अध्याय 2
बात दरअसल ये है कि…
प्रस्तावना के पूर्व यज्ञ - 96 व महोत्सव - 97 देने की वजह आपकी उन जिज्ञासाओं से भेंट करवाना ही है जिन्होंने इस पुस्तक को तैयार करवा दिया। मैं न तो कोई लेखक था और न ही इस कार्य से जुड़ने के बारे में मैंने कभी सोचा था। इस पुस्तक को पढ़ने वाले सभी पाठकों को मैं यह भी विश्वास दिलाना चाहता हूँ, कि यह पुस्तक लिखने के पीछे मूलतः जिज्ञासा भाव ने कार्य किया है न कि भक्ति भाव ने ।
मैं जब भी कहीं किसी सिद्ध पुरुष की सिद्धी के बारे में सुनता हूँ, तो उससे मिलने अवश्य जाता हूँ और जिस वक्त मिलता हूँ उस वक्त देखने वाले यही समझते हैं कि यह कोई बहुत बड़ा भक्त है पर दर हकीकत मेरा मस्तिष्क इसी खोज में लगा रहता है कि सामने वाले व्यक्ति के अंदर कौन सी विलक्षण क्षमताऐं हैं एवं वह विलक्षणतायें इस व्यक्ति के अंदर कहाँ से आ गईं। रविश्री से मेरी पहली मुलाकात 1994 में हुई और मेरे अजीबोगरीब मस्तिष्क ने मुझे परेशान करना शुरू कर दिया । यह तो मैं सुन ही चुका था कि वह देखते ही सब कुछ बता देते हैं, भविष्य में झाँकने की अद्वितीय क्षमता है, प्रसाद आदि हवा से मंगा देते हैं, पर मुझे जिस क्षमता के बारे में सुनकर बिना मिले रहा नहीं गया वह थी कि रविश्री एक साथ दो-तीन स्थान पर भी मौजूद होते हैं । जब मेरी रविश्री से पहली मुलाकात हुई तब मैंने कतई अपनी जिज्ञासाओं के कौतुहल का प्रदर्शन नहीं किया वरन् पूर्ण भक्ति भाव दिखाता पाँव छूकर बैठ गया और अन्य लोगों को उनसे बात करते देखता रहा ।
इस समय मैंने जो एक आश्चर्य जनक बात देखी वह यह थी कि रविश्री अगर एक व्यक्ति से बात कर रहे हैं और बीच में ही कोई बिलकुल नया व्यक्ति आकर एकाएक कोई नया प्रश्न करे तो उसे तत्काल ही सटीक जवाब देने में वह सक्षम थे। मैं कई सिद्ध महात्माओं से, तांत्रिकों आदि से मिला हूँ पर उनके अंदर तत्काल जवाब देने की क्षमता कभी नहीं देखी, उन्हें कुछ वक्त लगता है, आपकी समस्या के बारे में सोचने समझने में, फिर जवाब देने में । इसके बाद मैं रविश्री से मिलता रहा और पूर्ण भक्ति भाव एवं समर्पण का प्रदर्शन करता रहा पर मेरे मस्तिष्क ने मुझे यह भी बता दिया था कि 'रविश्री तुम्हारे अंदर पक रही खिचड़ी से वाकिफ हैं । इसी दौरान मुझे इस बात की भी तमाम प्रमाणिक घटनाएँ मिल गईं कि रविश्री वाकयी एक साथ दो-तीन स्थानों पर भी मौजूद होते हैं। जिसमें से एक घटना आप 'रोमांचक अनुभव' शीर्षक के अंतर्गत आगे पढ़ेंगे। फिर महायज्ञ - 96 व महोत्सव - 97 का चमत्कारी स्वरूप, गजब की संचालन क्षमता उस पर भी तमाम दिग्गज हस्तियों का समर्पण और इस सबके बावजूद रविश्री के अंदर कहीं अहंकार की किर्च तक नहीं ।
