द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 19 / 21

English
☰

अध्याय 19

रविश्री का उद्देश्य आख़िर क्या है?

रविश्री से उपरोक्त प्रश्न पूछने पर वह कहते हैं रावतपुरा को तीर्थधाम बनाना। मगर क्या सिर्फ इस प्रयोजन हेतु एक परमहंस ने पुर्नजन्म लिया ।

हमें कोशिश करना होगी समझने की कि आखिर रविश्री का उद्देश्य क्या है? वह चाहते क्या हैं ? आइये एक कहानी से शुरु करते हैं, एक परिवार में चार बेटे थे । चारों बहुत ही आज्ञाकारी - आत्माराम, इंद्रजीत, धीरज और संयम, नाम भी उनके अनुरूप ही रखे गये थे, चारों अत्यंत आत्मसम्मानी, धैर्यवान, संयमी और विवेकशील थे। दूसरे परिवार के लोग सदैव ही उनके घर की शांति से व उनके आज्ञाकारी होने से ईर्ष्या द्वेष पालते थे उन्हें समझ न आता कि गरीब होने के बावजूद उस घर में शांति क्यों है ?

इधर चारों भाई दूसरों के घरों में, आये दिन सुविधाओं के साधन आते देखते तो अपनी माँ से जिक्र करते । माँ समझाती कि उनके घर में सामान है हमारे घर में शांति है ! यकीन मानो, यह अप्रत्यक्ष बहुत बड़ा सामान हमारे घर में मौजूद जो तुम लोग सोचते हो कि वह सामान उन्हें सुख दे रहा है यह सोच ही गलत है। अधिक सुविधाओं का मतलब अधिक सुख नहीं होता, सुख तो गहनता से अनुभव करते, सरलता से आनंदित होने और वांछित होने की क्षमता से आता है ।

चारों बेटों को यह बातें समझ में नहीं आतीं, वह लगातार दूसरे घरों में झांक-झांक कर उनकी सुविधायुक्त बेपर्दा जिंदगी के उन्मुक्त आनंद को देखकर परेशान होने लगे, उनकी माँ ने फिर समझाया कि 'जो कुछ तुम्हारे पास नहीं है, उसके बारे में परेशान होने का मतलब है जो कुछ तुम्हारे पास है उसे भी नष्ट कर देना ।'

किन्तु अंततः बेटों को आकर्षण ने खींच लिया, उन परिवारों को तो इस घर का अप्रत्यक्ष सामान खल ही रहा था । उन्होंने भी चारों को खुला निमंत्रण दे डाला । चारों ही बेटों के पास सफेद कुर्ते थे। जिन पर माँ ने उनके नाम कढ़ाई से लिख दिये थे। अपने नाम लिखे कुर्ता पहनना उन्हें बहुत भाता था और उस दिन भी वह नाम लिखे लिवास में ही थे जब वह अपनी माँ को रोते गिड़गिड़ाते छोड़कर तमाम सुखों के आकर्षण में बंधे अपने घर से चले गये।

उन्हें रोकने के लिये मां जमीन पर लेट गई थी, पर वह तो आकाश की तरफ देख रहे थे, उन्हें अहसास भी नहीं हुआ कि वहा माँ को रौंदते हुए कब बाहर निकल आए ।

नए घर में आते ही उन्हें अपने कपड़ों से गंध आने लगी, वह मैले हो गए थे, इस घर में काले लिबास उनके लिए पहले से तैयार रखे थे। चारों भाई अपने नए जीवन से बहुत खुश थे । यहाँ आकर भी उन्हें रह-रह कर अपनी माँ पर गुस्सा आ रहा था कि अब तक क्यों उसने हमें रोक कर रखा |

इधर मां का हाल। पाषाण - प्रतिमा, पथराई आंखे दूर रास्ते को ताकती हुई प्रतीक्षारत-

" रोती हैं आँखें....... जलता है दिल ये...........

. जब अपने घर के !........ घी के दियों से........ आंगन पराया...........जगमगाता...........है.........

