तरह कहा जाता है कि 'ईश्वर एक है' इसका तात्पर्य समझने की कोशिश हमने नहीं की । हर धर्म के रास्ते अलग-अलग हैं पर अंततः उद्देश्य हर धर्म का एक है और वह है तुमको धर्म नाम की सीढ़ी से आध्यात्म नाम के कमरे तक पहुँचाना, जहाँ हर धर्म की सीढ़ी गई हुई है और वह सिर्फ एक कमरा है। वह न हिन्दू का है, न मुस्लिम का, न तो सिख का और न ही ईसाई का, वह कमरा आध्यात्म का है जिसे ईश्वर कहते हैं । तुम इस सीढ़ी पर ही संकीर्णता में उलझ कर स्वयं अपने धर्म के उद्देश्य का विनाश कर रहे हो। हर धर्म का उद्देश्य अंततः मनुष्य के अंदर आध्यात्म चेतना का जागरण है, आध्यात्म का मतलब है कि हमारे प्राणों का विस्तार पूरे संसार में हो, हर व्यक्ति के लिए हमारे मन में अपनापन हो, वसुधैव कुटुंबकम् की प्रबल भावना हमारे अंदर हो ।

धर्म और आध्यात्म में मूलभूत अंतर यही है या हमने बना दिया है कि आध्यात्म संकीर्ण नहीं हो सकता, वस्तुतः हम लोग यह समझ ही नहीं पाये कि अंततः हर धर्म का मूल उद्देश्य आध्यात्म है। तुम एक मुसलमान हो, या हिन्दू हो तुम अपनी सीढ़ी को सर्वश्रेष्ठ कहलवाने की चाह में मार काट पर उतर आए ? यह भूल ही गए कि जिस सीढ़ी पर तुम चल रहे हो वह तुम्हें उस कमरे में ले जाना चाहती थी जहाँ पहुँचकर तुम अपने अंदर पनप रहे इस संकीर्ण भेदभाव से खुद ही घृणा करके पश्चाताप करने लगो कि अरे मैं यह क्या करने लगा था ?

धर्म और अध्यात्म में उतना ही अंतर है जितना आदमी और इंसान में । आदमी पैदा होता है और इंसान बनना पड़ता है। तुम अपने पैदा होने को रोक नहीं सकते थे, तुम्हारा जन्म तुम्हारी मजबूरी थी पर अब इंसानियत पैदा कर इंसान तुम्हें बनना पडेगा। जब तक तुम्हारे अंदर उस मंजिल की ओर कदम बढ़ाने के लिए कोशिश पैदा नहीं होती जिसे ब्रम्हत्व कहा जाता है, आध्यात्म कहा जाता है, पूर्णता कहा जाता है तब तक तुम खुद को इंसान नहीं कह सकते । जिस तरह आदमी की पूर्णता इंसान बनने पर है ठीक उसी तरह धर्म की पूर्णता आध्यात्म है ।

अगर उस पूर्णता को हम प्राप्त नहीं कर सके तो मनुष्य अर्थात् आदमी और पशु में कुछ अंदर नहीं होगा, पशु जीवन भी एक बीच के पड़ाव को मंजिल मान लेता है, वह भोजन प्राप्त करने को ही पड़ाव मान लेता है, संतान पैदा करना ही अपनी मंजिल समझने लगता है, हम भी तो वही हैं पशु और सुधार दीजिये तो नर पशु । हम भोजन करने को, विश्राम करने को, धन कमाने को ही अपनी मंजिल मान लेते हैं, आध्यात्म और मानवता से बहुत दूर कुत्तों की तरह झगड़ रहे हैं ।