इस संसार में दो प्रकार के महान लोग एवं विद्वान पुरुष मैंने अनुभव किये हैं। इनमें से एक तो वह हैं जो दूर से बड़े महान लगते हैं किन्तु आप जितना भी उनके नजदीक जाऐं और समीप से उनकी मानसिकताओं की चीरफाड़ करें तो आप देखेंगे कि वह तो अनेकानेक व्यसनों, कुंठाओं, दुर्भावनाओं से घिरे हुए एवं अपनी महानता व विद्वत्ता के लुप्त होने का भय वाले हुए तुच्छ व्यक्ति हैं। केवल बाह्माडम्बरों के कारण अपना बड़प्पन बना कर रखे हैं. इस पुस्तक को लिखने के दौरान बहुत सारे थोपे गए विद्वानों से मेरा पाला पड़ा जिनके अंदर विद्वत्ता का अहम् इस कदर भरा हुआ देखा कि वह मुझे महान व विद्वान कहलाने की तृष्णा लिए हुए अत्यंत दीन-हीन पुरुष नजर आए, बड़प्पन से उनका दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था। हमारे इर्द-गिर्द इन थोपे गए महान व विद्वान पुरुषों का प्रतिशत जिनके पास बेलिबास बड़प्पन है, अधिकतम है ।
यह मेरा मानना है कि अगर हम सभी लोग इन तथाकथित विद्वान व महान पुरुषों सहित शक्ति परीक्षण में अर्थ के स्थान पर बड़प्पन की होड़ लगाना शुरू कर दें तो हिन्दुस्तान का स्वरूप बदल जाये ।
बहरहाल दूसरे प्रकार के महान व्यक्ति भी दुनिया में इसी धरती पर देखने को मिलते हैं जो देखने में अत्यंत सरल व छोटे लगते हैं किन्तु आप जितना भी उनके नजदीक जायेंगे आपको लगेगा कि यह तो महान गुणों से परिपूर्ण व्यक्ति है जिनके अंदर महान शक्तियां निहित हैं त्याग, तपस्या, पवित्रता, बड़प्पन में देवताओं के तुल्य हैं ।
रविश्री के स्वभाव में मुझे अत्यंत उच्च कोटि की उदारता व बड़प्पन देखने को मिला, वह साधारण दिखने के लिए एवं सामने वाले व्यक्ति को यह अहसास दिलाने के लिए कि मैं भी तुम्हारी ही तरह हूँ, स्वयं को अत्यंत बौना साबित कर देते हैं ।
वह यह दिखावा करने लगते हैं कि दरअसल, मुझे तुम्हारी जरूरत है क्योंकि तुम योग्य हो, विद्वान हो, महान हो । अनेक उच्च कोटि की देवतुल्य क्षमताऐं व अत्यंत प्रौढ़ दर्जे का बड़प्पन सरलता के लिबास में लिपटे व्यक्ति के बारे में और गहराई में जाने पर जब यह पता चला कि यह प्रामाणिक तौर पर एक परमहंस का पुनर्जन्म है तब मेरी अनेक उलझनें शांत हुई क्योंकि परमहंस योगी की क्षमताएं तो श्री रामकृष्ण परमहंस योगानंद सरस्वती, आदि के बारे में पढ़ कर जो अधकचरी जानकारी मुझे थी उससे इतना पक्का था कि पूर्व जन्म के बारे में जानना इन महायोगी पुरुषों के लिए कोई बड़ी बात नहीं है, किन्तु रविश्री को अपना पूर्व जन्म कब से याद आया, अगर परमहंस अवस्था में थे, पुनः जन्म लिया ही क्यों ? और फिर मैं कहीं भी रविश्री का जिक्र आते ही अपने दिमाग की इन सरगोशियों के चलते उदास होकर बैठ जाता और आलम यह हुआ कि मैं अपने अजीबो गरीब, खोजी एवं पुर सरगोशी दिमाग की वजह से रावतपुरा जाने से ही कतराने लगा था, मगर दिमाग के अंदर प्यास जाग चुकी थी कि यह सब रविश्री के अंदर क्यूँ ? कैसे ? कबसे ?