एक अरसे बाद एक रोज चार व्यक्ति इसी मां की चौखट पर अत्यंत दीन-हीन स्वर में आवाज देते हैं-

"माँ दरवाजा खोल" माँ को आवाज अपने बेटों जैसी लगती है लेकिन वह इस ख्याल को झटक देती है, उसका पागल मन हर आवाज को बेटों की ही आवाज समझता था।

वह खिड़की से झांकती है "वो उसके बेटे नहीं थे" वो तो कमजोर लाचार वृद्ध थे, अत्यंत दीन-हीन और असहाय, शायद भीख मांगने आए थे। बड़ी हुई दाढ़ी और उलझे बाल तो यही कह रहे थे। मां उन्हें झिड़कने ही वाली थी कि उसे गंध आती है ! अपने बेटों की गंध !! वह लपककर दरवाजा खोलती है पर यहां तो वही मरियल से वृद्ध थे जो अपने पांवों पर खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और चौखट पर ही गिर पड़े थे शायद मरने वाले थे..... ..... मर चुके थे ।

गंध से बैचेन मां ने पूंछा मेरे बेटे आस पास दिखे क्या ? सफेद कुर्ता पहने होंगे, पीछे उनके नाम लिखे होंगे, आत्माराम, इन्द्रजीत, धीरज और संयम । अचानक मां को लगता है कि ये चेहरे तो उसके बेटों जैसे ही हैं, वो उन

वृद्धों को पागलों की भांति झंझोड़ने लगती है, "आखिर तुम लोग कौन हो, यह गंध तो मेरे बेटों की है पर वो तो जवान थे'। मां पागल सी हो गई थी, यह मंजर देख वहां भीड सी लग गई थी ।

अचानक मां को असमंजसता में याद आया कि बेटों को तो लिबास में पीछे नाम लिखवाने का शौक था, वो भीड़ से कहती है कि इन्हें पलटो इनके पीछे नाम लिखे होंगे ।

मृत शरीरों को पलटा गया, काले कुर्तों पर नाम तो लिखे थे पर पराई मां के यहां पूरे नाम नहीं लिखे जाते थे, वहां तो अंग्रेजी चलती है। नामों की भी लाशें ही पीठों पर मौजूद थीं ।

AIDS

भारतीय संस्कृति अपने बेटों की लाश पर बिलख-बिलख कर रो रही थी ।

सद्गुणों की मृत्यु एड्स का जन्म !!

"न खुदा ही मिला न विसाले सनम

तोहफा एड्स का लाए हैं ब्याज में" ।

हमारे देश का जीवन, धार्मिक मूल पर प्रतिष्ठित है और इस वजह से हमारी संस्कृति का प्राण या आधार ही संयम है । व्यक्ति और समाज दोनों ही अपना जीवन संयम की सहायता से नियमित बनायें यही हमारे देश के शास्त्रों की आज्ञा थी । " त्याग के लिए ही भोगों का ग्रहण और परलोक के लिए ही इहलोक का जीवन”, इन बातों का सभी को हर एक अवस्था में ध्यान रखना होगा। इस उच्च ध्येय की तरफ हमारे शास्त्रों ने व्यक्ति और समाज का ध्यान आकर्षित कर रखा था लेकिन आज हम पुराने त्याग और संयम प्रधान जीवन को छोड़कर पाश्चात्य के भोग प्रधान जीवन को स्वीकार चुके हैं। इससे हमारी पुरानी संस्कृति में नास्तिकता ‘पर–अनुकरणप्रियता' और आत्मविश्वासहीनता का उदय हो गया है।

पाश्चात्यों के जीवन के मूल में विषय- लोलुपता, स्वार्थपरता और धर्म विश्वासहीनता ही है, इसी वजह से हमें अगर उनके समान उन्नति करना पसंद आता है तो स्वभाव से या जानबूझकर उनके समान बनना पड़ता है ।

ईश्वर, आत्मा, परलोक इत्यादि का यथार्थ ज्ञान प्राप्त करना ही अत्यंत प्राचीन काल से हमारे देश ने अपना ध्येय निश्चित कर रखा है। भारत के सभी आचार-विचारों के मूल में उच्च आध्यात्मिक ध्येय दिखाई देता है ।

पर दूसरे देशों का ध्येय दैहिक व एहिक सुखोपभोग की ओर पाया जाता है ।

यह सच है कि पाश्चात्य समाज ने जड़ विज्ञान में बहुत उन्नति कर ली है लेकिन तब भी आत्मविज्ञान के सम्बंध में उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझता । आत्मविज्ञान से जो शांति और संतोष की प्राप्ति भारतवासियों को हुई वह उनके लिये मरूस्थल की मृगमारीचिका साबित हो रही है।

