द्वितीयोऽनास्ति · अध्याय 12 / 21

English
☰

अध्याय 12

रविश्री का प्रथम यज्ञ

रविश्री का प्रथम यज्ञ - धीरपुरा

दिसम्बर 1989, धीरपुरा चौकी थाना इंदरगढ़, जिला दतिया। चौकी इंचार्ज श्री नारायणसिंह कुशवाह थाने के लिए बन रहे, नए भवन का निर्माण कार्य देखने में व्यस्त थे, शाम के लगभग तीन - चार बजे का समय था । बस द्वारा रविश्री इसी समय धीरपुरा उतर कर चौकी पर आए । कुशवाह जी ने आपका बड़ी गर्म जोशी से स्वागत किया । कुशवाह जी इंदरगढ़ में आपसे परिचित हो ही चुके थे, स्वागत पश्चात् रुकने का आग्रह किया । धीरपुरा के कई बाशिन्दे इंदरगढ़ में रविश्री से मिल चुके थे वो भी खबर लगते ही चौकी पर आ गए और धीरपुरा में विश्राम हेतु आग्रह करने लगे ।

यहाँ यह बात गौरतलब है कि यह तो सब मानते थे कि इन पर किसी सिद्ध की कृपा है, पर जो रुकने का आग्रह किया जाता था उसके पीछे श्रद्धा कम चमत्कार देखने की ललक ज्यादा रहती थी। बेशक, चमत्कार देखने के बाद लोगों के अंदर श्रद्धा ही पैदा होती थी, क्योंकि उन चमत्कारों के पीछे वजह क्या छिपी हुई है, इस मामले में लोगों का दिमाग जब सरगोशियाँ करता, तो सिवाय ईश्वरीय कृपा के अतिरिक्त उन्हें कुछ सुझायी न देता था, जिस भी नए व्यक्ति से रविश्री की मुलाकात होती उसे तो सिर्फ नाम लेकर बुला देने और हवा से प्रसाद मंगाकर खिलाने भर की देर होती और वह दण्डवत् हो जाता। गाँव के लोगों से आपका परिचय भी यह कह कर कराया गया कि यह "चमत्कारी संत" हैं । आपके परिचय में चमत्कारी शब्द जोड़ना और आपका चमत्कार करना दोनों ही बातें अत्यन्त आवश्यक भी थीं, क्योंकि रविश्री वेशभूषा से या हावभाव से और मुख्यतः उम्र से तो संत लगते ही नहीं थे ।

धीरपुरा जब आप आए तब आपकी उम्र लगभग साढ़े इक्कीस वर्ष पूर्ण हो चुकी थी, पर यहां के लोग कहते हैं कि उस समय वह मात्र पन्द्रह-सोलह वर्ष के थे। पंद्रह-सोलह वर्ष के बालक को कोई संत या सिद्ध पुरुष का सम्मान कैसे दे सकता है ? उसके अंदर 'वैराग्य की ललक' को प्रशंसनीय नजरों से देख तो सकता है और उसके भाव को देखकर अदृश्य सत्ता के प्रति नतमस्तक हो सकता है, परंतु उस बालक के प्रति समर्पण यकीनन ही मुश्किल है। खासतौर पर आज के समय में जबकि हम संत को देखते ही पहले उसकी विलक्षणता पता लगाते हैं, अगर कोई विलक्षणता नहीं है, तो हम उसके प्रति सोचने के समय को भी वक्त की बरबादी समझते हैं ।

बहरहाल धीरपुरा में यह खबर नटखट किस्म के अवैतनिक डाकियों के जरिये घर-घर में पहुंच गई कि "कोई संत बालक गांव में आया है, जो कोई भी प्रसाद तुरंत बनाकर खिला देता है और उस पर कोई सिद्ध आत्मा की सिद्धि है" । इधर रविश्री ने एक दो दिन धीरपुरा रुकने का आग्रह स्वीकार कर लिया और कुशवाह जी ने धीरपुरा स्थित मानस भवन में उनके रुकने का प्रबंध कर दिया ।

शाम को रविश्री ने धीरपुरा घूमने का विचार बनाया तो दरोगा जी ने गाँव के दो व्यक्तियों को उनके साथ कर दिया। इधर रविश्री घूमने निकले, उधर धीरपुरा में रोज होने वाली शराबखोरी के बाद गाली-गलौज मारपीट का कार्यक्रम शुरु हो गया। कुशवाह जी बताते हैं कि गाँव की सामाजिक स्थिति का जायजा रविश्री ने पहली शाम के गुजरते - गुजरते पूर्णतः प्राप्त कर लिया था । रविश्री जो पहले 'दो दिन मात्र रुकने' का कह रहे थे, तीन चार दिन तक तो यूं ही रुके रहे । मात्र एक वक्त उबले आलू खाते इसके अतिरिक्त कुछ नहीं, वह भी शाम के वक्त । दिन भर बच्चों के साथ खेलना, कोई व्यक्ति अगर समस्या लेकर आ गया तो उसके साथ उसकी समस्या सुलझाने चले जाना और अपने हमउम्र साथियों का मनोरंजन करना ।

यहां हम उम्र से आशय उन बालकों से है, जो बारह से सोलह वर्ष तक की उम्र के थे, व जो इन्हें अपना हमउम्र मानते थे।

पांच-छः दिन गुजरने के बाद रविश्री ने गांव के हनुमान मंदिर पर रुकने का विचार बनाया। गांव वाले उनके रुकने की बात से प्रसन्न थे क्योंकि उन्हें आए दिन नए-नए चमत्कार देखने सुनने को मिलते, इसके अतिरिक्त बच्चों में तो गजब का कौतुहल उनको लेकर रहता ही था। मंदिर पर विश्राम की व्यवस्था करने के पश्चात् रविश्री दरोगा जी के पास गए और अपने रुकने का उद्देश्य बताया कि 'वह धीरपुरा में एक यज्ञ संपन्न करवाना चाहते हैं । उनका इरादा जानकर दरोगा जी ने कहा कि 'धीरपुरा जैसे गाँव में यज्ञ बहुत ही मुश्किल है, यहाँ लोग सिर्फ वैमनस्यता पालना जानते हैं, जिसके चलते दंगा करवाना तो बहुत आसान है, पर यज्ञ की बात तो सोचना भी गलत है' । रविश्री ने इस बात का जवाब यह दिया कि 'यही वजह तो है' जिसने मुझे यहाँ यज्ञ करवाने के लिए प्रेरित किया है, इन लोगों के विचार हमें मोडना होंगे ।

नारायणसिंह कुशवाह स्वयं भी आध्यात्मिक प्रकृति के व्यक्ति थे, जब रविश्री का उद्देश्य उनकी समझ में आया तो वह तुरंत तैयार हो गए, लेकिन गांव वालों को तैयार करने की जिम्मेदारी रविश्री पर यह कह कर सौंप दी कि मैं सरकारी मुलाजिम हूँ, हर अप्रत्यक्ष मदद के लिए तैयार हूं पर सामने आपका ही रहना जरूरी है। नारायणसिंह कुशवाह कहते हैं कि " यद्यपि रविश्री का उद्देश्य पवित्र था और इस उद्देश्य में वो सफल हों यही मेरी भी व्यक्तिगत इच्छा थी क्योंकि वह उद्देश्य अपने साथ 'एक कर्तव्य का बोध' लिए हुए था, परंतु धीरपुरा में वह सफल हो जायेंगे यह मुझे असंभव प्रतीत हो रहा था ।" रविश्री धीरपुरा की सामाजिक स्थिति का जायजा तो ले ही चुके थे कुशवाहजी का उन्हें सावधान करना बेमानी नहीं था, यह भी वह समझ रहे थे परंतु रविश्री उन लोगों में से थे जो यह मानकर चलते हैं कि 'निराशावाद के चलते कोई युद्ध नहीं जीता जा सकता' वैसे भी कहा जाता है कि 'आप जब यह कहते हैं, कि इस स्थिति में या उस व्यक्ति से कोई आशा नहीं रही तब उस समय आप उस अदृश्य सत्ता की ओर से आंखें बंद किए होते हैं।'

रविश्री ने दूसरे दिन अपने सखाओं के जरिये सबेरा होते ही यह खबर गाँव के सर्वमान्य एवं स्वमान्य हाकिमों तक पहुँचाई कि 'मुझे हनुमान जी ने स्वप्न दिया है कि इस गाँव में एक यज्ञ का आयोजन होना चाहिये ।'

