अध्याय 8
कोड़ा जमाल साई
रविश्री ने पांच या छः दिन तो कई गांवों में गुजारे और हर किसी के अपने-अपने अनुभव हैं । मगर लगातार कई दिन तक रुककर जहाँ आप रहे और अद्भुत व नये-नये चमत्कार दिखलाये, उनमें यारा के अलावा एक गांव का और नाम आता है 'जिटकोरा । यह गाँव जतारा - मऊ रोड पर, जतारा से लगभग चौदह कि.मी. की दूरी पर मुख्य सड़क से आधा कि.मी. अंदर पड़ता है ।
जिटकोरा के निवासी श्री राजाराम यादव अपने साढू भाई राजेन्द्र सिंह यादव के घर ग्राम सकेरा गये हुये थे, जो कि ग्राम छिपरी के पास पड़ता है । राजाराम यादव के पुत्र हरदेव की शादी को एक अरसा बीत चुका था, पर कोई संतान न थी। राजाराम ने नाती का मुँह देखने के लिए हरदेव की दूसरी शादी भी करवा दी थी, पर कोई फायदा नहीं हुआ था । अंततः उन्होंने किस्मत के हवाले ही मामले को छोड़ दिया। साढू भाई उनके दुःख से वाकिफ थे, अतः मिलते ही रविश्री की चर्चा छेड़ दी, कि नाती के लिए एक बार उससे मिल कर तो देखो, उस लड़के की उम्र जरूर कम है, पर बहुत चमत्कारी है, उसके ऊपर किसी सिद्ध का हाथ है और इस तरह के कई निःसंतान उससे फायदा ले चुके हैं। उदाहरण सहित कई चमत्कार रविश्री के सुनते ही राजाराम उनसे मिलने को उतावले हो गये ।
यह घटना 1985 के अप्रैल माह की है जबकि रविश्री की उम्र मात्र सत्रह वर्ष थी। राजेन्द्र सिंह ने तुरंत मुलाकात का इंतजाम कर दिया । राजाराम जैसे ही रविश्री से मिले और अपनी समस्या बताकर जिटकोरा चलने हेतु आग्रह किया रविश्री तुरंत तैयार हो गये ।
जिटकोरा पहुँच कर राजाराम के यहाँ बैठक हुई, हरदेव को बुलाया गया । औरचारिकताओं के पश्चात् रविश्री ने हरदेव से कहा कि तुम बजरंग बली के मंदिर पर हरिवंश पुराण का पाठ करवाओ, जिस दिन से पुराण बैठेगी उसी दिन से तुम्हारा कार्य सिद्ध हो जायेगा, और तुम्हारी 'वह पत्नी' जिसे बिच्छु ने काटा है, पहले उसको तत्पश्चात दूसरी पत्नी को भी संतान प्राप्त होगी ।
हरदेव व अन्य जो गाँव के लोग वहां जमा थे, हैरान इस बात से रह गये कि इनको गाँव में अभी पहुँचे हुए मात्र एक घंटा ही हुआ था और तब तक इनको साथ में लाने वाले राजाराम जी तक को यह पता न था, कि गत रात्रि उनकी एक बहू को बिच्छू ने काट लिया है फिर इन्हें कैसे पता चल गया ? बहरहाल दूसरे दिन से ही मंदिर पर हरिवंश पुराण का पाठ प्रारंभ हो गया । इधर पेड़े, लौंग इलायची बांटकर हम उम्र साथियों की फौज अपने पीछे लगाने में रविश्री को दो दिन भी न लगे, और एक सप्ताह बीतते-बीतते हर घर में रविश्री की न सिर्फ चर्चा होने लगी बल्कि उन्हें अपने घर रुकवाने के लिये होड़ लगने लगी, और यारा जैसा ही वातावरण यहाँ निर्मित हो गया । 'जिटकोरा' रविश्री 1985 से 1987 तक लगातार आते रहे, एक बार आकर दस से पंद्रह दिन रुकते फिर चले जाते । उनके हम उम्र मित्र मनोहर सिंह यादव बताते हैं कि वह अगर खुद न आते तो हम उन्हें 'यारा' जाकर ले आते थे। आसपास के गाँव वाले भी उनका नाम व चर्चाऐं सुनकर अपनी समस्याऐं सुलझाने जिटकोरा आने लगे ।