उसके पीछे वजह यह है कि संयम, स्वार्थहीनता और अन्तर्मुख वृति ही आत्म विज्ञान का मार्ग है ओर मन का संयम या निरोध ही आत्मोप्लब्धि का साधन है।

बहिर्मुख पाश्चात्य सभ्यता के आज हमारे धर्म और हमारी संस्कृति की ओर देखने के पीछे मूल कारण यही है कि वह जिस रास्ते पर चल रहे हैं उस पर उन्हें आत्मा की उपलब्धि किसी भी दशा में संभव नहीं है ।

पर हम तब भी उन्हीं के रास्तों को ताक रहे हैं और उनकी सभ्यता के आकर्षण में बंधकर नैतिकता में किस हद तक गिर चुके हैं इसका हमें कतई अहसास नहीं है। अगर एक रैक्टर स्केल पर इसे मापा जाने का साधन उपलब्ध हो जाये तो भारतीय मूल की जो नैतिकता +100 पर थी वह आज 0 को पार करती हुई - 100 के करीब पहुंच रही है ।

भोग लालसा से मुग्ध होकर हम अपना पूर्व इतिहास और पूर्व गौरव भूल चुके हैं और इस बुद्धिनाश ने भारतीय संस्कृति के अस्तित्व के लोप होने की नौबत ला दी है।

हमें लौटना होगा और न सिर्फ हम वरन् अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी उस रास्ते पर जाने से रोकना होगा । नैतिक उत्थान आवश्यक है । बगैर उसके हमारा स्वयं का अस्तित्व अब डांवाडोल स्थिति से उबरने वाला नहीं है ।

हम खतरों ही खतरों से भरे रास्ते पर बहुत आगे तक अपना मूलमार्ग छोड़कर निकल आए हैं। इस रास्ते पर आगे जाने वाले एक जगह इकट्ठे खड़े हो गए हैं। उन्हें कुछ सूझ भी नहीं रहा है, आगे का मार्ग अवरूद्ध है, बंद है, उसके आगे रास्ते का ही अस्तित्व खत्म हो गया है, वह लोग स्वयं भी हमारे मार्ग को मूल अपनाने के लिए लौट रहे हैं । चलो, हम भी वापिस चलें ।

लेकिन इस भीड़ को कैसे रोकें, यह तो सुनने को भी तैयार नहीं, यह तो सभी ग्रंथों का, सभी आचार विचारों को भी बकवास कह रही है, हमारी बातें सुनने के लिए उनके पास वक्त नहीं है, वह कहते हैं यह अर्थ युग है । जिसके पास अर्थ की जितनी अधिक मात्रा होगी उसके पास सम्मान भी उतना ही अधिक होगा। सभी लोग इस दौड़ में शामिल हैं वह हमें भी अपने साथ दौड़ने को कहते हैं ।

धर्म पर, ईश्वर पर, आत्मा, परमात्मा पर इनका विश्वास जो उखड़ चुका है, उसे पुनः स्थापित करना अब कैसे संभव है? यह तो असंभव है, ईश्वर, मंदिर-मस्जिदों तक सिमट कर रह गया है, उसकी सत्ता पर से लोगों का भरोसा उठ गया है।

पेड़ का तना, फल, फूल, प्रत्यक्ष दिखते हैं किन्तु उन सब को जीवन एवं विकास देने वाली जड़ें जमीन के अंदर रहती हैं। जड़ें ही वृक्ष की प्रगति और स्थिरता का आधार भूत कारण हैं । यदि जड़ें सूख जाऐं, उन्हें दीमक लग जाए तो वृक्ष का जीवन तो समाप्त हो ही जाएगा। हम भी एक वृक्ष की तरह हैं ! बाह्य वैभव भौतिक पक्ष है और जड़ों वाला अदृश्य - पक्ष आत्मिकी है, हम लोग आत्मिकी का अर्थ न समझकर भौतिकी को ही सब कुछ मान बैठे हैं, इस तरह हम कोई बड़ी सफलता प्राप्त नहीं कर सकते। हम मात्र पेट और प्रजनन तक सिमट कर रह जायेगें। अगर हमारी जड़ों को पोषण नहीं मिला तो हम फलते-फूलते वृक्ष जैसा प्रश्रय गौरव कभी प्राप्त नहीं कर सकते ।