गाँव में जैसा कि अंदेशा था प्रक्रिया तेज हुई, पहले एक से दो, दो से चार फिर चार के आठ होते ही आठ-आठ व्यक्तियों के अलग-अलग समूह बने और चर्चा शुरु हो गई । 'लड़का बाबा को हनुमान जी ने स्वप्न दिया है। यज्ञ कराने का कह रहा है । यहां से शुरु होकर शाम तक चर्चाओं में यह बातें भी जुड़ गईं कि 'नया-नया लड़का है, क्या भरोसा अगर रूपये पैसे लेकर भाग गया तो । एक बहुत बडे समूह के अंदर यह बात भी पैदा हुई कि 'यज्ञ कोई छोटी बात तो है नहीं, अगर बीच में यह यज्ञ छोड़कर चले गए या यज्ञ का स्वरूप किसी तरह बिगड़ गया तो बदनामी तो गाँव की होगी' । अंततः दूसरे तीसरे दिन तक लगातार चर्चाओं के बाद फैसला हो गया कि 'लड़का बाबा से कह दो कि यज्ञ नहीं होगा' । इधर कुछ लोग दरोगा जी से भी मिले और 'लड़का बाबा' की इच्छा के बारे में बताया। गाँव के लोग दरोगा जी के खास व्यक्तियों में से थे, उन्हें दरोगा जी ने समझाया कि कुछ 'अगर एक धार्मिक कृत्य हो रहा है, तो क्या बुराई है ?' बात उन लोगों की समझ में आई, "और जहां तक यज्ञ का स्वरूप बिगड़ न जाये यह डर है तो यह मैं उस लड़का बाबा को चेतावनी दिये देता हूँ कि अगर ऐसा कुछ हुआ मैं तुम्हें नहीं छोडूंगा', 'दरोगा' जी के इस आश्वासन ने असर दिखा दिया और एक समूह उन लोगों का भी हो गया जो चाहते थे यज्ञ होना चाहिये।

यज्ञ के खिलाफ जो व्यक्ति थे उनमें कुछ सरल स्वभाव के थे और वास्तव में इसी बात से डर रहे थे कि गाँव की बदनामी का सबब न बन जाये, यह यज्ञ । ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित दरोगा जी ने कर दिया और रविश्री से उन लोगों को मनाने के लिए कहा ।

रविश्री ने प्रयत्न किये कि यज्ञ की खिलाफियत करने वाले तैयार हो जायें, उनसे अलग–अलग बातचीत की, यज्ञ की जिम्मेदारी खुद ली पर यह सब इतना आसान न था। अंततः गोबर के उपले चारों तरफ जलवा कर बीच में बैठना शुरु कर दिया और अपना संकल्प दुहराया कि 'चाहे एक दिन का यज्ञ हो, पर यज्ञ तो मैं करूँगा, “एक ब्राह्मण बालक आपके गाँव में एक धार्मिक कार्य करवाने के लिए खुद को अग्नि में तपा रहा है और आप लोग जिद पर अड़े हो', लोगों को यह समझाइश दरोगा जी व उनके सहयोगियों के अलावा हर इंसान के अंदर बैठे जमीर ने जब दी तो गाँव वालों की जिद धीरे-धीरे टूटना प्रारंभ हो गई ।

इधर रविश्री लगातार प्रभावशाली लोगों से व्यक्तिगत अनुरोध भी कर रहे थे। गाँव के एक बुजुर्ग वीरसिंह कहते हैं कि 'पहले तो मैं यज्ञ के खिलाफ था मगर रविश्री ने एक बार अकेले में मुझे, पहले तो प्रसाद खिलाया फिर धार्मिकता का बोध कराया, मेरे अंदर उनके प्रति यह विश्वास जाग गया कि यह न सिर्फ यज्ञ बल्कि बहुत कुछ करने में सक्षम हैं, तो मैंने फिर इजाजत दे दी और वीरसिंह का पलटना मतलब कई लोगों को पलटना था ।

अंततः जनवरी के प्रथम सप्ताह के आते-आते रविश्री ने सिद्ध कर दिया कि 'संभव और असंभव का अंतर अंततः मनुष्य के संकल्प पर निर्भर करता है । सभी गाँव वाले एक जुट होकर यज्ञ के लिए तैयार हो गए और यज्ञ की तारीख सुनिश्चित हो गई । 'दो फरवरी 1990 से यज्ञ प्रारंभ होगा एवं आठ फरवरी 1990 को पूर्णाहुति एवं भण्डारा संपन्न होगा' एवं इस यज्ञ का नाम " श्री राम महायज्ञ" रखा जायेगा, यज्ञ की तारीख सुनिश्चित होने के बाद भी कुछ लोगों का विरोध जारी था, जिसे रविश्री ने बजाय उन लोगों को मनाने के यज्ञशाला का निर्माण कार्य प्रारंभ कर यह जता दिया कि अब यज्ञ तो होना ही है, बेहतर है कि विरोध बंद ही कर दो। यज्ञशाला का निर्माण कार्य आनन-फानन में हुआ, पुलिस विभाग का भरपूर सहयोग तो था ही, काम करने के लिए गाँव के लड़के भी एक जुट होकर आगे आ गए। यज्ञ शाला के बनते ही सभी लोगों के अंदर एक बात बैठ गई कि यज्ञ होना तो निश्चित है । निश्चय की मानसिकता बनते ही मीटिंग बुलवाई गई जिसमें दो प्रमुख समस्याओं पर विचार-विमर्श हुआ, पहली प्रमुख समस्या थी पानी की और दूसरी थी अर्थ-समस्या ।

अर्थ-समस्या का तो एक मात्र हल चंदा था, गाँव वालों का सहयोग तो था ही। इस समय तक रविश्री की चर्चा आसपास के पच्चीसों गाँवों तक फैल गई थी बल्कि अधिकांश गाँव में रविश्री खुद भी घूम आए थे, तय हुआ कि सभी गाँवों में रसीद कट्टे भिजवाये जायें और पर्चे छपवाये जायें जिसमें सभी से सहयोग की अपील की जाये, साथ ही बस, टैक्सी, ट्रकों आदि से चंदा इकट्ठा किया जाये, दूसरी अहम् समस्या पानी को लेकर मुँह बाये खड़ी थी । गाँव में पानी का साधन मात्र कुऐं थे, जो न सिर्फ यज्ञशाला से काफी दूरी पर थे बल्कि उनमें पानी भी बहुत कम था। गांव के नजदीक ही छोटी सी नदी बहती थी पर वह सूखी पड़ी हुई थी । यज्ञ में पानी निश्चित रूप से बहुत मात्रा में लगना था। सभी को लगने लगा कि यह समस्या हल होने वाली नहीं है । जो विरोध कर रहे थे, उन्हें पुनः यह कहने को मिल गया कि 'यही सब सोचकर तो हम मना कर रहे थे।'

यज्ञशाला के नजदीक ही मुश्किल से पचास कदम पर एक कुँए के लिए कुछ वर्षों पूर्व एक गढ्ढा खोद दिया गया था, जो कि पानी न मिलने पर सूखा ही छोड़ दिया गया था, और धीरे-धीरे वह मिट्टी आदि से भर चुका था, लगभग 10-15 फुट गहराई शेष रह गई थी । रविश्री ने उसके बारे में गाँव वालों से कहा कि 'इसे ही खोदकर देख लेते, शायद पानी मिल जाता' गाँव वालों को उनकी यह बात बचकानी प्रतीत हुई व किसी ने ध्यान देना भी इस बात पर उचित न समझा । पर रविश्री जिद पकड़ गए कि 'एक बार खोदकर तो देखो' । आखिरकार दो लड़के सब्बल फावड़ा आदि लेकर गढ्ढे में बूँद गए। रविश्री ने ऊपर से ही एक पत्थर फैंककर कुँए को बगल से खोदने के लिए निशान बताया वैसे इस कुएं को गढ्ढा कहना उचित होगा, क्योंकि न तो यह ज्यादा गहरा है, और न ही किसी तरह का यहां निर्माण कार्य है। दोनों व्यक्ति जो खुदाई कार्य के लिए कुँए में उतरे थे, वह एवं चारों ओर लगा हुआ जमघट अविश्वसनीय नजरों से उस निशान पर गढ्ढा होते देख रहे थे कि..........अचानक........!! ...........अविश्वसनीय.....!!

