द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 10 / 21

English
☰

अध्याय 10

युवा संत और देवराहा बाबा की मुलाकात

आचार्य गंगाराम जी शास्त्री जो कि लगभग पच्चासी वर्ष के हैं, ज्योतिष एवं आध्यात्म के प्रकाण्ड पंडित माने जाते हैं । आप पहले सेंवढ़ा जिला दतिया में रहते थे किन्तु आजकल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थायी तौर से निवास करने लगे हैं।

आप बतलाते हैं कि "मैं 1987 के जनवरी माह में अर्द्ध-कुम्भ अर्द्ध-कुम्भ के अवसर पर स्नान हेतु इलाहाबाद गया था। वहां संगम पर स्नान के पश्चात् मुझे पता चला कि देवराहा बाबा भी इस समय यहीं पर हैं एवं पास में ही उनका मचान है। महान दिव्य विभूति के दर्शन हेतु मेरा मन ललचा उठा और मेरे कदम उनके मचान की ओर बढ़ गए। मचान के पास जाने पर पता चला कि देवराहा बाबा तो स्वयं स्नान हेतु संगम पर ही गये हुए हैं और साथ ही लोगों ने यह बताया कि "देवराहा बाबा संगम पर जाकर लगभग साढ़े तीन घंटे तक जल के अंदर ही समाधिस्थ हो जाते हैं"। यह सुनकर मुझे कौतुहल हुआ कि यह कैसे संभव है ? तीन साढ़े तीन घंटे जल के अंदर रहने की बात अविश्वसनीय लग रही थी अतः मैंने सोचा कि खुद जाकर देखना चाहिये। संगम पर जाकर पता किया तो एक स्थान जहाँ पुलिस का सख्त पहरा था पता चला कि उसी स्थान पर देवराहा बाबा जल के अंदर समाधि में लीन हैं एवं लगभग तीन घंटे पश्चात् जल से बाहर आयेंगे। सुबह के नौ साढ़े नौ बजे का समय था, देखते-देखते बारह बज गये। मैंने एक सिपाही से जो कि उन्हीं के लिए लगे कड़े पहरे का एक अंग था, कहा कि मैं देवराहा बाबा को जल से निकलते समय देखना चाहता हूँ । उस सिपाही ने नदी में ही एक स्थान पर अंगुली से इशारा करते हुए कहा कि 'उस स्थान पर दृष्टि जमाये रखना और जैसे ही वहाँ पानी में से लगातार बुलबुले उठते हुए दिखाई देने लगें तुरंत मेरे पास आ जाना और करीब से दर्शन कर लेना ।'

इस समय तक महान योगी पुरुष की इस क्षमता को प्रत्यक्ष देखने के उद्देश्य से वहाँ हजारों व्यक्ति इकट्ठे हो गए थे, उनमें से कई लोग तो दूसरी तीसरी बार यह करिश्मा देख रहे थे । अंततः लगभग एक बजे पानी में उस स्थान पर जहां सिपाही ने इशारा किया था हवा के बुलबुले निकलते हुए दिखाई देने लगे, सारी भीड़ और मैं एकटक उस स्थान को ताके जा रहे थे, बुलबुले निकलने बंद हुए और लगभग दस पंद्रह सेकेण्ड पश्चात् महान विभूति जल से प्रकट हुई !! सभी लोग आश्चर्य चकित हो कर एकटक उन्हें देख रहे थे। वह धीरे-धीरे चलते हुए मचान तक आये, उनके तन पर एक मात्र सफेद कपड़ा था जो वह आगे से अपने बदन पर मर्यादा हेतु लिपटाये हुए थे।

मचान के चारों तरफ लगभग सौ फिट की दूरी पर रस्सियों से नियंत्रण रेखा बनाई गई थी । दर्शनार्थी इन्हीं रस्सियों के पास खड़े होकर देवराहा बाबा के दर्शन करते और वह दूर से ही हाथ उठाकर सबको आशीर्वाद देते । भीड़ का अंग बना मैं भी दूर से उन्हें एकटक देख रहा था ।