प्रसाद आदि मंगाने, खोये सामान को बताने, कुँओं के लिये उपयुक्त स्थान बताने, गूढ़ से गूढ़ रहस्य की बातें बताने के अतिरिक्त जिटकोरा में आपने और भी कई चमत्कार किए। 'यारा' में खेलते वक्त उन्होंने दैवीय शक्तियों का उपयोग नहीं किया था मगर यहाँ उनके साथी - गण बताते हैं कि रविश्री को नदी में कबड्डी खेलना बहुत पसंद था, नदी में कबड्डी खेलते वक्त यह नियम रहता था कि एक लड़के को एक ही लड़का पकड़ेगा, पर जब ये कबड्डी लेकर आते थे तो इनको एक साथ चार-पांच लोग भी पकड़ लें, तब भी ये इस तरह खींचते हुए ले जाते थे, जैसे इन्हें कोई ताकत ही नहीं लग रही हो, जबकि रविश्री अन्य खिलाड़ियों से दुबले पतले थे । यही हाल मैदान में खेलते वक्त होता, कभी तो ये एक व्यक्ति के पकड़ते ही टूट जाते, और कभी पांच-छः खिलाड़ी इनके साथ खिंचते हुए ऐसे चले जाते कि साफ-साफ अहसास होता था कि इनके साथ कोई दैवीय शक्ति है ।
एक और खेल "कोड़ा जमाल साई, पीछे देखो मार खाई" जिसमें बच्चे चारों तरफ घेरा बनाकर बैठ जाते हैं और एक बालक हाथ में कोई वस्तु लेकर चारों तरफ चक्कर लगाता है, जिस बालक के पीछे वह वस्तु छोड़ देता है, अगर उसे पता नहीं चल पाता है, तो उसकी पिटाई होती है।
यह खेल रविश्री जब खेलते थे, तब उन्होंने वह गेंद (या अन्य वस्तु) जिसके पीछे रख दी, वह उसे देखकर जब उठने की कोशिश करने लगता तभी रविश्री उससे कह देते थे कि 'तुम उठ नहीं सकते,' तो फिर वह लाख कोशिशों के बावजूद भी वह बालक उठ नहीं पाता था और अगर रविश्री सभी बच्चों से कह देते कि 'तुम लोग उठ नहीं सकते तो लाख चाहने पर भी वह लोग उठ ही नहीं पाते थे ।
जिटकोरा गांव के आस-पास रविश्री को चर्चित किया एक ऐसी घटना ने जिससे लोगों में एक भय मिश्रित आश्चर्य फैल गया और रविश्री को बच्चा कहने वाले उनके पांवों पर गिरने लगे । यह बेहद दिलचस्प व मनोरंजक वाक्या गुजरा नत्थूलाल नापित के साथ जो लगभग 60-65 वर्ष के हैं । उनकी फ्रेंच कट दाढ़ी T ईश्वर प्रदत्त है, अंदर को धंसी आंखे और खिचड़ी बाल, चेहरे का जुगराफिया कुछ-कुछ फिल्म स्टार मोहनचोटी की तरह है एवं चेहरे से ही मजाकिये व मसखरा स्वभाव के प्रतीत होते हैं ।
यह घटना रविश्री के दूसरी बार जिटकोरा आने पर हुई, इस समय तक बहुत से लोगों ने रविश्री की चर्चा तो सुन ली थी पर रूबरू नहीं मिल पाए थे इन्हीं लोगों में से एक थे शंकरलाल यादव, जो वन रक्षक के पद पर जतारा में नौकरी करते थे। शंकरलाल सरकारी मुलाजिम हैं इस बात का अहम् उनके अंदर कूट-कूट कर भरा था । वह अपनी ड्यूटी पूरी कर रोज शाम को जतारा से वापिस आते थे और ऐसी ही एक शाम उनकी मुलाकात रविश्री से हो गई । रविश्री की चर्चा तो उन्होंने सुन ही रखी थी पहचान भी गए कि यही 'वह लड़का' है, पर अपना परिचय शंकर लाल भी एक जानदार अंदाज में देना चाहते थे, इसलिए साईकिल से उतरकर रविश्री को बुलाकर पूछा 'क्यों, कौन हो तुम' ? रवि श्री देखकर मुस्कुराये और बोले 'क्यों, तुम्हें क्या करना है' ? तिलमिलाये स्वर में शंकरलाल ने कहा 'मैं वन रक्षक हूँ, मालूम रखना पड़ता है कि गाँव में कौन नया व्यक्ति आ रहा है' रविश्री ने कहा 'बहुत नेतागिरी करते हो तुम, तुम्हारी नौकरी छूटने वाली है, अच्छा मुट्ठी बांध लो' शंकर लाल ने मुट्ठी बांध ली और कहने पर जैसे ही खोली तो हथेली पर लौंग थी। शंकर बोले 'मुझे तो प्रसाद खाना था' रविश्री ने कहा 'ठीक है, दूसरी मुट्ठी बांध लो शंकर लाल ने वैसा ही कर मुट्ठी खोली तो उसमें नारियल व चिरौंजी दाने आ गये ।
इस वाकये को नत्थूलाल नापित दूर से खड़े-खड़े बहुत देर से ताक रहे थे। वह अपने घर के मुख्य दरवाजे से इस तरह सट कर खड़े थे कि उनका आधा शरीर दरवाजे के बंद पल्ले से ढका हुआ था व दूसरा पल्ला खुला था । नापित जी ने सोचा कि क्यों न रविश्री की परीक्षा ली जाये ? तो वहीं खड़े-खड़े उन्होंने आवाज दी, "इतने बड़े पंडित हो तो बता दो मेरी मुट्ठी में क्या है ? "