कल–कल–कल–कल की ध्वनि करते हुए तेज पानी की धार उस निशान पर मुश्किल से एक फुट गढ्ढा करते ही निकलना शुरु हो गई । गाँव वालों में उत्साह की भावना लिए वह तेज पानी की धार न सिर्फ आश्चर्य चकित कर रही वरन् कई लोगों को भाव विभोर करते हुए तेजी से गढ्ढे को भरने लगी थी । इस सनसनीखेज चमत्कार के होते ही गांव वाले एक अजब-गजब उत्साह से भर उठे और यज्ञ कार्य में अचानक एक पुरजोर तेजी आ गई। मगर रविश्री कतई इस चमत्कार को चमत्कार नहीं मान रहे थे । वह बहुत सहज और साधारण ढंग से इसे लेते हुए यह कह रहे थे कि 'पानी तो वहाँ पहले से था किसी ने खोदा ही नहीं । यज्ञ कार्य के लिए जिस पवित्र जल की रोज जरूरत पड़ने वाली थी उसका प्रबंध हो चुका था। चंदा उगाने का कार्य प्रारंभ हो चुका था एवं अकोला, भड़ोल, सुन्दरपुर, सिसगांव आदि आसपास के गाँवों से सहयोग का आश्वासन मिल चुका था।

इस यज्ञ के जो पर्चे छपवाये गये उनमें रविश्री को 'श्री संत 1008 श्री रविशंकरजी महाराज' कहकर संबोधित किया गया।

रविश्री जहाँ एक ओर यज्ञ की तैयारियों में अत्यधिक व्यस्त थे वहीं दूसरी ओर शाम - सबेरे जब भी वक्त मिल जाता बच्चों के साथ खेलकूद में भी व्यस्त बने रहते। रविश्री के ऊपर भरोसा जमते - जमते भी न जम पाने की एक वजह यह भी थी, जहाँ वह तेज चमत्कार दिखा देते वहीं दूसरी ओर खुद को साधारण बालक दिखाने से भी न चूकते। एक दिन रविश्री के एक मित्र चतुर्भुज पाण्डे अत्यधिक उदास दिख रहे थे, रविश्री ने सबब जानना चाहा तो पता चला कि 'जुए में पैसा हार कर आ गए हैं' रविश्री ने कहा 'तुम हमको बताकर जाते तो कभी न हारते' चतुर्भुज को पुनः हारे हुए पैसे जीतने की उम्मीद बंधी । रविश्री ने कहा 'तुम उदास । मत हो, अब तुम जीतकर आओगे' । चतुर्भुज घर गए किसी तरह पुनः पैसों का इंतजाम कर खेलने चले गए, आधा घंटे बाद ही गुस्से में भरकर पुनः रविश्री को खोजने लगे। वह मुश्किल से इकट्ठे किए गए पैसे भी हार चुके थे, रविश्री जैसे ही चतुर्भुज से मिले, चतुर्भुज ने अपनी हार की तमाम जवाबदारी रविश्री के ऊपर थोप दी। रविश्री यह कहकर बचते हुए निकल गए कि 'मैंने यह तो नहीं कहा था, कि अभी हाल खेलने चले जाओ, फिर तुमने जाते वक्त मुझसे कहा भी नहीं था' । बहरहाल वह हार आज भी चतुर्भुज के दिल में एक मीठी याद बन कर मौजूद है।

उपरोक्त घटना के अलावा रविश्री का बच्चों के साथ खेलना, बच्चों जैसी बातें करना, बेफिक्र रहना, कम उम्र दिखना इन बातों के चलते गांव वाले पूरी तरह रविश्री के प्रति कतई आश्वस्त नहीं थे कि यह यज्ञ पूर्णतः सफल हो पायेगा। इधर रविश्री की बेफिक्री के पीछे छिपी थी रविश्री के अब तक के मिलने वाले व परिचित उन समर्थ व्यक्तियों की एक लंबी फेहरिस्त, जिनसे गाँव वाले न तो परिचित थे और न ही उन्हें जानकारी थी । एक लंबी व पुरखलबली से गुजरती हुई चयन प्रक्रिया के बाद पारीक्षित के लिए सुन्दरपुरा गांव के कप्तान सिंह गुर्जर और आचार्य पद के लिये इंदरगढ़ के पं. दामोदर शास्त्री का नाम तय हो गया। पं. दामोदर शास्त्री से बात करने रविश्री स्वयं इंदरगढ़ गये, शास्त्री जी अपनी नौकरी के चलते अत्यंत व्यस्त रहते थे जिससे उनके पास समय की कमी थी । मगर रविश्री जब अड़ गए

तो रविश्री की बाल्यावस्था देखकर, उन्होंने भी पहले यज्ञशाला देखने की इच्छा जाहिर की और दूसरे दिन स्वयं गाँव जाकर यज्ञ के स्वरूप का जायजा लिया और अंततः हामी भर दी ।

2 फरवरी 1990 को गाँव की महिलाओं ने पानी के पात्रों को उसी कुँऐ के जल से भरा, कुँऐ और पात्रों का पूजन हुआ, कुँऐ से यज्ञ शाला तक गांव के लंबे रास्ते से होकर जल यात्रा निकाली गई और यज्ञ का शुभारम्भ हो गया ।

इधर गाँव वाले दो हिस्सों में बंट गए, उनकी शिकायत थी कि रविश्री न तो यह बता रहे हैं कि कितना संग्रह हुआ है और न ही यह बता रहे हैं कि कितने सहयोग की जरूरत और पड़ सकती है ?

इस बतंगड़ की वजह नारायणसिंह कुशवाह बताते हैं कि 'कुछ लालची तत्वों को एन वक्त पर यज्ञ की प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया था । वो लोग इस बात पर तो अड़ नहीं सकते थे कि हमें बाहर क्यों किया गया है, अतः उन लोगों ने जबरदस्ती खुद को जिम्मेदार ग्राम वासी बताकर समस्या खड़ी करना शुरु कर दिया। अंततः रविश्री को सभी गाँव वालों के सामने, होने वाले यज्ञ में किस तरह कार्य संपन्न होगा ? कितने का खर्चा आयेंगे ? यह बताना पड़ा। पं. दामोदर शास्त्री कहते हैं कि 'रविश्री के हिसाब-किताब बताने के बाद, मेरी और गाँव वालों की समझ में यह आ गया था कि यह यज्ञ तो निपट जायेगा, कम से कम इतना संग्रह तो रविश्री के पास है, यह संग्रह न सिर्फ रुपयों की सूरत में था बल्कि इसमें उन व्यक्तियों के नाम भी थे जो गेहूँ, चना, दाल, घी आदि देकर सहयोग का आश्वासन दिए हुए थे' ।

यज्ञ के दौरान रामलीला, श्रीमद्भागवत कथा, कीर्तन के अलावा प्रवचन का भी आयोजन था । नारायणसिंह कुशवाह के बताये अनुसार इस यज्ञ में रूपयों की सूरत में लगभग एक लाख बीस हजार का चंदा इकट्ठा हो गया था ।

इसी दौरान जबकि यज्ञ का कार्य अपने पूरे जोश के साथ तमाम समस्याओं के बावजूद समाप्ति की ओर बढ़ता जा रहा था, साधू संतों की एक पूरी जमात इस बात पर नाराज हो गई कि रविश्री ने उनके लिए गाँजे भाँग का प्रबंध करने से स्पष्ट मना कर दिया। इस जमात ने एकजुट होकर यज्ञ से जाने का निर्णय कर लिया और गाँव के वह असंतुष्ट लोग जिन्हें यज्ञ में मुख्य प्रक्रियाओं से बाहर कर दिया गया था। इस जमात को हवा देने में जुट गए। इस समय नारायणसिंह कुशवाह जो अभी तक अपनी सज्जनता की वजह से शांत थे, ने यह देखकर कि रविश्री के शांत स्वभाव का नाजायज फायदा उठाया जा रहा है और यज्ञ कार्य में बाधायें आ रही हैं, अपने तीखे तेवर कर पुलिसिया रुख अपनाया । उनको क्रोध में I देख यह समस्या जितनी तेजी से उभरकर आई थी, उतनी ही तेजी से शांत भी हो गई ।

इस यज्ञ के लिये चंदा जहां एक ओर सभी गाँव वालों से, राह गुजरते वाहनों से, रसीद-कट्टा आदि से इकट्ठा हो रहा था, वहीं दूसरी ओर रविश्री के पूर्व परिचित जो कहीं न कहीं उनके अहसानों तले दबे थे या उनके ऊपर चमत्कारों की जबर्दस्त छाप थी या रविश्री के कार्य में मदद कर सच में ही ईश्वर भक्ति समझ रहे थे, वह गुप्त दानकर अपना सहयोग कर रहे थे। इनमें डबरा, झाँसी से लेकर सेंवढ़ा, लहार तक के लोग भी शामिल थे। इसी दौरान रविश्री ने दतिया इन्दरगढ़ जाकर स्वयं भी लोगों से चंदा इकट्ठा किया | यज्ञ के अंतिम दिन भंडारा सम्पन्न हुआ और इस भण्डारे के दिन जो गाँव आपसी वैमनस्यता और शराबखोरी व लड़ाई झगड़े के लिए बदनाम था, वह एकजुट होकर इस धार्मिक कार्य के समापन को अत्यंत सफल बनाने में इस तरह जुट गया था कि देखते ही बनता था ।