इसके पूर्व मैं जिस सिद्ध महात्मा आदि से मिलता तो उसकी सिद्धियों और उस पुरुष की गहराई नापने में मुझे कभी वक्त नहीं लगा, ज्यादा से ज्यादा दो या तीन मुलाकातें, इनमें भी अधिकांशतः पहले दर्जे के महान लोग, अगर दूसरे दर्जे के इक्का दुक्का मिलते भी तो वह अत्यंत वृद्ध होते, इधर तो मुझे गहराई नापते - नापते तीन वर्ष हो गए थे और मुझे न तो ओर-छोर नजर आ रहा था और न ही मैं रविश्री के अंदर किसी किस्म की तृष्णा को पकड़ पा रहा था, उनके अंदर सदैव मुझे समंदर की तरह विशाल बड़प्पन, बाहें फैलाये दिखाता जो किसी भी सूरत में युवा संत के अंदर नहीं होना चाहिये ऐसा मेरे सनकी दिमाग का कहना था ।
बहरहाल परमहंस का पुर्नजन्म है अतः लोग भले ही इनको युवा संत की निगाह से देखें यह तो लोगों को एक बुजुर्ग की भांति देखेंगे ही मगर इसके बावजूद अन्य जिज्ञासाऐं तो अपने स्थान पर यथावत् थीं और इनको शाँत करने का एक ही उपाय था कि जहाँ इस देव पुरुष का जन्म हुआ, उस स्थान से शुरू कर इस स्थान तक की यात्रा का विस्तृत विवरण प्राप्त करना और साथ ही अगर इनके पूर्व जन्म के साक्षी जीवित हैं तो उन लोगों से मिलकर अपनी बैचेनियाँ समाप्त करना । मगर इसमें तो समय बहुत बरबाद हो जाता ?
समय का सदुपयोग हो जाये और जिज्ञासाऐं भी शांत हो जायें और फिर मेरी ही तरह अन्य लोग भी तो यह सब जानना चाहते होंगे ! सब बातों को जब मिलाकर दिमाग के कम्प्यूटर में डाला गया तो समाधान एक मात्र यही था - “द्वितीयो ...S....नास्ति’!!
पुनः मैं मुख्यतः युवा साथियों से कहना चाहता हूँ कि इस पुस्तक मैं रविश्री की लगभग हर घटना प्रामाणिक है, और इसकी वजह जिज्ञासु मस्तिष्क का होना है, मैंने उनके बारे में बताई हुई लगभग हर घटना का ऑपरेशन कर जब पुष्टि कर ली, स्वयं जाकर स्थानों को देखा, लोगों से अलग-अलग मिला तब ही उन घटनाओं को सत्य माना। इसके अलावा कुछ घटनाएं जो सरल स्वभाव के व्यक्तियों द्वारा मुझे एक सामान्य व्यक्ति की तरह मानकर बताई गईं जिन्हें कतई इस बात का आभास नहीं था कि रविश्री के बारे में कोई पुस्तक लिखी जा रही है, उनकी बातों में सत्यता झलकने पर ही मैंने उन्हें पुस्तक में शामिल किया है, वस्तुतः यह पुस्तक रविश्री के जीवन पर एक शोध है । स्वयं रविश्री द्वारा इस पुस्तक में मुझे बताई हुई कोई भी घटना शामिल नहीं है, इक्का दुक्का घटनाऐं जो कभी उन्होंने अपने भक्तों के बीच बताईं उन बातों ने निश्चित ही मेरी यात्रा को सफल बनाया है ।
रविश्री के पूर्वजन्म अर्थात् गुइयाँ बाबा के बारे में भी मैंने कोशिश की है कि घटनाओं की दूसरे व्यक्तियों द्वारा पुष्टि भी हो, पर हर घटना के साथ यह मुमकिन नहीं हो पाया ।