भौतिकी के क्षेत्र में प्रकाश का अर्थ है रोशनी, ऊर्जा, एवं यह वह मौलिक शक्ति कहलाती है जिसके आधार पर संसार का समस्त जड़ चेतन गतिशील हो रहा है । आत्मिकी में यही ऊर्जा है चेतनात्मक दिव्य प्रेरणा, ऐसी ऊर्जा जो मनुष्य के अन्तराल तक प्रवेश कर सकने का मार्ग बनाती है और उस क्षेत्र की रहस्यमय परतों को उभारकर उजागर करती है, इतना उजागर कि मनुष्य अपने अंदर देवस्तर का अवतरण होते प्रत्यक्ष देख सके । यही वह प्रकाश है जिसे प्राप्त करने पर मनुष्य अपने निर्धारित पक्ष को देख सकता है, उस पर लड़खड़ाये बिना चल सकता है और अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है । भारतीय संस्कृति का उच्च ध्येय यही था कि हम इस प्रकाश को महत्व देते हुए भौतिकी और आध्यात्मिकी पक्ष में सामंजस्य बैठाकर आगे बढे |

सिर्फ भौतिकी पक्ष को देखना पाश्चात्य सभ्यता है, वह आत्मिकी पक्ष के अस्तित्व को ही नकारते हैं और अब हम भी उनका अनुसरण कर नैतिक पतन के उस मुकाम तक पहुँच गए हैं जहां से लौटना असंभव प्रतीत होता है ।

यह असंभव कार्य संभव हो सकता है ! अगर हमें कोई आत्मिकी पक्ष की अद्भुत शक्तियों का प्रत्यक्ष प्रभाव समझा सकने में सक्षम हो । जिस तरह वृक्ष | के फल-फूल, पत्ते दिख रहे हैं उसी तरह जड़ की उपयोगिता से प्रत्यक्ष परिचय करवा सकें ।

नैतिक उत्थान का कार्य तब ही संभव है जब नैतिक उत्थान के फायदे और नैतिक पतन से हो रहे नुकसान हमारी समझ में आऐं । नैतिक उत्थान अगर धार्मिकता से, आस्तिकता से जुड़ा है तो कोई उस अदृश्य सत्ता के अस्तित्व का बोध तो करवाये ।

ईश्वर है, यह तो अर्थ युग में दौड़ती हुई भीड़ का हर किरदार मानता है, लेकिन वह हमारी कुछ मदद कर सकने में सक्षम है यह विश्वास धीरे-धीरे कम हो गया है । नैतिकता के रास्ते पर चलकर हम विलक्षण शक्तियों के स्वामी बन सकते हैं, कामवासना के रूपांतरण से मनुष्य नर से नारायण बनने की क्षमता रखता है, यह कोई मानने को तैयार नहीं, वह कहते हैं हमें प्रत्यक्ष दिखाओ | पहले हवाई जहाज उड़ता हुआ दिखे तब हम मानेंगे कि हवाई जहाज भी बनाया जा सकता है और मनुष्य में ही वह क्षमता है कि वह हवाई जहाज बना सके तब हम इस कार्य की ओर मुडेंगे।

नैतिक उत्थान के लिए धार्मिकता, आस्तिकता, आध्यात्मिकता से जुड़ी हुई विलक्षण शक्तियाँ, जो चमत्कारिक हैं, अलौकिक हैं उनका साक्षात्कार आवश्यक है। भीड़ थम जायेगी । भीड़ का हर किरदार लौट आयेगा । उसे बस एक बोध होने की आवश्यकता है कि आत्मिक पक्ष को भूल जाना हमारी भूल है ।

पाश्चात्य वासियों का इस ओर मुड़ना कठिन हो सकता है अलबत्ता वह अपनी दौड़ से थक चुके हैं, रास्ता, अवरुद्ध देखकर हताश हो चुके हैं इसलिए उन्हें अपने मूल संस्कारों को छोड़कर, अपनी संस्कृति को छोड़कर हमारी ओर आना पड़ रहा है जो अपेक्षाकृत कठिन है । हमारे तो खून में ही वह संस्कार बसे हुए हैं। यह बोध ही वह चेतनात्मक दिव्य प्रेरणा है जो आत्मिकी पक्ष का प्रकाश है ।