रविश्री मुस्कुराकर बोले........" यहाँ मेरे पास आओ........ फिर बताते हैं ।" नत्थूलाल यह कहकर हिले कि 'अभी हाल आते हैं........ मगर........ यह क्या !! वह तो दरवाजे के पल्ले से जैसे चिपक गये थे.......... वह सिर्फ उतना ही आगे व उतना ही पीछे हो पा रहे थे........ जितना कि दरवाजे का पल्ला । वह भी आगे आकर चौखट से अड़ जाता....... पीछे जाकर दीवार से सट जाता । नत्थूलाल ने लाख कोशिश की मगर अपने-आप को वह दरवाजे से दूर न कर पाये । वह चीख-चीख कर अपना पूरा जोर आजमाने लगे....... मगर मुसीबत से निजात न पा पाये, देखते ही देखते आलम यह हुआ कि इधर नत्थूलाल की घबराहट का, उधर भीड़ का बढ़ना शुरू हो गया...... और पंद्रह-बीस मिनिट गुजरते - गुजरते तो वहां सारा गाँव इकट्ठा हो गया ।
नत्थूलाल जी की आँखों से आँसुओं की धार फूट पड़ी और चीख-चीख कर वह माफी माँगने लगे, सारा गाँव तमाशबीन बनकर खड़ा था । गाँव के बुर्जुगों ने घटना का सबब जानकर रविश्री से माफ कर देने को कहा। इधर रविश्री के चेहरे पर गुस्सा नाम मात्र को नहीं था । वह तो चंचल आँखों से नत्थूलाल को देखे जा रहे थे, उनके चारों ओर उनके हम उम्र सखाओं की भीड़ थी जो ताली बजा-बजा कर कह रहे थे..... और ले लो परीक्षा ! अंततः गाँव वालों के कहने पर रविश्री बोले 'ठीक है अगर आप लोग कह रहे हो तो ' । फिर नत्थूलाल से मुखातिब होते हुए - " बोलो.... बजरंग बली की जय" ! नत्थूलाल ने रोते हुए जयकारा दुहराया और ठीक अगले ही पल वह सही सलामत बाहर आ गये। पहले तो उसने अपने सभी अंग टटोले फिर यकीन करने की कोशिश की कि यह सब हकीकत है, कोई स्वप्न नहीं इसके बाद उसके माथे के अगले पड़ाव रविश्री के चरण थे ।
इस करिश्माई घटना ने आस-पास के गाँवों तक में सनसनी फैला दी, जो सुनता वह ही रविश्री से मिलने का इच्छुक हो जाता। इधर तीन दिन बाद ही शंकरलाल रोते हुए रविश्री के पास आये और माफी माँगी, पता चला कि उनकी नौकरी छूट गई थी क्योंकि वह अपने अफसर से जबान लड़ा बैठे थे । रविश्री ने कहा 'जाओ, तीन दिन बाद सब अच्छा हो जायेगा' और सच में ही वह वापिस तीन दिन में बहाल हो गये । मनोहर यादव कहते हैं "रविश्री की इस घटना के बाद से हम लोग भी अंदर ही अंदर उनसे डरने लगे थे कि किसी बात पर यह नाराज न हो जायें ।”
चतुर्भुज यादव बताते हैं कि " ऐसा कई बार हुआ कि हमने कहा चलो महाराज, हमारे यहाँ पूड़ी-सब्जी बनी है और उन्होंने कहा 'नहीं, आज शंकरलाल के यहां उड़द की दाल और रोटी खायेंगे और वहाँ जाकर देखते तो जो यह कह चुके होते वह ही उस व्यक्ति के यहां बना मिलता था। इसके अलावा छिपरी से तलाश करते हुए उनके चाचा अक्सर यहां आ जाते थे पर रविश्री को आधा घंटे पहले से इस बात का अहसास हो जाता था और वह छिप जाते, हम लोग चाचा से मना कर देते कि यहाँ नहीं आये या आये थे चले गये ।”