यज्ञ के दौरान सत्रह पंडित थे, सभी पंडितों की एवं दूर-दूर से आए साधू संतो, नागा बाबाओं की जमातों की भोजनोपरांत दक्षिणा देकर बिदाई की गई। नारायणसिंह बताते हैं कि अंतिम दिन लगभग तीस - पैतीस हजार व्यक्तियों का खाना भण्डारे के दौरान हुआ था, अंत में स्थिति यह हुई कि प्रसाद इतना ज्यादा बन गया था 'जो कि बूँदी के रूप में था कि बसों को रोक-रोक कर यात्रियों को बाँटा गया एवं सभी गाँवों में अलग से प्रसाद भेजा गया । गाँव वाले जो डर रहे थे कि 'कहीं कोई कमी न रह जाये' वे अचम्भे में थे और उस समय तो उनके आश्चर्य की सभी सीमायें टूट गई जब पता चला कि इतना सब होने के बावजूद लगभग दस हजार रुपये और कई बोरे गेहूँ अभी भी शेष हैं।

इस यज्ञ में प्रमुख सक्रिय भूमिका निभाने वाले मोहकम सिंह गुर्जर ने एक बेहद दिलचस्प और अजीबो गरीब वाकया सुनाया जो इसी यज्ञ के दौरान घटित हुआ ।

आप बताते हैं कि यज्ञ में एक संत जो 'चुकरिया वाले बाबा जी के नाम से जाने जाते थे, कहीं से आए हुए थे । चुकरिया एक मिट्टी का पात्र होता है, जो आकार में छोटे लोटे के बराबर होता है । वह पात्र सदैव उनके हाथ में रहने की वजह से उनका उक्त नाम पड़ गया था । वाकया शुरु यूं हुआ कि सुबह-सुबह शौच से लौटते समय उक्त संत रविश्री से टकरा गए । रविश्री के हाथ में पीतल का कमंडल था और संत के हाथ में चुकरिया और दोनों के ही पात्र खाली थे।

संत ने अपनी चुकरिया आगे बढ़ाते हुए रविश्री से कहा कि 'कृपया इसे भर दीजिये' । रविश्री ने जैसे ही अपने खाली कमंडल को तिरछा किया...........उसमें से पानी की धार बह निकली और चुकरिया में गिरने लगी । खाली कमंडल से धार निकलते देखकर जो दो-चार लोग जो वहां खड़े थे वह हक्के-बक्के सी हालत में आ गये और चिल्ला-चिल्ला कर लोगों को बुलाने लगे; हमेशा साथ में रहने वाली बच्चों की फौज तो रविश्री के साथ थी ही ।

नजारे की विचित्रता यहीं तक सीमित रहती तो कोई बात न थी, यह मामला और ज्यादा सनसनी खेज तब बन गया जब लोगों ने देखा कि खाली चुकरिया लगातार पानी गिरने के बावजूद, भरने का नाम ही नहीं ले रही थी..... ! इस हैरत अंगेज अजब-गजब चमत्कार को देखने वालों की भीड देखते ही देखते बढ़ने लगी और तकरीबन आधा घंटा बीत गया और हालात यहां तक पहुंचे कि वहां पैर रखने को जगह नहीं थी ।

इधर लगातार कमंडल से पानी गिरता जा रहा था। उधर चुकरिया पकड़े संत भी मुस्कराते हुए उस पानी को चुकरिया में भरते जा रहे थे। सभी लोग इस विस्मय पूर्ण नजारे को फटी-फटी आँखों से ताकते हुए फैसले का इंतजार कर रहे थे लोगों को समझ ही नहीं पड़ रहा था कि आखिर ये हो क्या रहा है और यह सब कैसे संभव है........!!

और अंततः चुकरिया भर गई....... और पानी नीचे गिरने लगा....!! चुकरिया वाले बाबा ने हाथ जोड़कर रविश्री को प्रणाम किया और कहा कि 'बहुत दिनों से इस तलाश में था, कि कोई मेरी चुकरिया भर दे, आज भर गई।' मुस्कुराते हुए रविश्री का जवाब था ....... मेरा कमंडल तो खाली था, पता नहीं आपकी चुकरिया कैसे भर गई..... !!

धीरपुरा यज्ञ का भण्डारा अत्यंत सफलता पूर्वक संपन्न हो गया था, इस कार्य में इंदरगढ़ के अधिकारियों ने भी रविश्री की हर तरह से मदद की थी। रविश्री के आज अनन्य भक्तों में से एक बाबू खान जो कि इस यज्ञ के समय इंदरगढ़ में कानूनगो के पद पर थे बताते हैं, कि 'धीरपुरा यज्ञ में यज्ञ के लिए पानी की व्यवस्था तो हो गई थी लेकिन अतिरिक्त पानी की जरूरत पूरी करने खासतौर पर भण्डारे के लिए, रवि श्री मेरे पास आए और कहने लगे कि 'मुझे यज्ञ के लिए टैंकर की व्यवस्था चाहिये।' खान साहब कहते हैं कि "यह मेरी और रविश्री की पहली मुलाकात थी, मैं चर्चा तो सुन चुका था, पर मिलने का इत्तफाक पहली मर्तबा हुआ था।" बाबू खान ने रविश्री से कहा कि 'व्यवस्था तो हो जायेगी, परंतु उसके लिए बड़े साहब से मिलना पड़ेगा' । खान साहब कहते हैं कि "उनकी उम्र देखते हुए मेरा सोचना था कि बड़े साहब का जिक्र करने पर वह ये कहेंगे कि 'किससे सिफारिश लगवायें ? या 'वो कैसे करेंगे ? आमतौर पर आदमी, साहब का नाम सुनकर असमंजस में पड़ जाता है, परंतु रविश्री सीधे ही बोले कि 'तो बड़े साहब से मुझे मिलवाओ | अंततः टैंकर आदि की व्यवस्था तो हो ही गई थी । परंतु यहां रविश्री की एक और जो क्षमता उभरकर सामने आती है, स्वयं बाबूखान का भी यह कहना है कि 'छोटी उम्र के बावजूद उनके अंदर झेंप नहीं थी, बड़े से बड़े अधिकारी से वो सामने खड़े हो कर अपनी बात कहने एवं उसे मनवाने की क्षमता रखते थे' | रविश्री की यह क्षमता इसके अलावा पुलिस प्रशासन में लगातार मेलजोल रखना इनके छिपरी व यारा में वक्त गुजारने वाले दौर के स्वभाव से कतई मेल नहीं खाता, जहां आपके लिए हर व्यक्ति का कहना यही था कि वह पुलिस से बहुत डरते थे, ऐसा महसूस होता है, कि रविश्री निश्चित ही खुद को साधारण दिखाने के लिये डर आदि का दिखावा मात्र करते थे ।

धीरपुरा यज्ञ समाप्त हो चुका था और यज्ञ की शेष राशि लगभग दस हजार रुपये रविश्री बैंक में जमा करवाने के इच्छुक थे । इसी समय बाली बाबा जो कि रविश्री से द्वेष भाव रखते थे पुनः रविश्री के पीछे पड़ गए। उसे किसी तरह 'शेष राशि की मात्रा' और 'उसकी रविश्री के पास मौजूदगी का एहसास हो गया था वह चाह रहा था कि किसी भी तरह रविश्री से अकेले में मुलाकात हो जाये । इत्तफॉक से जब रविश्री रुपयों सहित धीरपुरा बस स्टैण्ड पर खड़े होकर किसी तरह बाली बाबा से छुटकारा पाने का सोच रहे थे, दतिया निवासी एन.सी. शर्मा जो इंदरगढ़ में सी.एम.ओ. के पद पर पदस्थ थे उनका उसी समय इंदरगढ़ से दतिया जाते में धीरपुरा से होकर गुजरना हुआ । रविश्री ने आवाज देकर शर्मा जी को रोका और राशि व बाली बाबा की समस्या से अवगत कराया । शर्मा जी बताते हैं कि रविश्री को मैंने जैसे जी स्कूटर पर बैठाया तीसरी सवारी के रूप में बाली बाबा विराजमान हो गए। अंततः तीनों साथ में दतिया तक आए क्योंकि बिना वजह बाली बाबा को शर्मा जी भी उतरने को नहीं कह सकते थे ।