इसी समय ‘एक बालक' जो मात्र सोलह सत्रह वर्ष की उम्र का था मचान के समीप किसी तरह पहुँच कर उनसे बातें करने लगा । 'उस बालक के शरीर पर मैला सा कुर्ता पायजामा था, धूल से सने बिखरे बाल, न जूते - न चप्पल 'वह बालक' नीचे खड़ा होकर लगातार देवराहा बाबा से गुफ्तगू करने में व्यस्त था और देवराहा बाबा भी मचान पर खड़े होकर नीचे को झुके हुए उसे लगातार कुछ निर्देश दिये जा रहे थे, जिसे 'वह बालक' सिर हिलाकर समझने का प्रयास कर रहा था। यह एक असामान्य बात थी कि जिस विभूति से बात करने के लिये प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तरसते हैं वह 'एक साधारण बालक' से इतनी आत्मीयता और तन्मयता से बात कर रहे हैं, उस बालक को लेकर चारों ओर लगी भीड़ में भी चर्चा होने लगी थी, इस वजह से उस बालक की तस्वीर मेरे मस्तिष्क में कैद हो गई लगभग आधे घण्टे पश्चात् मैं वहाँ से चला आया इस समय तक साधारण बालक और विभूति की गुफ्तगू जारी थी । "

शास्त्री जी आगे बताते हैं कि "1993-94 में जब मुझे पता चला कि रावतपुरा में कोई संत स्वयं को गुइयाँ बाबा का अवतार कह रहे हैं और नयी उमर के हैं, बेहद चमत्कारी हैं तो मैं उनसे मिलने रावतपुरा आया। गुइयाँ बाबा से मैं परिचित रह चुका था, क्योंकि 'उनके समय' में मेरा निवास सेंवढ़ा था, यही गुइयाँ बाबा का क्षेत्र हुआ करता था, गुइयाँ बाबा से मेरी अच्छी अंतरंगता थी, गुइयाँ बाबा की तस्वीर को पुनः मन ही मन याद करता हुआ मैं जैसे ही रावतपुरा पहुँचा तो पता चला कि रविश्री कहीं जाने वाले थे और यह कह कर रुक गए कि मेरा एक पुराना भक्त आने वाला है, मेरे पहुँचते ही एक व्यक्ति जोर से बोला कि सेंवढ़ा के गंगाराम शास्त्री कौन हैं ? आश्चर्य चकित होकर मैं गुइयाँ बाबा से मिलते-जुलते चेहरे की उम्मीद लिए जैसे ही रविश्री के सामने पहुँचा तो उनकी नयी उम्र के बारे में सुनने के बावजूद उनको देखते ही दंग रह गया क्योंकि दूसरे ही पल मुझे इलाहाबाद का 'वह साधारण बालक' का चेहरा याद आया जो शत-प्रतिशत स्वयं रवि श्री ही थे, मैं एक पर एक हो रही इन दिव्य अनुभूतियों से गुजर कर बेहद रोमांच महसूस कर रहा था अंततः मैंने रविश्री से भी इस बात की तसदीक की कि "देवराहा बाबा के समीप इलाहाबाद में अर्द्ध-कुंभ के अवसर पर मैंने एक बालक को देखा था, शायद वह आप ही थे" रविश्री ने मुस्कुराकर सहमति में सिर हिला दिया था ।

आचार्य गंगाराम शास्त्री जी के अनुसार रविश्री की देवराहा बाबा से उक्त मुलाकात जनवरी 1987 में हुई । इस समय रविश्री टीकमगढ़ में छिपरी, यारा, अंतपुरा, जिटकोरा, जेवरा आदि गाँवों में घूम रहे थे इसके अलावा अपनी बहिन की ससुराल सिमथरी, चिरगाँव आते जाते रहते थे। अंतिम बार आपने अपना गृह क्षेत्र जिला टीकमगढ़ फरवरी 1988 में छोड़ा किन्तु इस एक साल के दौरान एवं आगे भी रावतपुरा पहुँचने तक आपने किसी भी व्यक्ति से यह नहीं कहा कि देवराहा बाबा मेरे गुरु हैं।

रविश्री से मिलने वाले हर व्यक्ति का इस सवाल पर कि आपने कभी उनके गुरु का नाम पूछा यही जवाब रहता है कि "वह तो कहते थे 'छिपरी के पास गुफा है वहीं की सिद्ध आत्मा की कृपा मेरे ऊपर है ।' रविश्री के मुंह से देवराहा बाबा का नाम ‘बतौर गुरु' रावतपुरा पहुँचने तक नहीं लिया गया । अर्थात् चार वर्ष तक आपने किसी से भी इस बारे में चर्चा तक नहीं की । रविश्री की यही अनन्त गंभीरता जिसे वह साधारण बुद्धि से छिपाये रहते हैं । और उनकी सहज बुद्धि का रहस्य वादी गम्भीर प्रकृति से यह अनोखा मिलाप मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से अत्यंत विलक्षण व आश्चर्य चकित करने वाला है ।

कहता है जोशे दरिया से .... ये समंदर का सुकून ।
जिसमें जितना जर्फ है...... वो उतना ही खामोश है" ।।