रविश्री ऊँट पर बैठने के बहुत शौकीन थे, एक बार यारा से जिटकोरा ऊँट की सवारी करके आये जिससे उनकी कमर में जख्म हो गये थे, मनोहर कहता है कि 'तब भी बाज नहीं आये थे, दवाई लगाकर फिर सवारी करने पहुँच जाते और ऊँट वाले भी उन्हें घुमाकर प्रसन्न होते थे ।' रविश्री चित्रकारी के अत्याधिक शौकीन स्कूल से लौटते लड़कों से पेन कागज लेकर कभी लोटा, कभी गिलास, कभी देवी जी का, तो कभी फूल का चित्र बनाते रहते । चतुर्भुज यादव बताते हैं कि एक बार इनसे कहा कि 'कोई ऐसा चित्र बनाओ कि लगे, हाँ बनाया है ।' रविश्री ने पेन से मोर का ऐसा चित्र बनाया जिसमें मोर के सभी रंग मौजूद थे। गांव के बुजुर्ग कहते हैं कि 'चित्रकारी तो सजीव थी ही, पर एक पेन से उन्होंने इतने रंग उसमें भर दिये थे कि हम लोग कभी पेन देखते, तो कभी चित्र, तो कभी रविश्री को ।'
अंतपुरा में कागज की कड़ाही में पूड़ी सेंकने का जो करिश्मा किया था वह रविश्री ने यहाँ कई बार कई लोगों के सामने किया, नत्थूलाल जी आज भी उस पूड़ी का स्वाद याद कर तारीफ करते नहीं थकते ।
मनोहर बताते हैं कि उनके पास एक मोहर हुआ करती थी जिस पर "रविशंकर शर्मा छिपरी” लिखा हुआ था, वह मोहर हमारी कॉपी किताबों पर लगा देते थे और कहते कि 'भूलना नहीं, हम फिर मिलेंगे ।
एक बार शादी की बात छेड़ने पर बोले कि 'मेरी 18 वर्ष की उम्र के बाद मृत्यु संभव है, इसलिए शादी नहीं करूँगा, और अगर बच गया तो कहीं दूर चला जाऊँगा, ́ यह बात रविश्री ने अपने हम - उम्र साथियों के बीच कही......."जैसे सवाल - वैसे जवाब" ।
जिटकोरा के ही सखा भगवान दास की शादी में जब रविश्री बारात में गये ग्राम तरीचर खुर्द, तो वहां आपके जूते चोरी हो गये तुरंत भगवान दास की खबर ली गई । वह बोला 'महाराज हम नये दिलवा देते हैं,' मनोहर कहते हैं कि 'हमने तो कहा कि आप बताओ अपनी विद्या से कि जूते कौन ले गया जमाने की बातें तो बताते हो।' तो रविश्री बोले "एक जरूरत मंद के पास हैं, बने रहने दो ।"
1984 जुलाई में रविश्री के चाचा जगदीश शरण ने झाँसी से उनके लिये एक साईकिल खरीद कर दी । रविश्री झाँसी से छिपरी तक जो कि लगभग साठ किलोमीटर पड़ता है, खुद साइकिल चलाकर आये। अपनी नई साइकिल का रख-रखाव वह बहुत ढंग से करते थे, और 30-35 कि.मी. तक सहज ही चले जाते थे। इस साईकिल के चैन - कवर पर उन्होंने अपना नाम भी लिखवाया था "रविशंकर शर्मा छिपरी " मगर तीन-चार माह में ही साईकिल का शौक समाप्त हो गया ।
इस साइकिल को एक बार आप किराने की दुकान पर मात्र इसलिये छोड़ आये क्योंकि उसके दो सौ रूपये देने थे, जो कि बच्चों को खिलाई गई संतरे की गोलियों के थे। बाद में आपके चाचा गये, दुकानदार के रूपये चुकाये और साइकिल ले कर वापिस आये ।
1985 नवंबर माह में एक मौनी बाबा ने छिपरी गाँव में अपना डेरा डाला और एक यज्ञ की घोषणा की, सभी गाँव वालों ने इस बात का समर्थन किया। यज्ञ के लिये चंदा आदि इकट्ठा करने में, दौड़ा-भागी में रविश्री सबसे आगे रहे।
इस वक्त तक गाँव वालों को इनके ऊपर "सिद्ध का हाथ" होने का विश्वास हो चुका था अतः इनकी बातों को हल्केपन से न लिया जाता । मगर 'यज्ञ आदि की क्रियाओं के बारे में यह कुछ जानते होंगे' 'गाँव वाले यह बात नहीं मानते थे। यज्ञ के बाद पंडितों की बिदाई होनी थी। मौनी बाबा ने आदेश जारी किया कि 'सभी पंडितों को दक्षिणा दो और विदा करो' । रविश्री को पता चला तो वह बोले 'बिना भंडारे के न तो यज्ञ की समाप्ति मानी जाती है और न ही बिदाई होगी' । गाँव वाले पंडितों और रविश्री के मध्य बहस का नजारा देखने लगे ।
गाँव वालों को लग रहा था कि रविश्री जबरदस्ती विद्वान पंडितों के बीच अपनी बात पर अड़े हुए हैं ।