दतिया आकर शर्मा जी ने बाली बाबा को झांसा दिया और एक जगह उतार कर 'अभी आते हैं' यह कहकर मय रविश्री के अपने घर आ गये, जो कि दतिया में ही था। 'बालीबाबा ' रविश्री की इस फकीराना जिंदगी में एक अलग ही किरदार के रूप में पेश आए, मगर रविश्री ने उनसे छुटकारा पाने के लिए कभी अपनी क्षमताओं का उपयोग नहीं किया। यह एक अनसुलझा प्रश्न अपने आप में जरूर है, जिसका जवाब शायद यह ही है कि 'साधारण दिखने की उनकी कोशिश 'बालीबाबा की उपस्थिति से ही हो रही थी । 'वो अपना बचाव तो बालीबाबा से कर नहीं पा रहे हैं, उन पर क्या खाक सिद्धि होगी, लोगों की इस मानसिकता की रविश्री को जरूरत थी, वह चाहते थे कि लोग यह समझें कि अंततः मैं भी हूँ एक साधारण व्यक्ति ही' ।

धीरपुरा यज्ञ का वर्णन काफी विस्तृत ढंग से करने के पीछे वजह यह है कि यह यज्ञ रविश्री के द्वारा करवाया गया, पहला यज्ञ था जो कि उनकी फकीराना जिंदगी में मील का पत्थर साबित हुआ था। क्योंकि पूर्व में छिपरी में मौनी बाबा द्वारा करवाये गये यज्ञ के बाद जब रविश्री ने कहा था कि 'हम भी एक यज्ञ करवायेंगे, तब लोगों ने उनकी इस बात को मजाक में लिया था।' इसके अलावा यह यज्ञ रविश्री की स्वयं की नजरों में भी शायद उनकी परीक्षा ले रहा था । 'यह परीक्षा' यज्ञ को लेकर नहीं बल्कि उस महान उद्देश्य को लेकर थी कि वह धीरपुरा के लोगों में एक धार्मिक चेतना जगा पाने में समर्थ हो पाते हैं या नहीं | लोग विरोध करेंगे यह तो स्वाभाविक था । उनके ऊपर पड़ी धूल को हटाना ही तो रविश्री का उद्देश्य था जिसके चलते लोग यज्ञ को प्रारंभ में स्वीकार ही नहीं कर पा रहे थे, उन्हें रविश्री पर नहीं तो कम से कम खुद की एकता पर तो भरोसा होता, खुद की क्षमताओं को वह अत्यंत कम आंक रहे थे। रविश्री को उन लोगों के अंदर खोये हुए विश्वास को जगाने के लिए एक कर्तव्य का बोध हुआ । मदर टेरेसा के शब्दों में 'कर्तव्य एक अत्यंत व्यक्तिगत मामला है। यहां कुछ करने के लिए दूसरों के आव्हान की आवश्यकता नहीं वरन् कुछ कर डालने की आवश्यकता का बोध होता है।'

चौकी इंचार्ज नारायणसिंह कुशवाह का कहना है कि यज्ञ के पश्चात् धीरपुरा में लोग कई दिनों तक इस बारे में विचार करते रहे कि हम लोग तो सोच रहे थे कि यज्ञ के लिये हम लोग कहाँ से चंदा लायेंगे, कौन मदद करेगा, कैसे यज्ञ होगा ? पर उस 'लडका - बाबा' ने तो मंदिर की जीर्ण हालत को संगमरमर से सजा कर चार चाँद ही नहीं लगा दिये बल्कि यादगार यज्ञ संपन्न कराने के भी पश्चात् दस हजार रूपयों की बचत करके दिखा दी ।

धीरपुरा यज्ञ की समाप्ति के पूर्व ही अगले एक और यज्ञ की नींव एक इत्तफाक के रूप में डाल दी गयी थी जिसे प्रकृति की अपनी कार्य शैली कहना चाहिये ।

ग्राम पचोखरा का एक गरीब किसान, बाबूलाल झॉ जो कि एक मूर्तिकार भी है, उसने सुना कि 'एक संत धीरपुरा में यज्ञ करवा रहे हैं, जो न सिर्फ छोटी उम्र के हैं, बल्कि अत्यंत सिद्ध भी हैं ।' गरीब किसान के मन में संत से मिलने की उत्सुकता जागी, लेकिन यह सुनकर कि 'संत के इर्दगिर्द बहुत भीड़ रहती है', उसकी इच्छा मन मारकर बैठ गई कि मुझ गरीब पर उनकी दृष्टि तो पड़ने से रही ।

तभी उसके मन में एक विचार आया कि 'क्यों न यज्ञ में एक मूर्ति बना कर उक्त संत को पेश की जाये ?' यह ख्याल आते ही उसके हाथों ने कमाल दिखाना शुरु कर दिया । धीरपुरा यज्ञ की समाप्ति के दो दिन पूर्व ही रात्रि के समय | मय गाजे-बाजे और गाँव वालों की कीर्तन मण्डली लिए हुए वह 'गरीब मूर्तिकार' धीरपुर पहुँच गया। रविश्री ने मूर्ति देखकर और उस गरीब किसान की नियत भांपते ही उसे गले से लगा लिया । मूर्ती की तुरंत प्राण प्रतिष्ठा करवाई गई, और यज्ञ में उपस्थित सभी आगुन्तकों को बाबूलाल झा का परिचय दिया गया ।

कहते हैं—“कुदरत हर शख्त के हाथों में एक न एक फन की लाठी पकड़ा ही देती है कि जाओ, इसे टेकते हुए अपने सफर को अंजाम दो । अब उस लाठी को पहचानना और पहचानकर उसकी टेक का सहारा लेना खुद इंसान के हाथों में है”।

बाबूलाल के हाथों के फन ने उसकी दिली ख्वाहिश पूरी कर दी थी । यज्ञ की समाप्ति के पश्चात रविश्री के मन में मूर्ति को जल में शांत करवाने का ख्याल आया तो बाबूलाल को पुनः बुलवाया गया। जो व्यक्ति कभी सोच रहा था कि मेरी उस संत से मुलाकात कैसे हो, वही संत अब स्वयं उसे बुलावा भेज रहे थे।

पुनः कीर्तन मण्डली तैयार होकर धीरपुरा पहुँची, यज्ञ के कार्य निपट चुके थे, मण्डली के पहुंचते ही तय किया गया कि सेंवढ़ा में स्थित अड़सठ तीर्थों का भान्जा तीर्थ जो 'सनकुँआ' के नाम से विख्यात है । वहाँ की जलधारा में मूर्ति को प्रवाहित किया जाये। दो ट्रेक्टरों में मय गाजे-बाजे के साथ रविश्री एवं बाबूलाल झा, सनकुँआ गए और देवीजी की मूर्ति को जल में प्रवाहित किया । लौटते में रविश्री सेंवढ़ा ही रुक गए शेष सभी लोग वापिस आकर अपने-अपने गाँव चले गए।

सेंवढ़ा से दो दिन पश्चात् ही रविश्री पुनः धीरपुरा आए और शेष पैसा जो कि टेन्ट हाऊस आदि का बाकी था, उसे चुकाया । अचानक रविश्री को ख्याल आया कि 'बाबूलाल झॉ' जो कि इतनी मेहनत से मूर्ति बनाकर लाया था उसे तो कुछ दिया ही नहीं गया। यहां यह सच था कि 'बाबूलाल झॉ' को अपने नजरिये से उस मूर्ति के बदले में बहुत कुछ मिल चुका था, पर यह भी सच है कि 'रविश्री के नजरिये से उसे सच में ही कुछ भी न मिला था इसके अलावा रविश्री चाह कर भी उस गरीब किसान का वह निश्च्छल भाव भुला नहीं पा रहे थे जिसको लेकर वह इतनी मेहनत से मूर्ति तैयार करके उनके पास आया था।

रविश्री से जब रहा नहीं गया तो वह उस किसान से मिलने प्रकृति की योजना के तहत पचोखरा गाँव की ओर रवाना हो गए जो इंदरगढ़ से लॉस रोड पर लगभग पांच कि.मी. अंदर पडता है ।