रविश्री ही कहीं वह अलौकिक पुरुष तो नहीं ? जिसका जिक्र अनेकों भविष्यदृष्टा कर चुके हैं। इसकी सत्यता तो काल के गर्भ में छिपी है पर मैंने कोशिश की है कि अगर रविश्री एवं भविष्यवाणियों को आमने सामने रखकर देखें तो समय, क्षमताऐं व उद्देश्य, इन तीन बिन्दुओं के तहत् भविष्यवाणियों द्वारा सांकेतित अलौकिक पुरुष और रविश्री में आश्चर्यजनक रूप से साम्यता देखी जा सकती है।
ज्योतिष एक विज्ञान है, और अगर किसी विद्वान ज्योतिषी के हाथ जन्मकुण्डली पड़ जाये, तो वह आश्चर्य जनक रूप से भविष्य का सही और सटीक खाका खींच कर रख सकता है, वैसे योगी पुरुष की दैवीय क्षमताओं की वजह से उनके बारे में भविष्य कथन करना बेहद कठिन है, इसके अलावा रविश्री की 'जन्म कुण्डली' आधार हेतु संग्रह की जाने वाली मूल्यवान वस्तु की तरह भी है इन्हीं बातों के मद्देनजर रविश्री की जन्मकुण्डली भी इस पुस्तक में शामिल की गई है ।
हम आज अर्थ की अंधी दौड़ में शामिल हैं, क्योंकि अर्थ ही शक्ति का प्रतीक बन चुका है पर रविश्री के पास तो सिर्फ 'योग एवं ओंकार साधना' द्वारा प्रदत्त अलौकिक क्षमताएं ही हैं, अगर हम भी इस ओर अपना ध्यान केंद्रित करें तो हम भी योगादि साधनाओं से कुण्डलिनी जाग्रत कर अपनी व्यक्तिगत क्षमताओं में वृद्धि कर सकते हैं, इस बारे में पुस्तकों द्वारा, योगियों द्वारा प्रारंभिक जानकारियाँ देने की भी मैंने कोशिश की है ।
रविश्री का उद्देश्य क्या है ? यह एक प्रश्न निरुत्तर है। अगर उनसे पूछा जाये तो वह कहते हैं कि ' रावतपुरा को तीर्थ धाम बनाना' । किन्तु मात्र इसके लिए एक परमहंस का पुनर्जन्म हुआ ? रविश्री के उद्देश्य को हमें समझने की कोशिश करनी होगी ।
रविश्री, योगी की उस उच्चावस्था में पहुँच चुके संत हैं जहाँ वेदान्त कहता है 'अहं ब्रह्मस्मि' अर्थात् मैं ही ब्रह्म हूँ, यह इस अवस्था में पहुँचने के बाद ईश्वर प्रदत्त स्वाभाविक बड़प्पन है कि वह अपनी इन समस्त क्षमताओं का श्रेय 'ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा' को देते हैं ।
यह सत्य है कि देवराहा बाबा से मिलने के बाद ही आप के कदम रावतपुरा की ओर बढ़े परंतु उनसे मिलने के पूर्व भी हर दिव्य क्षमता से आपका व्यक्तित्व सुसज्जित था, यह भी सत्य है ।
जिज्ञासायें शान्त करने के लिए की गई भागदौड़ एवं रविश्री की क्षमतायें नापने व उनकी अलौकिकताओं को समझने की तमाम कोशिशों का निचोड़ और साक्षात् परम सत्य यही है कि रवि शंकर परमहंस एक मात्र दिव्य अलौकिक असाधारण अद्वितीय पुरुष इस पृथ्वी पर मौजूद हैं......" द्वितीयो.......नास्ति" !!
आप इसे पढ़ना प्रारंभ करें इसके पहले आपसे यह जरूर कहना चाहूँगा कि अपने मस्तिष्क में 'अदृश्य सत्ता' को सदैव ही इस पुस्तक में एक मुख्य पात्र के रूप में लेकर चलें जो कि अदृश्य है मगर हर घटना के साथ हर संयोग के साथ हर पल अस्तित्व में है ।