रविश्री के अडियल रवैये की जानकारी उनके पिता को दे दी गई थी, अतः कृपाराम जी रविश्री को वापिस घर ले जाने के उद्देश्य से बहस स्थल पर पहुँच गये। तब तक यह बात मौनीबाबा के भी पास पहुँच गई थी । मौनी बाबा ने जैसे ही रविश्री की बातों को सुना तुरंत अपनी गलती मान ली और फैसला यह हुआ कि 'बिदाई रविश्री के कहे अनुसार ही होगी ।'
कृपाराम जी ने अपने बेटे की उद्दंडता की मौनी बाबा से क्षमा याचना करने लगे तो मौनी बाबा का उत्तर था "कृपाराम ..... यह कोई साधारण बालक नहीं है........ और ना ही यह 'वह है ' ........ जो दिखाई देता है" । कृपाराम जी ने उस वक्त इन शब्दों पर ध्यान नहीं दिया, वह तो इस बात से परेशान थे कि गाँव वाले रविश्री के खिलाफ न हो जायें कि यह यज्ञ में बाधा डाल रहा है। मौनीबाबा के फैसले पर न सिर्फ गाँव वाले बल्कि पंडित तक अचम्भा कर रहे थे, और विस्मित नजरों से रविश्री को ताक रहे थे, और रविश्री भंडारे के इंतजाम में लग गये थे ।
माँ बतलाती हैं कि 'इस यज्ञ के बाद पिताजी भी यह मानने लगे थे कि यह कोई पूर्वजन्म का संत ही है, और उन्होंने भी रवि को टोकना कम कर दिया था' ।
रविश्री ने कक्षा आठवीं की परीक्षा 1986 में उत्तीर्ण की थी । परीक्षाकक्ष में परीक्षा देते वक्त एक पर्चे के दौरान निरीक्षक थे, बालाचंद सोनी जो रविश्री से उस वक्त तक कतई वाकिफ नहीं थे । आप बताते हैं कि "मार्च 1986 में पर्चे के दौरान स्कूल के बाहर चार–पाँच आदमियों को घूमते देखा तो उन्हें और उनसे पूछा बुलाया कि 'यहां स्कूल के बाहर आप लोग क्यों टहल रहे हैं ? क्या बात है ?' उन व्यक्तियों का जवाब था कि “अंदर जो रवि महाराज परीक्षा दे रहे हैं, उन्होंने कहा था कि अभी एक घंटे के अंदर हम आ रहे हैं।" सोनी जी के यह पूछने पर कि 'आप लोग उनके कौन हैं ?' उन आदमियों का जवाब था कि 'उनके कोई नहीं हैं हम, वह कुआँ गुनते हैं, तो पूछना था कि कहाँ खोदें, वह जगह बता दें तो पत्थर नहीं निकलते ।' सोनी जी इतना पूछकर पुनः अंदर आ गये और पूछा 'रवि महाराज कौन हैं ?' रविश्री ने उनकी तरफ देखा और कई लडकों ने उनकी तरफ इशारा किया |
सोनी जी ने रविश्री से पूछा ' बाहर कुछ लोग कह रहे हैं कि तुम कुंआ खोदने की जगह निश्चित कर देते हो तो पत्थर नहीं निकलते, क्या यह बात सच है ?' रविश्री का जवाब था हम तो निशान लगा देते हैं, अब वहां पत्थर नहीं निकलते तो हम क्या करें ?
"ढाई घंटे का पेपर था एक घंटे बाद जाने की अनुमति थी एक घंटे बाद आप चले गये।”
रविश्री के चाचा लक्ष्मीनारायण जी कहते हैं कि इस परीक्षा के बाद हम लोगों को उनके 'पास' होने की कतई आशा नहीं थी अतः तय हुआ कि किसी तरह 'पास' करवा दिया जाये। पता चला कि लिधौरा सेंटर की आठवीं की कॉपियाँ "हटा" गई हैं जो कि जतारा तहसील में पड़ता है । एक मित्र के साथ लक्ष्मीनारायण जी हटा गये व वहाँ रविश्री के पास होने का इंतजाम कर वापिस कृपाराम जी को यह बताने कि 'काम हो गया है' छिपरी आये । छिपरी में आपकी पहले मुलाकात गांव के बाहर बच्चों के साथ पहाड़ियों पर घूमते रविश्री से हो गई इस समय तक चाचा ने कोई चमत्कार अपने सामने नहीं देखा था । चाचा बोले 'क्यों रवि तुम पढ़ाई लिखाई नहीं करते ? जानते हो तुम्हारे पीछे हम परेशान होते हुए घूम रहे हैं ।"