एक बार एक महाशय अपने घर टेबिल - कुर्सी पर बैठे फाइलों में उलझे हुए थे कि अचानक एक बूढ़ा व्यक्ति दरवाजे पर आया और महाशय से गिड़गिड़ाये स्वर में पीने के लिए पानी माँगने लगा । महाशय ने उचटती निगाह उस पर डाली और बोले “रुक जाओ, किसी को आ जाने दो' । धूप तेज थी, लपट के थपेड़ों ने वृद्ध का गला खुश्क कर दिया था, उसने पुनः कातर मगर तेज स्वर में महाशय से आरजू की पर महाशय ने भी क्रोधित स्वर में जवाव दिया "मैं कह रहा हूँ रुक जाओ, किसी को आ जाने दो।" वृद्ध प्यास से तड़पते हुए मरणासन्न हालत में पहुँच चुका था, वहीं गिरते हुए उसने पुनः एक बार सारी शक्ति इकट्ठी कर कहा कि बाबूजी, मैं मर रहा हूँ मुझे पानी दे दो ।

महाशय ने फाइलें एक तरफ फेंकते हुए उस वृद्ध को भगाने के उद्देश्य से दरवाजे की तरफ चिल्लाते हुए आए" बुढ़ढे, जब कह रहा हूँ किसी इंसान को आ जाने दे, पिलवाये देता हूँ, सुनता क्यों नहीं है ?" मगर तब तक वृद्ध अंतिम सांसे लेता हुआ जाने की तैयारी कर चुका था और यह कहते हुए उसने प्राण दिये

"बाबूजी..... थोड़ी....सी.....देर.....के लिए.... आप ही ..... इंसान बन जाते…”

धर्म आपके द्वारा लिया नहीं गया है वरन् आप पर थोपा गया है, पर आध्यात्म थोपा नहीं जा सकता, आध्यात्म आप को प्राप्त करना पड़ेगा । उसके लिए लगाईं ये धर्म नाम की सीढ़ियाँ नाकाम हो गई, हमारा तुम्हारा दिमाग पूर्वजों की सोच से भी ज्यादा विषैला बनता जा रहा है, हम आध्यात्म तक नहीं पहुँच सकते तो क्यों न इस आध्यात्म को ही धर्म बनाकर अपना लिया जाए? सीढ़ियाँ टूट खराब हो गई उन्हें एक तरफ रखो, जिस कमरे तक उन सीढ़ियों का उद्देश्य हमें पहुँचाना था हम सीधे उसी कमरे में चलते हैं। क्यों हम एक मानव से मात्र इसलिये नफरत करें कि वह आज दूसरे घर में पैदा हो गया जो शायद कल मेरा भी घर हो सकता है । हमारे लगाए हुए वृक्ष अब छाया, फल-फूल और ऑक्सीजन की जगह तपिश - विष और जहरीली गैसों के सबब बनते जा रहे हैं.... तो हम एक नया वृक्ष क्यों नहीं लगा देते.....

मानव धर्म का

तुम्हारे चार बेटे हैं, और तुमने सबको स्कूल तक जाने का लिए अलग-अलग मोटर साईकिल खरीद कर दे दी कि यह आपस में झगड़ा न करें और इसी वजह से चारों का चार अलग-अलग स्कूल में नाम लिखवा दिया, पर कुछ समय बाद तुम देखते हो कि तुम्हारी सोच गलत साबित हो गई, सभी अपनी मोटर साईकिल को व अपने स्कूल को ही सर्वश्रेष्ठ कहलवाने के लिए मारपीट पर उतर आए और आए दिन झगडने लगे ।

तुम उन्हें समझा रहे हो मत लड़ो, रुक जाओ सबके स्कूल अच्छे हैं, सबकी मोटर साईकिल का उद्देश्य स्कूल तक पहुँचाना है पर कोई तुम्हारी बात नहीं सुनता, एक बार सर्वश्रेष्ठ बनने की महत्वाकांक्षा जाग जाये तो उसे तुम जीवन पर्यन्त सुला नहीं सकते, पर तुम प्रयास कर रहे हो, लगातार कर रहे हो कि वह न लडे ।