"प्रत्येक व्यक्ति की मानसिकता और बोधित्व की समदिशा एवं अंतरंगता ही चेतना के जन्म का कारण बनती है ।"

यही अध्यात्मिक चेतना, हमारे समाज व देश को ही नहीं वरन् इस संसार को पुनः “सतयुग’” उपहारस्वरूप सौंप सकती हैं।

इस चेतना नाम की विद्युततरंग के आते ही हमारे अंदर धैर्य, शांति, संतोष, ईश्वरत्व, त्याग, परोपकार, विश्वास, संयम नाम के बल्बों के जगमगाने में देर नहीं लगेगी आइये इस बात से ताल्लुक रखती एक अद्भुत सत्य कहानी पढ़ें-

एक स्थान जो कि घने जंगलों के बीच स्थित एवं एक मात्र पुराना मंदिर प्राचीन काल का बना हुआ जो कि खंडहर की ओर अग्रसर हो रहा था वहां एक संत का आगमन हुआ । आसपास के गांव वालों को जब पता चला कि कोई संत आये हुए हैं तो उनसे यूं ही मिलने के उद्देश्य से वह लोग वहां पहुंचे। संत ने गाँव वालों को जब उनका नाम लेकर इस तरह बुलाया जैसे पूर्व परिचित हों तो वह लोग आश्चर्य चकित हो गए, फिर संत ने एक-एक कर उनकी समस्याओं के बारे में बातचीत कर व उनके निदान बता कर उन्हें हैरत में डाल दिया। गाँव वालों को जैसे ही अहसास हुआ कि यह तो कोई विलक्षण संत है तो सभी उनके पांवों पर गिर पड़े। संत के अलौकिक व्यक्तित्व ने उनकी सोई हुई ईश्वरीय आस्था को जगा दिया, जहां एक ओर उन लोगों में भक्ति के प्रति नीरसता आ गई थी, आत्मा-परमात्मा को फिजूल की बातें मानने लगे थे वहीं दूसरी ओर अब वह मंदिर के जीर्णोद्धार में जुट गए थे।

क्षमताओं की चर्चा एक से दो, दो से चार होते संत की अद्भुत से चार होते हुए दूर-दूर तक फैल गई जो भी व्यक्ति उनके बारे में सुनते वह दौड़े-दौड़े जंगल में संत से मिलने चले आते। संत उन सभी की समस्याएं सुनते उनका हल बताते और उन्हें ईश्वरीय सत्ता पर विश्वास रखने को कहते । श्रद्धा स्वरूप जब वह भक्त उन्हें भेंट करने का कुछ भाव प्रगट करते तो वह उन्हें मंदिर के निर्माण में सहयोग करने को कहते। संत अपने अलौकिक व्यक्तित्व का समस्त श्रेय उसी मंदिर में स्थापित देव मूर्ति को देते और लोगों से उसी देव मूर्ति में आस्था स्थापित करने को कहते । कलयुग का ही समय था, समस्याऐं किसे नहीं होती । संत के विलक्षण व्यक्तित्व के बारे में सुनते ही सभी तरह के मनुष्यों के, तीर्थ यात्रियों के दल, हिन्दू, मुसलमान, साधु सन्यासियों के वहाँ जमघट जुड़ने लगे ।

साधु का स्वभाव भी बहुत ही सरलता और विविधता लिए हुए था । बच्चों से बच्चों की तरह, जवानों से जवानों की तरह, वृद्धों से वृद्धों की तरह, कभी वह अपनी आत्मा रूपी समुद्र के गंभीर द्वार मुक्त कर देते थे तो कभी आधुनिक सुकरात की तरह लोगों के साथ हंसते हुए व्यंग्य मिश्रित ज्ञान और सद्भावनापूर्ण वार्तालाप में मग्न हो जाते।

साधु का सरल जीवन और सादगी देखकर जहां एक ओर लोगों को अपने बनावटी जीवन से नीरसता होती वहीं दूसरी ओर उनकी विलक्षणताऐं देखकर ईश्वरीय सत्ता की जीवन्त स्पष्ट अनुभूति भी होती ।