रविश्री बोले ‘पता है, आप हटा से आ रहे हैं, और सभी कॉपियाँ देखकर आ रहे हैं' | और इसके बाद रविश्री ने न सिर्फ यह बता दिया कि वह किसके साथ गये थे और किस-किस से मिले बल्कि यह भी बता दिया कि 'चाचा किस विषय में कितने नम्बर दिलवा कर आ रहे हैं । लक्ष्मीनारायण कहते हैं कि 'मेरा चेहरा आश्चर्य से लाल हो गया था, ये बोलते जा रहे थे और मैं उस ईश्वरीय सत्ता के समक्ष मन ही मन सिर झुकाता जा रहा था। रविश्री का यह रूप मेरे सामने से पहली बार गुजरा था। इसके पूर्व सिर्फ एक बार मुझे यह बोध हो गया था कि रविश्री के अंदर कुछ असामान्य जरूर है पर उस समय मैंने उनसे कुछ कहा नहीं था । ' लक्ष्मीनारायण बताते हैं कि यह मैं कई बार सुन चुका था कि यह गुफा में जाते हैं, उस गुफा को मैंने देखा भी था इसलिए मुझे यह बात असंभव प्रतीत होती थी और मैं इसे मनगढ़ंत मानता था ।
एक बार यूँ ही टहलते हुए मेरी गुफा वाली पहाड़ी पर नजर पड़ी तो मुझे लगा कि वहाँ पर कोई मौजूद है और मेरे कदम उस गुफा की ओर बढ़ गये। मैंने यह सुन रखा था कि यहां सिद्ध कभी-कभी, किसी-किसी को दर्शन देते हैं, अतः उस ओर बढ़ते हुए मेरे मन में यही विचार उठ रहे थे कि हो सकता है शायद वही सिद्ध हों।
वहाँ जाकर देखता हूं कि वह व्यक्ति स्वयं रविश्री ही थे । रविश्री और मेरे मध्य लिहाज का पर्दा हमेशा रहा । वह सदैव मुझे बुजुर्ग जैसा सम्मान देते रहे और मैं सदैव एक चाचा बनकर उनसे पेश आया और इस दौरान कई बार डाँटा फटकारा भी है, हाथ भी उठा दिया, अतः कभी एक सीमा से ज्यादा बातचीत नहीं होती थी । रविश्री को वहां देखकर मैंने क्रोधित भाव से कहा "तुम यहां क्या कर रहे हो, चलो घर पर" यह कहते हुए जब इनके समीप पहुंचा तो इनको देखकर हैरान रह गया । ऐसा लग रहा था जैसे यह नहाधोकर बैठे हों, इनके बाल गीले थे, हाथ पैर में स्पष्टतः गीले होने के व नहा कर आने के लक्षण नजर आ रहे थे, इनके बदन पर जो कपड़े थे उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था जैसे गीले बदन बगैर शरीर को सुखाये, कपड़े पहन लेने पर होता है, उस पहाड़ी पर दूर-दूर तक कहीं पानी का इंतजाम नहीं था कोई स्त्रोत नहीं था मैं अवाक् रह गया, मेरे मन से क्रोधित भाव कहीं दूर चला गया था। मैं बहुत कुछ इनसे पूछना चाहता था, पर मेरे अंदर बैठे 'चाचा' ने यह इजाजत न दी, लेकिन यह सच है कि इस घटना के बाद मैंने उनको डाँटना छोड दिया था।”
रविश्री ने कई जगह मजदूरी भी की है, लोगों के यहां चारा काटा, गायें चराई, खेतों में बतौर मजदूर काम किया जबकि स्वयं उनके यहाँ खेतों में मजदूर काम करते रहे। इस बाबत् आपके पिता कृपाराम जी कहते हैं "पढ़ाई में उनका दिल बिल्कुल नहीं लगता था, साधू बनने नहीं दूंगा यह मेरा प्रण था अतः सोचा कि यह खेती बाड़ी करके जीवन-यापन कर लेंगे क्योंकि बिना पढ़े नौकरी तो मिलेगी नहीं, अब अगर खेती किसानी को जीवन-यापन का साधन बनाना है तो यह मेरा व्यक्तिगत विचार है कि बड़े से बड़े किसान को अपने लड़के की आदत पहले मजदूरी करने की डलवाना चाहिये, क्योंकि खेती आसान नहीं है, साथ ही यह भी सोचता था कि मजदूरी न करना पड़े शायद इस वजह से ही ये पढ़ाई की तरफ मुड़ जायें, इसके अलावा इनका फालतू इधर-उधर घूमना किसी मुसीबत को बुलावा न दे-दे, यह डर भी लगता था। मजदूरी के बहाने व्यस्त तो रहते ही थे फालतू झमेलों से दूर भी रहते और मैं सोचता था कि अपने कमाये पैसे देखकर शायद इन्हें खुशी हो । मैं इनका बहुत सरल स्वभाव व इनकी निष्कपटता, निश्च्छलता देखकर सोचता था कि ......... आखिर इनकी जिंदगी कटेगी कैसे ?"