मुख्य सड़क जहाँ से इस किसान के गाँव के लिए गिट्टी मार्ग जाता है वहाँ से लगभग ढाई सौ मीटर पहले ही ग्राम खड़ौआ पड़ता है। अगर आपको पचोखरा जाना है तो आप को बस द्वारा जाने पर 'खड़ौआ' उतरना पड़ेगा । रविश्री यह तो पता कर ही आए थे कि खड़ौआ के पास से ही दाहिनी तरफ रास्ता गया है पचोखरा के लिए, परंतु शाम का वक्त था अतः किसी से पूंछ लेना उचित होगा, इस नियत से दूर से आ आ रहे एक व्यक्ति को वह आवाज दे बैठे कि 'पचोखरा का रास्ता किधर से है ?' वह व्यक्ति न सिर्फ शराब के नशे में धुत था बल्कि और भी शराब पीने के लिये पैसों की तलाश में था । उसने जैसे ही यह जायजा लिया कि ‘यह एक नया आगुन्तक एवं अनजान व्यक्ति है' उसने रविश्री की खबर लेना शुरु कर दी और रविश्री की जेब में हाथ डाल दिया। ग्राम धीरपुरा से आते वक्त एक भक्त ने जबरन रविश्री की जेब में एक दस का नोट पाँव छूने के पश्चात् भेंट स्वरूप डाल दिया था 'इस नोट के बारे में स्वयं रविश्री को भी अहसास नहीं था, शराबी ने जैसे ही जेब से दस का नोट निकाला स्वयं रविश्री हैरत में पड़ गए कि यह शराबी का चमत्कार है या मेरे कुर्ते का, क्योंकि उन्होंने तो कोई चमत्कार किया ही नहीं था।

बहरहाल वह शराबी संतुष्ट हुआ और अनजाने में ही दस के नोट के बदले उसने रविश्री को यह अहसास करवा दिया कि इस गाँव को भी सुधरने की जरूरत है जिसका नाम "खड़ौआ' है । यह वाकया मार्च 1990 के प्रथम सप्ताह के दौरान घटित हुआ। रविश्री उस रात्रि में पचोखरा न जाकर खड़ौआ से लगी हुई 'बेटी कुंजावती की बावड़ी' नामक स्थान पर पहुंच गए। वहां स्थित पुजारियों से मिले और रुकने की इच्छा जाहिर की, तत्पश्चात् खड़ौआ में भी एक यज्ञ करवाने का दृढ़ निश्चय कर वहीं पर रात्रि विश्राम हेतु लेट गए । ( खड़ौआ यज्ञ करवाने के पीछे छिपी यह घटना रविश्री ने स्वयं एक बार रावतपुरा में अपने भक्तों के बीच सुनाई थी)

द्वितीय यज्ञ खड़ौआ

ग्राम खड़ौआ थाना इंदरगढ़ के अंतर्गत जिला दतिया में आने वाला एक गांव है, जो बेटी कुंजावती जिन्हें हरदौल की बहन कहा जाता है के द्वारा निर्मित करवाई गई बेहद खूबसूरत बावड़ी की वजह से एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल के रूप में विख्यात है एवं "बेटी का गाँव " के नाम से भी जाना जाता है । इस बावड़ी पर हर सावन की सप्तमी को मेला लगता है । यह खूबसूरत बावड़ी दूर से देखने पर एक मंजिल ही दिखती है, पर समीप जाने पर इसकी भूतल में स्थित अन्य दो मंजिलें दृष्टिगोचर होती हैं। सबसे नीचे वाली मंजिल में बावड़ी है एवं सबसे ऊपर स्थित मंजिल में विष्णु भगवान का मंदिर बना है।

रात्रि विश्राम के बाद रविश्री प्रातःकाल होते ही दैनिक क्रियाओं से निवृत् होकर गाँव में पहुँचे और सरपंच राजेन्द्र सिंह 'जो अब नहीं रहे' का घर तलाश किया । राजेन्द्रसिंह के घर पहुँच कर आपने अपना परिचय दिया, धीरपुरा यज्ञ के बाद रविश्री को देखा भले ही कम लोगों ने था परंतु रविश्री का नाम आस - पास के सभी गाँवों में विख्यात हो चुका था।

राजेन्द्रसिंह से आपने कहा कि 'रानी कुंजावती ने मुझे स्वप्न दिया है कि यहां यज्ञ करवाया जाये ।' सरपंच धार्मिक स्वभाव के व्यक्ति थे परन्तु उन्होंने पहले गाँव के बुजुर्गों से राय लेने की बात कही । गाँव के सभी प्रभावशील व्यक्तियों की मीटिंग तत्काल बुलवाई गई और यज्ञ के प्रस्ताव को रखा गया । रविश्री के पक्ष में मात्र एक बात थी कि धीरपुरा यज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न करवाया था, इसके अलावा कुंजावती के स्वप्न की बात को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता था । रविश्री की उम्र को को देखते हुए सभी यह सोचते थे कि धीरपुरा यज्ञ में नाम भले ही रविश्री का चला पर सहयोग तो सभी का था । इसके अलावा यह तो कम उम्र के बालक हैं, अगर यज्ञ बिगड़ गया तो बदनामी तो गाँव भर की होगी, यह सोचकर 15 मार्च 1990 को पुन: मीटिंग का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान रविश्री 'बेटी की बावड़ी' में ही डेरा डाले रहे और बच्चों के साथ खेलकूद में व्यस्त रहे । यहां के लोगों को उनके चमत्कारी होने का आभास तो हो गया था परंतु इस बात को लेकर भी वह विश्वस्त नहीं हो पा रहे थे कि यज्ञ सफलता पूर्वक सम्पन्न हो पायेगा और मीटिंग की तय तारीख आ गई ।

15 मार्च 1990 को गांव के सभी बुजुर्ग, पंच, सरपंच और प्रभावशाली व्यक्ति पुनः इकट्ठे हुए और यज्ञ के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस मीटिंग में सरपंच राजेन्द्रसिंह की एक बात ने सभी को सहमत कर दिया । उन्होंने कहा कि "आप यह क्यों कह रहे हैं कि 'लड़के की बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता ?' आप लोग उसे भूल जाइये | क्या हम लोग मिलकर एक यज्ञ नहीं करवा सकते ? ईश्वर ने अगर उस लड़के को भेज दिया है तो भले ही हम उसको यज्ञ के हर कार्य में मुखिया बना कर रखें, पर वह कुछ करे........या...... न करे...... हम लोग पीछे से सब कर लेंगे।" राजेन्द्रसिंह की यह बात सभी की समझ में आ गई और एकमत से फैसला हो गया कि यज्ञ होना है।

रविश्री को धीरपुरा यज्ञ से काफी कुछ सीखने को मिल गया था, और उन अनुभवों की वजह से अगर ज्यादा सफल यज्ञ खड़ौआ का कहा जाए तो गलत न होगा। भले ही धीरपुरा के यज्ञ का नाम ज्यादा हुआ था परंतु शान्तिपूर्वक यज्ञ खड़ौआ का संपन्न हुआ । इस यज्ञ में संचालन का मुख्य कार्य स्वयं प्रौढ़ विचारों के युवा संत के हाथों में था । धीरपुरा यज्ञ में जो भूलें हुई थीं, जैसे समितियाँ बहुत कम बनाई गई थीं अधिकांश कार्य रविश्री के हाथ में थे, बाहरी व्यक्तियों का सहयोग यज्ञ के कार्यों में गाँव वालों से ज्यादा था, गाँव वालों के अहम को शांत नहीं किया गया था, यह सभी जो 'शायद' गलतियों ही थी इस यज्ञ में नहीं दुहराई गईं ।

आज रावतपुरा में हो रहे बड़े-बड़े यज्ञ जो बहुत सुनियोजित ढंग से संपन्न हो रहे हैं, उनकी प्रारंभिक रिहर्सल धीरपुरा और खड़ौआ यज्ञ के दौरान ही हुई थी । 15 मार्च 1990 को हुई इस मीटिंग में ही यज्ञ की तारीख 10 मई 1990 से 16 मई 1990 सुनिश्चित की गई और यज्ञ व्यवस्था हेतु विभिन्न समितियों का गठन हो गया, जिनमें प्रमुख थी व्यवस्थापक समिति रात्रि में यज्ञ शाला देखरेख समिति, गाँव से सामान लेन-देन समिति, पानी की व्यवस्था समिति, सफाई व्यवस्था समिति एवं प्रवचन वाले पंडितों की व्यवस्था समिति ।

चंदे के लिए रसीद कट्टे छपवाये गए जिसमें रविश्री को संबोधित किया गया श्री महंत सिद्धेश्वर के नाम से..... यज्ञ को नाम दिया गया....... श्री राम महायज्ञ........ स्थान कुंजावती महारानी का मंदिर |