सुप्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक फॉम कहता है कि भारत में एक सामूहिक रोग है कि हर धर्म का अनुयायी अपने आप को उत्तम तथा दूसरे को कमतर समझता है। मुसलमान समझते हैं कि अंतिम सत्य और मोक्ष के मार्ग पर उन का एक मात्र अधिकार है, यही हिन्दू अपने बारे में और सिख अपने बारे में समझते हैं, यही समस्या संसार में हर क्षेत्र में तनाव की जड़ है।

एक बार चारों बेटों को एक ही स्कूल में रखकर व चार मोटर साईकिल के बजाय एक ही जीप में इकट्ठा भेज कर क्यों नहीं देखते ?

अभी तक शायद डरते थे कि जीप चलायेगा कौन? इस बात पर झगड़ा शुरु न हो जाए पर अगर हमारे पास सर्वमान्य ऐसा ड्राइवर हो जिसको चारों बेटे अपना मानते हों उस पर भरोसा करते हों । तो क्यों न उसके हाथ में अपनी जिंदगी की गाडी सौंप कर देखा जाये ???

एक पादरी और उसके बेटों को जिंदा जला दिया गया, तीन मानवों को एक मानव ने जला दिया मात्र, इसलिये कि उनका रास्ता अलग था, हमारे हुक्मरानों ने इस घटना को 'देश के माथे पर कलंक', बताया । कोई नयी बात नहीं हुई, आये दिन ये घटनाऐं हो रही हैं और घटित होते ही हम हुक्मरानों के हमदर्दी में लिपटे बयानों का इंतजार करने लगते हैं। पर जिस मानव ने इस घटना को अंजाम दिया उसकी मानसिकता इतनी दूषित कैसे हो गई? हम तुम सब उसकी इस मानसिकता के पीछे जिम्मेवार हैं एक बच्चे को हम बचपन से नशे की लत लगा दें और बड़ा होने पर जब वह नशे के लिए कोई जुर्म कर बैठे तो उसे दोषी कहें, यह तो न्याय नहीं है ।

लोग अलग–अलग धर्मों की संकीर्ण मानसिकता को लेकर वैमनस्यता पाल रहे हैं, इसका एक मात्र उपाय है 'एक धर्म एक जाति' का वृक्ष लगातार उसे फलने फूलने दिया जाये और हमारे देश के वह ठेकेदार जिन्हें इस जिंदा जलाने की घटना से वाकयी गहरा दुःख पहुँचा है सर्वप्रथम कदम बढ़ाकर समाज को, देश को, दुनियां को एक नया रास्ता, एक नयी मानसिकता, एक नया अंदाज सौंपे, मानव धर्म की शुरूआत ही इन घटनाओं की पुनरावृति रोक सकती है।

है बहुत अंधियार अब, सूरज निकलना चाहिये !

जिस तरह से भी हो, ये मौसम बदलना चाहिये....

"नीरज"

इस समय आवश्यकता है एक ऐसे धर्म की जो विज्ञान सम्मत् हो, सत्य सम्मत् हो और जो तर्कों पर खरा उतरता हो, 'धर्म और तर्क साथ-साथ नहीं चलते' यह बात आज की पीढी के गले नहीं उतरती । हमारा 'मानव धर्म' सत्य पर आधारित होगा बजाय कपोल कल्पनाओं के । एक धर्म कहता है कि पुनर्जन्म नहीं होता, एक धर्म कहना है कि पुनर्जन्म होता है अगर यह एक सच्चाई है तो हमारे धर्म में इसे मान्यता मिलेगी, आज तमाम बातें तुम सिर्फ इसलिए कहने, मानने और उन पर मर मिटने के लिए आमादा हो क्योंकि तुम्हारा धर्म कहता है, पर वह बातें अगर गलत हैं, आज के युग में उन मान्यताओं को उन नियमों को नहीं माना जा सकता फिर क्यों उन्हें छोड़ नहीं देते ? वह मानो जो सत्य है, वह प्राप्त करो जो वस्तुतः तुम्हारे मनुष्य जीवन का उद्देश्य है और इन्हीं बातों को लेकर हमारा धर्म होगा 'मानव धर्म' । पाठ, पूजा, नमाज आदि का उद्देश्य तुम्हें शांति देना था, मंत्र जाप का उद्देश्य तुम्हारे अंदर सोयी शक्ति और महानता को जगाना था अर्थात् ध्यान व योग साधना का एक तरीका तो हम अपने धर्म में सीधे “ध्यान व योग साधना" को ही पाठ पूजा के स्थान पर रख देते हैं । यह सब कहने का आशय है कि अगर हम अलग-अलग राहों पर चलकर उद्देश्यों से, लक्ष्यों से भटक रहे हैं तो इन लक्ष्यों को ही अपना मूल मार्ग क्यों नहीं बना लेते ?