साधु के निकट पहुँचने की हर व्यक्ति की कोशिश, किन्तु जब इसके लिए वह साधु को रुपये पैसे से खरीदने में असमर्थ रहते तब लोग यह भाँपने की कोशिश करते कि उसे सबसे ज्यादा पसंद किस तरह के लोग आते हैं । साधु स्वयं सरल स्वभाव का था उसे व्यक्ति भी ऐसे पसंद आते जो सरल, निष्कपट, लोभ-लालच से दूर परोपकारी स्वभाव के होते। उनकी निकटता पाने के लिए व्यक्ति भी अंदर ही अंदर अपने आप को बदलने की कोशिश करने लगे । वह साधु किसी भी व्यक्ति के मन की गुप्त गतिविधियों के बारे में अपनी स्वभाव सिद्ध अंर्तदृष्टि के लिए लोगों को प्रत्यक्ष प्रमाण तो दे ही चुके थे अतः सभी सदैव यह भी भय मन में पाले रहते कि उनसे कोई ऐसा कार्य न हो जाये जो नैतिकता के विरुद्ध हो और साधु से आँखें मिलाने में शर्मिन्दगी हो । जो व्यक्ति किसी भी तरह के अनैतिक कार्यों में लिप्त होते उन्हें साधु की तीव्र दृष्टि इस तरह प्रतीत होती मानो उनके शरीर के अंदर खिड़की के रास्ते से प्रविष्ट कर कोना-कोना टटोल डालती हो। ऐसे लोगों को भी धीरे-धीरे उनकी अंतरआत्मा ने अनैतिक कार्यों से दूर होकर साधु से जुड़ने में ही भविष्य निहित होने की प्रेरणा दी । आश्चर्य जनक तरीके से नास्तिक लोगों में, भौतिकी पक्ष को ही सर्वोपरि बताने वालों में, आत्मिकी पक्ष के ईश्वरीय बोध जागने की वजह 'जब उनका साधु से जुड़ना समझ में आया तो साधु को लोग विलक्षण और असाधारण पुरुष के रूप में पूजने लगे । साधु सभी से कहता कि "देखो भगवान तो सभी मनुष्यों में है, किन्तु सभी मनुष्य भगवान में नहीं हैं, तुम लोगों को कष्ट इसीलिए होते हैं, ज्ञान की सार्थकता तभी है जब तुम्हारे अंदर करुणा, भक्ति और त्याग हो। साधु की बातें लोगों के मन से होते हुए मस्तिष्क में कुछ देर ठहरतीं और देखते-देखते संस्कारों में तब्दील हो जातीं ।

अनेक विद्वान, दार्शनिक जो काफी समय से साधु के बारे में उसकी अलौकिकताओं व विलक्षणताओं के बारे में सुन रहे थे अपनी तीव्र व तीखी दृष्टि से एक-एक गतिविधियों पर नजर रखकर साधु को समझने का प्रयास करने लगे । साधु जिस तरह से लोगों में भक्ति भाव जगा रहे थे उसके पीछे 'छिपी वजह' समझ में नहीं आ रही थी। इस समय तक पाखंडी व ढोंगी तांत्रिकों, साधुओं व तथा कथित आध्यात्म से जुड़े होने की बात करने वालों ने तो लोगों के अंदर "स्वाभाविक हेय भावना”, धर्म के प्रति भर दी है, लोग सभी साधु संतों को संदेह और भय की दृष्टि से देखते हैं।

इसमें आखिर कौन सी बात ऐसी है कि लोगों को न इस पर संदेह हो रहा है और न कोई भय है, सब उसको ईश्वर का अवतार मानकर उससे जुड़ने में ही भलाई समझ रहे हैं ।

अत्यंत विद्वान पुरुषों एवं सिद्ध पुरुषों के बीच इस साधु की चर्चा होने लगी, साधु की विलक्षणताओं व चमत्कारिक बातों से यह तो अहसास हो गया कि यह कोई परमहंस योगी पुरुष है।