मुख्य कार्य चंदा इकट्ठा करने का रविश्री ने अपने हाथों में लिया जिसमें सहयोग उन्हें सभी कर रहे थे । खड़ौआ के बुजुर्ग श्री मदन सिंह जाट की बातों से जो आभास हुआ उसके अनुसार गाँव के सभी बुजुर्ग उनको एक बालक के रूप में ही ले रहे थे । अगर रविश्री किसी बात के लिए आगे आते तो उनको कोई इंकार न करता, सभी यह सोच लेते कि जहाँ इस बालक संत को दिक्कत आयेगी तो हम लोग आगे आ जायेंगे। धीरपुरा में यह बात नहीं थी, वहां यह तो सब सोच रहे थे कि रविश्री की उम्र कम है और यह क्या कर पायेगें ? पर बडप्पन दिखाने आगे कोई नहीं आया था। यहां सरपंच राजेन्द्रसिंह ठाकुर हर तरह से सहयोग के लिए तत्पर थे बिना किसी विवाद के उन्हीं को यज्ञ का पारीक्षित चुना गया ।

रविश्री स्वयं वृन्दावन गए और केसरीघाट के केशवाचार्य वंशीवट को यज्ञाचार्य हेतु लेकर आए। मृदुल जी महाराज एवं ललितपुर उ.प्र. की कृष्णादेवी को प्रवचन हेतु आमंत्रित किया गया। रात्रि में रामलीला का आयोजन रखा गया जो कि समीप के कस्बे थरेट जिला दतिया से ही बुलवाई गई थी ।

जहां एक और रविश्री यज्ञ की तैयारियों में अत्यंत व्यस्त थे वहीं दूसरी ओर बच्चों के साथ कबड्डी, अष्टा - चंगा तो कभी कंचे खेलने में व्यस्त हो जाते।

गांव के बुजुर्गों के साथ दूसरे गांवों में जाकर चंदा इकट्ठा करते और रात्रि में कुंजावती के मंदिर में जाकर विश्राम करते । कार्यों के दौरान गंभीर दिखने वाले रविश्री जैसे ही कहते कि 'कोई दोस्त साथ में चलो सोने के लिए, अकेले सोने में डर लगता है,' तो गाँव के बुजुर्ग उनके अंदर के बचपने पर आँखों - आँखों में एक दूसरे की ओर देखकर मुस्कुराने लगते ।

इस गाँव के सरपंच राजेन्द्रसिंह लगभग 57 वर्ष के होने के बावजूद निःसंतान थे रविश्री ने उन्हें आशीर्वाद दिया था कि तीन वर्ष के अंदर तुम पिता बनोगे और रविश्री के जाने के दो वर्ष पश्चात् ही उनका आशीर्वाद फलीभूत हो गया

था।

इस यज्ञ में भी इंदरगढ़ के स्थानीय निवासियों के अलावा पुलिस प्रशासन व राजस्व के अधिकारियों का एवं अन्य स्थानों के रविश्री के व्यक्तिगत परिचितों का पूर्ण सहयोग था । डबरा के वीरेन्द्र शर्मा कहते हैं, कि जब खड़ौआ यज्ञ की तैयारियाँ चल रहीं थी उसी दौरान दतिया के पास स्थित उनाव बालाजी के मंदिर में हम सपरिवार दर्शनार्थ गए हुए थे। हम लोगों ने जैसे ही रविश्री को देखा हमारी । बाँछें खिल गई । ये उनाव बालाजी में स्नान करके निकल ही रहे थे ।

उनाव बालाजी जो दतिया के समीप ही स्थित है, 'आरी अर्थात् रविश्री का पुश्तैनी गाँव उनाव बाला जी से मात्र 12 कि.मी. की दूरी पर स्थित है। रविश्री के पिता के एक भाई जगदीशशरण शर्मा जो शुरु में माता पिता की मृत्यु होने पर छिपरी चले गए थे, 1974 में वापिस आरी आ कर रहने लगे थे एवं अपनी पुश्तैनी जायदाद की देखभाल करने लगे थे। रविश्री अपने पिता की तरह ही जगदीशशरण जी से भी बहुत डरते थे। जगदीशशरण जी कहते हैं कि "वह अक्सर आरी आते जाते रहते थे परंतु उनके एक बार प्रसाद मंगा कर खिलाने की बात जब मैंने सुनी तो यह सोचकर कि ये बच्चों को मूर्ख बनाते हैं, मैंने उनकी पिटाई कर दी थी, तब से आरी में वह बहुत संभलकर रहते थे। यहां रुकते तो गायें आदि चराने जाते, खेतों में काम करते, मगर एक महीने से ज्यादा नहीं रुकते थे ।

धीरपुरा यज्ञ के बाद जब रविश्री आरी आए तो उस समय पीली धोती, पीला कुर्ता और सिर पर साफा बांधे हुए थे, मगर जैसे ही गाँव के समीप आए तो अपना यह लिबास उतारा और पुनः कुर्ता पायजामा पहन कर चाचा के सामने आए। इधर कुछ गाँव वालों ने उन्हें कपडे बदलते देख लिया था तो उन्होंने चाचा से आकर बताया कि 'यह तो साधू जैसे कपड़े पहने थे | जगदीश शरण जी कहते हैं कि "फिर मैंने उनकी पोटली खोल कर वह कपड़े देखे और डाँटा कि यह सब क्या है ?" तो रविश्री ने चाचा को धीरपुरा के यज्ञ के बारे में बताया, मगर चाचा ने उनकी बातों पर गौर न करते हुए उन्हें यह सब छोड़ने के लिए कहा। रविश्री एक दो दिन आरी रुककर उनाव बाला जी होकर वापिस खड़ौआ जाने की तैयारी में थे, इसी समय पहूज नदी में स्नान कर निकलते वक्त आपकी मुलाकात चंद्रप्रकाश शर्मा जी से हो गई। चंद्र प्रकाश जी के पुत्र वीरेन्द्र शर्मा कहते हैं कि - "हम लोगों ने इनसे साथ चलने की जिद की तो इन्होंने बताया कि हम अभी खड़ौआ में हो रहे यज्ञ के लिए चंदा इकट्ठा करने में व्यस्त हैं, पर पिता श्री की बात न टालते हुए हमारे साथ जीप में बैठाकर झांसी आ गए।" वापिस लौटते समय जीप अचानक बंद हो गई, उतरकर डीजल इत्यादि देखा सब सही सलामत था फिर भी जीप थी कि स्टार्ट होने का नाम ही न ले | अंततः चंद्रप्रकाश जी ने रविश्री से कुछ करने के लिए कहा। रविश्री ने तुरंत कहा कि 'अब स्टार्ट करो और पुनः जैसे ही सैल्फ लगाया गाड़ी स्टार्ट हो गई और रविश्री सबके साथ ही डबरा आ गए।

डबरा में चंद्र प्रकाश जी शर्मा के एक अन्य रिश्तेदार रमेश शर्मा जो थरैट के रहने वाले थे। उनसे रविश्री का परिचय हुआ । रमेश शर्मा म.प्र. राज्य परिवहन बस के चालक थे, उन्होंने रविश्री से 'थरैट' जो इंदरगढ़ के समीप ही स्थित है चलने हेतु आग्रह किया और सबेरे साथ ही लेकर थरैट आ गए।

रविश्री ने थरैट आकर यहां के लोगों से यज्ञ में सहयोग देने की अपील की। डबरा से भी आप यज्ञ हेतु लगभग दस हजार रुपये ले आए थे । रमेश शर्मा कहते हैं कि उन्हें चंदे के लिए इंकार कोई नहीं करता था और उस वक्त तो उनके मनोमस्तिष्क पर जैसे एक ही जुनून सवार था कि खड़ौआ यज्ञ के लिए पैसों की व्यवस्था करना है ।

इंदरगढ़ के कानूनगो बाबूखान बतलाते हैं कि "खड़ौआ यज्ञ में भी पानी की समस्या थी जिसे हल करने के लिए मेरे अफसरों ने मुझसे कहा कि 'वहाँ जैसे भी हो, पानी की व्यवस्था करो, रविश्री की खबर आई है ।' बेटी की बावड़ी में बोरिंग सफल नहीं हुई थी जो मंदिर के ट्रस्ट द्वारा पूर्व में करवाई जा चुकी थी अंततः दूसरे कुँए से इस बावड़ी तक पाइप लाइन द्वारा पानी लाकर पानी की समस्या को हल किया गया। खडौआ के निर्भयसिंह बतलाते हैं कि "रविश्री को हर कार्य में जल्दी बहुत रहती थी । वह एक पल के लिए भी कार्य के वक्त खाली रहना पसंद नहीं करते थे एवं इस दौरान वह कई बार इस बात पर भी खीज उठते थे कि ये रात क्यों आ जाती है" ?