चाचा लक्ष्मीनारायण जी इनके मजदूरी करने के बारे में कहते हैं कि 'एक ओर तो इनको धन खोदने वाले घेरने लगे थे दूसरी ओर आस-पास के प्रभावशाली लोग हमारी प्रगति से जलन का भाव रखने लगे थे, फिर 'पुलिस' किसी के दबाव में आकर इनको निर्दोष न फंसा दे यह डर, इनका पढ़ाई में दिल न लगना वगैरह यही सब कारण थे कि तय हुआ इनसे मजदूरी करवाई जाये ।'
रविश्री के छोटे भाई हरिशंकर का कहना है कि "मेरे भाई ने बहुत तकलीफें सही हैं, हमें गांव में ही इस डर से मजदूरी करने जाना पड़ता था कि हम लोगों को कोई पुलिस में झूठे केस में नाम न लिखवा दें। हम लोगों ने तेरह रूपये रोजाना में अपने गांव में ही मजदूरी की है और लोगों के यहां चारा काटा है।" टीकमगढ़ झाँसी रोड पर लिधौरा तिराहे के समीप रोड पर ही शासकीय बराना कृषि फॉर्म है, इस फॉर्म के सामने ही एक निजी कृषि फॉर्म है, 'महन्त शिवनंदन दास का, जो मूलतः बिहार के हैं पर टीकमगढ़ के भी प्रतिष्ठित व्यक्तियों में गिने जाते हैं।'
महंत जी बताते हैं कि "इनके पिता से मेरी घनिष्ठता थी जो बहुत सरल व धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, रविश्री हमारे सम्बधों के बाबत् जानते थे। ये हमारे पास आये और कहने लगे कि 'हमें फॉर्म पर काम में लगवा दो, खरे साहब मैंनेजर थे हमने उनसे जाकर कह दिया कि 'हमारे मित्र का लड़का है कोई भी काम में लगा लो' और ये वहाँ काम करने लगे। ये हमारे पास ही रात में खाना खाते थे और यहीं पर सो जाते थे, सबेरे से उठ कर फिर काम पर चले जाते, इस दौरान न तो मुझे इनके चमत्कारों के बारे में पता था और न ही इन्होंने मुझे दिखाए, सिर्फ शाम को इक्का-दुक्का बातचीत हो जाती थी । कुछ दिन बाद ये अपने घर चले गये, फिर घर से ही लाठी में रोटी बांधकर आते, और काम करके शाम को चले जाते थे। बाद में यह भी पता चला कि अपने महीने भर की मजदूरी के पैसे लेने ही नहीं आये ।”
वहां काम क्या करते थे ? इस संबंध में महंत जी कहते हैं कि इस बारे मैंने कभी कोई सिफारिश नहीं की थी, बतौर मजदूर जाते थे, चारा भी काटते थे, खरपतवार भी उखाड़ते थे, मैंनेजर के यहाँ गायें पली हुई थीं उनकी सेवा भी करना पडती थी।
रविश्री के साथ में मजदूरी करने वाला एक ग्रामीण काशी ढीमर बताता है कि फार्म पर जब काम करते थे तो वह लाठी में रोटी बांधकर लाते थे, दिन भर चारा काटते थे, नींदा तोड़ते और समय पर काम न हुआ हो तो अफसर की डाँट भी सुनते थे, मैं कहता कि 'महाराज, तुम तो भले घर के हो तुम्हें क्या जरूरत पड़ गई ?' तो कहते थे कि 'सब काम करना चाहिए, पर काम करते वक्त मजदूरों या अफसरों को चमत्कार आदि कभी नहीं दिखाये ।
सिमथरी
1984 में बड़ी बहिन शशि की शादी होने के पश्चात् रविश्री को एक स्थान और मिल गया जहां स्वच्छंदता व स्वतंत्रता से उन्होंने रुक-रुक कर कई दिन गुजारे और यह स्थान था चिरगांव के समीप स्थित गांव सिमथरी । 'मैंने आपसे कहा था कि 'बारीक निगाह' अगर घटनाओं पर डाली जाये तो, अदृश्य सत्ता का हर घटना के मूल में अस्तित्व होने का आभास होता है' ।
1984 में हुई यह शादी एक तरह से सामान्य संबंधों की ही तरह जुड़ा हुआ संबंध था लेकिन एक नजरिये से रविश्री के रावतपुरा पहुँचने के लिये सीढ़ी लगाई गई थी जिस पर आहिस्ता-आहिस्ता चढ़ते 1990 जुलाई में प्रथम बार वह अपनी मंजिल पर पहुंच गये थे ।
रावतपुरा पहुंचने का विवरण बाद में पढ़ेंगे पहले 1984 से 1987 तक सिमथरी में रविश्री ने अपने दिन कैसे व्यतीत किये आइये यह देखते हैं-
रविश्री की छिपरी की जिंदगी देखकर ऐसा लगता है, कि आप अपने परिवार से, रिश्तेदारों से कतराते हों पर हकीकतन ऐसा नहीं था आप सिर्फ छिपरी से, अपने पिता से व उन लोगों से जो उनकी स्वच्छंदता में बाधक बनते थे, दूर रहते थे ।