क्योंकि उनकी विलक्षणताऐं देव पुरुषों के सन्निकट थी, पल भर में कहीं भी पहुँच जाना, एक समय में कई जगह सशरीर उपस्थित रहना, समस्याओं को चुटकी बजाते ही हल कर देना, राई से पर्वत तक कोई वस्तु हो पल भर में मँगा देना, दूरदर्शन, दूरश्रवण ! योगी की सर्वोच्च अवस्था की सभी सिद्धियाँ उस साधु के हस्तगत थीं । किन्तु वेदांत जिस अवस्था के लिए योगी को अद्वैत योगी पुरुष कहता है, वह द्वैत भाव की बातें कर रहा है। परमहंस अवस्था में पहुंचने के बाद वह योगी पुरुष साधारण मानवों के बीच बैठकर उनकी समस्याऐं सुलझा रहा है, लोगों को उनका उद्देश्य समझ में नहीं आ रहा था अंततः विद्वान पुरुषों ने साधु से ही पूंछना उचित समझा। साधु से जब पूंछा गया तो साधु का कहना था कि इस मंदिर में जो देवमूर्ति है उनका आदेश हुआ है कि इस स्थान को तीर्थ धाम बनाना है, इसी उद्देश्य के तहत मैं यहाँ रूका हुआ हूँ ।

वैसे यह सच है कि वह स्थान एक तीर्थ स्थान में बदल चुका था और वहां जाते ही लोगों को आत्मिक शांति व दिव्यता की अनुभूति होती, लोग देवमूर्ति के आगे जिस मनोकामना पूर्ति के लिए जाते वह मनोकामना निश्चित ही पूरी होती । लोगों में विश्वास जाग चुका था किन्तु साधु का एक मात्र उद्देश्य यही होगा। बात कतई हजम होने वाली नहीं थी । जिस समय तक मात्र कुछ ही लोग साधु से जुड़े हुए थे तब तक ठीक था किन्तु लाखों व्यक्तियों का जंगल में आना मात्र एक साधु से मिलने !! यह कतई कोई मामूली बात नहीं बल्कि असाधारण अत्याधिक गैर मामूली है। इसी तरह से संख्या बढ़ती गई तो एक दिन सारा देश इस साधु के बताये नक्शे कदम पर चल देगा। तभी लोगों ने यह ध्यान दिया कि मात्र कुछ वर्षों पहले तक हम जिस नैतिक उत्थान की चर्चाएं करते थे एक तरह से यह साधु भी तो वही कर रहा है। हम तो मात्र सोच ही रहे थे, परेशान थे कि लोग अर्थ युग की दौड़ में हो रहे नैतिक पतन रोकने के लिए कैसे प्रेरित करें ? लोगों के अंदर सोयी हुई धार्मिक चेतना को, ईश्वरत्व को, आत्मिकी पक्ष को किस तरह जगाऐं ? साधु जानबूझकर या अनजाने में यही सब तो कर रहा है ! जो भी साधु से जुड़ता है या इस मंदिर पर आता है उसके अंदर वह चेतना जाग जाती है जिस चेतना में भारतीय संस्कृति का अस्तित्व अन्तर्निहित है ।

यह साधु जो इतना विलक्षण है, बाहर से भक्त किन्तु अंदर से ज्ञानी पुरुष है वह यह सब अनजाने में ही कर रहा है, नहीं ! यह नहीं हो सकता । निश्चित ही यह असाधारण पुरुष आध्यात्मिक इतिहास में एक नये युग की शुरुआत करने का महान् उद्देश्य लेकर पृथ्वी पर आया है ।

जी हां आप सही सोच रहे हैं, यह सत्य कहानी हमारे सामने से रूबरू इस समय गुजर रही है, संत रविश्री ही वह साधु पुरुष हैं ।

हमारे अंदर लगातार पाश्चात्य सभ्यता की ओर देखने से जो परिभाषायें बिना हमारे समझे ही बदल गई थी, जो विश्वास उखड़ गया था, वह रविश्री से जुड़ते ही पुनः वापिस आ रहा है। हम बदल रहे हैं, हमारी विचारधाराऐं भारतीय मूल संस्कृति के तहत ही वापिस आ रही हैं । रविश्री की सरलता, आत्मत्याग व मानवता की अतिप्रबल भावना हमें अपने बनावटी जीवन के प्रति नीरसता उत्पन्न करने लगी है। विख्यात दार्शनिक एच. जरनर कहते हैं कि आधुनिक दार्शनिकता का यह निचोड़ है कि कोई भी घटना अचानक नहीं घटती है, प्रत्येक घटना एक नियम के अंतर्गत ही घटित होती है ।