अंततः सभी के सहयोग से रविश्री का दूसरा यज्ञ अत्यंत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया और 20 मई 1990 को सभी लोगों के पैसे आदि रविश्री चुकाकर ने खडौआ से विदा ली ।

यहाँ के निवासी शालिगराम बताते हैं, कि 'एक बार कुंजावती मंदिर का बल्ब नहीं जल रहा था । यह यज्ञ प्रारंभ होने के लगभग पंद्रह दिन पूर्व की बात है । रविश्री के कहने पर मैं नया बल्ब लेकर अपने दोस्तों व रविश्री के साथ मंदिर पहुँचा। रविश्री लोगों से बातचीत करने में व्यस्त हो गए और मैंने जाकर बल्ब बदल दिया, मगर जलाकर देखा तो बल्ब अब भी नहीं जल रहा था ।'

शालिगराम और उनके मित्र बताते हैं कि हम सब लोग डोरी को जाँचने को गये पर वह तो सही थी....... अर्थ चैक किया......... पर वह भी सही था । हम लोगों की समझ में न आया कि आखिर बात क्या है? लाइन सही....... अर्थ सही. बल्ब सही........ करेंट भी आ रहा था फिर भी बल्ब जलने का नाम ही नहीं ले रहा था अंततः हम सभी मित्र एक जुट होकर रविश्री के पास जाकर चुपचाप खड़े हो गए। रविश्री को जैसे ही हमारे आने का आभास हुआ उन्होंने पूछा "क्या बात है ?" हम लोगों ने बड़े अफसोस से कहा कि 'सब कुछ सही है पर बल्ब जल ही नहीं रहा है, पुराना बल्ब फ्यूज था वह भी बदल दिया है' ।

रविश्री मुस्कुरा कर बोले कि "यह क्यों कह रहे हो कि ....... बल्ब जल नहीं रहा है ? यह कहो कि........ बल्ब, जल जाओ", इतना कह कर रविश्री पुनः बातों में व्यस्त हो गए। हम लोगों ने सोचा कि 'ये मजाक कर रहे हैं, पर फिर भी चलो, कह कर देखते है' । हम सभी लोग रविश्री के मित्र थे और सभी की उम्र लगभग 15-16 के दरम्यान थी । हम लोग पूर्ण अविश्वास के साथ मजाक के मूड में एक साथ चिल्लाये....." बल्ब ....... जल जाओ" । और अगले ही पल बल्ब जगमग–जगमग-जगमगा रहा था !!

खड़ौआ यज्ञ के पश्चात् रविश्री इंदरगढ़ वापिस आए। आपके दोनों ही यज्ञों में पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग के अलावा स्थानीय निकटस्थ व्यक्तियों का भरपूर सहयोग रहा, मगर सभी की शिकायत थी कि यहाँ इतने दिन रहने के बावजूद रविश्री ने कुछ नहीं किया । शिकायत स्वाभाविक थी, आपने तुरंत ही थाना परिसर में संपूर्ण रामायण के पाठ की घोषणा कर दी । मई के अंतिम सप्ताह में रविश्री के निर्देशन में रामायण का पाठ हुआ और इसके पश्चात् भण्डारा संपन्न हुआ जिसमें लगभग चार हजार व्यक्ति शामिल हुए ।

अवनीश शर्मा बताते हैं कि "इसके बाद रविश्री यह कह कर कि 'मुझे अमरकंटक जाना है' चले गए। जब आप गए उस समय किसी से भी बताकर या मिलकर नहीं गए। यह बात मई के अंतिम सप्ताह 1990 की है । "

जून 1990 से सितम्बर 1990

रविश्री की इस दौरान की यात्रा इंदरगढ़ से प्रारंभ हुई जबकि आप थाने में रामायण का पाठ करवा चुके थे, सर्वप्रथम आप अमरकंटक गए, अमरकंटक से लौटकर वापिस थरैट निवासी रमेश शर्मा के यहाँ गए, इस समय इस क्षेत्र में भारी वर्षा होने लगी थी इसी बरसात की वजह से आपको सात-आठ दिन यहाँ रुकना पड़ा।

थरैट में जब आपने देखा कि बरसात रुकने का नाम ही नहीं ले रही है तो भरी बरसात में आप थरैट से लगभग 20 कि.मी. पैदल चलकर रमेश शर्मा के साथ इंदरगढ़ आए और यहां से हरपालपुर जिला छतरपुर के लिए रवाना हो गए। हरपालपुर से चित्रकूट दर्शन के पश्चात् ओरछा दर्शन, टीकमगढ़ आकर कुण्डेश्वर दर्शन और दो दिन अपने गाँव छिपरी रुककर वापिस इंदरगढ़ होते हुए सेंवढ़ा आ गए।

इन यात्राओं के पीछे आपकी क्या मंशा छिपी हुई थी, कौन सा मकसद था, यह समझ में नहीं आता । इन यात्राओं के बाद ही आप रावतपुरा पहुँचे थे अतः धार्मिक भावना कि 'अब हम अपने स्थान पर बैठने जा रहे हैं' और जिस तरह हम लोग शुभ कार्य के पूर्व मंदिर जाना भगवान को स्मरण करना शुभ मानते हैं, उसी तरह का भाव आपके अंदर था अथवा आध्यात्मिक स्थितियों का जायजा आप लेना चाहते थे इस प्रयोजन से आप तीर्थ यात्राऐं कर रहे थे ।

शास्त्रीय दृष्टि से ऐसे साधकों की तीर्थ-यात्रा का एक कारण जो दिखाई देता है, उसके अनुसार शास्त्रों का कहना है कि "ईश्वर दर्शन करके जो पुरुष धन्य हो गए हैं, उन महापुरुष से तीर्थों का तीर्थत्व स्थिर रहता है। ऐसे महापुरुष उस स्थान में ईश्वर का किसी विशेष प्रकार से दर्शन करने के लिए व्याकुल होकर आते हैं और वहीं रहते हैं, इसलिए वहाँ नए-नए ईश्वरीय भाव उत्पन्न हुआ करते हैं तथा पहले से रहने वाले भाव ही अधिक जाग्रत हो जाते हैं, ऐसे स्थानों में जब साधारण जाते हैं, तो उन पर वहाँ के उन ईश्वरीय भावों का कुछ न कुछ प्रभाव पड़ता मनुष्य ही है।”

सितम्बर 1990

रविश्री तीर्थ यात्राओं के बाद पुन: इंदरगढ़ होते हुए सेंवढ़ा आ गए। सेंवढ़ा में आप दो दिन रुके और इन्हीं दो दिनों में बाबू खान से मिलने गए जिनसे आप पूर्व में मिल चुके थे जबकि बाबूखान इंदरगढ़ राजस्व निरीक्षक के पद पर सरकारी मुलाजिम थे ।

बाबूखान रहने वाले सेंवढ़ा के हैं, इंदरगढ़ में दोनों यज्ञ के समय आपने रविश्री की काफी मदद की थी और बहुत कम समय में आप दोनों अत्यंत नजदीक भी आ गए थे। सेंवढ़ा जब रविश्री बाबूखान के घर पहुँचे तो खान साहब उन्हें देखकर हैरान रह गए क्योंकि आपका घर शहर में अंदर की तरफ है जिसको एक नए व्यक्ति के लिए तलाश करना थोड़ा मुश्किल पड़ता है । खान साहब अपनी हैरानी दबा न सके और पूछ लिया कि आप यहाँ सेंवढ़ा में और फिर मेरे घर ? आपने ढूंढ कैसे लिया ? रविश्री ने कहा कि तुम तो दुनिया के किसी भी कोने में छिपे होते तो मैं ढूंढ लेता । चाय-नाश्ते के बाद, जब ये जाने लगे तो इन्होंने खान साहब से पूंछा कि 'क्यों' छोटे में तो बहुत मंदिर जाकर प्रसाद खाते थे अब जाते हो या नहीं ?' खान साहब चौंके कि इनको यह सब कैसे मालूम है ? खान साहब घर के पास ही स्थित हनुमान मंदिर में अपने बचपन में जाकर प्रसाद खाते थे, यह सत्य था, इस समय खान साहब लगभग 55 वर्ष के थे, पर खान साहब चाहकर भी कुछ पूछ न सके, और रविश्री उन्हें असमंजस की हालत में छोड़ फिर मिलने को कह कर विदा लेते हुए आगे बढ़ गए। सेंवढ़ा में अखिलेश शर्मा जो उनके संबंधी थे उन्हीं के यहाँ आप रुके थे, दो दिन तक यहाँ भी सनकुँआ तीर्थ स्थल पर घूमने-फिरने एवं अन्य पूर्व परिचितों से मिलने के पश्चात् 'बाइस वर्षीय युवा संत" बस द्वारा लहार जिला भिण्ड के लिए रवाना हो गए ।