पहली बार में 1984 में आप सिर्फ बहिन को लेने गये थे और एक भाई की जिम्मेदारी आपने बखूबी निभाई । रविश्री 1985 में जब दुबारा सिमथरी गये तब तक 'सभी रिश्तेदार' जो सिमथरी में रहते थे वो आपके बारे में जान चुके थे अतः अगर आप सिमथरी जाते तो कम से कम एक माह तक रुकना ही पड़ता और इस दौरान आप न सिर्फ सिमथरी बल्कि अपनी बहिन की ननद की ससुराल तक चले जाते । सिमथरी में बच्चा-बच्चा रविश्री से परिचित हो गया था और यहां भी हर घर के साथ इनका कोई न कोई यादगार कारनामा जुड़ गया |
लोगों की समस्याएं सुलझाना, प्रसाद आदि बांटना इन सब क्षमताओं के अलावा जो एक और खूबी इनके अंदर छुपी हुई थी वह उजागर यहीं पर हुई । यहाँ के लोग बताते हैं कि 'रामायण' रविश्री को कण्ठस्थ याद थी। किसी भी काण्ड की कोई भी चौपाई का 'अर्थ और भावार्थ' वह इतनी विद्वत्ता के साथ बताते कि यह लगता था 'इनको तो प्रवचन देना चाहिये' । यहाँ के निवासी घनश्याम शर्मा कहते हैं कि 'ऐसा कई बार हुआ कि रामायण की किसी घटना का जिक्र आया अथवा किसी चौपाई का अर्थ समझ न आया तो उन्होंने मय विवेचना के उसे समझाया, पर इन सब को लेकर वह विवादों में नहीं पड़ते थे। अगर उनसे पूछ रहे हो तो सुन लो, बहस का मुद्दा मत बनाओ ।
आपकी बहिन के देवर दिनेश 1988-89 में झाँसी में वकालत की पढ़ाई पूरी कर रहे थे । आप बताते हैं कि "रविश्री के पास अक्सर पैसे की तंगी रहती थी, वह आते और कहते कि 'मुझे चित्रकूट जाना है या काशी जाना है, पैसों का इंतजाम कर दो, आज तुम हमारी सहायता करोगे तो कल मैं तुम्हारी । चित्रकूट में वो कहाँ जाते थे ? इस बारे में दिनेश बताते हैं कि राम घाट पर कोई शबरी नाम की वृद्धा रहती है रविश्री कहते थे कि मैं उसी के यहाँ रुकता हूँ ।"
सिमथरी के रामस्वरूप शर्मा नाम के सज्जन अपना मकान बेचना चाहते थे। उस मकान में उन्हें विश्वास था कि जमीन के नीचे धन गड़ा हुआ है अतः पहले वह उस धन को निकाल लेना चाहते थे और उनको निकालने में सहायता कर रहे थे एक दक्ष तांत्रिक जो कि 'कोटिया' नाम से जाने जाते थे । कोटिया काफी वृद्ध थे और मशहूर भी थे कि कभी उनकी हार नहीं हुई । रामस्वरूप ऐसा कर रहे हैं, यह बात गाँव वालों को पता थी लेकिन वह उनका व्यक्तिगत मामला है यह सभी की मानसिकता थी । रविश्री को मामला पता चला तो जिद पकड़ गये कि 'मुझे वह जगह दिखाओ ।' कोटिया को उनकी जिद व उनके चमत्कारी होने का पता चला तो वह कहने लगे कि 'उस लड़के को यहाँ नहीं आना चाहिये ।' कोटिया जगह देखकर, जांच कर, खुदाई शुरु करवा चुके थे। इधर रविश्री को पता चला कि कोटिया मना कर रहा है उनको अंदर घुसने देने से, तो कहने लगे कि 'अब कोटिया को धन नहीं मिलेगा' | कुछ दिनों पश्चात् कोटिया यह कहते हुए चले गये कि 'उस लडके ने धन को चलायमान कर दिया है......... वह साधारण लड़का नहीं है......... आज अपने जीवन में पहली बार कोटिया असफल हुआ है' ।
1987 की एक घटना का जिक्र करते हुए रविश्री की बहिन के जेठ राजकुमार शर्मा बतलाते हैं कि 'गाँव में सभापति का चुनाव था, जिसमें स्वयं मैं भी उम्मीदवार बनकर खड़ा था, मतदान के पश्चात् एवं मतगणना के पूर्व एक गांव का व्यक्ति मेरे पास आकर कसम खा रहा था कि मैंने तो आपको ही वोट दिया है। इत्तफॉक् से रविश्री वहाँ पर मौजूद थे, उस व्यक्ति के जाते ही बोले कि इस व्यक्ति ने आपको वोट नहीं दिया। तब मैंने सारे मतदाताओं की सूची लेकर जो कुल ग्यारह सौ व्यक्तियों की थी, एक-एक कर रविश्री से पूछना शुरु किया कि किसने मुझे वोट दिया है और किसने नहीं । वह गांव के सभी व्यक्तियों से! फिर नाम सहित तो हरगिज ही परिचित नहीं थे। एक-एक कर उन्होंने सभी का नाम सहित बता कर कि किसने वोट दिये और किसने नहीं आश्चर्य चकित कर दिया । मतगणना पश्चात् उनकी बात एकदम सटीक साबित हो गई। दो सौ मत से इन्होंने मुझे जीतने को कहा था ........ और मैं ठीक दो सौ मतों से जीता भी था..........!'