रविश्री का रावतपुरा में आकर बैठना महज एक इत्तफाक नहीं हो सकता, निश्चित ही कल के इतिहास में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण घटना के तहत अपना स्थान निश्चित कर चुकी होगी ।

भारत का युगव्यापी आध्यात्मिक इतिहास गवाह है कि यह उन संत पुरुषों का इतिहास है जो परम सत्ता पर विजय प्राप्त करने के लिए न सिर्फ अभियान करते आए हैं वरन् लोगों को भी अपने साथ में लेकर उन्हें सतयुग की राह पर मोड़ने के प्रयत्न करते आए हैं । हमारे देश के सभी महान् पुरुषों का ज्ञात व अज्ञात रूप से यही मूल लक्ष्य रहा है कि मानव समुदाय सदैव अपने आत्मिकी पक्ष की उन्नति के मार्ग को प्रशस्त करे, बगैर इसके हमारा अस्तित्व डगमगा जायेगा ।

रामकृष्ण परमहंस का कहना था कि जिसे जगत गुरु बनना है उसे सब प्रकार की आध्यात्मिक अवस्थाओं की पूरी जानकारी के लिए पूर्व के अवतारों और आचार्यों द्वारा प्रदर्शित उन्नति के मार्गों को यथार्थ रूप से जानना पड़ता है कि लोग उसके अनुसार चलते हैं या नहीं | और यदि नहीं चलते तो उसका कारण खोजकर उसे आधुनिक काल के लिये उचित मार्ग ढूँढ़ना पड़ता है ।

रविश्री ने भी यही किया, आज के युग में बगैर दिव्य व अलौकिक अनुभूतियों के हम लौटने वाले नहीं थे, परन्तु अब हम लौट रहे हैं हमारा नैतिक उत्थान होना प्रारंभ हो गया है । आस्था का पौधा एक बार जड़ें पकड़ ले तो फिर इसके बढ़ने में देर नहीं लगती ।

विभिन्न व्यक्तियों के मानसिक गठन के अनुकूल अपनी शैली को रविश्री इतनी जल्दी परिवर्तित कर लेते हैं कि कई बार उनके विचार परस्पर विरोधी प्रतीत होते हैं। इनकी सहज और साधारण व्यवहार बुद्धि व्यक्तियों को दृष्टिगत रखते हुए, 'अपने विचार को उस व्यक्ति के अनुकूल' परोसने की अद्भुत क्षमता रखती है, वह किसी भी व्यक्ति के अंदर अपनी आध्यात्मशक्ति को संचार कर उसे ऊर्ध्वतम चेतना तक पहुँचा देने की दिव्य क्षमता भी रखते हैं ।

इस स्थान पर बैठने के पूर्व रविश्री ने पूरी तरह आज की धार्मिक, आर्थिक और सामाजिक स्थितियों का जायजा लिया, मानवीय दुख यंत्रणा से सीधा साक्षात्कार किया और अंत में आध्यात्मिक चेतना के अभ्युदय हेतु स्वयं का स्थान सुनिश्चित किया ।

आज रावतपुरा से जुड़े हुए लाखों व्यक्तियों के अंदर धर्म के प्रति बढती हुई आस्था, प्रत्येक व्यक्ति के सोचने के दायरे में अभूतपूर्व बदलाव, स्पष्टतः आध्यात्मिक क्रांति के लक्षण हैं ।

एक असंभव प्रतीत होने वाला कार्य अत्यंत सरलता से प्रारम्भ ले चुका है।

मैं अकेला ही चला था जानिबे मंजिल मगर,

लोग साथ जुड़ते गए और कारवाँ बनता गया......

आज हमारा नैतिक दायित्व यही है कि अगर कोई पुरुष नैतिक उत्थान के उच्च ध्येय को सर्वोपरि रखकर आध्यात्मिक चेतना का जागरण मानव हित में करना चाहता है तो हम भी अपने जीवन के मूल लक्ष्य को उस 'महान लक्ष्य' के प्रति समर्पित कर दें, कदाचित् हमारा यह सहयोग हिन्दुस्तान को दुनियां में पुनः सर्वोपरि स्थान पर आसीन कर दे ।