क्या यह स्वप्न एक हकीकत में बदल सकता है ????...

आज हिन्दु, मुसलमान, सिख, ईसाई, हर जाति व हर धर्म के लोग लाखों की तादाद में रावतपुरा जा रहे हैं। इस पुस्तक को भी सभी जाति व धर्म के लोग पढ़ रहे होंगे। हम सभी अपने-अपने स्तर पर रविश्री से इस स्वप्न को हकीकत में बदलने के लिए कह सकते हैं । हमारा धर्म पुनर्जन्म के सिद्धांत पर आधारित होगा

'प्यार भाईचारा और मानव एकता हमारा संदेश होगा,

दुनियाँ में अमन लाना, हमारा लक्ष्य होगा,

देश और दुनियां में फैल रही नफरत और हिंसा में सुलग रही

मानवता को हमारे धर्म में शीतलता महसूस होगी ।

हमारा वास्तविक धर्म मानवता है, हमारा यह वास्तविक धर्म हमारी व्यक्तिगत, जातिगत निजी वस्तु है, प्रत्येक व्यक्ति या मानव के इस वास्तविक धर्म का मंदिर उसकी व्यक्तिगत आत्मा है । मानवता का रिश्ता ऐसा है जो किन्ही भी परिस्थितियों में बदलता नहीं है। हमें मानवता की रक्षा करनी होगी, और इसके लिये कुछ कर गुजरने की आवश्यकता का कर्तव्य बोध ही आवश्यक नहीं वरन् आगे बढ़कर स्वयं के निर्णयों को कार्य रूप देना होगा। आप प्रारंभ लेने के लिये खड़े तो होइये। अपनी इस भावना को कि "मानव होकर हम मानव रक्त बहाने के खिलाफ है ।"

आप शब्द तो दीजिये !

जब हमारे आने वाले समय में धर्म और जाति निश्चित ही नहीं है । तो फिर यह अलगाव क्यों ? हम मानव हैं, मानवता ही हमारा धर्म है । इस संकल्प के साथ इस वृक्ष को लगाने की मानसिकता तो बनाईये, हमारे ये कदम दुनियाँ के लिये एक पैगाम होंगे:-

"कौन कहता है कि आसमान में, सुराख नहीं हो सकता ! एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो"

“रविशंकर परमहंस” जैसे आध्यात्मिक 'युग पुरुष' बार-बार नहीं आते ! शांति, एकता, सद्भावना, त्याग और प्रेम की भावना लिए मानव धर्म की स्थापना ही इस महामानव 'युग - पुरुष' की क्षमताओं का उचित दोहन होगा:-

" हो गई है पीर

पर्वत सी, पिघलनी चाहिये..·

इस हिमालय से

कोई गंगा निकलनी चाहिये..

मेरे सीने में न सही ..

तेरे सीने में सही

हो कहीं भी आग, लेकिन

आग जलनी चाहिये..

सिर्फ हंगामा खड़ा करना

मेरा मकसद नहीं..

मेरी कोशिश है कि ये

सूरत बदलनी चाहिये.........

'दुष्यंत'